दीपिका ने किया कन्फर्म, अपकमिंग फिल्म में निभाएंगी द्रौपदी का किरदार
मुंबई। अभिनेत्री दीपिका पादुकोण बॉलीवुड इंडस्ट्री की इन दिनों अपनी आने वाली फिल्मों को लेकर व्यस्त हैं। बीते दिनों उन्होंने शकुन बत्रा की अनटाइटल फिल्म की शूटिंग पूरी की है। इस फिल्म के बारे में बात करते हुए दीपिका पादुकोण ने बताया है कि यह एक रिलेशनशिप स्टोरी है, जिसे अपने बड़े परदे पर कभी नहीं देखा होगा। हालांकि इस बीच एक्ट्रेस ने शाहरुख खान की फिल्म 'पठान' और 'महाभारत' में द्रौपदी के किरदार निभाने पर भी चर्चा की।
दीपिका पादुकोण ने अपने प्रोजेक्ट्स को कन्फर्म करते हुए कहा, 'शकुन बत्रा की फिल्म एक रिलेशनशिप स्टोरी है, जिसे हमने पहले भारतीय सिनेमा में नहीं देखा होगा। इसके बाद मैं शाहरुख खान के साथ एक एक्शन फिल्म 'पठान' कर रही हूं। इसके बाद नाग अश्विन और प्रभास के साथ फिल्म करूंगी। हालांकि इन दोनों प्रोजेक्ट्स के बाद मेरे पास ऐनी हैथवे की फिल्म 'द इंटर्न' का रीमेक है। और फिर हमारे देश की सबसे प्रसिद्ध कहानी 'महाभारत', जिसमें मैं 'द्रौपदी' का किरदार निभा रही हूं। मैं ये कहानी दुनिया को बताना चाहती हूं।'
उन्होंने आगे कहा, 'इस साल मैं पांच फिल्में करने जा रही हूं। मुझे लगता है कि कुछ मायनों में महामारी के बीच कई क्रिएटिव चीजें निकलकर सामने आई है। इस बीच लोगों ने अपनी स्टोरीज को पूरा किया है।' दीपिका पादुकोण ने हाल ही में बॉलीवुड अभिनेता ऋतिक रोशन की फिल्म 'फाइटर' की घोषणा की है। दीपिका और ऋतिक की जोड़ी पहली बार बड़े परदे पर नजर आएगी। इन सब के अलावा दर्शक काफी लंबे समय से दीपिका और रणवीर सिंह की स्पोट्र्स पर आधारित फिल्म '83' की रिलीज का इंतजार कर रहे हैं।
Leave A Comment