ब्रिटेन से करीब 2,200 भारतीयों को लाया गया
लंदन। कोरोना वायरस से संक्रमण के चलते अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर लगी रोक की वजह से ब्रिटेन में फंसे करीब 2,200 भारतीयों को वंदे भारत मिशन के पहले चरण में स्वदेश लाया गया है। यह जानकारी आधिकारिक आंकड़े में दी गई। भारत सरकार द्वारा विदेश में फंसे भारतीयों को वापस लाने के लिए शुरू अबतक के सबसे बड़े मिशन के तहत एअर इंडिया की पहली उड़ान का परिचालन आठ मई को लंदन के हीथ्रो हवाई अड्डे से मुंबई के बीच किया गया। इसके साथ ही भारतीय छात्रों और पर्यटकों को लेकर ब्रिटेन से भारत के विभिन्न शहरों के लिए विशेष उड़ानों का परिचालन शुरू हुआ। भारत की सरकारी विमानन कंपनी एअर इंडिया के विमान ब्रिटेन से भारतीयों को लेकर मुंबई, नयी दिल्ली, बेंगलुरु, चेन्नई और अहमदाबाद रवाना हुए। लंदन स्थित भारतीय उच्चायोग ने बताया, हमनें 17 मई तक एअर इंडिया की आठ उड़ानों के जरिये ब्रिटेन में फंसे 2,288 भारतीयों को वापस भेजा गया है। वंदे भारत मिशन भारतीयों की वापसी के लिए जारी रहेगा। कोविड-19 की वजह से अंतरराष्ट्रीय यात्राओं पर लगी रोक के चलते फंसे भारतीयों को लाने के लिए भारत ने अबतक के सबसे बड़े वापसी अभियान वंदे भारत मिशन की शुरुआत की है। भारतीयों को वापस लाने के अभियान का दूसरा चरण प्रक्रियागत है।
Leave A Comment