अजय देवगन के साथ शादी के खिलाफ थे काजोल के पिता
मुंबई। अभिनेत्री काजोल इस समय अपनी नई फिल्म 'त्रिभंगा' लेकर चर्चा में हैं। इसमें वो भारतीय समाज में नारी की स्थिति पर बात करती नजर आएंगी। इस फिल्म को रेणुका शहाणे ने डायरेक्ट किया है, जो खुद एक जानी-मानी अदाकारा हैं। काजोल और रेणुका शहाणे अपनी इस फिल्म के माध्यम से पितृसत्तात्मक समाज पर उठाएंगी। यह फिल्म ओटीटी पर नेटफ्लिक्स पर आज रिलीज हुई है। फिल्म में काजोल के साथ तन्वी आजमी और मिथिला पारकर जैसे कलाकार नजर आएंगे।
हाल ही में काजोल ने इस बात का खुलासा किया कि उनके पिता अजय देवगन के साथ उनकी शादी के खिलाफ थे। हम सब जानते हैं कि काजोल और अजय देवगन की जोड़ी इंडस्ट्री की सबसे चर्चित जोडिय़ों में से एक है, जिनकी शादी में कभी कोई परेशानी नहीं आई है। ऐसे में हर कोई काजोल के बयान से दंग रह गया है।
काजोल ने बताया है कि उन्होंने मात्र 24 साल की उम्र में अजय देवगन के साथ शादी कर ली थी। उनके पिता शोमू मुखर्जी चाहते थे कि वो शादी करने से पहले थोड़ा और काम कर लें। काजोल ने अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए कहा कि उस समय उनकी मां तनुजा ने उनका साथ दिया और कहा कि वो अपने दिल की बात सुनें। काजोल ने वैसा ही किया और आज उनके न्यासा और युग नाम के दो प्यारे बच्चे हैं।
शादी के बाद काजोल ने फिल्मों से ब्रेक जरूर लिया, लेकिन ऐसा नहीं है कि उन्होंने इंडस्ट्री छोड़ दी है। वो लगातार अपनी उम्र के मुताबित फिल्मों का चयन करती रही हैं। शादी के बाद उन्होंने आमिर खान, शाहरुख, अजय देवगन जैसे कलाकारों के साथ काम किया और कई हिट फिल्में दीं। अब वे ओटीटी पर अपने पैर जमाने की कोशिश कर रही हैं।
Leave A Comment