इस चेहरे को देखकर कुछ याद आया....
मुंबई। इस क्यूट से चेहरे को देखकर आपको कुछ याद आया होगा... जी हां एक लोकप्रिय गाना आप जैसा कोई मेरी जिंदगी में आए... फिल्म कुर्बानी का गाना इसी हसीना ने गाया था। नाम है नाजिया हसन, 13 अगस्त 2000 को मात्र 35 साल की उम्र में उन्होंने इस संसार को अलविदा कह दिया था। वे लंग्स कैंसर से पीडि़त थी।.
नाजिया हसन पाकिस्तानी पॉप गायिका थी। वे फिरोज खान की फिल्म कुर्बानी में अपने इस गाने के कारण खासी लोकप्रिय हुई थी। हालांकि बॉलीवुड में उनका कॅरिअर ज्यादा लंबा नहीं रहा। 1980 में अभिनेता फिरोज खान ने अपनी फिल्म कुर्बानी में मौका दिया। उनका गाया गाना आप जैसा कोई.... सुपर हिट साबित हुआ। नाजिया ने जब ये गाना गाया था, उस वक्त उनकी उम्र केवल 15 साल की थी। इस गाने के लिए उन्हें कई पुरस्कार भी मिले। वह सबसे कम उम्र में फिल्मफेयर अवार्ड जीतने वाली वह पहली पाकिस्तानी गायिका हैं। फिरोज खान ने लंदन की एक पार्टी में नाजिया का गाना सुना था, तो वे काफी प्रभावित हुए थे। उन्होंने लंदन बेस्ट म्यूजिक डायरेक्टर बिन्दू से उन्हें मिलवाया और अपनी फिल्म कुर्बानी में गाने का मौका दिया। आप जैसा कोई मेरी जिंदगी में आए... नाजिया ने ऐसा गाया कि वह रातोंरात स्टार बन गई। उनका पहला एलबम डिस्को दीवाने 1981 में बाजार में आते ही छा गया।
नाजिया को फिल्मों में अभिनय के प्रस्ताव भी मिले, लेकिन उन्होंने साफ इंकार कर दिया और लंदन से बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन एंड इकोनोमिक्स में बैचलर डिग्री हासिल की।
30 साल की उम्र में नाजिया ने कराची के एक बिजनेसमैन से शादी की। दो साल बाद उनके बेटे का जन्म हुआ। लंग्स कैंसर के चलते 35 साल की उम्र में ही उनकी मौत हो गई। मरने से 10 दिन पहले उन्होंने अपने शौहर से तलाक ले लिया था। वे जीना चाहती थीं, लेकिन मौत से आगे वे हार गईं।
---
Leave A Comment