बेरूत में भीषण विस्फोट से करीब सौ लोगों की मौत, चार हजार से ज्यादा लोग घायल
बेरूत। लेबनान की राजधानी बेरूत में कल रात हुए भीषण विस्फोट में मृतकों की संख्या एक सौ तक पहुंच गई है। चार हजार से अधिक लोग घायल हुए हैं। विस्फोट इतना तेज था कि इसका झटका पूरे बेरूत में महसूस किया गया। इसके असर से कई मकान ध्वस्त हो गये और खिडकियों के शीशे टूट गये। बेरूत से 240 किलोमीटर दूर साइप्रस द्वीप में भी धमाके की आवाज सुनी गई।
राष्ट्रपति माइकल एयोन ने कहा है कि गोदाम में असुरक्षित ढंग से रखे गये दो हजार सात सौ पचास टन अमोनियम नाइट्रेट के कारण यह विस्फोट हुआ।
लेबनान में भारतीय दूतावास भारतीय समुदाय के सम्पर्क में है। दूतावास ने लोगों के लिए हैल्पलाइन नम्बर भी जारी किये हैं। संयुक्त राष्ट्र महासचिव अन्तोनियो गुत्रश ने पीडि़तों के परिवारों के प्रति गहरी सम्वेदना व्यक्त की है।
उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू ने लेबनन के बेरूत में विस्फोट में जान-माल के नुकसान पर दुख व्यक्त किया है। अपने ट्वीट में उन्होंने इस विस्फोट में मारे गए लोगों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने के लिए प्रार्थना की है।
Leave A Comment