मरने से पहले सुशांत ने दर्द रहित मौैत के बारे में गूगल में सर्च किया था
मुंबई। सुशांत सिंह राजपूत के मामले में मुंबई पुलिस कमिश्नर परम बीर सिंह ने अभिनेता के बारे में चौंकाने वाला बयान जारी किया है। सुशांत ने मृत्यु से पहले गूगल पर क्या सर्च किया था, इस बारे में कमिश्नर ने जानकारी दी है। टाइम्स नाउ की रिपोर्ट के मुताबिक सुशांत सिंह राजपूत ने अपनी मौत से पहले दर्द रहित मौत को सर्च किया था। न्यूज चैनल ने आगे बताया कि मुंबई के टॉप कॉप ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि सुशांत ने अपने निधन से पहले अपने मैनेजर दिशा सलियन के बार में भी सर्च किया था। अभिनेता ने मैनेजर का नाम सर्च किया था और आर्टिकल्स भी पढ़े थे।
मुंबई पुलिस कमिश्नर द्वारा एएनआई को दी गई जानकारी से यह भी पता चला था कि सुशांत को कथित तौर पर बाइपोलर डिसऑर्डर था, जिसके लिए अभिनेता की दवाएं चल रही थीं। इसके अलावा पुलिस ने साझा किया कि जिन परिस्थितियों में उसकी मौत हुई, उसकी जांच चल रही है। जांच के बारे में मुंबई पुलिस कमिश्नर ने कहा कि रिया चक्रवर्ती ने दो बार अपना बयान दर्ज किया है। मुंबई पुलिस कमिश्नर ने खुलासा किया कि फोरेंसिक टीम ने 15 जून को सुशांत के अपार्टमेंट का दौरा किया।
उन्होंने आगे खुलासा किया कि सुशांत की मौत के बाद सबूत इकठ्ठा किए गए थे और जो भी उस समय मौजूद थे, उनके बयान दर्ज किए गए थे। उन्होंने यह भी साझा किया कि 56 लोगों ने सुशांत के मामले में अपने बयान दर्ज किए हैं। उन्होंने आगे कहा कि जब कोई व्यक्ति आकस्मिक मृत्यु के कारण गुजरता है तो एक एडीआर दायर किया जाना चाहिए और ऐसा सीआरपीसी के अनुसार किया गया है।
सुशांत सिंह राजपूत मामले में अब तक आदित्य चोपड़ा, संजय लीला भंसाली, संजना सांघी, मुकेश छाबड़ा, रूमी जाफरी और अन्य ने मुंबई पुलिस को अपना बयान दिया है। सुशांत सिंह राजपूत के पिता ने कुछ दिनों पहले ही रिया चक्रवर्ती और 5 अन्य के खिलाफ पटना, बिहार में मामला दर्ज कराया। इन दिनों बिहार पुलिस जांच में जुटी हुई है।
Leave A Comment