ब्रेकिंग न्यूज़

 मोतीमहल बीकानेर मिष्ठान, सुंदर नगर श्री बीकानेर स्वीट्स, अग्रसेन न्यू बजरंग दूध, भोग भंडार में जांच

0- खाद्य सुरक्षा विभाग ने तीनों प्रतिष्ठानों से कलाकंद, बर्फी, चमचम और पेड़े के 5 नमूने लिए
0- दो मिठाई प्रतिष्ठानों को इम्प्रूवमेंट नोटिस जारी, कमियां दूर करने के निर्देश
रायपुर. त्योहारी सीजन में आम नागरिकों को शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने तथा मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री पर प्रभावी रोक लगाने के उद्देश्य से रायपुर जिले में खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा खाद्य प्रतिष्ठानों की सघन जांच की जा रही है।  विभाग की खाद्य सुरक्षा टीम ने शहर के तीन प्रमुख मिठाई प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर विभिन्न मिठाइयों के कुल पांच विधिक नमूने संग्रहित किए। निरीक्षण के दौरान दो प्रतिष्ठानों में कमियां पाए जाने पर उन्हें इम्प्रूवमेंट नोटिस जारी कर आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए गए हैं।
खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग के नियंत्रक श्री दीपक कुमार अग्रवाल (आईएएस) ने त्योहारी सीजन को दृष्टिगत रखते हुए जिले में मिठाई दुकानों एवं अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों का सघन निरीक्षण करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने मिलावटी एवं अमानक खाद्य पदार्थों के निर्माण, भंडारण और विक्रय में संलिप्त प्रतिष्ठानों के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा है। इन्हीं निर्देशों के परिपालन में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम द्वारा शहर के विभिन्न क्षेत्रों में जांच अभियान चलाया जा रहा है।
बैजनाथ पारा के मोतीमहल बीकानेर मिष्ठान भंडार से कलाकंद का नमूना, इम्प्रूवमेंट नोटिस जारी
खाद्य सुरक्षा टीम ने बैजनाथ पारा स्थित मोतीमहल बीकानेर मिष्ठान भंडार का निरीक्षण किया। इस दौरान प्रतिष्ठान में विक्रय के लिए रखे गए कलाकंद का विधिक नमूना संग्रहित किया गया। निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान में कुछ कमियां पाए जाने पर संचालक को इम्प्रूवमेंट नोटिस जारी कर निर्धारित खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए गए।इसी प्रकार सुंदर नगर स्थित श्री बीकानेर स्वीट्स का निरीक्षण कर कलाकंद बर्फी एवं चमचम के विधिक नमूने संग्रहित किए गए। निरीक्षण के दौरान खाद्य प्रतिष्ठान में पाई गई कमियों को गंभीरता से लेते हुए संचालक को इम्प्रूवमेंट नोटिस जारी किया गया है। नोटिस के माध्यम से संबंधित कमियों को दूर कर खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
अग्रसेन चौक के न्यू बजरंग दूध एवं भोग भंडार से पेड़ा और कलाकंद के नमूने
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने अग्रसेन चौक स्थित न्यू बजरंग दूध एवं भोग भंडार का भी निरीक्षण किया। इस दौरान प्रतिष्ठान से पेड़ा एवं कलाकंद के विधिक नमूने संग्रहित किए गए। इन नमूनों का परीक्षण कर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप होने की जांच की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा संग्रहित सभी पांच विधिक नमूनों को जांच के लिए भेजा जाएगा। नमूनों की परीक्षण रिपोर्ट प्राप्त होने तथा संबंधित प्रतिष्ठानों द्वारा इम्प्रूवमेंट नोटिस का जवाब प्रस्तुत किए जाने के उपरांत खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों के अनुसार नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
विभाग द्वारा खाद्य कारोबारियों को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता एवं निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही कहा गया है कि आम नागरिकों के स्वास्थ्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जिले में मिलावटी एवं अमानक खाद्य पदार्थों की रोकथाम के लिए खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण और नमूना संग्रहण की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Related Post

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Chhattisgarh Aaj

Chhattisgarh Aaj News

Today News

Today News Hindi

Latest News India

Today Breaking News Headlines News
the news in hindi
Latest News, Breaking News Today
breaking news in india today live, latest news today, india news, breaking news in india today in english