- Home
- देश
-
इटावा. जिला मुख्यालय के सिविल लाइन थाने में तैनात एक पुलिस उप निरीक्षक (दरोग़ा) ने कथित तौर पर रविवार देर शाम अपने सहकर्मी की रिवाल्वर से गोली मारकर आत्महत्या कर ली। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी। इटावा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) संजय कुमार वर्मा ने बताया कि नगर के सिविल लाइन थाने में तैनात उप निरीक्षक सत्येन्द्र वर्मा (32) ने रविवार देर शाम अपने निजी आवास में सहकर्मी की सर्विस रिवाल्वर से उस समय अपने आपको गोली मार ली जब उसका सहकर्मी रिवाल्वर कमरे में छोडकर शौचालय गया था। उन्होंने बताया कि सत्येंद्र मूलरूप से हरदोई जिले का निवासी था और अपने पिता के निधन के बाद उसे नौकरी मिली थी। एसएसपी ने बताया कि दरोग़ा कुछ समय से अवसाद में था। उन्होंने कहा मामले की जांच की जा रही है।
-
वाराणसी . प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को कहा कि विपक्षी गुट ‘इंडिया' के नेताओं के पास भ्रष्टाचार, भाई-भतीजावाद और तुष्टिकरण के अलावा देने के लिए कुछ नहीं है। प्रधानमंत्री ने रविवार को नमो ऐप के जरिए अपने संसदीय निर्वाचन क्षेत्र वाराणसी के पार्टी कार्यकर्ताओं से बातचीत की। प्रधानमंत्री ने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ ‘टिफिन बैठक' में विकास के प्रति भाजपा की प्रतिबद्धता को दोहराया। विपक्ष पर निशाना साधते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा,‘‘ विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया' घिसी-पिटी बातों पर भरोसा करता है। उनमें तर्क और तथ्य दोनों का अभाव है। इनके (विपक्षी नेताओं) पास भ्रष्टाचार, भाई-भतीजावाद और तुष्टिकरण के अलावा और कुछ नहीं है। वे बस इतना ही जानते हैं। इसलिए, जब जनता उन्हें अस्वीकार करने लगती है, तो वे मोदी की आलोचना करने लगते हैं।'' उन्होंने कहा कि परिवारवादी पार्टियां कभी इस बात की सराहना नहीं करेंगी कि भारत कितना आगे आ गया है। वे 'परिवार के, परिवार के लिए और परिवार द्वारा' हैं। अपनी बातचीत में मोदी ने कहा , ‘‘10 साल पहले, आपने मुझे पहली बार अपना जनप्रतिनिधि होने की ज़िम्मेदारी सौंपी थी। इस वर्ष मैं आपसे एक बार फिर मुझे अपने प्रतिनिधि के रूप में चुनने और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) को लोकसभा में 400 सीटें जीतने में मदद करने का आग्रह करता हूं।'' मोदी ने काशी विश्वनाथ कॉरिडोर, महिला सशक्तिकरण, बुनियादी ढांचे और स्वास्थ्य सेवा विकास आदि सहित कई विषयों पर चर्चा की। उन्होंने कहा, ''आप सभी ने पिछले 10 वर्षों में काशी का उल्लेखनीय परिवर्तन देखा है। यह जरूरी है कि हम लोगों को अपने द्वारा किए गए काम के बारे में अधिक जागरूक करें और 'मोदी की गारंटी' को हर किसी तक पहुंचाने में मदद करें।' पार्टी कार्यकर्ता राकेश सोनकर ने कहा, "मेरे निर्वाचन क्षेत्र में, महिलाएं 'इज्जत घर' (शौचालयों) से खुश हैं। उन्होंने दावा किया कि विपक्ष टिकेगा नहीं। जहां लोग कहते हैं 'हर घर मोदी, घर-घर मोदी।' बाद में उनकी निजी वेबसाइट पर जारी एक बयान के अनुसार मोदी ने पहली बार मतदान करने वालों तक पहुंचने के महत्व पर जोर दिया और पार्टी कार्यकर्ताओं से पुरानी और आधुनिक काशी के बीच परिवर्तन को उजागर करने का आग्रह किया। उन्होंने पहली बार के मतदाताओं को यह समझने की आवश्यकता पर जोर दिया कि मोदी के कार्यकाल से पहले उनके माता-पिता को किन कठिनाइयों का सामना करना पड़ा था, उन्होंने इसकी तुलना आज काशी में प्रगति और ढांचागत विकास से की। मोदी ने पार्टी कार्यकर्ताओं से पूछा कि क्या बाहर से आने वाले पर्यटक काशी के विकास पर आश्चर्य जताते हैं। जवाब में, एक अन्य पार्टी कार्यकर्ता, सौरभ साहनी ने कहा कि पिछले दशक में वाराणसी के विकास से घरेलू और अंतरराष्ट्रीय पर्यटक दोनों आश्चर्यचकित हैं। टिफिन बैठक में एक अन्य कार्यकर्ता ऋचा सिंह के साथ बातचीत करते हुए मोदी ने कहा, ‘‘पिछले 10 वर्षों में नारी शक्ति का आत्मविश्वास नई ऊंचाइयों पर पहुंच गया है। हर क्षेत्र में चाहे वह खेल हो, विज्ञान हो या स्वयं सहायता समूह, महिलाएं उत्कृष्ट कार्य कर रही हैं। हमने उनके लिए जो प्रयास किए हैं, वे फल दे रहे हैं।'' उन्होंने कहा, ''नारी शक्ति... शक्ति का प्रतीक है, लेकिन कांग्रेस पार्टी के एक नेता ने कहा है कि वह उस शक्ति को नष्ट करने के लिए यहां हैं। उनका शक्ति से टकराव है, जबकि मैं शक्ति का भक्त हूं।'' प्रधानमंत्री मोदी ने 'पहले मतदान, फिर जलपान' कहकर मतदाताओं को लोकतांत्रिक उत्सव में शामिल होने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से ‘अबकी बार, 400 पार' के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए पहली बार के मतदाताओं, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों और लाभार्थियों के साथ जुड़ने का भी आग्रह किया।
-
नयी दिल्ली. मुंबई पर 26 नवंबर 2008 में हुए आतंकी हमले के दौरान बहादुरी से आतंकवादियों से लोहा लेने की वजह से नायक बनकर उभरे सदानंद वसंत दाते ने रविवार को राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) प्रमुख का कार्यभार संभाला। एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई। मुंबई पर हुए हमले को 26/11 के हमले के रूप में जाना जाता है।
भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के 1990 बैच के महाराष्ट्र कैडर के अधिकारी दाते ने दिनकर गुप्ता का स्थान लिया, जो रविवार को सेवानिवृत्त हुए। एनआईए प्रमुख बनने से पहले दाते महाराष्ट्र में आतंकवाद रोधी दस्ते (एटीएस) के प्रमुख के रूप में कार्यरत थे। एनआईए द्वारा जारी बयान के मुताबिक उन्होंने महाराष्ट्र में कई महत्वपूर्ण पदों पर काम किया है, जिनमें मीरा-भयंदर वसई-विरार के पुलिस आयुक्त, संयुक्त आयुक्त (कानून और व्यवस्था) और संयुक्त आयुक्त अपराध शाखा, मुंबई शामिल हैं। दाते इससे पहले दो बार भारत सरकार में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। वह केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) में उप महानिरीक्षक की और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) में महानिरीक्षक की जिम्मेदारी निभा चुके हैं। दाते को मुंबई पर कायरतापूर्ण हमला करने वाले आतंकवादियों से मुकाबला करने में अहम भूमिका निभाने के लिए 2008 में राष्ट्रपति पुलिस पदक से सम्मानित किया गया था। एनआईए देश की केंद्रीय आतंकवाद रोधी कानून प्रवर्तन एजेंसी के रूप में कार्य कर रही है। इसका गठन 2008 के आतंकवादी हमलों के बाद किया गया था। बयान के मुताबिक दाते को 2007 में सराहनीय सेवा के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक और 2014 में विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक से सम्मानित किया गया। -
देहरादून. देहरादून में अपनी ‘लिव-इन-पार्टनर' की गला दबाकर हत्या करने और शव को शहर के बाहरी इलाके के एक जंगल में फेंकने के आरोप में रविवार को एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि आरोपी राशिद और शहनूर देहरादून में संस्कृति लोक कॉलोनी में रहते थे और हत्या पिछले साल दिसंबर में हुई। पुलिस के अनुसार, पड़ोसी राज्य उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर के रहने वाले आरोपी राशिद को शहनूर पर संदेह था और वह अकसर उससे झगड़ता था। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने कहा कि घटना के दिन दोनों के बीच तीखी बहस हुई और आरोपी राशिद ने शहनूर का गला घोंट दिया, जिसके चलते उसकी मौत हो गई। उन्होंने कहा कि इसके बाद उसने शव को एक थैले में रखा और आशारोडी इलाके में जंगल में फेंक दिया।
सिंह के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपी राशिद ने अपराध स्वीकार कर लिया। उन्होंने कहा कि महिला का शव बरामद कर लिया गया है। पुलिस के अनुसार महिला के लापता होने के बाद उसकी मां ने शिकायत दर्ज कराई थी। अधिकारी ने कहा कि पुलिस को मामले की जानकारी मिलने के बाद से आरोपी राशिद फरार था और गुप्त सूचना के आधार पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। -
मुंबई. विभिन्न मौसम और इलाके की परिस्थितियों में मिशन संचालित करने की क्षमता के लिए मशहूर अपाचे हेलीकॉप्टर पश्चिमी क्षेत्र में भारतीय सेना की परिचालन पहुंच और हवाई हमले की क्षमताओं को बढ़ाने के लिए तैयार है। सेना के एक उच्चाधिकारी ने रविवार को यह बात कही। सेना के दक्षिणी कमान के जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ लेफ्टिनेंट जनरल ए के सिंह ने सेना के परिवर्तन और परिचालन प्रभावशीलता पर इस कदम के महत्वपूर्ण प्रभाव को रेखांकित किया। दक्षिणी कमान क्षेत्र के भीतर पहला ‘मीडियम लिफ्ट अटैक हेलीकॉप्टर स्क्वाड्रन' इस साल 15 मार्च को शुरू किया गया था। यह स्क्वाड्रन बोइंग द्वारा निर्मित अत्याधुनिक अपाचे एच-64ई हेलीकॉप्टरों से सुसज्जित होगा। उन्होंने कहा, "ये हेलीकॉप्टर हमारी सीमाओं के साथ विभिन्न मौसम और इलाके की स्थितियों में मिशन में शामिल होने की क्षमता रखते हैं।" नये अधिग्रहीत अपाचे हेलीकॉप्टर में कई प्रकार की क्षमताएं हैं, जिनमें टैंक रोधी निर्देशित मिसाइल, हवा से हवा में मार करने वाली मिसाइल, रॉकेट और अन्य गोला-बारूद लॉन्च करने की क्षमता शामिल है। भारत द्वारा अपाचे हेलीकॉप्टरों को हासिल करना एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है। इसके साथ ही भारत इस गुप्त और बहुमुखी मशीन को अपने सैन्य शस्त्रागार में शामिल करने वाला 16वां देश बन गया है। अपाचे हेलीकॉप्टर की उल्लेखनीय विशेषताओं में हवा से जमीन पर मार करने वाली मिसाइल, हवा से हवा में मार करने वाली मिसाइल, रॉकेट और गन सिस्टम शामिल हैं। हेलीकॉप्टर की मारक क्षमता बढ़ाने के लिए, यह एक ऐसी रडार से लैस है, जो सबसे प्रतिकूल परिस्थितियों और जंगली इलाकों में लक्ष्य का पता लगाने तथा उस पर हमला करने में सक्षम है। यह घटनाक्रम भारतीय सेना की परिचालन क्षमताओं में पर्याप्त वृद्धि का प्रतीक है, जो पश्चिमी क्षेत्र में देश के रक्षा बुनियादी ढांचे को और मजबूत करता है।
-
बहराइच (उप्र) जिला मुख्यालय के कोतवाली नगर क्षेत्र में रविवार सुबह एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपनी 14 वर्षीय सौतेली पुत्री की चाकू से गला काटकर हत्या कर दी तथा आठ साल के सौतेले पुत्र को चाकू मारकर घायल कर दिया। पुलिस की एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी पिता संतोष कुमार को हिरासत में ले लिया है। पुलिस के अनुसार नगर पालिका में सफाईकर्मी पिंकी वाल्मीकि रविवार सुबह आठ बजे ड्यूटी पर चली गयी थी, उसका पति आरोपी संतोष व बच्चे बहराइच शहर के वजीरबाग स्थित घर पर थे। उन्होंने बताया कि आरोपी संतोष ने अपनी सौतेली पुत्री रिया (14) के गले पर चाकू से वार किया और रिया को बचाने आए उसके भाई (आठ) को भी चाकू मारा। उन्होंने बताया कि शोर सुनकर आसपास के लोग दोनों बच्चों को इलाज के लिए जिला अस्पताल लेगए जहां इलाज के दौरान रिया की मौत हो गयी। लड़के की हालत अब सामान्य बताई जा रही है। अस्पताल पहुंची पुलिस अधीक्षक (एसपी) वृंदा शुक्ला ने पत्रकारों से बताया कि "एक पिता ने अपनी सौतेली बेटी का चाकू से गला काटकर हत्या कर दी है। अत्यधिक रक्तस्राव के कारण बच्ची को बचाया नहीं जा सका।' एसपी ने बताया कि ''आरोपी ने खुद को भी चाकू मार कर घायल किया है। उसका आरंभिक उपचार कराया गया है। आरोपी पिता नगर पालिका में अनुबंध पर सफाईकर्मी का काम करता है। इसकी पत्नी भी वहीं सफाईकर्मी है।'' एसपी ने कहा कि '' अभी तक घटना की वजह मालूम नहीं हो सकी है, यह जांच का विषय है। मामला दर्ज कर आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।" घटना की जानकारी मिलने पर जिला अस्पताल पहुंची बच्चों की मां ने पत्रकारों से कहा कि उसके पति की दिमागी हालत ठीक नहीं है और दो साल से उसका इलाज जारी है। पिंकी के पहले पति राजा वाल्मीकि की करीब आठ वर्ष पूर्व बीमारी से मौत हो गई थी। राजा के मृत्योपरांत पिंकी ने आरोपी संतोष कुमार वाल्मीकि से विवाह कर लिया था।
-
नयी दिल्ली. विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने आज की दुनिया में “सांस्कृतिक पुनर्संतुलन” के महत्व को रेखांकित करते हुए रविवार को कहा कि किसी का अपनी विरासत, संस्कृति और आस्था को बढ़ावा देना अंतरराष्ट्रीय संबंधों में उतना ही महत्वपूर्ण है जितना कि पारंपरिक राजनीति में। उन्होंने यहां पुराना किला में आयोजित एक कार्यक्रम में यह बात कही, जिसमें सरकार के 'अडॉप्ट अ हेरिटेज 2.0' के तहत पांच साल के लिए चार ऐतिहासिक स्मारकों--पुराना किला, हुमायूं का मकबरा, सफदरजंग मकबरा और महरौली पुरातत्व पार्क के लिए गैर सरकारी संगठन सभ्या फाउंडेशन को 'स्मारक सारथी' घोषित किया गया। उन्होंने कहा, “आज लड़ाई संस्कृति के पुनर्संतुलन की है। हम दुनिया की संपूर्ण विविधता को कैसे पहचानें, हम उस युग की विकृतियों को कैसे दूर करें जिसे कुछ देशों और कुछ क्षेत्रों ने विकृत कर दिया था।” मंत्री ने कहा, “यही कारण है कि आज अपनी विरासत, अपनी संस्कृति, अपनी जीवन शैली, अपनी आस्था, अपने विश्वास को बढ़ावा देना महत्वपूर्ण है और यह मेरे लिए कूटनीति व अंतरराष्ट्रीय संबंधों में उतना ही महत्वपूर्ण है जितना कि पारंपरिक राजनीति में।
-
लखनऊ. लखनऊ पुलिस आयुक्तालय के बिजनौर थाना क्षेत्र में एक युवक ने कथित तौर पर अपनी पत्नी और दो नाबालिग बच्चों की गला घोंटकर हत्या कर दी और शवों को करीब दो दिनों तक घर में रखा। पुलिस के एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी। घर से दुर्गंध आने पर घटना की जानकारी मिली।
लखनऊ दक्षिण के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) तेज स्वरूप सिंह ने रविवार को पत्रकारों को बताया कि मामले का आरोपी राम लखन गौतम मूल रूप से बलरामपुर जिले का रहने वाला है और बिजनौर थाना क्षेत्र में किराए के मकान में रहता था। डीसीपी ने बताया कि रविवार दोपहर मकान मालिक धीरेंद्र कुमार ने पुलिस को घटना की जानकारी दी।
सिंह ने बताया कि पुलिस ने आरोपी राम लखन गौतम को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, मृतकों की पहचान ज्योति (30), उसकी बेटी पायल (छह) और बेटे आनन्द (तीन) के रूप में हुई। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस अभी तक हत्या के पीछे के मकसद का खुलासा नहीं कर पाई है। मामले में जांच जारी है। -
नई दिल्ली। ज्ञानवापी मस्जिद प्रबंधन समिति की उस याचिका पर उच्चतम न्यायालय एक अप्रैल को सुनवाई करेगा जिसमें मस्जिद के दक्षिणी तहखाने में हिंदुओं को पूजा की अनुमति देने वाले निचली अदालत के आदेश को बरकरार रखने के इलाहाबाद उच्च न्यायालय के फैसले को चुनौती दी गई है।
प्रधान न्यायाधीश डी वाई चंद्रचूड़, न्यायमूर्ति जे बी पारदीवाला और न्यायमूर्ति मनोज मिश्रा की पीठ उच्च न्यायालय के 26 फरवरी के फैसले को चुनौती देने वाली अंजुमन इंतजामिया मस्जिद कमेटी की याचिका पर सुनवाई करेगी। यह कमेटी वाराणसी में ज्ञानवापी मस्जिद के मामलों का प्रबंधन करती है।उच्च न्यायालय ने कमेटी की याचिका खारिज कर दी थी जिसमें उसने जिला अदालत के 31 जनवरी के आदेश को चुनौती दी थी। जिला अदालत ने अपने आदेश में हिंदुओं को तहखाने में पूजा करने की अनुमति दी थी। उच्च न्यायालय ने 26 फरवरी को मस्जिद कमेटी की याचिका को खारिज करते हुए कहा था कि ज्ञानवापी के दक्षिणी तहखाने में स्थित “व्यास तहखाना” के अंदर पूजा पाठ रोकने का उत्तर प्रदेश सरकार का 1993 का निर्णय “अवैध” था।उसने कहा था कि पूजा-पाठ को “बिना किसी लिखित आदेश के राज्य की अवैध कार्रवाई” द्वारा रोक दिया गया था और मस्जिद प्रबंधन कमेटी द्वारा दायर दो अपील खारिज कर दी थीं। कमेटी ने अपनी एक अपील में वाराणसी जिला न्यायाधीश के 17 जनवरी के उस आदेश को चुनौती दी थी जिसमें जिला मजिस्ट्रेट को “व्यास तहखाने” का ‘रिसीवर’ नियुक्त किया गया था जबकि कमेटी ने दूसरी याचिका में 31 जनवरी के आदेश को चुनौती दी थी जिसके द्वारा न्यायाधीश ने वहां ‘पूजा’ करने की अनुमति दी थी।उच्च न्यायालय ने आदेश दिया कि मस्जिद के “व्यास तहखाना” में पूजा जारी रहेगी, जो काशी विश्वनाथ मंदिर के निकट स्थित है। अदालत के आदेश पर भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) द्वारा किए गए एक सर्वेक्षण में यह बात सामने आयी थी कि ज्ञानवापी मस्जिद का निर्माण मुगल सम्राट औरंगजेब के शासनकाल के दौरान एक हिंदू मंदिर के अवशेषों पर किया गया था।जिला अदालत ने 31 जनवरी को फैसला सुनाया था कि एक हिंदू पुजारी मस्जिद के दक्षिणी तहखाने में मूर्तियों की पूजा कर सकता है। अब पूजा-अर्चना काशी विश्वनाथ मंदिर ट्रस्ट द्वारा नामित एक हिंदू पुजारी और याचिकाकर्ता शैलेन्द्र कुमार पाठक द्वारा की जा रही है।पाठक का दावा है कि उनके नाना सोमनाथ व्यास, जो एक पुजारी भी थे, ने दिसंबर 1993 तक तहखाने में पूजा-अर्चना की थी। उन्होंने कहा था कि छह दिसंबर 1992 को अयोध्या में बाबरी मस्जिद ढहाये जाने के बाद उत्तर प्रदेश के तत्कालीन मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के कार्यकाल में पूजा रोक दी गई थी।निचली अदालत में सुनवाई के दौरान मुस्लिम पक्ष ने याचिकाकर्ता की बात का विरोध किया था। उसने कहा था कि तहखाने में कोई मूर्ति मौजूद नहीं थी और इसलिए, 1993 तक वहां पूजा करने का कोई सवाल ही नहीं था। मुस्लिम पक्ष ने याचिकाकर्ता के इस दावे का भी खंडन किया था कि तहखाना उनके नाना के नियंत्रण में था। याचिकाकर्ता ने दावा किया था कि ब्रिटिश शासन के दौरान भी तहखाने पर उनके परिवार का नियंत्रण था। -
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 1974 में कच्चाथिवू द्वीप श्रीलंका को सौंप दिये जाने पर कांग्रेस की आलोचना की है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की 75 वर्षों की कार्य प्रणाली देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रहित को कमजोर करने की रही है।
प्रधानमंत्री की यह प्रतिक्रिया तमिलनाडु में भारतीय जनता पार्टी प्रमुख के. अन्नामलाई द्वारा सूचना का अधिकार अधिनियम के अन्तर्गत कच्चाथिवू द्वीप के बारे में एकत्र जानकारी के बाद आई है। श्री मोदी ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि यह चौंकाने वाली बात है कि किस तरह कांग्रेस ने बड़ी ही आसानी से कच्चाथिवू द्वीप श्रीलंका को सौंप दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के इस कृत्य से देश का हर नागरिक क्षुब्ध है और वह कांग्रेस पर कभी भरोसा नही करेगा। -
नई दिल्ली। वित्तमंत्री निर्मला सीतारामन ने कहा है कि मौजूदा वित्तीय वर्ष की चौथी तिमाही में भारत के सकल घरेलू उत्पाद में आठ प्रतिशत या इससे भी अधिक की वृद्धि रहेगी।
मुंबई में निवेश सम्मेलन को सम्बोधित करते हुए उन्होंने कहा कि मुद्रा स्फीति प्रबंधन और व्यापक आर्थिक स्थिरता के प्रभाव से वित्तीय वर्ष 2023-24 के लिये अर्थव्यवस्था में इसी दर से वृद्धि की आशा है। वित्त मंत्री ने कहा कि भारत एशिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है।इसमें अक्टूबर से दिसम्बर तक की तिमाही में आठ दशमलव चार प्रतिशत की वृद्धि रही, जो इससे पहले की तिमाही में दर्ज सात दशमलव छह प्रतिशत की वृद्धि से आगे थी। उन्होंने कहा कि तीसरी तिमाही में आठ दशमलव चार प्रतिशत की वृद्धि दर के बाद विभिन्न आर्थिक संस्थाओं ने भारत के लिए सकल घरेलू उत्पाद वृद्धि दर अनुमानों को बढा दिया है।हाल में आया सबसे ताजा अनुमान वैश्विक वित्तीय संस्थान गोल्डमैन सॉक्स का है जिसने भारतीय अर्थव्यवस्था के लिए 2024 के आर्थिक वृद्धि दर अनुमान को, अपने पिछले अनुमान से दस आधार अंक बढ़ाकर छह दशमलव छह प्रतिशत कर दिया है। -
नई दिल्ली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने आज पूर्व उप प्रधानमंत्री और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी को देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न से अलंकृत किया। वयोवृद्ध नेता श्री आडवाणी के आवास पर जाकर उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया।
उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, पूर्व उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, गृहमंत्री अमित शाह और श्री आडवाणी के परिवार के सदस्य इस अवसर पर मौजूद थे।एक सोशल मीडिया पोस्ट में राष्ट्रपति ने कहा कि भारतीय राजनीति के शिखर व्यक्तित्व लाल कृष्ण आडवाणी ने दृढ़ समर्पण और असाधारण कौशल के साथ सात दशकों से भी अधिक समय तक देश की सेवा की। 1927 में कराची में जन्मे श्री आडवाणी 1947 में विभाजन के समय भारत आ गये।सांस्कृतिक राष्ट्रवाद के लक्ष्य के साथ उन्होंने दशकों तक कठिन परिश्रम किया, जिससे देश के सामाजिक – राजनीतिक परिदृश्य में बदलाव आया। राष्ट्रपति ने कहा कि जब आपातकाल देश के लोकतंत्र के लिए खतरा बना, श्री आडवाणी ने अदम्य हौसले से देश को सत्तावादी ताकतों से बचाने में मदद की।श्रीमती मुर्मू ने कहा कि एक सांसद के रूप में संवाद में श्री आडवाणी के विश्वास ने संसदीय परम्पराओं को समृद्ध किया। देश के गृहमंत्री और उप -प्रधानमंत्री के रूप में उन्होंने हमेशा राष्ट्रीय हित को सर्वोपरि रखा जिसने उन्हें दलगत राजनीति से उपर उठकर उन्हें पूरे देश का सम्मान दिलाया।राष्ट्रपति ने कहा कि भारत के सांस्कृतिक उत्थान के लिए उनका अथक परिश्रम इस वर्ष अयोध्या में श्री राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा में शिखर तक पहुंचा।राष्ट्रपति ने कहा कि श्री आडवाणी आजादी के बाद के उन नेताओं में से हैं जिन्होंने राष्ट्रीय प्राथमिकताओं को सामने रखकर देश को विकास पथ पर अग्रसर किया। श्रीमती मुर्मू ने कहा कि श्री आडवाणी की उपलब्धियां देश की अंतर्निहित प्रतिभा और समावेशी परंपराओं की सर्वोत्तम अभिव्यक्ति है।भारत रत्न देश का सर्वोच्च नागरिक अलंकरण है। यह मानव प्रयास के किसी भी क्षेत्र में असाधारण सेवा और उत्कृष्टतम कार्यो के लिए प्रदान किया जाता है। -
-छत्तीसगढ़ में आज तेज हवाओं के साथ हल्की वर्षा का अनुमान
नई दिल्ली। मौसम विभाग ने अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा के कुछ स्थानों में कल तक तेज बारिश का अनुमान व्यक्त किया है।
अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में आज तेज बारिश की संभावना है। पूर्वोत्तर भारत, पश्चिम बंगाल के उप-हिमालयी क्षेत्र और सिक्किम में पांच अप्रैल तक गरज के साथ हल्की वर्षा हो सकती है।मौसम विभाग ने ओडिसा, पश्चिम बंगाल के गांगेय क्षेत्र, झारखंड, पूर्वी मध्य प्रदेश, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, विदर्भ और छत्तीसगढ़ में आज तेज हवाओं के साथ हल्की वर्षा का अनुमान व्यक्त किया है।मध्य और प्रायद्वीपीय भारत में अगले पांच दिन तक गर्म हवाएं चलने की आशंका है। मौसम विभाग ने कहा है कि अगले दो दिन में मध्य और पूर्वी भारत के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हो सकती है जबकि दिल्ली में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं। दिल्ली का अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। - नई दिल्ली। अरुणाचल प्रदेश में कल नामांकन वापस लेने की अंतिम तिथि के बाद भारतीय जनता पार्टी के 10 विधायकों को निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया है। अरुणाचल प्रदेश में 60 विधानसभा और दो लोकसभा सीटों के लिए मतदान एक ही चरण में 19 अप्रैल को होगा।60 सदस्यीय अरुणाचल प्रदेश विधानसभा के लिए अब शेष 50 विधानसभा सीटों के लिए ही मतदान कराये जाएंगे। छह विधानसभा क्षेत्रों में एकल नामांकन पत्र दाखिल किया गया था, जबकि चार अन्यों में विपक्षी उम्मीदवारों ने अपना नामांकन वाापस ले लिया है। मुख्यमंत्री पेमा खांडू, उपमुख्यमंत्री चाउना मीन और ईटानगर विधायक तेची कासो उन प्रमुख उम्मीदवारों में से हैं जिन्होंने निर्विरोध जीत हासिल की है। भाजपा ने सभी 60 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे हैं और भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस केवल 13 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। दोनों संसदीय क्षेत्रों के लिए 14 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनमें अरुणाचल पश्चिम संसदीय क्षेत्र के लिए 8 और अरुणाचल प्रदेश पूर्व संसदीय क्षेत्र के लिए 6 उम्मीदवार हैं।
- पुणे. महाराष्ट्र पुलिस ने पुणे जिले के मावल तालुका में विभिन्न सोशल मीडिया मंचों के लिए कथित तौर पर अश्लील फिल्में बनाने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ किया और 15 लोगों को गिरफ्तार किया। एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने पाटन गांव के एक बंगले से अश्लील वीडियो शूट करने के लिए इस्तेमाल किए जा रहे कैमरे और अन्य सामग्री जब्त की। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सत्य साई कार्तिक ने कहा, ‘‘पुलिस को सूचना मिली कि 13 पुरुषों और पांच महिलाओं सहित 18 लोगों का एक गिरोह पाटन गांव स्थित एक बंगले में विभिन्न सोशल मीडिया मंचों के लिए अश्लील फिल्मों की शूटिंग में जुटा हुआ है। हमने शुक्रवार शाम पांच बजे इस ठिकाने पर छापा मारा। हमने अश्लील सामग्री फिल्माने में शामिल एक गिरोह का भंडाफोड़ किया।'' उन्होंने कहा कि 15 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।अश्लील पुस्तकों और अन्य सामग्री की बिक्री के लिए भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत लोनावाला पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया है। आगे की जांच चल रही है।
-
नई दिल्ली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज पूर्व उप प्रधानमंत्री और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी को देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न से अलंकृत करेंगी।
कल राष्ट्रपति भवन में आयोजित समारोह में पूर्व प्रधानमंत्रियों – पी वी नरसिम्हा राव और चौधरी चरण सिंह, कृषि वैज्ञानिक एम. एस. स्वामीनाथन और दो बार बिहार के मुख्यमंत्री रहे कर्पूरी ठाकुर को मरणोपरांत भारत रत्न से सम्मानित किया गया। उनके संबंधियों ने यह सम्मान ग्रहण किया।अलंकरण समारोह में उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, विदेश मंत्री डॉ. एस.जयशंकर, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।भारत रत्न देश का सर्वोच्च नागरिक अलंकरण है। यह मानव प्रयास के किसी भी क्षेत्र में असाधारण सेवा और उत्कृष्टतम कार्यो के लिए प्रदान किया जाता है। -
नई दिल्ली। पूर्व केंद्रीय मंत्री और राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी के अध्यक्ष पशुपति कुमार पारस ने कहा है कि वे लोकसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन-एनडीए को समर्थन देना जारी रखेंगे।
श्री पारस ने बिहार में एनडीए सहयोगियों के बीच सीट समझौते के बाद केंद्रीय मंत्रिमंडल से इस्तीफा दे दिया था। गठबंधन की ओर से उनकी पार्टी को कोई सीट नहीं दी गई थी। श्री पारस ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि उनकी पार्टी एनडीए का हिस्सा है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ही उनके नेता हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि श्री मोदी के नेतृत्व में एनडीए की तीसरी बार सरकार बनेगी और उनकी पार्टी बिहार की सभी चालीस सीटों पर एनडीए को पूर्ण समर्थन देगी। - देहरादून। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी उत्तराखंड में उधम सिंह नगर जिले के रूद्रपुर में दो अप्रैल को एक जनसभा को संबोधित करने के साथ राज्य में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के चुनाव प्रचार अभियान की शुरूआत करेंगे। उत्तराखंड में लोकसभा की पांच सीट पर आम चुनाव के पहले चरण में 19 अप्रैल को मतदान होना है।इन सभी पांच सीट पर 2014 से भाजपा का कब्जा है।भाजपा की उत्तराखंड इकाई के मीडिया प्रभारी मानवीर चौहान ने बताया कि प्रदेश पार्टी महासचिव खिलेंद्र चौधरी और कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा को दो अप्रैल को रूद्रपुर में होने वाले प्रधानमंत्री मोदी के कार्यक्रम के लिए समन्वयक बनाया गया है। उन्होंने बताया कि तीन अप्रैल को भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा पिथौरागढ़ और देहरादून के विकासनगर में जनसभा को संबोधित करेंगे तथा इसके बाद रोड शो करेंगे। उन्होंने बताया कि नड्डा चार अप्रैल को हरिद्वार में संत समाज के साथ एक बैठक करेंगे।
- काकीनाडा (आंध्र प्रदेश)। भारत और अमेरिका ने 'टाइगर ट्राइंफ-24' के हिस्से के रूप में काकीनाडा समुद्र तट पर द्विपक्षीय त्रि-सेवा मानवीय सहायता एवं आपदा राहत (एचएडीआर) अभ्यास किया। अमेरिकी वाणिज्य दूतावास की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया कि शुक्रवार को किए गए अभ्यास का उद्देश्य दोनों देशों की सेनाओं के बीच सहयोग को बढ़ाना है और यह भारत तथा अमेरिका के बीच जारी साझेदारी का हिस्सा है। इसमें कहा गया कि दोनों देशों की सैन्य टुकड़ियों ने अभ्यास के हिस्से के रूप में विस्थापित व्यक्तियों के लिए एक फील्ड अस्पताल तथा एक शिविर बनाया, जो प्राकृतिक आपदा में दोनों देशों के बीच सहयोग की भावना को दर्शाता है। अभ्यास में भारतीय नौसेना के जहाज, विमान, भारतीय सेना के जवान और वाहन, भारतीय वायुसेना के विमान और हेलीकॉप्टर तथा त्वरित कार्रवाई चिकित्सा टीमों ने भाग लिया। विज्ञप्ति में कहा गया कि अमेरिका का प्रतिनिधित्व अमेरिकी नौसेना के जहाजों द्वारा किया गया जिसमें अमेरिकी मरीन कोर और अमेरिकी सेना के सैनिक शामिल थे।
- गाजियाबाद (उप्र)। उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले के क्रॉसिंग रिपब्लिक थाना क्षेत्र में दिल्ली मेरठ एक्सप्रेसवे पर शनिवार को सड़क दुर्घटना में दो छात्रों सहित तीन लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। सहायक पुलिस आयुक्त जियाउद्दीन अहमद ने बताया कि शनिवार एक वाहन अमरोहा जिले से दिल्ली के जामिया मिल्लिया इस्लामिया विश्वविद्यालय ओर जा रहा था। उन्होंने बताया कि अमरोहा जिले के 11 छात्र कक्षा छह में प्रवेश के लिए परीक्षा देने जामिया मिलिया इस्लामिया विश्वविद्यालय जा रहे थे, तभी उनकी कार एक्सप्रेसवे पर एक खड़े ट्रक से टकरा गई और एक अन्य ट्रक ने वाहन को पीछे से टक्कर मार दी। उन्होंने बताया कि वाहन चालक अनस (24) को अस्पताल में मृत घोषित कर दिया गया, वहीं दो लड़कों की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और जांच शुरू कर दी है।
-
सतना। मध्य प्रदेश के सतना जिले में शनिवार को तीन लड़के कुएं में डूब गए। एक पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी। उचेहरा थाने के प्रभारी सतीश मिश्रा ने बताया कि घटना रामपुरवा गांव में हुई। उन्होंने कहा, ‘‘शव एक किसान ने देखे। बच्चे 11-16 आयु वर्ग के हैं। ऐसी आशंका है कि समूह में एक बच्चे को बचाने की कोशिश करते समय उनकी मौत हो गई।'' उन्होंने बताया कि इस कुएं में क्षेत्र के बच्चे नहाते थे।
-
देवरिया (उप्र) .देवरिया जिले में शनिवार सुबह एलपीजी सिलेंडर फटने से एक महिला और उसके तीन बच्चों की मौत हो गई। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि घटना भलुअनी थाना क्षेत्र के डुमरी गांव की है।
पुलिस अधीक्षक संकल्प शर्मा ने बताया कि गांव के निवासी शिवशंकर गुप्ता सुबह कहीं जाने की तैयारी कर रहे थे। करीब चार बजे जब उनकी पत्नी आरती चाय बना रही थीं, तभी सिलेंडर फट गया। उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान आरती देवी (42), उनकी बेटी आंचल (14), सृष्टि (11) और बेटा कुंदन (12) के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। फॉरेंसिक और अग्निशमन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंचीं और जांच जारी है। पुलिस ने बताया कि संभवत: सिलेंडर में रिसाव के कारण यह घटना हुई होगी। -
तिरुवनंतपुरम. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को ‘नमो' ऐप के माध्यम से केरल में भाजपा के ‘बूथ' स्तर के कार्यकर्ताओं से संवाद किया और आगामी लोकसभा चुनाव के लिए उनकी कड़ी मेहनत की सराहना की। प्रधानमंत्री ने पार्टी कार्यकर्ताओं से कहा कि वे मतदाताओं को बताएं कि राज्य में सत्तारूढ़ एलडीएफ और विपक्षी यूडीएफ एक ही सिक्के के दो पहलू हैं। प्रधानमंत्री ने दावा किया कि ये दोनों मोर्चे, जो विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया' का हिस्सा हैं, सिर्फ केरल में एक-दूसरे के दुश्मन की तरह व्यवहार कर रहे हैं जबकि इसके बाहर, वे भाजपा को हराने के लिए साथ मिलकर काम कर रहे हैं। मोदी ने कहा, ‘‘वे दोनों (एलडीएफ और यूडीएफ) एक-दूसरे की गलतियों और गलत कामों को छिपाने का काम कर रहे हैं। वे यही खेल केरल में खेल रहे हैं। केरल के लोग शिक्षित हैं, उन्हें इसकी जानकारी दी जानी चाहिए।'' मोदी ने कहा कि केरल में भाजपा कार्यकर्ताओं के संघर्ष और उनके द्वारा दिखाई गई उत्सुकता की तुलना नहीं की जा सकती और ऐसे ‘‘अनुशासित, जुझारू और मेहनती'' कार्यकर्ताओं के साथ बातचीत ने उन्हें ‘‘प्रेरित'' किया। मवेलिकारा निर्वाचन क्षेत्र के चेंगन्नूर से बूथ स्तर की एक महिला नेता ने प्रधानमंत्री को बताया कि वे राजग उम्मीदवार - बैजू कलसाला की जीत सुनिश्चित करने के लिए जमीनी स्तर पर कड़ी मेहनत कर रही हैं। कलसाला भाजपा की सहयोगी भारत धर्म जन सेना (बीडीजेएस) से हैं।
पार्टी कार्यकर्ता ने कहा कि इसके तहत वह और अन्य कार्यकर्ता घर-घर जाकर महिलाओं को विभिन्न केंद्रीय योजनाओं जैसे सुकन्या समृद्धि योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ आदि के बारे में बता रहे हैं। उन्होंने भरोसा जताया कि इस बार भाजपा को केरल में जीत मिलेगी। - धार (मप्र)। मध्यप्रदेश के धार जिले के भोजशाला-कमाल मौला मस्जिद परिसर में भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) के अदालत की निगरानी में किए जा रहे सर्वेक्षण के तहत खुदाई की प्रक्रिया जारी है। सर्वेक्षण की जानकारी रखने वाले एक व्यक्ति ने शनिवार को बताया कि खुदाई के दौरान एकत्रित मिट्टी और पत्थर एएसआई द्वारा सुरक्षित रखे जा रहे हैं।हिंदुओं का प्रतिनिधित्व करने वाले आशीष गोयल इस प्रक्रिया के दौरान एएसआई दल के साथ रहे। उन्होंने कहा कि नयी वैज्ञानिक पद्धतियों, ग्राउंड पेनेट्रेटिंग रडार (जीपीआर), ग्लोबल पॉजिशनिंग सिस्टम (जीपीएस), कार्बन डेटिंग का इस्तेमाल कर बिना किसी विराम के सर्वेक्षण किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि परिसर की वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी भी करायी जा रही है।गोयल ने कहा, ‘‘यह शाश्वत सत्य है कि भोजशाला का निर्माण राजा भोज ने कराया था। शिलालेख, स्तंभों और भोजशाला के प्रत्येक अंश से पता चलता है कि यह एक हिंदू संरचना है।’’उन्होंने उम्मीद जतायी कि लंदन से मां वाग्देवी (सरस्वती) की मूर्ति लाए जाने के बाद उसे भोजशाला में स्थापित किया जाएगा। उन्होंने कहा, ‘‘कल (शुक्रवार) तक किए सर्वेक्षण में भोजशाला के बाहरी हिस्सों में स्थित तीन स्थानों की खुदाई की गयी और यह प्रक्रिया जारी है। खुदाई के दौरान एकत्रित किए मिट्टी और पत्थर जैसी विभिन्न सामग्री को संरक्षित किया जा रहा है।’’अदालत ने ‘हिंदू फ्रंट ऑफ जस्टिस’ की एक याचिका पर एएसआई को 50 मीटर के क्षेत्र पर सर्वेक्षण करने का निर्देश दिया है। शुक्रवार को दोपहर 12 बजे तक ही सर्वेक्षण किया गया क्योंकि इस दिन मुस्लिमों को परिसर में नमाज पढ़ने की अनुमति दी जाती है।हिंदू और मुस्लिम दोनों इस परिसर पर अपना दावा जता रहे हैं। हिंदू भोजशाला को वाग्देवी को समर्पित एक मंदिर मानते हैं जबकि मुस्लिम उसे कमाल मौला मस्जिद बताते हैं।एएसआई के सात अप्रैल 2003 को जारी आदेश के अनुसार तय व्यवस्था के मुताबिक हिंदुओं को प्रत्येक मंगलवार भोजशाला में पूजा करने की अनुमति है, जबकि मुस्लिमों को हर शुक्रवार इस जगह पर नमाज अदा करने की अनुमति दी गई है।
- नयी दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘भारत रत्न’ से सम्मानित किए गए लोगों के योगदान की सराहना की और पूर्व प्रधानमंत्रियों पी वी नरसिंह राव और चौधरी चरण सिंह सहित अन्य दिग्गजों को श्रद्धांजलि अर्पित की।मोदी ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, "कर्पूरी ठाकुर जी को भारत रत्न एक ऐसी विभूति को सच्ची श्रद्धांजलि है, जिन्होंने अपना संपूर्ण जीवन सामाजिक न्याय और समानता के लिए समर्पित कर दिया।"उन्होंने कहा कि जननायक कर्पूरी ठाकुर को समाज के अत्यंत पिछड़े वर्ग के मसीहा के रूप में जाना जाता है और समाज में हाशिये पर खड़े लोगों के उत्थान के लिए उन्होंने अपना बहुमूल्य योगदान दिया।उन्होंने कहा, "पिछड़े वर्ग के अधिकारों के लिए कर्पूरी जी का अथक संघर्ष हमेशा याद किया जाएगा। उनको भारत रत्न का सम्मान, हमारे समावेशी समाज और संवेदनशीलता के भारतीय मूल्यों का ही सम्मान है।"राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शनिवार को यहां राष्ट्रपति भवन में आयोजित एक समारोह में पूर्व प्रधानमंत्रियों पी वी नरसिम्हा राव और चौधरी चरण सिंह, कृषि मंत्री एम एस स्वामीनाथन तथा बिहार के दो बार मुख्यमंत्री रहे कर्पूरी ठाकुर को देश का सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न मरणोपरांत प्रदान किया।राव, सिंह, ठाकुर और स्वामीनाथन को दिए गए पुरस्कार उनके परिवार के सदस्यों ने लिए।प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, "चौधरी चरण सिंह जी को भारत रत्न देश के विकास, विशेषकर कृषि और ग्रामीण विकास में उनके अतुलनीय योगदान का सम्मान है। मुझे विश्वास है कि कड़ी मेहनत और जनसेवा के लिए उनकी प्रतिबद्धता हमारी आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी।"चौधरी चरण सिंह के लिए उनके पोते और राष्ट्रीय लोक दल (रालोद) के अध्यक्ष जयंत चौधरी ने राष्ट्रपति से यह सम्मान स्वीकार किया।प्रधानमंत्री ने कहा कि पीवी नरसिम्हा राव ने हमारे देश के लिए जो किया है, हर भारतीय उसकी प्रशंसा करता है और गर्व महसूस करता है कि उन्हें भारत रत्न से सम्मानित किया गया है।उन्होंने कहा, ‘‘राव ने हमारे देश की प्रगति और आधुनिकीकरण को आगे बढ़ाने के लिए बड़े पैमाने पर काम किया। उन्हें एक सम्मानित विद्वान और विचारक के रूप में भी जाना जाता है। उनके योगदान को हमेशा संजोया जाएगा।"पूर्व प्रधानमंत्री नरसिम्हा राव के लिए मुर्मू से यह सम्मान उनके पुत्र पी वी प्रभाकर राव ने स्वीकार किया।प्रधानमंत्री ने कहा कि प्रख्यात वैज्ञानिक डॉ. एम. एस. स्वामीनाथन कृषि की दुनिया में एक सम्मानित हस्ती थे और आनुवंशिकी व कृषि विज्ञान के क्षेत्र में उनके अग्रणी कार्य और अनुसंधान के लिए व्यापक रूप से उनकी प्रशंसा की जाती है।उन्होंने कहा, "उनके उल्लेखनीय योगदान तथा प्रयासों ने भारत को खाद्य उत्पादन में संघर्ष से आत्मनिर्भरता की ओर प्रेरित किया। मैं कामना करता हूं कि उन्हें दिया गया भारत रत्न कृषि और खाद्य सुरक्षा में अनुसंधान करने के लिए अधिक से अधिक लोगों को प्रेरित करे।"स्वामीनाथन की ओर से उनकी बेटी नित्या राव और कर्पूरी ठाकुर की ओर से उनके बेटे रामनाथ ठाकुर ने राष्ट्रपति मुर्मू से यह पुरस्कार लिया।इस समारोह में उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ साथ अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित थे। सरकार ने इस साल राव, सिंह, ठाकुर और स्वामीनाथन के अलावा भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के दिग्गज नेता और पूर्व उप प्रधानमंत्री एल के आडवाणी को भी भारत रत्न पुरस्कार देने की घोषणा की थी।









.jpg)



.jpg)

.jpeg)
.jpg)
.jpg)
.jpg)
.jpg)

.jpg)




.jpg)
