हार्वे जे. अल्टर, चार्ल्स एम राइस तथा माइकल ह्यूटन को चिकित्सा क्षेत्र का नोबेल पुरस्कार
- हेपेटाइटिस सी-वायरस की खोज के लिए मिलेगा नोबेल
नई दिल्ली। चिकित्सा के लिए नोबेल पुरस्कार की घोषणा कर दी गई है। यह पुरस्कार हेपेटाइटिस सी वायरस की खोज के लिए अमरीका के हार्वे जे. अल्टर और चार्ल्स एम राइस तथा ब्रिटेन के माइकल ह्यूटन को दिया जाएगा।
नोबेल समिति के प्रमुख थॉमस पर्लमैन ने स्टॉक होम में पुरस्कार विजेताओं के नाम की घोषणा की। इस प्रतिष्ठित पुरस्कार में स्वर्ण पदक और 11 लाख 18 हजार डॉलर से अधिक राशि दी जाती है। नोवेल कोरोना वायरस के संक्रमण के कारण महामारी के मद्देनजऱ इस वर्ष चिकित्सा क्षेत्र में इस पुरस्कार का विशेष महत्व है। इससे चिकित्सा के क्षेत्र में अनुसंधान के महत्व का पता चलता है। विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार दुनियाभर में सात करोड़ से अधिक हेपेटाइटिस रोगी हैं जिनमें से हर वर्ष चार लाख लोगों की जान जाती है।
नोबेल पुरस्कार चिकित्सा, भौतिकी, रसायन विज्ञान, साहित्य, शांति और अर्थशास्त्र के क्षेत्र में दिए जाते हैं। अन्य पुरस्कारों के विजेताओं के नामों की घोषणा 12 अक्टूबर तक कर दी जाएगी।
Leave A Comment