विश्व बैंक ने भारत को एक अरब डॉलर की सहायता राशि मंजूर की
नई दिल्ली। विश्व बैंक ने भारत के कोविड-19 सामाजिक सुरक्षा कार्यक्रम को गति देने के लिए एक अरब डॉलर की मंजूरी दी है। विश्व बैंक ने भारत में कोविड-19 से निपटने के आपात प्रयासों के लिए कुल दो अरब डॉलर देने की प्रतिबद्धता व्यक्त की है। एक अरब डॉलर की मंजूर सहयोग राशि दो चरणों में जारी की जाएगी। पहले चरण में वित्त वर्ष 2020 के लिए 75 करोड़ डॉलर और वित्त वर्ष 2021 के लिए दूसरे चरण में 25 करोड़ डॉलर दिया जाएगा।
भारत के लिए विश्व बैंक के प्रमुख जुनैद अहमद ने आर्थिक पैकेज की सराहना करते हुए इसे प्रतिबद्धता का प्रतीक बताया। आर्थिक पैकेज का पहला चरण देशभर में प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना के जरिये लागू किया जाएगा। इससे जन वितरण प्रणाली और प्रत्यक्ष लाभ अंतरण जैसी मौजूदा व्यवस्थाओं से नकद अंतरण और खाद्यान्न राहत बढ़ाने में मदद मिलेगी तथा कोविड-19 के खिलाफ संघर्ष में लगे आवश्यक सेवा कर्मियों के लिए सुरक्षा बढ़ाई जा सकेगी। इससे प्रवासी कामगारों सहित सुविधा वंचित लोगों को भी लाभ होगा।
विश्व बैंक सहायता के दूसरे चरण में सामाजिक सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई जाएगी। इसके तहत स्थानीय जरूरतों के आधार पर अतिरिक्त नकद राशि और राहत सामग्री दी जाएगी। राज्य सरकारों और सामाजिक सुरक्षा वितरण प्रणाली के माध्यम से इस राशि का उपयोग सुनिश्चित किया जाएगा।
Leave A Comment