दक्षिण अफ्रीका के तटीय प्रांत क्वाजुलु-नटाल में बाढ़ के कारण 21 लोगों की मौत: पुलिस
जोहानिसबर्ग। दक्षिण अफ्रीका के तटीय प्रांत क्वाजुलु-नटाल के छोटे से शहर लेडीस्मिथ में अचानक आई बाढ़ के कारण 20 से अधिक लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस प्रवक्ता कर्नल रॉबर्ट नेटशिउंडा ने कहा, शुक्रवार यानी 29 दिसंबर 2023 तक 21 शव बरामद किये जा चुके हैं।'' उन्होंने कहा कि क्रिसमस के दिन शहर में आई बाढ़ में लगभग 1400 घर पूरी तरह नष्ट हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि चूंकि अब भी काफी संख्या में लोग लापता हैं, ऐसे में मरने वालों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई गई है। उन्होंने कहा कि अभी तक यह पुष्टि नहीं हो सकी है कि लापता लोगों की कुल संख्या कितनी है।
नेटशिउंडा ने बताया कि बचाव दल नदियों से शवों को निकालने में जुटा हुआ है और यह अभियान पूरे सप्ताहांत जारी रह सकता है। लेडीस्मिथ में बाढ़ के दौरान एक वाहन नदी में बह गया, जिससे उसमें सवार एक ही परिवार के सात सदस्यों की मौत हो गई। स्थानीय समाचार संस्थान ‘आईविटनेस न्यूज' ने शनिवार को बताया कि बचाव दल ने विंसेंट मिसिमांगो, उनकी पत्नी, दो बच्चों, भाई, भतीजी और भतीजे के शव बरामद कर लिये हैं। इसी साल जून में क्वाजुलु-नटाल प्रांत के डरबन शहर और उसके आसपास के क्षेत्र में बाढ़ का प्रकोप देखने को मिला था, जिसमें सात लोगों की मौत हो गई थी और सात अन्य लापता हो गये थे। इतना ही नहीं, पिछले साल अप्रैल में आई विनाशकारी बाढ़ में 440 से अधिक लोगों की जान चली गई थी।
Leave A Comment