- Home
- देश
-
नयी दिल्ली । सरसंघचालक मोहन भागवत ने रविवार को कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) समाज को जागृत एवं एकीकृत करने का काम कर रहा है ताकि भारत सम्पूर्ण विश्व के लिये एक ‘आदर्श समाज' के रूप में उभर सके। भागवत ने कहा कि लोगों को समाज की सेवा के लिये सामुदायिक भाव के साथ आगे आना चाहिए, व्यक्तिगत रूप से नहीं । राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की दिल्ली इकाई द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भागवत ने संघ के स्वयंसेवकों द्वारा चलाये जा रहे विभिन्न कल्याण कार्यो का उल्लेख किया । सरसंघचालक ने कहा, ‘‘ संघ, समाज को जागृत एवं एकीकृत करने के लिये तथा एक इकाई के रूप में अधिक संगठित करने के लिये काम कर रहा है ताकि भारत सम्पूर्ण विश्व के लिये एक ‘आदर्श समाज' के रूप में उभर सके। '' उन्होंने कहा कि देश की स्वतंत्रता के लिये समाज के विभिन्न वर्गो से अनेक विभूतियों ने योगदान एवं बलिदान दिया । भागवत ने कहा कि भारतीयों का डीएनए और बुनियादी स्वभाव है कि वे समाज के रूप में सोचते हैं, व्यक्तिगत रूप से नहीं तथा हमें इन्हें और प्रोत्साहित करने की जरूरत है। कल्याण कार्यो का उल्लेख करते हुए भागवत ने कहा कि संघ के स्वयंसेवक बिना व्यक्तिगत हितों पर ध्यान दिये हुए सम्पूर्ण समाज के लिये काम करते हैं । उन्होंने कहा कि हमें कल्याण कार्य करते समय ‘मैं और मेरा' के भाव से ऊपर उठने की जरूरत है और इससे हमें एक समाज के रूप में विकसित होने में मदद मिलेगी।
-
नयी दिल्ली. कैंसर के प्रति जागरूकता का प्रसार करने के लिए 200 से ज्यादा महिलाओं ने रविवार को यहां साइकिल रैली निकाली। इसी के साथ लोगों को जोड़ों के दर्द के प्रति जागरूक करने के लिए मैराथन का आयोजन किया गया। एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया है कि ‘‘होप ऑन द व्हील्स' नाम से साइकिल रैली का आयोजन दक्षिण दिल्ली के नीति बाग में स्थित राजीव गांधी कैंसर संस्थान एवं अनुसंधान केंद्र (आरजीसीआईआरसी) ने ‘रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3011' के साथ मिलकर किया। विज्ञप्ति के मुताबिक, महिलाओं ने आरजीसीआईआरसी से 20 किलोमीटर की साइकिल रैली निकाली जिसमें अभिनेत्री सयाली भगत ने भी शिरकत की। आरजीसीआईआरसी की चिकित्सा निदेशक डॉ. गौरी कपूर ने कहा, ‘कैंसर के बढ़ते मामलों में तंबाकू एवं शराब के सेवन और खराब जीवनशैली की बड़ी भूमिका है। विशेषतौर पर आलस्य वाली जीवनशैली इसका बड़ा कारण है।” उन्होंने कहा कि अध्ययनों से पता चला है कि ज्यादा शारीरिक सक्रियता होने से विभिन्न प्रकार के कैंसर होने का खतर कम हो सकता है। डॉ. कपूर ने कहा, “कसरत करने से कैंसर का खतरा काफी कम होता है। इससे वजन कम रखने में मदद मिलती है। मोटापे का संबंध 13 तरह के कैंसर से पाया गया है।” वहीं, दिल्ली के धर्मशिला नारायणा सुपर स्पेशलिटी अस्पताल ने हड्डियों, जोड़ों और रीढ़ के दर्द की समस्या के प्रति लोगों को जागरुक करने के लिए मैराथन का आयोजन किया जिसमें करीब 200 लोगों ने हिस्सा लिया। इस कार्यक्रम में दिल्ली पुलिस की विशेष शाखा में उपायुक्त (डीपीसी) जसमीत सिंह ने भी शिरकत की।
अस्पताल के निदेशक एवं हड्डी संबंधी रोग के वरिष्ठ डॉक्टर प्रोफेसर बी.एस. मूर्ति ने कहा कि दिनचर्या में पैदल चलने को भी शामिल करें और रोजाना पैदल चलने से व्यक्ति शारीरिक और मानसिक तौर पर स्वस्थ रह सकता है। विज्ञप्ति के मुताबिक, डॉ. वी.ए. सेंथिल कुमार ने कहा कि सप्ताह में पांच दिन में कम से कम 30 मिनट जरूर पैदल चलें ताकि हड्डियों, जोड़ों और रीढ़ के दर्द की समस्याओं को दूर रखने में सहायता मिल सके। -
शिमला. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष जे. पी. नड्डा रविवार को यहां उस दुकान पर पहुंचे, जहां वह 1980 के दशक में हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय का छात्र रहने के दौरान चाय पीते थे और आमलेट खाते थे। नड्डा ने मिठाई की दुकान के मालिक नाथूराम ठाकुर (86) के पैर छुए और उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली। नाथूराम के दो बेटे हैं और दुकान अब उनके रिश्तेदार मस्त राम ठाकुर चलाते हैं। नड्डा ने एक अन्य दुकानदार जगमोहन से भी मुलाकात की। उन्होंने नाथूराम ठाकुर और जगमोहन को अपने छोटे बेटे के विवाह के लिए आमंत्रित किया, जो जल्द होने वाला है। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि वह यहां पले-बढ़े हैं और यह उनके दूसरे घर जैसा लगता है। उन्होंने कहा, ‘‘बुजुर्गों का आशीर्वाद हमेशा मेरे लिए मनोबल बढ़ाने वाला होता है।'' बाद में नड्डा मॉल रोड, इंडियन कॉफी हाउस और स्कैंडल प्वाइंट भी गए और वहां लोगों से बातचीत की। इस मौके पर हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, मंत्री सुरेश भारद्वाज और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप भी मौजूद थे। इससे पहले नड्डा विश्वविद्यालय के पूर्व छात्र सम्मेलन में शामिल हुए। -
कोलकाता। नेताजी सुभाष चंद्र बोस के पौत्र और प्रख्यात इतिहासकार सुगत बोस ने अवसरवादी लोगों पर 1945 में नेताजी के ''लापता'' होने और ''1945 के बाद उनकी गुमनाम जिंदगी'' के बारे में झूठी कहानियां गढ़कर उनकी लोकप्रियता का फायदा उठाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि इससे परिवार को काफी पीड़ा हुई। पूर्व सांसद बोस ने ' कहा, ''इसमें कोई संदेह नहीं है कि विमान दुर्घटना में उनकी मौत हो गई थी।'' बोस ने नेताजी के रहस्यमयी रूप से लापता होने से संबंधित कहानियों को दरकिनार करते हुए कहा कि हाल में उनकी दिवंगत मां कृष्णा बोस की ''द लाइफ एंड स्ट्रगल ऑफ नेताजी सुभाष चंद्र बोस'' नामक पुस्तक का विमोचन हुआ है, जिसमें नेताजी के बचपन से लेकर 18 अगस्त, 1945 को उनकी मौत से पहले तक के जीवन के बारे में बताया गया है और इसमें साफतौर पर सच्चाई का खुलासा किया गया है। बोस ने कहा, ''मेरी मां 1945 में नेताजी के ''लापता'' होने और ''1945 के बाद की गुमनाम जिंदगी'' से संबंधित झूठी कहानियों से बहुत नाराज थीं। इसमें कोई संदेह नहीं है कि उनकी मौत विमान दुर्घटना में हुई थी। उनके जिंदा होने के बारे में बताई किसी भी कहानी का कोई आधार नहीं है।'' एक प्रश्न के जवाब में उन्होंने कहा कि जापान के रेंकोजी मंदिर में रखीं नेताजी की अस्थियों को यदि देश लाया जाता है तो यह पूरे सम्मान और गरिमा के साथ उचित तरीके से होना चाहिए। पुस्तक के एक अध्याय में ‘आबिद हसन की जुबानी' विमान हादसे की घटना पर लंबा लेख है।
आजाद हिंद फौज में नेताजी सुभाष चंद्र बोस के करीबी सहयोगी रहे हसन ने पूर्व सांसद कृष्णा बोस को नेताजी की अगस्त 1945 में बैंकॉक से साइगन की अंतिम हवाई यात्रा के बारे में और उसके बाद हुई विमान दुर्घटना के बारे में बताया था। बोस के अनुसार उनकी मां ने हसन से इस बारे में जानकारी जुटाने के लिए उनके कई इंटरव्यू लिये थे। हसन के अनुसार विमान हादसे में नेताजी उनके पीछे बैठे चीफ ऑफ स्टाफ हबीबुर रहमान की तरह बुरी तरह जल गये थे। हालांकि नेताजी की स्थिति और ज्यादा गंभीर थी। पास के एक सैन्य अस्पताल में उन्हें बचाने की कोशिशें नाकाम रहीं और उसी शाम नेताजी का देहांत हो गया। -
इटावा (उत्तर प्रदेश)। सैफई के आयुर्विज्ञान संस्थान के छात्रावास में एमबीबीएस प्रथम वर्ष के एक छात्र का शव पुलिस ने फांसी के फंदे पर लटका हुआ बरामद किया है। परिजनों ने छात्र की हत्या किये जाने का आरोप लगाया है। पुलिस के एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी। पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) सत्यपाल सिंह ने पत्रकारों को बताया कि उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान संस्थान, सैफई के मेडिकल कॉलेज के शाक्यमुनि छात्रावास में शनिवार की देर शाम एमबीबीएस प्रथम वर्ष के छात्र हिमांशु गुप्ता (19) निवासी ज्ञान पुरम कॉलोनी थाना गोरखनाथ, जिला गोरखपुर का शव कमरे के पंखे से चादर के फंदे में लटका हुआ मिला। उन्होंने बताया कि सूचना पाकर छात्र के माता-पिता शिवाजी गुप्ता और डॉक्टर सरिता गुप्ता सुबह सैफई पहुंचे। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। उन्होंने बताया कि डॉक्टरों के पैनल द्वारा पोस्टमार्टम कराया जाएगा। छात्र की माँ डॉक्टर सरिता ने बेटे की हत्या किये जाने का आरोप लगाते हुए प्रदेश सरकार के मुख्यमंत्री से मामले की जांच सीबीआई से कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि हिमांशु के शरीर पर चोटों के कई निशान हैं। रक्षाबंधन त्यौहार के पश्चात हिमांशु 16 अगस्त की सुबह घर से अच्छे भले हालत में कॉलेज लौटा था। -
नयी दिल्ली। कांग्रेस पार्टी के नये अध्यक्ष के लिए चुनाव की प्रक्रिया रविवार को शुरू हो गई। साथ ही, पार्टी के चुनाव प्राधिकरण ने कहा है कि वह 20 सितंबर तक नया प्रमुख चुने जाने के कार्यक्रम पर अडिग रहेगा। कांग्रेस के केंद्रीय चुनाव प्राधिकरण के अध्यक्ष मधुसूदन मिस्त्री ने बताया कि पार्टी अध्यक्ष के चुनाव की अंतिम तारीख को मंजूरी देना कांग्रेस कार्य समिति (सीडब्ल्यूसी) पर निर्भर है। सीडब्ल्यूसी ने फैसला किया था कि 16 अप्रैल से 31 मई, 2022 तक प्रखंड समितियों और प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) के एक-एक सदस्य के लिए चुनाव होंगे। जिला समिति के अध्यक्ष और कार्यकारिणी का चुनाव एक जून से 20 जुलाई के बीच, पीसीसी प्रमुखों तथा अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) सदस्यों का चुनाव 21 जुलाई से 20 अगस्त 2022 के बीच और एआईसीसी के अध्यक्ष का चुनाव 21 अगस्त से 20 सितंबर के बीच होगा। मिस्त्री ने कहा, ''हम कार्यक्रम पर अडिग रहेंगे। हम पहले ही पार्टी नेतृत्व को चुनाव कार्यक्रम भेज चुके हैं और सीडब्ल्यूसी की मंजूरी का इंतजार कर रहे हैं, जो कांग्रेस अध्यक्ष के चुनाव की अंतिम तारीख तय करेगी।'' यह पूछे जाने पर कि क्या प्रखंड, जिला और प्रदेश कांग्रेस समितियों के स्तर पर संगठनात्मक चुनाव संपन्न हो गए हैं, इसके जवाब में उन्होंने कहा कि प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। हालांकि, मिस्त्री ने कहा कि चुनाव प्राधिकरण एआईसीसी प्रतिनिधियों के चयन को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया में है। ये प्रतिनिधि पार्टी के शीर्ष पद के लिए होने वाले महत्वपूर्ण चुनाव में मतदान करेंगे। उन्होंने कहा, ''कांग्रेस कार्य समिति (सीडब्ल्यूसी) चुनाव की अंतिम तारीख को मंजूरी देगी।'' -
नयी दिल्ली.देश के सात राज्यों एवं एक केंद्रशासित प्रदेश में ‘लंपी त्वचा रोग' के कारण अबतक 7300 से अधिक मवेशियों की मौत हो गयी है और इसके साथ ही संक्रमण पर काबू पाने के लिए टीकाकरण अभियान तेज कर दिया गया है। एक वरिष्ठ सरकारी अधिकारी ने यह जानकारी दी। लंपी त्वचा रोग (एलएसडी) मेवशियों में होने वाला एक संक्रामक विषाणु रोग है। यह बीमारी मक्खियों एवं मच्छरों की विशेष प्रजातियों से फैलती है। इससे संक्रमित होने पर मवेशियों में ज्वर एवं त्वचा पर गांठ हो जाती है और उनकी मृत्यु भी हो सकती है। अधिकारी के अनुसार, भारत के पूर्वी राज्यों, खासकर पश्चिम बंगाल और ओडिशा में 2019 में एलएसडी के मामले सामने आये थे, लेकिन इस साल पश्चिमी एवं उत्तरी राज्यों एवं अंडमान निकोबार में भी यह बीमारी सामने आई। उन्होंने कहा, ‘‘(इस साल) पहले गुजरात में एलएसडी का पता चला था और अब यह बीमारी सात राज्यों एवं एक केंद्रशासित प्रदेश में फैल गयी है। जुलाई से अबतक 1.85 लाख मवेशी इससे संक्रमित हुए हैं, जिनमें से 7300 से अधिक मवेशियों की जान जा चुकी है। '' उन्होंने कहा कि पंजाब में करीब 74,325 मवेशी, गुजरात में 58,546, राजस्थान में 43,962 , जम्मू-कश्मीर में 6,385, उत्तराखंड में 1300, हिमाचल प्रदेश में 532 तथा अंडमान निकोबार में 260 मवेशी एलएसडी की चपेट में आये हैं, जबकि मध्यप्रदेश के आंकड़े का इंतजार है। मंत्रालय के आंकड़े के मुताबिक, अबतक 7300 से अधिक मवेशियों की जान गयी है जिनमें से 3359 पंजाब, 2111 राजस्थान, 1679 गुजरात, 62 जम्मू कश्मीर, 38 हिमाचल प्रदेश, 36 उत्तराखंड और 29 अंडमान निकोबार के थे। हरियाणा में भी एलएसडी संक्रमण फैलने की खबर है। अधिकारी का कहना है कि संक्रमण से मृत्युदर एक से दो प्रतिशत है और यह इंसान को संक्रमित नहीं करता है। उनके अनुसार, फिलहाल टीकाकरण चल रहा है एवं 17.92 लाख मवेशियों को टीके लगाये गये हैं। उन्होंने कहा कि एलएसडी का जायजा लेने के लिए केंद्रीय दल पंजाब और गुजरात भेजे गये हैं तथा राज्यों को परामर्श एवं जैव सुरक्षा उपायों का कड़ाई से पालन करने, संक्रमित जानवरों को इधर-उधर आने जाने से रोकने, अवारा मवेशियों की निगरानी करने तथा मृत मवेशियों का सुरक्षित निस्तारण करने को कहा गया है। -
नागपुर (महाराष्ट्र)। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सत्ता में आने का श्रेय अटल बिहारी वाजपेयी, लालकृष्ण आडवाणी और दीनदयाल उपाध्याय द्वारा किये गये कार्यों को दिया है। लक्ष्मणराव मानकर स्मृति संस्था के एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए गडकरी ने रविवार को मुंबई में भाजपा के 1980 के सम्मेलन में वाजपेयी के दिए गए भाषण को याद किया। गडकरी ने कहा, ‘‘अटलजी ने कहा था- अंधेरा छटेगा, सूरज निकलेगा, कमल खिलेगा।'' गडकरी ने कहा, ‘‘मैं वहां था। उस भाषण को सुनने वाले सभी को विश्वास था कि ऐसा दिन आएगा। अटलजी, आडवाणीजी, दीनदयाल उपाध्याय और अनेक कार्यकर्ताओं ने ऐसा काम किया कि आज हम (नरेंद्र) मोदी जी के नेतृत्व में देश में और कई राज्यों में सत्ता में हैं।'' लक्ष्मणराव मानकर स्मृति संस्था के तहत 11,000 शिक्षक और आदिवासी क्षेत्रों में कई स्कूल हैं। गडकरी को इस सप्ताह भाजपा के संसदीय बोर्ड से हटा दिया गया है। उन्होंने सत्ता केंद्रित राजनीति पर बोलते हुए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के विचारक दिवंगत दत्तोपन्त ठेंगड़ी का भी जिक्र किया। केंद्रीय मंत्री ने कहा, ‘‘ठेंगड़ी जी कहा करते थे कि हर नेता अपने अगले चुनाव के बारे में सोचता है। वह (अगले) पांच साल की सोचता है, क्योंकि (उसे लगता है कि) इस चुनाव के बाद फिर अगला चुनाव कब आएगा।'' गडकरी ने कहा, ‘‘लेकिन हर सामाजिक-आर्थिक सुधारक जो समाज और देश का निर्माण करना चाहता है, वह एक सदी से दूसरी सदी तक की सोचता है। वह सौ साल की सोचता है। इस काम का कोई ‘शार्ट कट' नहीं है।
-
सीकर। सीकर के लक्ष्मणगढ़ में भीषण सड़क हादसा हुआ है। यहां बाटडानाउ में नेशनल हाईवे संख्या 65 पर पेट्रोल पंप के पास ट्रक और कार की आमने - सामने की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद ट्रक ड्राइवर मौके से फरार हो गया। फिलहाल चारों के शवों को सालासर हॉस्पिटल की मोर्चरी में रखवाया है। जहां परिजनों के आने के बाद शव का पोस्टमार्टम करवा कर शव परिजनों को सौंपा जाएंगे।
लक्ष्मणगढ़ पुलिस थाना के एएसआई बाबू खान ने बताया कि स्विफ्ट गाड़ी हिसार से सालासर की तरफ से आ रही थी। घटना में कार सवार कर्मवीर (35) पुत्र रणवीर, रेणु (32) पत्नी कर्मवीर, कार्तिक (5) पुत्र रामवीर और प्राची (2) पुत्र कर्मवीर की मौके पर ही मौत हो गई। चारों हिसार के आजाद नगर के रहने वाले हैं। चारों के शवों को सालासर हॉस्पिटल की मोर्चरी में रखवाया गया। परिजनों को इसकी सूचना दे दी गई है। जिनके आने के बाद शवों का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। घटना के बाद से आरोपी ट्रक ड्राइवर फरार है। वही रास्ते से दोनों वाहनों को हटाकर रास्ता खुलवा दिया गया है। इस हादसे में मृत कर्मवीर और रेणु दोनों पति - पत्नी है। प्राची इनकी बेटी है। कार्तिक कर्मवीर का भतीजा है। फिलहाल पुलिस ने मृतकों के परिजनों को इसकी सूचना दी है। -
उज्जैन। उज्जैन के पास नागदा में सुबह 7 बजे भीषण हादसा हो गया। स्कूली बच्चों से भरी ट्रैक्स तूफान गाड़ी को ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में 4 बच्चों की मौत हो गई, वहीं 11 बच्चे गंभीर घायल हैं। तीन बच्चों को गंभीर हालत में इंदौर रैफर किया गया है। वहीं अन्य घायलों का इलाज चार अस्पतालों में जारी है। ट्रैक्स में सवार 12 बच्चे नागदा के फातिमा कॉन्वेंट स्कूल के थे।
कलेक्टर आशीष सिंह ने उन्हेल-नागदा मार्ग पर हुए हादसे में दुख जताते हुए बताया कि एक्सीडेंट के दौरान ट्रैक्स में 15 बच्चे सवार थे। ये सभी बच्चे 5वीं से 7वीं क्लास के हैं, जिनकी उम्र 11 से 15 साल के बीच है। घायलों का इलाज उज्जैन के ऑर्थो, संजीवनी, इंदौर के बॉम्बे हॉस्पिटल और नागदा में चल रहा है। प्रशासन बच्चों के किए जा रहे इलाज पर लगातार नजर बनाए हुए है।
एसपी सत्येंद्र शुक्ल ने बताया कि दोनों ड्राइवर को कस्टडी में लिया गया है। वर्तमान में सभी का फोकस बच्चों के इलाज पर है। सभी पहलुओं पर जांच की जाएगी। वहीं इसमें जिसकी त्रुटि पाई जाएगी उस पर कार्रवाई की जाएगी। - गुरुग्राम। हरियाणा के गुरुग्राम में फर्जी तरीके से खुद को पुलिस का सहायक उप निरीक्षक (एएसपी) बताने के आरोप में एक शख्स को गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों के मुताबिक गुरुग्राम के राजीव नगर के रहने वाले प्रमोद नायक को शनिवार को भांगरोला गांव में गिरफ्तार किया गया। प्रमोद नायक ने हरियाणा पुलिस की वर्दी पहनी हुई थी और उसके पास फर्जी पहचान पत्र था। इसके अलावा उसके पास से दो पैन कार्ड और एक डेबिट कार्ड बरामद किया गया था। पुलिस के अनुसार प्रमोद पहले पटौदी पुलिस थाने में चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारी के रूप में तैनात था, लेकिन उसे वहां से बर्खास्त कर दिया गया था। भंगरोला गांव के रहने वाले बालकिशन द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार वह प्रमोद से शुक्रवार शाम को मिला था। प्रमोद ने खुद को पुलिस का सहायक उप निरीक्षक बताते हुए बालकिशन से कहा था कि वह खेरकी दौला थाने में तैनात है। शिकायतकर्ता ने कहा, ‘‘संदेह होने पर हमने उसे पहचान-पत्र दिखाने के लिए कहा, लेकिन उसने इनकार कर दिया। हमने पुलिस को इस बारे में सूचित किया। पुलिस के आने के तुरंत बाद उसने वहां से भागने की कोशिश की, लेकिन हमने उसे पकड़ लिया।'' खेरकी दौला थाना के प्रभारी राजेंद्र सिंह ने कहा कि आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 170 और 171 के तहत मामला दर्ज किया गया है। (प्रतीकात्मक फोटो)
-
नई दिल्ली। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता आनंद शर्मा ने हिमाचल प्रदेश चुनाव संचालन समिति के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया है। श्री शर्मा ने एक ट्वीट में कहा कि पार्टी में लगातार उपेक्षा और अपमान को देखते हुए एक स्वाभिमानी व्यक्ति के रूप में उनके पास कोई अन्य विकल्प नहीं था। हालांकि उन्होंने कहा कि वे जीवन पर्यंत कांग्रेसी हैं और हमेशा अपने विचारधारा पर दृढ रहेंगे।
-
नई दिल्ली। सरकार ने स्पष्ट कर दिया है कि यूपीआई से भुगतान और लेनदेन सेवाओं पर कोई शुल्क नहीं लगाया जाएगा। वित्त मंत्रालय ने कई ट्वीट संदेश में कहा कि यूपीआई आम लोगों के लिये सुविधाजनक और अर्थव्यवस्था में उत्पादकता की दृष्टि से लाभकारी जनहित डिजिटल सेवा है। वित्त मंत्रालय ने उन खबरों को देखते हुए स्पष्टीकरण दिया है जिनमें यूपीआई पर शुल्क लगाने की संभावना व्यक्त की गई है। मंत्रालय ने कहा है कि सेवा प्रदाताओं की लागत से जुड़ी चिंताओं का हल दूसरे तरीके से निकाला जाएगा। मंत्रालय ने कहा है कि सरकार ने पिछले वर्ष डिजिटल भुगतान व्यवस्था के लिये वित्तीय सहयोग उपलब्ध कराया था, इसे इस वर्ष भी जारी रखने की घोषणा की गयी है ताकि इसके उपयोग और आर्थिक रूप से लाभप्रद ऐसे आसान माध्यमों को बढ़ावा मिले।
-
एटा (उप्र). एटा जिले के कोतवाली देहात क्षेत्र में रविवार तड़के एक ट्रैक्टर-ट्राली के पलट जाने से दो लड़कियों की मौत हो गई और करीब 12 यात्री घायल हो गये। ट्रैक्टर में श्रद्धालु सवार थे और वृदांवन से लौट रहे थे। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार एटा कोतवाली देहात क्षेत्र के एटा-आगरा मार्ग के ग्राम बाबसा पर रविवार तड़के लगभग साढ़े तीन बजे ट्रैक्टर ट्राली पलट गयी जिससे ट्रैक्टर में सवार दो बच्चियों की मौत हो गई तथा 12 श्रद्धालु घायल हो गए। घटना के समय ट्रैक्टर ट्राली में 40 लोग सवार थे। पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) कालू सिंह ने बताया कि इस हादसे में सृष्टि (12) तथा निशा (15) की घटनास्थल पर ही मौत हो गई तथा 12 लोग घायल हो गए जिनमें से 15 वर्षीय आरती की हालत गंभीर होने के कारण उसे उपचार के लिए आगरा रेफर किया गया है। पुलिस ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए हैं और घायलों का उपचार जारी है।
- -
नई दिल्ली। जम्मू-कश्मीर में श्री माता वैष्णो देवी यात्रा फिर से शुरू हो गई है। खराब मौसम के कारण एहतियात के तौर पर कुछ समय के लिए यात्रा रोक दी गई थी। हिमकोटी मार्ग पर बैटरी कार सेवाओं और भैरोजी मंदिर तक रोप-वे का संचालन सुचारू रूप से चल रहा है। भारी वर्षा के बाद पानी जमा हो जाने और कीचड़ के कारण शुक्रवार दोपहर को नए मार्ग से यात्रा को रोक दिया गया था। स्थिति सामान्य होने पर श्रद्धालुओं की आवाजाही फिर से शुरू कर दी गई है।
-
बाड़मेर। बाड़मेर जिले के सदर थानांतर्गत भोमाणियों की ढाणी गांव बालेरा निवासी भैरूसिह पुत्र खुमाणसिंह के घर रात को कमरे व अलमारी के ताले तोड़कर चारों ने सोने-चांदी के आभूषण व कैश रुपए चुरा कर ले गए। सुबह जब परिवार के लोग उठे तो उनके होश उड़ गए। सूचना पर सदर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल शुरू कर दी है। परिजनों ने पुलिस को रिपोर्ट दे दी है।
पुलिस के मुताबिक शनिवार रात को परिवार के सदस्य खाना खाकर सो गए। रात को चोरों ने घर के पीछे के गेट से अंदर घुसे और कमरे का ताला तोड़ा। अलमारी का ताला तोड़कर उसमें से 3 तोला सोने के आभूषण व 80 तोला चांदी के आभूषण और लोहे की पेटी में रखे 10 हजार रुपए केस रुपए भी चुरा लिए। सुबह जब परिवार के लोग नींद से उठे कमरे का ताला टूटा देखकर होश उड़ गए। आसपास के लोगों व रिश्तेदार को बुलाया। चोरों के पैरों के निशान को तगारी से ढंक दिया। पुलिस को भी सूचना दी गई। सदर पुलिस ने घटना स्थल पर पहुंचे और मौका मुआयना किया। वहीं परिजनों ने पुलिस को चोरी की रिपोर्ट दी है। सदर पुलिस के मुताबिक घटनास्थल पर पहुंचकर घटना की पूरी जानकारी ली है। वहीं पदचिह्न के आधार पर चोरों की तलाश शुरू कर दी है। वहीं, आसपास के लोगों से पूछताछ भी की है। जल्द चोरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। -
उमरिया। उमरिया के महानदी पर बने करहिया डैम में नहाने गया आरक्षक प्रीतम बैगा (25) तेज बहाव में बह गया। जानकारी लगते ही चंदिया पुलिस मौके पर पहुंची और आरक्षक की तलाश में जुट गई। नदी उफान में होने के कारण आरक्षक को खोजने में दिक्कत हो रही है। मौके पर एसडीआरएफ की टीम और अधिकारी पहुंच गए है। शनिवार दोपहर को हुए इस हादसे का वीडियो किसी ने बना लिया, जो अब वायरल हो रहा है। उधर, जिले में लगातार हो रही बारिश के बाद जुलहा डेम के 5 गेट खोले गए हैं। यहां 24 घंटों में 142 मिमी बारिश हो चुकी है।
-
सीधी। कटनी-चोपन रेलवे लाइन पर रविवार को जोबा और मड़वास रेलवे स्टेशन के बीच संदिग्ध अवस्था में एक युवक की लाश मिली। यह लाश सेहरा नदी पुल के पास दोनों पटरी के बीच में मिली। इसकी जानकारी आसपास के गांव में दी गई। ग्रामीणों के घटनास्थल पर पहुंचने के बाद लाश की शिनाख्त हो सकी।
पुलिस ने बताया कि मृतक लक्ष्मण पिता रामचरण बैगा (23) निवासी ग्राम पिटुरी (चकडौर) अहिरानटोला पुलिस चौकी खड्डी शुक्रवार को पत्नी मोनू और एक वर्षीय बेटे के साथ अपने ससुराल ग्राम पंचायत सिरौला आया था। मृतक के ससुराल वालों ने बताया कि रात के 2 बजे तक युवक घर में ही था। पता नहीं कब गांव के करीब से गुजरी रेलवे लाइन पर पहुंच गया। रेलवे कर्मचारियों ने गांव में एक युवक की लाश रेलवे ट्रैक पर पड़ी होने की सूचना दी तो हम घटना स्थल में पहुंचे। युवक का शव दोनों पटरी के बीच में पड़ा हुआ था। जिसे उठाकर ट्रैक के किनारे रखा गया और मृतक के परिजनों सहित थाना मझौली में घटना की सूचना दी। सूचना के बाद लक्ष्मण के परिजनों सहित मझौली पुलिस ने घटना स्थल पर पहुंच कर मौका मुआयना करते हुए पंचनामा की कार्रवाई की। वहीं शव को पोस्टमार्टम के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मझौली भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया। मर्ग कायम कर घटना की विवेचना मझौली पुलिस कर रही है। -
पानीपत। हरियाणा के पानीपत जिले के गांव शेरा के पास बाबा शुक्रनाथ समाधि पर बनी कुटिया में एक सन्यासी बाबा की कथित रूप से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई।
पुलिस ने बताया कि घर परिवार छोड़कर बाबा बने जीजा को मारने के लिए उसका साला आया था, मगर अंधेरे के चलते वह किसी दूसरे बाबा को मौत के घाट उतार कर फरार हो गया। दूसरे बाबा पर हमला होते देख आरोपी का जीजा मौके से भाग निकला, जिससे उसका बचाव हो गया। वारदात की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पानीपत सिविल अस्पताल पहुंचाया। शेरे गांव के लोगों के बयानों और शिकायत के आधार पर मतलौडा थाना पुलिस ने आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस ने बताया कि करनाल के गांव जैणी के रहने वाले बाबा रामपाल गिरी ने बताया कि वह पानीपत के गांव खंडरा में शादीशुदा है। उसके तीन बच्चे भी हैं। पारिवारिक क्लेश के चलते उसने परिवार त्याग दिया और बाबा बन गया। इसी बात को लेकर उसके ससुराल पक्ष के लोग उससे नाराज थे। इसकी रंजिश रखते हुए उसका साला आरोपी महेंद्र कुटिया पर आया और उसने झगड़ा किया। झगड़े का बीच-बचाव वहां से गुजर रहे एक मच्छी पालक ने किया, जिसके बाद आरोपी महेंद्र वहां से चला गया था। वह भी वापस अंदर जाकर कुटिया में लेट गया था। इसके करीब 5 ही मिनट बाद आरोपी महेंद्र दोबारा आया और उसने कुटिया के भीतर सो रहे सन्यासी बाबा सेवानाथ (65) पर ताबड़तोड़ लाठी-डंडों से हमला कर दिया। बाबा रामपाल गिरी का कहना है कि उसने हमला होते हुए देखा तो वह स्थिति को भांप गया और वहां से भाग निकला। -
मुजफ्फरपुर। मुजफ्फरपुर में एक घर में रखे चूल्हे की चिंगारी से एक-एक कर आठ घर जलकर खाक हो गए। आग की लपटों में एक 12 साल की बच्ची भी फंस गई। मां ने उसे बचाने के लिए अंदर जाने की कोशिश भी की, लेकिन लपटें इतनी तेज थी की वो उसे बचा नहीं पाई और बच्ची मां के सामने ही आग में जिंदा जल गई। मां ने बताया कि वो जब अंदर जाने की कोशिश कर रही थी तब बच्ची रो रही थी। चिल्ला रही थी।
पुलिस ने बताया कि मामला औराई थाना क्षेत्र के भरथुआ गांव का है। जहां रविवार में देर रात 8 घर खाक हो गए। 5 मवेशियों की भी जलने से मौत हो गयी। घटना के बाद चीख पुकार मच गई। स्थानीय थाना को सूचना दी गयी। मृत बच्ची की पहचान विमल साह की बेटी रुक्मिणी कुमारी (12) के रूप में हुई है। -
सासाराम। रोहतास जिले के करगहर थाना क्षेत्र लखनपुरा गांव में रविवार की सुबह नीजी पोखरा के किनारे खेल रहे दो सहोदर भाई खेलने के क्रम में गहरे पानी में गिर गए, जिसमें बड़े भाई की डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। छोटे भाई को ग्रामीणों द्वारा बचा लिया गया। छोटे भाई का इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, करगहर में चल रहा है। जबकि मौके पर पहुंची पुलिस ने बड़े भाई के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु सदर अस्पताल, सासाराम भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार लखनपुरा गांव निवासी जितेंद्र कुमार चौधरी के दो बेटे उनके निजी तालाब के किनारे खेल रहे थे। अचानक खेलने के क्रम में दोनों भाई 09 वर्षीय जिगर कुमार और 8 वर्षीय जिग्नेश कुमार गहरे पानी में गिर पड़े। बच्चों के तालाब में गिरने की बात सुनते ही आस-पास के खेतों में काम कर रहे ग्रामीण दौड़े। कुछ लोग तालाब में कूदे और दोनों बच्चों को निकाला गया। दोनों को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने बड़े भाई को मृत घोषित कर दिया, जबकि छोटे का इलाज चल रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि जिस तालाब में बच्चे डूबे हैं, वह परिवार का ही निजी तालाब है। जिसमें मछली पालन किया जाता है। तालाब के किनारे सब्जी की खेती होती है, दोनों बच्चे इसी तालाब के किनारे खेलने के क्रम में गहरे पानी में गिर गए थे। धटना के बाद गांव में मातम का माहौल है, बच्चे की मौत की खबर से जितेंद्र चौधरी के घर में कोहराम मच गया है। - भुवनेश्वर। राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (एनएमसी) ने ओडिशा के सुंदरगढ़ जिले में नवनिर्मित सरकारी मेडिकल कॉलेज के लिए एमबीबीएस की 100 सीटों को मंजूरी दी है। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। सुंदरगढ़ के जिलाधिकारी पराग गवली ने शनिवार को कहा कि संबलपुर विश्वविद्यालय के अंतर्गत आने वाले मेडिकल कॉलेज में अब मौजूदा शैक्षणिक सत्र से पूर्व बैच के छात्रों के प्रवेश की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। उन्होंने कहा कि इस मेडिकल कॉलेज का निर्माण कार्य पूरा होना आदिवासी बहुल जिले में चिकित्सा शिक्षा को बढ़ावा देने के राज्य सरकार के सपने को साकार करने जैसा है। जिलाधिकारी पराग गवली ने एक वक्तव्य में कहा," इस मेडिकल कॉलेज के शुरू होने से सुंदरगढ़ में स्वास्थ्य क्षेत्र को काफी बढ़ावा मिलेगा।" सुंदरगढ़ जिले में यह सुपर स्पेशलिटी अस्पताल 21 एकड़ में फैला हुआ है और छह मंजिला तथा 500 बिस्तरों की सुविधाओं वाला है। मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में पर्याप्त संख्या में गहन चिकित्सा कक्ष, उन्नत नैदानिक प्रयोगशाला, आधुनिक ऑपरेशन थिएटर और ऑक्सीजन संयंत्र भी मौजूद है। मेडिकल कॉलेज में 480 विद्यार्थियों के लिए छात्रावास की सुविधा है।
-
नयी दिल्ली। विमानन क्षेत्र के नियामक डीजीसीए ने स्पाइसजेट के एक विमान के खराब मौसम में गंभीर रूप से हिलने-डुलने और कई यात्रियों के घायल होने की घटना के सिलसिले में विमान के पायलट का लाइसेंस छह महीने के लिए निलंबित कर दिया है। यह घटना एक मई को हुई थी। विमान मुंबई से दुर्गापुर की उड़ान पर था। उस समय बताया गया था कि विमान के गंभीर वायुमंडलीय विक्षोभ के संपर्क में आने के कारण उसमें सवार 14 यात्री और चालक दल के तीन सदस्य घायल हो गए। नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) के एक वरिष्ठ अधिकारी ने शनिवार को बताया कि विभिन्न उल्लंघनों की वजह से विमान के प्रमुख पायलट का लाइसेंस छह महीने के लिए निलंबित कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि पायलट खराब मौसम की स्थिति से बेहतर तरीके से निपट सकता था। इसके अलावा लाइसेंस निलंबित करने के और भी कई कारक हैं। इस कार्रवाई पर विमानन कंपनी स्पाइसजेट की तरफ से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली है।
इस मामले की जांच विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (एएआईबी) कर रहा था। डीजीसीए के अनुसार मुंबई-दुर्गापुर की इस उड़ान में दो पायलट और चालक दल के चार अन्य सदस्यों समेत 195 लोग सवार थे। - नयी दिल्ली। दिल्ली पुलिस ने दो महीने से अधिक समय तक चले एक अभियान में 500 करोड़ रुपये से अधिक के तत्काल ऋण और वसूली रैकेट का भंडाफोड़ किया तथा देश के विभिन्न हिस्सों से 22 लोगों को गिरफ्तार किया। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यह गिरोह चीनी नागरिकों के इशारे पर काम करता था और वसूली का पैसा हवाला तथा क्रिप्टोकरंसी के जरिए उस देश में भेजा जा रहा था। पुलिस के अनुसार, सैकड़ों शिकायतें दर्ज की गई थीं जिनमें आरोप लगाया गया था कि ऋण उच्च ब्याज दरों पर दिया जा रहा था और ब्याज सहित धन की पूरी वसूली के बाद भी लोगों की तस्वीरों से छेड़छाड़ करके अधिक पैसे वसूल किए जा रहे थे। दिल्ली पुलिस के इंटेलिजेंस फ्यूजन एंड स्ट्रैटेजिक ऑपरेशन (आईएफएसओ) ने इन शिकायतों का संज्ञान लिया और विश्लेषण के दौरान पाया कि रैकेट इसके लिए 100 से अधिक ऐप का इस्तेमाल कर रहा था। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि उपयोगकर्ताओं से ये ऐप से अनुचित अनुमति मांग रहे थे और उपयोगकर्ताओं के संपर्कों, चैट, संदेशों तथा तस्वीरों तक पहुंच प्राप्त करने के बाद, गिरोह चीन और हांगकांग स्थित सर्वर पर संवेदनशील जानकारी अपलोड करता था। पुलिस उपायुक्त (आईएफएसओ) केपीएस मल्होत्रा ने बताया कि तब उपयोगकर्ताओं को नकली आईडी पर प्राप्त किए गए विभिन्न नंबरों से कॉल आनी शुरू हो जातीं और उगाही की मांग करते हुए धमकी दी जाती कि यदि वे मांग नहीं मानेंगे छेड़छाड़ करके बनाई गईं उनकी नग्न तस्वीरें इंटरनेट पर अपलोड कर दी जाएंगी। पुलिस ने कहा कि चीनी नागरिकों ने अब तक इस तरह की 500 करोड़ रुपये से अधिक की वसूली की है।
- जबलपुर। जबलपुर पुलिस ने क्रिकेटके मैचों पर कथित रूप से सट्टा लगाने के एक वांछित आरोपी के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी किया है। इस आरोपी सट्टेबाज के खिलाफ कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ बहुगुणा ने बताया कि आरोपी सतीश सोनपाल (36) छह एक्सचेंजों के माध्यम से ऑनलाइन सट्टेबाजी रैकेट चला रहा था जहां खेल शुरु होने से पहले फर्जी फर्मो के माध्यम से ऑनलाइन भुगतान किया जाता था और संग्रह एजेंटों को नकद पारिश्रमिक दिया जाता था। एसपी ने बताया, ‘‘जबलपुर पुलिस के अनुरोध पर ब्यूरो ऑफ इमिग्रेशन ने आरोपी सतीश सोनपाल के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर (एलओसी) जारी किया है। उसके नाम पर लॉर्डगंज, कोतवाली और मदन महल पुलिस थानों में धोखाधड़ी, सट्टेबाजी, आपराधिक साजिश के कई मामले दर्ज हैं।'' अंतरराष्ट्रीय सीमाओं, हवाई अड्डों, समुद्री क्षेत्रों, बंदरगाहों आदि पर वांछित व्यक्तियों को पकड़ने के लिए लुकआउट सर्कुलर जारी किया जाता है।











.jpg)










.jpg)
.jpg)
.jpg)
.jpg)

