नहीं रहीं एक्ट्रेस कुमकुम, किशोर कुमार से लेकर राजेन्द्र कुमार की नायिका बनीं
मुंबई। गुजरे जमाने की मशहूर अदाकारा कुमकुम का दिल का दौरा पडऩे से निधन हो गया है। वो 86 साल की थी। कुमकुम एक जानी-मानी फिल्म अभिनेत्री थीं जिन्होंने हिंदी फिल्मों के मशहूर और नामी कलाकारों के साथ स्क्रीन स्पेस शेयर किया था।
वो राजकपूर, गुरुदत्त और किशोर कुमार जैसे दिग्गज एक्टर्स के साथ काम कर चुकी थीं। अदाकारा कुमकुम ने हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में अपनी एक्टिंग से लोगों के बीच अलग पहचान बनाई थी। कुमकुम का असली नाम जेब्बुनिसा था। फिल्मों के लिए उन्होंने कुमकुम नाम अपनाया था। अदाकारा कुमकुम बिहार से ताल्लुक रखती थी। जो हिंदी फिल्मों में अपनी एक्टिंग का जादू चलाकर लोगों को दीवाना बना चुकी थी। वे कुशल कथक डांसर थीं।
कुमकुम ने करीब 115 हिंदी फिल्मों में काम किया है। उनके कॅरिअर की मशहूर फिल्में रही हैं आर-पार, मिर्जा गालिब, कुंदन, सीआईडी, नया दौर, प्यासा, मदर इंडिया, जलते बदन और गीत।
कुमकुम के निधन की जानकारी देते हुए दिवगंत अभिनेता जगदीप के बेटे अभिनेता नावेद जाफरी ने सोशल मीडिया पर एक ट्वीट करते हुए लिखा है, हमने एक और हीरा खो दिया। मैं उन्हें तब से जानता था जब मैं एक बच्चा था। वो एक परिवार थी। एक बेहद शानदार अदाकारा और बेहतरीन इंसान। कुमकुम आंटी आपकी आत्मा को शांति मिले।
कहा जाता है कि कुमकुम की खोज गुरुदत्त ने की थी। उन्होंने ही उसे कुमकुम नाम दिया था। गुरुदत्त वो फिल्म आर-पार के गाने कभी आर कभी पार लागे... को जगदीप (जावेद-नावेद के पिता) पर फिल्माना चाहते थे। लेकिन जब जगदीप ने इस गाने को करने के लिए मना कर दिया था तो उस वक्त गुरुदत्त ने एक महिला कलाकार की खोज की और बाद में ये गाना कुमकुम पर फिल्माया गया था। इसके बाद कुमकुम ने गुरुदत्त के साथ उनकी फिल्म प्यासा में भी काम किया था। कुमकुम के जाने से फिल्म इंडस्ट्री को एक और सदमा लगा है। फिल्म मदर इंडिया में वे राजेन्द्र कुमार की नायिका के रूप में नजर आई थीं। वैसे तो उन्होंने बहुत से हीरोज के साथ काम किया था लेकिन किशोर कुमार के साथ उनकी जोड़ी काफी पसंद की गई थी। फिल्म दिल भी तेरा हम भी तेरे फिल्म में कुमकुम धर्मेन्द्र की नायिका बनकर आईं। 1963 में बनी पहली भोजपुरी फिल्म गंगा मैया तोहे पियरी चढ़इबो में भी कुमकुम ने काम किया था जो भारतीय इतिहास की पहली भोजपुरी फिल्म थी।
कुमकुम पर फिल्माए गए मशहूर गाने-
1. कभी आर कभी पार लागा तीरे नजर- फिल्म आरपार
2. मेरे महबूब कयामत होगी-मिस्टर एक्स इन बाम्बे
3. घूंघट नहीं खोलूंगी सैया तोरे आगे- फिल्म मदर इंडिया
4. मधुबन में राधिका नाचे रे - फिल्म कोहिनूर
5. दगा दगा वई वई- काली टोपी लाल रुमाल
----
Leave A Comment