डायन बताकर महिला की हत्या करने के आरोप में पांच गिरफ्तार
मेदिनीनगर (झारखंड)। झारखंड के पलामू जिले में बुधवार को डायन' बताकर की गयी एक महिला की कथित हत्या के सिलसिले में गुरुवार को पुलिस ने नामजद आठ आरोपियों में से पांच को गिरफ्तार किया।
पलामू के पुलिस अधीक्षक चंदन कुमार सिन्हा ने बताया कि रेहला थानान्तर्गत गोदरमाकला गांव में बुधवार की सुबह चालीस वर्षीया महिला सूरजमनी देवी को डायन बताकर गांव के ही एक समूह ने फरसा से गला काट कर उसकी हत्या कर दी। इस मामले में महिला के पांच वर्षीय बेटे आलोक के दिए बयान के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और आठ आरोपियों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज की। प्राथमिकी के आधार पर गुरुवार को छापेमारी कर पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जिनकी पहचान अमरेश रजवार (30), सुशील रजवार (30), सुनील रजवार (23), संजय रजवार (38) और शर्मा रजवार (19) के रूप में की गयी है ।
पुलिस ने बताया कि, हत्या में प्रयुक्त हथियार भी बरामद कर लिया गया है। पुलिस ने बताया कि महिला को उसके बेटे के सामने ही आरोपियोंं ने जबरदस्ती पकड़कर घर से फर्लांग भर की दूरी पर ले जाकर उसकी निर्मम हत्या कर दी थी। पुलिस ने पांचों आरोपियों को अदालत में पेश किया। अदालत ने उन्हें चौदह दिनों के लिए न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि शेष आरोपियों की तलाश के लिए छापेमारी जारी है और शीघ्र उनकी गिरफ्तारी कर ली जायेगी।
Leave A Comment