विख्यात गायक एस.पी. बालसुब्रह्मण्यम को राजकीय सम्मान के साथ दी गई अंतिम विदाई
चेन्नई। विख्यात पाश्र्व गायक एस.पी. बालसुब्रह्मण्यम का अंतिम संस्कार आज राजकीय सम्मान के साथ चेन्नई के पास तिरूवल्लूर जिले के थमाराइपक्कम में उनके फार्म हाउस पर किया गया। बालसुब्रह्मण्यम का कल चेन्नई के अस्पताल में निधन हो गया था। उन्हें 5 अगस्त को कोविड के उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
उनके निवास स्थान पर बड़ी संख्या में कई नेताओं और फिल्मी हस्तियों ने उनके अंतिम दर्शन किए। पुलिस को लोगों की भीड नियंत्रित करने में बड़ी मशक्कत करनी पड़ी, जो अपने प्रिय गायक के अंतिम दर्शनों के लिए उमड़ पड़ी थी। उनके पार्थिव शरीर को ले जा रही वैन के फार्महाउस से निकलने पर सड़क किनारे दोनों ओर खड़े सैकड़ों लोगों ने उन्हें पुष्पाजंलि अर्पित की। थमाराइपक्कम के फार्महाउस में उनके पुत्र एस.पी.बी. चरन ने अंतिम रस्म अदा की। अंतिम रस्म पूरी किए जाने के साथ ही पुलिस ने उन्हें 72 तोपों की सलामी दी और मशहूर गायक के पार्थिव शरीर को दफना दिया गया। उनकी आवाज भले ही थम गई है, लेकिन उनके गाए गीत दशकों तक याद किए जाएंगे।
Leave A Comment