- Home
- देश
- देहरादून। उत्तराखंड के रूद्रप्रयाग जिले में बुधवार को एक निर्माणाधीन पुल की शटरिंग पलट जाने से वहां काम कर रहे दो मजदूरों की मृत्यु हो गयी जबकि मौसम विभाग की तरफ से बारिश के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। बारिश को लेकर रेड अलर्ट के मद्देनजर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य आपदा नियंत्रण कक्ष जाकर स्वयं तैयारियों का जायजा लिया। प्रदेश में अनेक स्थानों पर लगातार हो रही बारिश से दर्जनों स्थानों पर भूस्खलन हुआ जिससे कई मार्ग यातायात के लिए अवरूद्ध हो गए और सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ। बारिश के रेड अलर्ट को देखते हुए अत्यधिक बारिश की संभावना वाले जिलों में स्कूलों तथा अन्य शिक्षण संस्थानों में छुट्टी रखी गयी।बारिश के बीच ऋषिकेश-बदरीनराथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर रूद्रप्रयाग जिले के नरकोटा क्षेत्र में एक निर्माणाधीन पुल की शटरिंग (लोहे का जाल) टूटने से उसके नीचे दबकर दो मजदूरों की मृत्यु हो गयी तथा छह अन्य घायल हो गए । घटना की सूचना मिलने पर राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) की टीम मौके पर पहुंची और तलाश एवं बचाव अभियान चलाया। बचावकर्मियों ने कटर की मदद से लोहे का जाल काटकर मजदूरों को बाहर निकाला। रुद्रप्रयाग के जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह परिहार ने 'भाषा' को बताया कि शटरिंग की लोहे की सरिया के नीचे दबे दो मजदूरों के शव बरामद किए गए हैं। घायल अवस्था में निकाले गए छह मजदूरों को रूद्रप्रयाग के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है । रुद्रप्रयाग और श्रीनगर के बीच चारधाम ‘आल वेदर रोड' परियोजना के तहत नया पुल बनाया जा रहा है और पुल के खंभों के लिए वहां लोहे की सरिया का जाल तैयार करने के दौरान यह हादसा हुआ । घटना के बाद रूद्रप्रयाग के जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने घटनास्थल का दौरा किया और कहा कि निर्माणाधीन पुल के क्षतिग्रस्त होने की उच्चस्तरीय जांच कराने के साथ ही कार्य करा रही एजेंसी के अधिकारियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी । मौसम विभाग ने बुधवार को प्रदेश के 13 में से नौ जिलों के लिए बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। देहरादून, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल, चंपावत, उधमसिंह नगर, हरिद्वार, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों के कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गयी है। अलर्ट के मद्देनजर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य आपदा नियंत्रण कक्ष में जाकर स्थिति का जायजा लिया और अधिकारियों को लगातार सतर्क रहने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से आपदा से संबंधित किसी भी चुनौती से निपटने के लिए हर समय पूरी तैयारी रखने को कहा है जिससे कम से कम प्रतिक्रिया समय में सहायता पहुंचाई जा सके । देहरादून सहित अत्यधिक बारिश की संभावना वाले सभी जिलों में बुधवार को स्कूलों तथा अन्य शिक्षण संस्थानों में छात्रों के लिए अवकाश रखा गया । प्रदेश के ज्यादातर स्थानों पर बारिश होने की सूचना है जहां पिछले 24 घंटों के दौरान हल्द्वानी में 154 मिमी, लीती में 151 मिमी, डीडीहाट में 115.50 मिमी, कोटद्वार में 91 मिमी, देहरादून के करनपुर में 85.50 मिमी, जौलीग्रांट में 80.40 मिमी, सहसपुर में 72 मिमी, धारचूला में 69.20 मिमी बारिश दर्ज की गयी । लगातार बारिश से भूस्खलन होने के कारण प्रदेश में आठ राज्य मार्ग और 145 ग्रामीण मोटर मार्ग यातायात के लिए अवरूद्ध हो गए हैं जिन्हें खोलने का प्रयास किया जा रहा है । चारों धामों के लिए मार्गों पर हालांकि यातायात सुचारू है और उन पर यात्रा चल रही है ।
-
नयी दिल्ली। पूर्वी दिल्ली के न्यू अशोक नगर में मंगलवार को एक तीन मंजिला इमारत में आग लग गई। घटनास्थल से 12 लोगों को बाहर निकाला गया है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। दमकल विभाग के अधिकारियों ने बताया कि दोपहर तीन बजकर 34 मिनट पर फोन पर आग लगने की सूचना मिली। दमकल विभाग के निदेशक अतुल गर्ग ने कहा, ‘‘दमकल की पांच गाड़ियों को मौके पर भेजा गया और 12 लोगों को बचाया गया है।'' उन्होंने बताया कि आग इमारत की पहली मंजिल पर लगी थी। आग लगने की वजह अभी पता नहीं चल पाई है। अधिकारियों ने बताया कि हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ है। आग पर काबू पा लिया गया है।
पुलिस उपायुक्त (पूर्व) प्रियंका कश्यप ने बताया, ‘‘सूचना मिलने पर (आग के बारे में), दमकल की गाड़ियों को मौके पर बुलाया गया और 11-12 लोगों को इमारत से बचाया गया। आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया गया है।'' उन्होंने कहा ‘‘इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आग इमारत की पहली मंजिल पर स्थित लिथियम बैटरी के भंडारण से फैलना शुरू हुई थी।'' उपायुक्त ने कहा कि उक्त मामले में आगे की पूछताछ जारी है। -
ईटानगर ।अरुणाचल प्रदेश की राजधानी ईटानगर के पास होलोंगी स्थित नये हवाईअड्डे पर 15 अगस्त से विमान सेवाओं का परिचालन शुरू हो जाएगा। भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) ने मंगलवार को इस हवाईअड्डे पर पहली उड़ान का सफल परीक्षण किया। अरुणाचल प्रदेश के नागर विमानन मंत्री नाकप नालो ने यह जानकारी दी।
हिंदुस्तान एरोनॉटिक्स लिमिटेड द्वारा निर्मित डोर्नियर विमान ने होलोंगी हवाईअड्डे पर आज सुबह 10:30 बजे सफल उड़ान भरी। मंत्री ने दावा किया कि परीक्षण उड़ान के बाद पायलटों ने हवाईअड्डे के रनवे और अन्य बुनियादी ढांचे की सराहना की। राज्य की राजधानी ईटानगर से होलोंगी 15 किलोमीटर दूर है। वर्तमान में ईटानगर में कोई हवाईअड्डा नहीं है। शहर के सबसे करीब असम का लीलाबड़ी हवाईअड्डा है, जो यहां से 80 किलोमीटर दूर है। नालो ने ट्विटर पर लिखा है, ‘‘एएआई ने होलोंगी हवाईअड्डे पर पहली उड़ान का सफल परीक्षण किया है। हमने निर्धारित समयसीमा से पहले हवाईअड्डा पूरा किया है। इसे 15 अगस्त, 2022 को चालू किया जाएगा और यात्रियों के लिये उपलब्ध होगा।'' एएआई ने 645 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत के साथ इस हवाईअड्डे का विकास किया है। -
नयी दिल्ली। रेलवे पहली बार परीक्षाओं में शामिल होने वाले उम्मीदवारों को उनके निवास स्थान से 300 किलोमीटर के दायरे में परीक्षा केंद्र आवंटित करने के लिए गूगल मैप का इस्तेमाल करेगा। इस प्रक्रिया का उद्देश्य उम्मीदवारों को यात्रा पर व्यय होने वाले समय को कम करना है। दशकों से रेलवे भर्ती बोर्ड (आरआरबी) की परीक्षाओं में शामिल होने वाले उम्मीदवारों की शिकायत रही है कि परीक्षा केंद्र उनके निवास स्थान से दूर बना दिया जाता है, जिसकी वजह से उन्हें न केवल लंबी दूरी तय करनी पड़ती है, बल्कि निवास और खाने-पीने पर अतिरिक्त राशि व्यय करनी पड़ती है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘‘हम प्रत्येक उम्मीदवार द्वारा पते के साथ दिए गए पिन कोड को गूगल मैप के जरिये उनके निवास स्थान से 300 किलोमीटर के दायरे में मौजूद परीक्षा केंद्र के साथ जोड़ रहे हैं। साथ ही यह भी सुनिश्चित कर रहे हैं कि केंद्र तक परिवहन के विभिन्न साधनों जैसे बस और ट्रेन के जरिये आवागमन सुलभ हो। अगर यह काम करता है, तो हम उम्मीदवारों की एक बहुत ही नियमित और स्थायी समस्या का समधान कर सकेंगे।'' यह नयी प्रक्रिया 30 जुलाई को होने वाली स्तर-6 और स्तर 4 कंप्यूटर आधारित परीक्षा में लागू होगी। इस परीक्षा में 7,026 पदों के लिए 90 केंद्रों पर परीक्षा होगी जिसमें करीब 60 हजार उम्मीदवार हिस्सा लेंगे। उन्होंने कहा, ‘‘मौजूदा समय में हम 99 प्रतिशत उम्मीदवारों को 300 किलोमीटर के दायरे में परीक्षा केंद्र देने में सफल रहे हैं जबकि शत प्रतिशत महिला उम्मीदवारों को 400 किलोमीटर के दायरे में बने परीक्षा केंद्रों में समायोजित किया गया है।'' आरआरबी द्वारा अंतिम चरण की परीक्षा के लिए परीक्षा केंद्रों की सूची जारी किए जाने के बाद अधिकतर उम्मीदवारों ने ट्विटर के जरिये उन्हें दूर आवंटित परीक्षा केंद्रों को लेकर चिंता प्रकट की। कोलकाता की एक ट्विटर उपयोगकर्ता ने कहा कि उन्हें कर्नाटक में परीक्षा केंद्र आवंटित किया गया है जबकि बेंगलुरु के एक उम्मीदवार ने कहा कि उसे 1,900 किलोमीटर दूर रांची में परीक्षा केंद्र दिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि उत्तर पूर्वी राज्यों के उम्मीदवारों को 300 किलोमीटर के दायरे में समायोजित करने में मुश्किल आ रही है क्योंकि वहां कुछ ही परीक्षा केंद्र हैं।
-
नयी दिल्ली. दिल्ली सरकार को उन लोगों से 3500 ‘मिस्ड कॉल' मिली हैं जो ‘पर्यावरण मित्र' के तौर पर अपना पंजीकरण कराना चाहते हैं। ‘पर्यावरण मित्र' एक पहल है जिसके तहत ऐसे लोगों का एक नेटवर्क बनाना है जो पर्यावरणीय स्थिरता के लिए काम कर सकते हैं। सरकार ने मंगलवार को एक बयान में कहा कि पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने दिल्ली सरकार के अभियान पर अधिकारियों के साथ एक समीक्षा बैठक भी की है ताकि उन लोगों का ‘पर्यावरण मित्र' के तौर पर पंजीकरण हो सके जो पर्यावरण के संरक्षण के लिए काम करते हैं या कार्य करना चाहते हैं। इससे पहले दिल्ली सरकार ने टॉल फ्री नंबर 8448441758 उन लोगों के लिए जारी किया गया था जो इस पहल के लिए खुद का पंजीकरण कराना चाहते थे। स्वयंसेवकों की जिम्मेदारी होगी कि वे अपने-अपने इलाकों में हरित क्षेत्र को बढ़ाएं, प्रदूषण को कम करें और अपशिष्ट प्रबंधन में सुधार करें। -
नयी दिल्ली. राष्ट्रीय चिकित्सा परिषद (एनएमसी) ने राज्य चिकित्सा परिषदों से एक अधिकारी नियुक्त करने को कहा है जो झोलाछाप डॉक्टरों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए अदालत या किसी अन्य संबंधित प्राधिकारी के समक्ष शिकायत दर्ज करा सकता है। एनएमसी द्वारा 14 जुलाई को जारी एक परिपत्र में कहा गया है कि एनएमसी अधिनियम, 2019 के प्रावधानों के अनुसार, गैर-पंजीकृत/नामांकित व्यक्ति द्वारा इलाज और चिकित्सा पद्धति का कार्य धारा 34 के तहत दंडनीय अपराध है। एनएमसी के एथिक्स एंड मेडिकल रजिस्ट्रेशन बोर्ड (ईएमआरबी) के सदस्य डॉ योगेंद्र मलिक द्वारा जारी परिपत्र में कहा गया है, ‘‘आयोग या ईएमआरबी या राज्य चिकित्सा परिषद द्वारा अधिकृत अधिकारी के माध्यम से इस संबंध में लिखित शिकायत पर अदालत एनएमसी अधिनियम की धारा 54 के तहत दंडनीय अपराध का संज्ञान लेगी।'' एनएमसी अधिनियम की धारा 34 के अनुसार, जो व्यक्ति राज्य रजिस्टर या राष्ट्रीय रजिस्टर में पंजीकृत नहीं है, वह चिकित्सा या फिटनेस प्रमाण पत्र या किसी अन्य प्रमाण पत्र पर हस्ताक्षर करने या उसे प्रमाणित करने का हकदार नहीं है। चिकित्सा से संबंधित किसी भी मामले पर भारतीय साक्ष्य अधिनियम, 1872 की धारा 45 के तहत एक विशेषज्ञ के रूप में योग्य चिकित्सक ही इन प्रमाण पत्रों पर विधिवत हस्ताक्षर के लिए पात्र होता है। अधिनियम में कहा गया है, ‘‘कोई भी व्यक्ति जो इस धारा के किसी भी प्रावधान का उल्लंघन करता है, उसे एक वर्ष तक की कैद या पांच लाख रुपए तक के जुर्माने या दोनों से दंडित किया जा सकता है।'' धारा 54 में कहा गया है कि कोई भी अदालत इस अधिनियम के तहत दंडनीय अपराध का संज्ञान नहीं लेगी, जब तक कि आयोग या नैतिकता और चिकित्सा पंजीकरण बोर्ड या राज्य चिकित्सा परिषद की ओर से अधिकृत अधिकारी द्वारा इस संबंध में लिखित शिकायत न की जाए। परिपत्र में कहा गया है कि राज्य चिकित्सा परिषद इस संबंध में आयोग को एक वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी। -
नयी दिल्ली. रेलवे ने उन सभी खाद्य और पेय पदार्थों पर ‘ऑन-बोर्ड' सेवा शुल्क हटा दिया है जिनके लिये प्रीमियम ट्रेनों में पहले से ऑर्डर नहीं दिया जाता। हालांकि इसमें एक पेंच है- नाश्ते, दोपहर के भोजन या रात्रिभोज की कीमतों में 50 रुपये का शुल्क जोड़ा गया है। चाय और कॉफी की कीमतें सभी यात्रियों के लिए समान होंगी, भले ही आपने इनके लिये पहले से बुकिंग की हो या ट्रेन में ही ऑर्डर किया हो। इसके लिये दरों में कोई वृद्धि नहीं होगी। भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम लिमिटेड (आईआरसीटीसी) के पहले के प्रावधान के तहत अगर किसी व्यक्ति ने अपनी ट्रेन की टिकट बुक करते समय ही भोजन के लिये बुकिंग नहीं कराई है तो उन्हें यात्रा के दौरान खान-पान का ऑर्डर देते समय अतिरिक्त 50 रुपये का भुगतान करना होता था, भले ही उन्होंने महज 20 रुपये की चाय या कॉफी का ही ऑर्डर किया हो। अब, राजधानी, दुरंतो या शताब्दी जैसी प्रीमियम ट्रेनों में सवार यात्री, जिन्होंने अपना भोजन पहले से बुक नहीं किया है, उन्हें चाय के लिए 20 रुपये का भुगतान करना होगा (उन लोगों द्वारा भुगतान की गई राशि के समान जिन्होंने अपना भोजन पहले से बुक किया था)। पहले ऐसे यात्रियों के लिये चाय की कीमत 70 रुपये थी, जिसमें सर्विस चार्ज भी शामिल था। पहले नाश्ते, दोपहर के भोजन और शाम के जलपान की दर क्रमशः 105 रुपये, 185 रुपये और 90 रुपये थी, जबकि प्रत्येक भोजन के साथ 50 रुपये का अतिरिक्त शुल्क लगाया जाता था। हालांकि, यात्रियों को अब इन भोजन के लिए क्रमश: 155 रुपये, 235 रुपये और 140 रुपये का भुगतान करना होगा तथा भोजन की लागत में ही सेवा शुल्क जुड़ जाएगा। एक अधिकारी ने बताया, “सेवा शुल्क हटाने का असर सिर्फ चाय और कॉफी के मूल्य में नजर आएगा। इसमें, पहले से बुकिंग नहीं कराने वाले यात्री को भी उतना ही शुल्क देना होगा जितना की बुकिंग कराने वाले यात्री को देना है। हालांकि अन्य सभी भोजन के लिए सेवा शुल्क राशि को गैर-बुकिंग सुविधाओं के लिए भोजन की लागत में जोड़ दिया गया है।” वंदे भारत ट्रेनों के लिए, जिन यात्रियों ने यात्रा के दौरान भोजन सेवाओं की बुकिंग नहीं की है, उन्हें नाश्ते/दोपहर के भोजन या रात के खाने/शाम के नाश्ते के लिए उतनी ही राशि चुकानी है, जितनी कि वे तब चुकाते थे जब सेवा शुल्क वसूला जाता था। ऐसा इसलिए है क्योंकि वृद्धि, शुल्क के तौर पर न दिखाकर खाने की कीमत के तौर पर दिखाई गई है। -
नयी दिल्ली. केंद्र ने विगत पांच वर्षों में सात शहरों और नगरों के नाम बदलने को मंजूरी प्रदान की है जिनमें इलाहाबाद का नाम प्रयागराज करना भी शामिल है। केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने लोकसभा में एक प्रश्न के लिखित उत्तर में यह जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल सरकार की तरफ से प्रदेश का नाम तीनों भाषाओं-बांग्ला, अंग्रेजी और हिंदी में ‘बांग्ला' करने का प्रस्ताव आया है। मंत्री ने बताया कि उत्तर प्रदेश में इलाहाबाद का नाम बदलकर प्रयागराज करने को 15 दिसंबर, 2018 को अनापत्ति प्रमाणपत्र (एनओसी) दिया गया। उनके अनुसार, आंध्र प्रदेश के राजमुंदरी शहर का नाम राजा महेंद्रवरम करने, झारखंड में नगर उंटारी का नाम श्री बंशीधर नगर करने को भी मंजूरी दी गई। मंत्री ने बताया कि मध्य प्रदेश के बीरसिंहपुर पाली को मां बिरासिनी धाम, होशंगाबाद का नाम नर्मदापुरम करने और बाबई का नाम माखन नगर करने को स्वीकृति दी गई। -
इंदौर . इंदौर में कपड़ों का नाप लेने के बहाने दो युवतियों से अश्लील हरकत करने के आरोप में एक दुकान के 20 वर्षीय कर्मचारी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी। सर्राफा थाने के प्रभारी सुनील शर्मा ने बताया कि 19 साल की युवती की शिकायत पर कपड़ों की एक दुकान के कर्मचारी को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि 17 जुलाई को आरोपी ने लहंगे और दूसरे कपड़े दिखाते वक्त नाप लेने के बहाने युवती को अश्लील तरीके से छुआ, जब वह अपनी मां के साथ इस दुकान में गई थी। थाना प्रभारी ने बताया कि शुरुआत में युवती ने यह सोचकर आरोपी की इस हरकत को अनदेखा कर दिया कि शायद उसे कोई गलतफहमी हुई है, लेकिन पीड़ित लड़की जब अपनी सहेली के साथ अगले दिन इस दुकान पर गई तो आरोपी ने उसकी सहेली के साथ भी इसी तरह अश्लील हरकत की। उन्होंने बताया कि दोनों युवतियों ने इस हरकत का विरोध किया तो आरोपी उनसे बदतमीजी करते हुए दुकान से भाग गया। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड विधान की धारा 354 (स्त्री की लज्जा भंग करने की नीयत से उस पर आपराधिक बल का प्रयोग) और अन्य प्रावधानों के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। -
ठाणे. महाराष्ट्र के ठाणे जिले में एक निजी बैंक से 12.20 करोड़ रुपये चुराने के आरोप में पुलिस ने तीन लोगों के गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
घटना नौ जुलाई को डोंबिवली कस्बे के मानपाड़ा इलाके में बैंक की शाखा में हुई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनिल होनराव ने एक बयान में कहा कि एक सूचना के आधार पर ठाणे अपराध शाखा के संपत्ति प्रकोष्ठ ने जाल बिछाकर तीन आरोपियों को सोमवार को मुंब्रा इलाके से पकड़ा। उन्होंने बताया कि पुलिस ने उनके पास से चोरी किए गए रुपयों में से 5.80 करोड़ रुपये बरामद किए, उनकी 10 लाख रुपये की संपत्ति का भी पता चला है। शेष रकम की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस मामले के मुख्य आरोपी और घटना में शामिल अन्य आरोपियों को पकड़ने का प्रयास कर रही है। इनमें बैंक का एक कर्मचारी भी शमिल है। -
नागपुर.महाराष्ट्र के अमरावती जिले में मंगलवार को सुबह एक मकान ढहने से एक महिला और उसकी सात साल की बेटी की मौत हो गई और परिवार के तीन अन्य सदस्य घायल हो गए। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी। घटना नागपुर से करीब 150 किलोमीटर दूर सुबह छह बजे के आसपास जिले के चंदूर बाजार तालुका के फुबगांव गांव में हुई। अमरावती में पिछले कुछ दिनों से भारी बारिश हो रही है। अमरावती के जिलाधिकारी आशीष बिजवाल ने बताया कि घटना के वक्त मकान के अंदर परिवार के पांच सदस्य थे और वे मलबे में दब गए। उन्होंने कहा कि उनके पड़ोसी और कुछ अन्य लोग घायल हुए परिवार के तीन सदस्यों को मलबे से निकालने में सफल रहे। अधिकारी ने कहा कि 35 वर्षीय महिला और उसकी सात साल की बेटी को मलबे से जल्द से बाहर नहीं निकाला जा सका, जिससे दोनों की मौत हो गई। उन्होंने कहा कि तीन घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनकी हालत स्थिर है। अधिकारी ने कहा कि यह एक पुराना मकान था और क्षेत्र में भारी बारिश के कारण इसके ढहने की आशंका थी।
-
नई दिल्ली। जम्मू-कश्मीर में, 270 किलोमीटर लंबा जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग -एनएच-44 तेज बारिश के कारण वाहनों के आवागमन के लिए बंद कर दिया गया है। यह कश्मीर घाटी को देश के बाकी हिस्सों से जोड़ने वाला एकमात्र संपर्क मार्ग है। रामबन सेक्टर में रात भर हुई तेज बारिश के बाद भूस्खलन के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात रोका गया है। जम्मू के भगवती नगर यात्री भवन से आज तड़के शुरू हुई अमरनाथ यात्रा भूस्खलन के कारण जगह-जगह रोकी गयी है। राष्ट्रीय राजमार्ग को साफ करने का काम युद्धस्तर पर चल रहा है। इस बीच जम्मू के राजौरी तथा पुंछ के सीमावर्ती जिलों को कश्मीर घाटी के शोपियां जिले से जोड़ने वाला वैकल्पिक राष्ट्रीय राजमार्ग- ऐतिहासिक मुगल रोड, यात्रा के लिए उपलब्ध है।
-
नई दिल्ली। सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया को ऑनलाइन सट्टेबाजी प्लेटफार्मों के भ्रामक विज्ञापनों को प्रकाशित न करने की सलाह दी है। सूचना और प्रसारण मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने मंगलवार को लोकसभा में एक लिखित उत्तर में कहा कि अधिकांश राज्य सरकारों ने सट्टेबाजी और जुए से निपटने के लिए अपने अधिकार क्षेत्र में अपने स्वयं के कानून लागू किए हैं। उन्होंने कहा कि उपभोक्ता मामलों के विभाग के तहत केंद्रीय उपभोक्ता संरक्षण प्राधिकरण-सीसीपीए ने इसी साल 9 जून को भ्रामक विज्ञापनों और ऐसे विज्ञापनों के समर्थन की रोकथाम के लिए दिशा-निर्देश 2022 अधिसूचित किए थे। ये दिशा-निर्देश बच्चों को लुभाने वाले सट्टेबाजी के छदम् विज्ञापनों की रोकथाम के उद्देश्य से तैयार किए गए थे।
-
मुंबई । प्रवर्तन निदेशालय ने नेशनल स्टॉक एक्सचेंज को-लोकेशन घोटाले के मामले में मुंबई के पूर्व पुलिस आयुक्त संजय पांडे को गिरफ्तार किया है। निदेशालय को जानकारी मिली थी कि संजय पांडे से जुड़ी एक फर्म ने कथित तौर पर नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के 91 अधिकारियों के फोन टैप किए थे। संजय पांडे ने मार्च 2001 में आईसेक सिक्योरिटीज प्राइवेट लिमिटेड नाम की एक कंपनी शुरू की थी जिसने कथित तौर पर प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी चित्रा रामकृष्ण तथा रवि नारायण के निर्देश पर एन.एस.ई. का सुरक्षा ऑडिट किया था। इसी दौरान को-लोकेशन में गड़बड़ी सामने आयी। मुंबई के पूर्व पुलिस आयुक्त, एन.एस.ई. की चित्रा रामकृष्ण और रवि नारायण के खिलाफ सोमवार को अवैध फोन टैपिंग तथा को-लोकेशन घोटाला मामले में दो अन्य मामले दर्ज किए गए। इनमें से एक मामला प्रवर्तन निदेशालय ने जबकि दूसरा सीबीआई ने दर्ज किया।
-
नई दिल्ली। शिवसेना के बागी धड़े के सांसद राहुल शेवाले को लोकसभा में पार्टी का नया नेता घोषित किया गया है। पार्टी के एकनाथ शिंदे गुट की मांग लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने स्वीकार कर ली है। इससे पहले शिवसेना के बारह लोकसभा सांसदों ने लोकसभा अध्यक्ष से मुलाकात कर उनसे विनायक राउत के स्थान पर श्री शेवाले को सदन में नेता नियुक्त करने का आग्रह किया।
-
नई दिल्ली। सरकार ने फेम इंडिया दूसरे चरण के अंतर्गत 25 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 68 शहरों में दो हजार 877 इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग स्टेशनों को मंजूरी दी है। सरकार ने इलेक्ट्रिक वाहनों के बड़े पैमाने पर उपयोग के लिए आवश्यक बुनियादी ढांचे में सुधार के वास्ते 2015 में फेम इंडिया योजना तैयार की। भारी उद्योग राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने मंगलवार को लोकसभा में एक प्रश्न के लिखित उत्तर में यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि फेम इंडिया योजना के अंतर्गत नौ एक्सप्रेसवे और 16 हाईवे पर एक हजार पांच सौ छिहत्तर चार्जिंग स्टेशनों की भी स्वीकृति दी गई है। उन्होंने कहा कि फेम इंडिया योजना के पहले चरण के अंतर्गत इस साल एक जुलाई तक 479 चार्जिंग स्टेशन खोले जा चुके हैं। श्री कृष्ण पाल गुर्जर ने बताया कि फेम-इंडिया योजना के दूसरे चरण के अंतर्गत पहली अप्रैल, 2019 से पांच साल की अवधि के लिए चार्जिंग बुनियादी ढांचे के विकास के लिए एक हजार करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं।
-
नयी दिल्ली. केंद्र ने राष्ट्रपति भवन के चार वरिष्ठ अधिकारियों को मंगलवार को दो महीने का सेवा विस्तार दिया है। इन अधिकारियों में राष्ट्रपति के सचिव कपिल देव त्रिपाठी, संयुक्त सचिव अजय भादू और प्रेस सचिव अजय कुमार सिंह शामिल हैं। कार्मिक मंत्रालय के एक आदेश में कहा गया है कि कैबिनेट की नियुक्ति समिति ने इन अधिकारियों के कार्यकाल को 25 जुलाई, 2022 से आगे दो महीने के लिए यानी 25 सितंबर, 2022 तक या अगले आदेश तक बढ़ाने को मंजूरी दे दी है। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद का कार्यकाल 24 जुलाई को समाप्त हो रहा है। जिन अधिकारियों को सेवा विस्तार दिया गया है उनमें त्रिपाठी, भादू, सिंह और जगन्नाथ श्रीनिवासन शामिल हैं। त्रिपाठी असम-मेघालय कैडर के 1980 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) अधिकारी हैं जबकि भादू गुजरात कैडर के 1999 बैच के आईएएस अधिकारी हैं और राष्ट्रपति के संयुक्त सचिव हैं। सिंह कोविंद के प्रेस सचिव के रूप में कार्यरत हैं । 2002 बैच के भारतीय डाक सेवा के अधिकारी श्रीनिवासन राष्ट्रपति सचिवालय में विशेष कर्तव्य अधिकारी (ओएसडी) हैं।
- -
गुरुग्राम. हरियाणा के नूंह जिले में अवैध पत्थर खनन की जांच कर रहे एक पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) को मंगलवार को उस समय एक ट्रक ने कुचल दिया, जब उन्होंने चालक को रुकने का इशारा किया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। डीएसपी की मौत के कुछ घंटे बाद पुलिस ने कहा कि पुलिस अधिकारी की हत्या में शामिल एक व्यक्ति को एक मुठभेड़ के बाद घायलावस्था में गिरफ्तार कर लिया गया है। अधिकारियों के अनुसार, तावडू के डीएसपी सुरेंद्र सिंह ने दस्तावेज की जांच के लिए एक डंपर-ट्रक को रुकने का इशारा किया था, लेकिन चालक ने रफ्तार बढ़ाते हुए उन्हें कुचल डाला। उन्होंने बताया कि डीएसपी के चालक और सुरक्षाकर्मी ने सड़क के किनारे कूदकर अपनी जान बचाई, लेकिन सुरेंद्र सिंह ट्रक की चपेट में आ गए। पुलिस ने बताया कि सिंह को फौरन पास के एक अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार, सिंह अपनी टीम के साथ तावडू के निकट पचगांव में अरावली पहाड़ियों में अवैध पत्थर खनन पर रोक के वास्ते छापे मारने गये थे और करीब 11 बजकर 50 मिनट पर उन्होंने ट्रक को देखकर रुकने का इशारा किया था। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने इस मामले में दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिया है, जबकि विपक्ष ने अवैध खनन के मामले में प्रदेश की भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। खट्टर ने हिन्दी में ट्वीट किया, ‘‘तावडू (नूंह) के डीएसपी सुरेंद्र सिंह जी की हत्या के मामले में कड़ी से कड़ी कार्रवाई करने के आदेश दे दिए गए हैं, एक भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।'' हरियाणा के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) पी.के. अग्रवाल ने नूंह में घटनास्थल का दौरा किया और पत्रकारों से कहा कि हत्या का एक मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा, ‘‘मुझे बताया गया है कि एक संदिग्ध को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया है। संदिग्ध को मुठभेड़ के दौरान पैर में गोली लगी है और उसके बाद उसे गिरफ्तार किया गया।'' डीजीपी ने कहा कि गिरफ्तार व्यक्ति मुख्य अरोपी नहीं है। जब उनसे पूछा गया कि क्या चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है, अग्रवाल ने कहा कि पुलिस टीम ट्रक चालक की गिरफ्तारी के लिए प्रयास कर रही है।
-
कोडरमा. झारखंड में कोडरमा के नवलशाही थाना क्षेत्र में पंचखेरो जलाशय में रविवार दोपहर नौका डूबने से लापता हुए सभी आठ लोगों के शव निकाल लिये हैं । पुलिस सूत्रों ने बताया कि राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) ने मरकच्चो प्रखंड के पंचखेरो बांध से मंगलवार को दो बच्चों के शव निकाले जिसके साथ ही इस इस हादसे में लापता हुए सभी आठ लोगों के शव निकाल लिये गये हैं। सूत्रों के अनुसार एनडीआरएफ की टीम ने आज सुबह हर्ष कुमार एवं छोटी कुमारी के बाहर निकाले जिसके साथ रविवार से चलाया जा रहा राहत एवं बचाव कार्य पूर्ण हो गया। नवलशाही थाना क्षेत्र में कोडरमा-गिरिडीह सीमा पर स्थित पंचखेरो जलाशय में रविवार दोपहर नौका विहार के दौरान तीन परिवारों की नौका डूबने से आठ लोग लापता हो गये थे। उनमें छह के शव एनडीआरएफ ने सोमवार को निकाले थे। इस हादसे के बाद नाविक समेत दो लोग तैरकर सुरक्षित बांध से बाहर आने में सफल रहे थे।
कोडरमा के पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव ने बताया कि एनडीआरएफ की टीम ने आज सुबह ही शेष बचे दो बच्चों के शव बांध से बाहर निकाले। उन्होंने बताया कि नाव डूबने के स्थान पर बांध में 35 फीट तक की गहराई थी जिसके चलते राहत एवं बचाव कार्य में कठिनाई हो रही है। राहत बचाव कार्य में लगे एनडीआरएफ बल के प्रभारी निरीक्षक सरोज कुमार ने बताया कि आज पुनः राहत एवं बचाव कार्य जैसे ही प्रारंभ किया गया शेष दो लापता बच्चों के शव भी निकाल लिये गये जिससे राहत एवं बचाव कार्य पूर्ण हो गया। इस बड़ी दुर्घटना पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने रविवार शाम को ट्वीट कर कहा था, ‘‘कोडरमा में पंचखेरो डैम में नाव पलटने से कुछ लोगों के लापता होने की खबर है। जिला प्रशासन लोगों की मदद के लिए हर संभव कार्य कर रही है। - नयी दिल्ली। उप राष्ट्रपति चुनाव में विपक्ष की साझा उम्मीदवार मार्गरेट अल्वा ने मंगलवार को नामांकन दाखिल किया। उनके नामांकन दाखिल करने के मौके पर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के प्रमुख शरद पवार, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के महासचिव सीताराम येचुरी, राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और कई अन्य विपक्षी नेता मौजूद थे। विपक्षी दलों ने उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए अपने संयुक्त उम्मीदवार के रूप में वरिष्ठ कांग्रेस नेता मार्गरेट अल्वा को मैदान में उतारा है। उनका मुकाबला राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के उम्मीदवार जगदीप धनखड़ से है।उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए छह अगस्त को मतदान होगा। नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख 19 जुलाई है।
-
मुंबई. मुंबई के साकीनाका इलाके में सोमवार को 23 वर्षीय एक दर्जी का क्षत-विक्षत शव उसके किराए के घर में पलंग के भीतर से बरामद किया गया.
पुलिस अधिकारी के मुताबिक नसीम खान नामक दर्जी का शव खैरानी रोड इलाके में उसके घर में मिला था, जबकि उसकी पत्नी रुबीना का पिछले दो दिनों से कोई पता नहीं चल रहा है। पुलिस अधिकारी ने कहा, 14 जुलाई को जब नसीम के पिता ने उसे फोन किया, तो रुबीना ने कॉल का जवाब दिया और कहा कि नसीम की तबीयत ठीक नहीं है। नसीम के पिता बाद में घर पहुंचे और उन्होंने घर को बंद पाया। बाद में, पुलिस की मदद से दरवाजा तोड़ा गया और नसीम का क्षत-विक्षत शव बरामद किया गया।'' पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। -
टीकमगढ़. मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ जिले के एक गांव में दो लड़के तालाब में नहाते हुए डूब गए। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। मोहनगढ़ थाने के प्रभारी नासिर फारुकी ने बताया कि घटना रविवार शाम को जिला मुख्यालय से करीब 48 किलोमीटर दूर अचर्रा गांव में घटी। उन्होंने कहा कि लड़कों का एक समूह तालाब में नहाने गया था। फारुकी के अनुसार जब राजकुमार प्रजापति (15) नहाते हुए डूबने लगा तो उसके दोस्त मानवेंद्र (16) ने उसे बचाने की कोशिश की लेकिन दोनों की गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई। अधिकारी ने कहा कि अन्य लड़कों ने शोर मचाया लेकिन जब तक ग्रामीण मौके पर पहुंचे तब तक दोनों डूब चुके थे। उन्होंने कहा कि पुलिस को सूचना देने के बाद शवों को बाहर निकाला गया। पुलिस मामला दर्ज कर जांच कर रही है।
-
मुजफ्फरनगर. मुजफ्फरनगर थाना क्षेत्र में सोमवार तड़के एक मिनी ट्रक की चपेट में आने से दो कांवड़ियों की मौत हो गयी। थाना प्रभारी (एसएचओ) आशुतोष कुमार ने बताया, ''दिल्ली-हरिद्वार राष्ट्रीय राजमार्ग पर रामपुर चौराहे के पास तेज रफ्तार मिनी ट्रक ने एक बाइक को टक्कर मार दी, जिससे उस पर सवार फरीदाबाद निवासी सौरभ (40) और योगेश (30) की मौत हो गयी। दोनों गंगा जल लाने के लिए हरिद्वार जा रहे थे।'' शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और पुलिस ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं।
पुलिस ने मिनी ट्रक के अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है, जो वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मिनी ट्रक को कब्जे में ले लिया है। -
नयी दिल्ली. देश में केंद्रीय विश्वविद्यालयों में शिक्षक संकाय के 6,549 पद रिक्त हैं जिनमें से अनुसूचित जाति श्रेणी में 988 पद, अनुसूचित जनजाति श्रेणी में 576 पद और अन्य पिछड़ा वर्ग श्रेणी में 1,761 पद रिक्त हैं। केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री सुभाष सरकार द्वारा लोकसभा में पेश आंकड़ों से यह जानकारी मिली है। लोकसभा में राजीव प्रताप रूडी के प्रश्न के लिखित उत्तर में शिक्षा राज्य मंत्री सुभाष सरकार ने सोमवार को ब्यौरा रखा। रूडी ने पूछा था कि क्या संपूर्ण देश के विभिन्न कॉलेजों में कई स्थायी संकाय पद रिक्त हैं और अगर हैं तो इसका ब्यौरा दिया जाए। मंत्री ने बताया कि 4,807 पदों को भरने के लिये विज्ञापन दिया गया है और चयन प्रक्रिया चल रही है। केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री द्वारा लिखित जवाब में प्रस्तुत आंकड़ों के अनुसार, 1 अप्रैल 2022 की स्थिति के अनुसार, देश में केंद्रीय विश्वविद्यालयों में शिक्षकों के रिक्त पदों की संख्या 6,549 है जिसमें अनुसूचित जाति श्रेणी में 988 पद, अनुसूचित जनजाति श्रेणी में 576 पद और अन्य पिछड़ा वर्ग श्रेणी में 1,761 पद, सामान्य श्रेणी में 2,252 पद, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग श्रेणी में 628 पद और निशक्त जनों की श्रेणी में 344 पद रिक्त हैं। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) में शिक्षक संकाय के 900 पद रिक्त हैं जिनमें से अनुसूचित जाति श्रेणी में 138 पद, अनुसूचित जनजाति श्रेणी में 70 पद और अन्य पिछड़ा वर्ग श्रेणी में 244 पद, सामान्य श्रेणी में 311 पद, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग श्रेणी में 93 पद और निशक्त जनों की श्रेणी में 44 पद रिक्त हैं। वहीं, जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) में शिक्षक संकाय के 326 पद रिक्त हैं जिनमें से अनुसूचित जाति श्रेणी में 61 पद, अनुसूचित जनजाति श्रेणी में 43 पद और अन्य पिछड़ा वर्ग श्रेणी में 105 पद, सामान्य श्रेणी में 64 पद, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग श्रेणी में 32 पद और निशक्त जनों की श्रेणी में 21 पद रिक्त हैं। जामिया मिलिया इस्लामिया विश्वविद्यालय में शिक्षक संकाय के 223 पद रिक्त हैं। शिक्षा राज्य मंत्री ने बताया कि रिक्तियों का होना और उन्हें भरा जाना एक सतत प्रक्रिया है। सेवानिवृति, त्यागपत्र और छात्रों की बढ़ी हुई संख्या के कारण अतिरिक्त आवश्यक्ताओं के परिणामस्वरूप रिक्तियां उत्पन्न होती हैं। उन्होंने बताया कि संस्थान शिक्षक संकाय की कमी को दूर करने के लिये विभिन्न उपाय अपना रहे हैं ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि छात्रों का अध्ययन प्रभावित नहीं हो। सुभाष सरकार ने कहा कि शिक्षा मंत्रालय ने सभी केंद्रीय उच्च शिक्षण संस्थानों से 5 सितंबर 2021 से शुरू होकर एक वर्ष की अवधि में मिशन के रूप में रिक्तियों को भरने का अनुरोध किया है। अगस्त 2021 से केंद्रीय विश्वविद्यालयों में 4,807 पदों के लिये विज्ञापन दिया गया है जिसके लिये चयन प्रक्रिया चल रही है।
-
मुंबई. महाराष्ट्र के अमरावती जिले में दोपहिया वाहन में टक्कर मारने के बाद एक एसवीयू के पुल से नीचे नाले में गिर जाने से छह लोगों की मौत हो गयी तथा एक अन्य घायल हो गया। एक पुलिस अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यहां से करीब 675 किलोमीटर दूर परतवाड़ा-बैतूल राजमार्ग पर निंभोरा फाटा मोड़ के समीप रविवार को देर रात यह हादसा हुआ जब मूसलाधार वर्षा हो रही थी और दृश्यता कम थी। अधिकारी ने कहा, ‘‘ एसयूवी एवं दोपहिया वाहन परतवाड़ा से बोडाड गांव जा रहे थे, उसी दौरान एसयूवी (स्पोर्ट्स यूटिलिटी व्हीकल) ने दोपहिया वाहन में टक्कर मार दी। एसयूवी चालक गाड़ी पर से नियंत्रण खो बैठा और गाड़ी पुल के नीचे जा गिरी। एसयूवी में सवार चार लोगों की मौत हो गयी । दोपहिया वाहन पर सवार दो व्यक्तियों की भी जान चली गयी।'' उन्होंने कहा कि रात करीब 11 बजकर 40 मिनट पर शिराजगांव पुलिस थाने के एक गश्ती दल को सड़क पर एसयूवी की एक सीट पड़ी मिली और फिर उन्होंने नीचे नाले में दोनों वाहन देखे। यह हादसा संभवत: दो घंटे पहले हुआ था। अधिकारी के अनुसार, घायलों एवं मृतकों को अचलपुर के एक अस्पताल में ले जाया गया।




















.jpg)






