ब्रेकिंग न्यूज़

अंतरराष्ट्रीय हवाई क्षेत्रों में प्रतिबंधों के कारण वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम भारत में फंसी

नयी दिल्ली.  अमेरिका और इजरायल के ईरान पर हमले के बाद अंतरराष्ट्रीय हवाई क्षेत्रों पर लगे प्रतिबंधों के कारण टी20 विश्व कप के सेमीफाइनल की दौड़ से से बाहर होने वाली वेस्टइंडीज की क्रिकेट टीम भारत में ही फंसी हुई है। क्रिकेट वेस्टइंडीज (सीडब्ल्यूआई) ने कहा है कि वह खिलाड़ियों की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) और संबंधित अधिकारियों के साथ मिलकर काम कर रहा है। खाड़ी क्षेत्र में हवाई सेवाएं फिलहाल निलंबित हैं और दुबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर भी नुकसान की खबर है, जो दुनिया के सबसे व्यस्त हवाई अड्डों में से एक है। क्रिकेट वेस्टइंडीज ने एक बयान में कहा, ''सीडब्ल्यूआई यह बताना चाहता है कि आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप से बाहर होने के बाद वेस्टइंडीज की सीनियर पुरुष टीम अंतरराष्ट्रीय हवाई क्षेत्र में प्रतिबंधों के कारण भारत से रवाना नहीं हो पाई।'' वेस्टइंडीज की टीम को कोलकाता में खेले गए सुपर आठ के करो या मरो के मैच में भारत से हार का सामना करना पड़ा और इस तरह वह टूर्नामेंट से बाहर हो गई। सीडब्ल्यूआई ने बयान में कहा, ''वर्तमान स्थिति में हमारे प्रशंसकों, परिवारों और हितधारकों की समझ और चिंता के लिए सीडब्ल्यूआई आभारी है।'' बीसीसीआई के एक अधिकारी ने बताया , वेस्टइंडीज टीम अभी भी यहां है । अभी इसकी कोई पुष्टि नहीं है कि वे कब जायेंगे । आईसीसी चीजों पर नजर रखे हुए है । मुझे नहीं लगता कि वेस्टइंडीज के खिलाड़ियों पर लौटने का कोई दबाव है ।'' वेस्टइंडीज के अलावा जिम्बाब्वे के खिलाड़ी भी इसी कारण से भारत में फंसे हुए हैं।
जिम्बाब्वे क्रिकेट ने सोमवार को पुष्टि की कि टीम दिल्ली में ही है। उसने कहा कि यात्रा की नई व्यवस्थाओं पर काम किया जा रहा है। जिम्बाब्वे क्रिकेट ने एक्स पर जारी बयान में कहा, ''टीम को दुबई के रास्ते स्वदेश लौटना था, लेकिन मध्य पूर्व में बदलती स्थिति के कारण प्रमुख पारगमन मार्ग बाधित हो जाने से यात्रा कार्यक्रम पर असर पड़ा है।'' आईसीसी वैकल्पिक यात्रा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए अंतरराष्ट्रीय एयरलाइनों के साथ काम कर रहा है।
जिम्बाब्वे क्रिकेट के अनुसार, ''जिम्बाब्वे क्रिकेट आईसीसी और टीम के प्रबंधन के साथ लगातार संपर्क में है ताकि टीम की सुरक्षित और समय पर वापसी सुनिश्चित हो सके।'' जिम्बाब्वे को रविवार को यहां खेले गए सुपर आठ के अपने आखिरी मैच में दक्षिण अफ्रीका से पांच विकेट से हार का सामना करना पड़ा था। आईसीसी ने एक विज्ञप्ति में कहा कि वह हालात पर करीब से नजर रखे हुए हैं और संबंधित अधिकारियों तथा एयरलाइन साझेदारों के साथ मिलकर सभी टीमों और सहयोगी स्टाफ की सुरक्षित और समय पर वापसी के प्रबंध कर रहा है ।

Related Post

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Chhattisgarh Aaj

Chhattisgarh Aaj News

Today News

Today News Hindi

Latest News India

Today Breaking News Headlines News
the news in hindi
Latest News, Breaking News Today
breaking news in india today live, latest news today, india news, breaking news in india today in english