ब्रेकिंग न्यूज़

भागवत ने राष्ट्रहित के लिए समर्पित 'संघमय' समाज की कामना की

- भारत को वैश्विक स्तर पर भरोसेमंद देश बताया
नयी दिल्ली/
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस)के प्रमुख मोहन भागवत ने रविवार को कहा कि संघ अपनी स्थापना के बाद के 100 वर्षों के सफा में एक प्रभावशाली संगठन के रूप में उभरा है। उन्होंने इसी के साथ संगठन के और विस्तार देने के प्रयास का आह्वान किया, ताकि पूरे समाज को 'संघमय' बनाया जा सके जहां हर कोई भारत के हितों को सर्वोपरि माने। भागवत ने कहा कि भारत, हिंदुत्व और आरएसएस के खिलाफ 'नकारात्मक प्रचार' के बावजूद, विदेश में भारत को लेकर एक तरह का आश्चर्य का भाव है और पूरी दुनिया भारत को 'सबसे भरोसेमंद देश' के रूप में उम्मीद भरी नजरों से देखती है। आरएसएस प्रमुख ने शहर के रोहिणी इलाके में आयोजित 'राष्ट्र वंदनम' नाम के एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा, '' सौ साल बीत चुके हैं (आरएसएस की स्थापना के)। एक बहुत बड़ा संगठन खड़ा हो गया है। कोई कह सकता है कि अब आराम करने का समय आ गया है, लेकिन आराम करने का कोई समय नहीं है। अब भी बहुत काम करना बाकी है।'' उन्होंने कहा, ''हमारा उद्देश्य केवल देश के भीतर 'संघ' नाम का एक प्रभावशाली समूह बनाना नहीं था, भले ही आज यह ऐसा बन गया है। हमें इसका विस्तार करना है और पूरे समाज को 'संघमय' बनाना है।'' भागवत ने कहा कि हो सकता है लोग 'शाखा' में शामिल होने न आएं, और न ही समाज के सभी लोग आरएसएस की वर्दी पहनेंगे। उन्होंने कहा, '' हो सकता है कि कुछ लोग ऐसे भी हों जिन्हें 'संघ' के बारे में जानकारी ही न हो, और हर कोई खुद को 'स्वयंसेवक' न मानता हो। फिर भी, वे सभी भारत के हितों को सबसे ऊपर रखेंगे, भारतीय समाज को उसकी तमाम विविधताओं के साथ अपना मानेंगे और अपना जीवन उसकी उन्नति के लिए समर्पित कर देंगे।'' भागवत ने कहा कि यदि पूरा समाज 'संघमय' हो जाए, तो हर व्यक्ति अपने जीवन में भारत के हितों को सर्वोपरि मानेगा, भारतीय समाज को उसकी तमाम विविधताओं के साथ अपना मानेगा, और देश की प्रगति के लिए जीने और यहां तक कि जान देने के लिए भी तैयार रहेगा। आरएसएस प्रमुख के अनुसार, एक बार नैतिक बल मजबूत हो जाने पर, समाज की सभी व्यवस्थाएं सही दिशा में आ जाएंगी और एक ऐसे समाज की परिकल्पना सामने आएगी जो वास्तव में स्वतंत्र होगा। भागवत ने रविवार को कहा कि देश का प्रत्येक नागरिक एक ही 'कुटुंब' का हिस्सा है, भले ही उनमें कुछ मतभेद हों। उन्होंने कहा कि नागरिकों में कुछ मतभेद होना भी स्वाभाविक है। आरएसएस प्रमुख ने कहा कि इतिहास में कई 'उतार-चढ़ाव' आने के बावजूद, भारत में कई तरह के संप्रदाय और परंपराएं एक साथ मौजूद रही हैं, और वे 'सुरक्षित और सम्मानित' बनी रही हैं। उन्होंने कहा कि देश के युवा चाहते हैं कि भारत दुनिया का सबसे अग्रणी देश बने, और वे 'राष्ट्र-प्रथम' की विचारधारा में विश्वास रखते हैं। आरएसएस प्रमुख ने कहा कि संगठन के स्वयंसेवकों को लोगों की पीड़ा देखकर समाज के लिए काम करने की प्रेरणा मिलती है और वे 100 वर्षों से ऐसा करते आ रहे हैं तथा आगे भी करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि आरएसएस का प्रत्येक स्वयंसेवक हमारे समाज, हमारे देश और हमारे लोगों के लिए काम करने के दर्शन को मानता है। उन्होंने कहा कि आरएसएस के स्वयंसेवकों ने 100 वर्षों तक तपस्या की है और उन्हें इसे आगे भी जारी रखना होगा, हिंदू समाज की उनसे यही अपेक्षा है। भागवत ने 'स्वयंसेवकों' से यह भी अपील की कि वे देश को विश्व मंच पर और ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए और भी अधिक मेहनत करें। भागवत ने कहा कि संघ की शताब्दी के दौरान,आरएसएस ने दुनिया भर में संपर्क और संवाद की प्रक्रिया को तेज किया है। उन्होंने कहा, ''इन प्रयासों के पीछे कारण यह था कि कई लोग भारत, हिंदुत्व और संघ के खिलाफ नकारात्मक प्रचार कर रहे हैं तथा यह सिलसिला बिना किसी रोक-टोक के जारी है। लोगों के सामने विमर्श का केवल एक ही पहलू रखा जा रहा है, जबकि दूसरा पक्ष उनसे छिपा रहता है। इसलिए, लोगों तक पहुंचकर दूसरा पक्ष भी उनके सामने रखना ज़रूरी था।'' उन्होंने दावा किया कि इस तरह के नकारात्मक प्रचार के बावजूद, भारत के बाहर आम जनता, अलग-अलग राजनीतिक विचारधाराओं वाले नेताओं और अन्य लोगों के बीच भारत को लेकर एक तरह का आश्चर्य का भाव मौजूद है। भागवत ने कहा, ''हम दुनिया को भारत, आरएसएस और हमारे काम के बारे में बताने के लिए पांच महाद्वीपों के कई देशों में गए।'' उन्होंने बताया कि संगठन के तीन देशों के संपर्क दौरे के तहत अगस्त में वह अमेरिका की यात्रा पर गए जो उल्लेखनीय रही। आरएसएस प्रमुख ने बताया कि अमेरिका में उन्होंने अन्य धर्मों के नेताओं के साथ मंच साझा किया। उन्होंने कहा कि हर जगह भारत और यहां के लोगों के लिए काफी सद्भावना है, और लोग चाहते हैं कि कुछ लोगों द्वारा किए जा रहे ''लगातार नकारात्मक प्रचार'' के बावजूद भारत तरक्की करे। भागवत ने कहा, ''जब भारत को आज़ादी मिली, तो पश्चिमी विद्वानों को लगा कि यह देश कायम नहीं रह पाएगा और इसे चलाने के लिए उन्हें फिर से बुलाया जाएगा।'' उन्होंने कहा कि पहले पश्चिम में किसी ने नहीं सोचा था कि भारत इस तरह लोकतंत्र को बचाए रखेगा और अपनी अर्थव्यवस्था का इतने बड़े पैमाने पर विस्तार भी करेगा। भागवत ने दावा किया कि पश्चिम अब यह जानना चाहता है कि हिंदू इतने धैर्यवान कैसे हो सकते हैं, और वे अपनी नयी पीढ़ी के लिए यह बात सीखना चाहते हैं। भागवत ने आरएसएस के 100 साल पूरे होने के संदर्भ में कहा कि यह संगठन के लिए जश्न मनाने की बात नहीं है, क्योंकि इसने इस अवसर का इस्तेमाल समाज के लिए और भी अधिक काम करने के लिए किया। आरएसएस प्रमुख ने कहा, ''हमारा संकल्प है कि हम किसी भी आलोचना की परवाह किए बिना सत्य और न्याय के मार्ग पर चलें।'' उन्होंने अन्य लोगों से भी इसी रास्ते का अनुसरण करने की अपील की। भागवत ने कहा, ''अब हर कोई उम्मीद करता है कि भारत 'विश्व गुरु' के रूप में अपनी प्रतिष्ठा को पुन: प्राप्त करेगा और यह प्रत्येक नागरिक का संकल्प होना चाहिए।'' आरएसएस की दिल्ली इकाई ने 'राष्ट्र वंदनम' कार्यक्रम का आयोजन उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के रोहिणी इलाके में किया। यह कार्यक्रम संघ की स्थापना के 101 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भी आयोजित हुआ। कार्यक्रम में पूर्व प्रधान न्यायाधीश जगदीश सिंह खेहर बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए।
कार्यक्रम में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा, केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता मौजूद थीं।

Related Post

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Chhattisgarh Aaj

Chhattisgarh Aaj News

Today News

Today News Hindi

Latest News India

Today Breaking News Headlines News
the news in hindi
Latest News, Breaking News Today
breaking news in india today live, latest news today, india news, breaking news in india today in english