- Home
- देश
- वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बृहस्पतिवार को भारत और जापान की साझा सोच का उल्लेख करते हुए कहा कि ‘‘हमारा विकास हमारे उल्लास के साथ जुड़ा होना चाहिए'' तथा यह विकास सभी के लिए और सभी को जोड़ने वाला होना चाहिए । प्रधानमंत्री मोदी ने जापान के सहयोग से वाराणसी में बने अन्तरराष्ट्रीय सहयोग एवं सम्मेलन केंद्र "रुद्राक्ष " का आज उदघाटन किया । इस अवसर पर उनके साथ जापान के प्रतिनिधि भी मौजूद थे । कार्यक्रम की शुरूआत में जापान के प्रधानमंत्री शुगा योशीहिदे का वीडियो संदेश भी दिखाया गया। जापानी प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन का प्रारंभ ‘‘नमस्ते'' कहकर किया और अंत ''धन्यवाद'' से किया । इस अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि ''चाहे सामरिक (स्ट्रेटजिक) क्षेत्र हो या आर्थिक (इकोनामिक) क्षेत्र, जापान आज भारत के सबसे विश्वसनीय दोस्तों में से एक हैं । हमारी दोस्ती को इस पूरे क्षेत्र की सबसे नैसर्गिक साझेदारी :नेचुरल पार्टनरशिप: में से एक माना जाता हैं ।'' प्रधानमंत्री ने कहा कि आधुनिक आधारभूत क्षेत्र और विकास को लेकर कही अहम और बड़ी परियोजनाओं में भी जापान भारत का साझीदार हैं । उन्होंने कहा कि मुबंई-अहमदाबाद हाई स्पीड रेल हो, दिल्ली मुंबई औद्योगिक परिपथ हो या डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडॉर हो, जापान के सहयोग से बन रहे यह प्रोजेक्ट नये भाारत की ताकत बनने वाले हैं । उन्होंने कहा, ‘‘ भारत और जापान की सोच है कि हमारा विकास हमारे उल्लास के साथ जुड़ा होना चाहिए। यह विकास सर्वोमुखी होना चाहिए। सबके लिए होना चाहिए और सबको जोड़ने वाला होना चाहिए।'' मोदी ने कहा कि कोरोना काल में जब दुनिया ठहर सी गई, तब काशी संयमित तो हुई, अनुशासित भी हुई, लेकिन सृजन और विकास की अविरल धारा बहती रही । उन्होंने कहा, ‘‘काशी के विकास के ये आयाम, ये 'इन्टरनेशनल को आपरेशन एंड कन्वेंशन सेंटर-‘रूद्राक्ष'' आज इसी रचनात्मकता का, इसी गतिशीलता का परिणाम हैं ।'' प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘इस इमारत :रूद्राक्ष: में आधुनिकता की चमक भी है और सांस्कृतिक आभा भी है। इसमें भारत जापान रिश्तों का जुड़ाव भी है और यह भविष्य के लिये अनेक संभावनाओं का स्रोत भी हैं । जापान यात्रा के समय मैने दोनो देशों के रिश्तों में इसी अपनेपन की बात कही थी । मुझे खुशी है कि आज दोनो देशों के प्रयासों से विकास के साथ साथ रिश्तों में मिठास का नया अध्याय लिखा जा रहा हैं ।'' उन्होंने कहा कि काशी के रूद्राक्ष की तरह ही अभी कुछ सप्ताह पहले गुजरात में जापानी जेन गार्डन और काइजेन अकादमी का भी लोकार्पण हुआ था । उन्होंने कहा कि जैसे ये रुद्राक्ष जापान की ओर से भारत को दी गई प्रेम की माला की तरह है, वैसे ही ज़ेन गार्डन भी दोनों देशों के आपसी प्रेम की सुगंध फैला रहा है । प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘ ये इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर-रुद्राक्ष भी पूरी दुनिया को आपसी प्रेम, कला और संस्कृति के जरिए जोड़ने का एक माध्यम बनेगा। और काशीकी बात ही क्या? काशी तो वैसे भी दुनिया का सबसे प्राचीन जीवंत शहर है। शिव से लेकर सारनाथ में भगवान बुद्ध तक, काशी ने अध्यात्म के साथ साथ कला और संस्कृति को सदियों से सँजोकर रखा है।'' उन्होंने कहा, ‘‘मेरे बनारस के तो रोम रोम से गीत संगीत और कला झरती है। यहाँ गंगा के घाटों पर कितनी ही कलाएं विकसित हुई हैं। ज्ञान शिखर तक पहुंचा है और मानवता से जुड़े कितने गंभीर चिंतन इस मिट्टी में हुए हैं। और इसीलिए, बनारस गीत-संगीत का, धर्म-आध्यात्म का, और ज्ञान-विज्ञान का एक बहुत बड़ा ग्लोबल सेंटर बन सकता है।'' मोदी ने जापानी नेता शिजो आबे का उल्लेखते हुए कहा,'' जापान के ही मेरे एक और मित्र शिंजो आबे जी । मुझे याद हैं, शिंजो आबे जी जब प्रधानमंत्री के रूप में काशी आए थे, तो रूद्राक्ष के आइडिया पर उनसे मेरी लंबी चर्चा हुई थी । उन्होंने तुरंत ही अपने अधिकारियों से इस पर काम करने को कहा ।'' उन्होंने कहा कि समय के मुख्य सचिव और वर्तमान जापानी प्रधानमंत्री शुगा योशीहिदे इस परियोजना पर तब से लगे रहे जिसके लिए भारत के देशवासी उनके प्रति आभारी हैं। रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर परिसर में प्रधानमंत्री ने पौधारोपण भी किया । इस अवसर पर भारत में जापान के राजदूत सुजुकी सातोशी भी मौजूद थे । कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद थे । इस अवसर पर "रुद्राक्ष" पर बनी एक वीडियो फिल्म भी दिखायी गयी ।
- नयी दिल्ली। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के निदेशक रणदीप गुलेरिया ने बृहस्पतिवार को कहा कि प्रतिरक्षा का घटना, प्रतिरक्षा कवच को चकमा देने में सक्षम कोरोना वायरस के कहीं अधिक संचारी स्वरूप के उभरने और लॉकडाउन में छूट दिया जाना महामारी की संभावित तीसरी लहर के कारण हो सकते हैं। उन्होंने एक कार्यक्रम में कहा कि सामाजिक दूरी के नियमों का पालन, मास्क पहनना और टीका लेने जैसे कोविड से जुड़े नियमों का अनुपालन कर तीसरी लहर की गंभीरता को घटाया जा सकता है। गुलेरिया ने कहा , ‘‘एक भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान के एक इसी तरह के मॉडल से यह प्रदर्शित होता है कि यदि सारी पाबंदियां हटा दी जाती हैं और यदि वायरस (का स्वरूप) भी प्रतिरक्षा को चकमा देने वाला हो, तो अगली लहर दूसरी लहर से कहीं अधिक बड़ी हो सकती है।'' उन्होंने कहा, ‘‘यदि कुछ पाबंदियां बनाए रखी जाती है और वायरस भी स्थिर रहता है तो मामले ज्यादा नहीं होंगे और यदि हम अधिक पाबंदियां लगाएंगे तो मामले और भी कम होंगे। '' गुलेरिया ने कहा कि यदि नये स्वरूप उभरते भी हैं तो मौजूदा टीकों में कुछ बदलाव किया जा सकता है।उन्होंने कहा कि कोविड-19 की तीसरी लहर अन्य देशों में देखी जा रही है लेकिन मरीजों के अस्पताल में भर्ती होने की संख्या घटी है, जिससे संकेत मिलता है कि टीके काम कर रहे हैं। एम्स, नयी दिल्ली के निदेशक ने महामारी की तीसरी लहर के संभावित कारणों को गिनाते हुए कहा कि प्रतिरक्षा का घटना, प्रतिरक्षा कवच को चकमा देने में सक्षम कोरोना वायरस के कहीं अधिक संचारी स्वरूप के उभरने और लॉकडाउन में छूट दिया जाना महामारी की संभावित तीसरी लहर के कारण हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि कोवैक्सीन, कोविशील्ड और स्पूतनिक वी के अलावा कई अन्य टीकों पर देश में काम चल रहा है।
- नयी दिल्ली। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बृहस्पतिवार को बताया कि देश में अब तक कोविड-19 टीकों की 39.49 करोड़ से अधिक खुराकें दी जा चुकी हैं। शाम सात बजे की एक अनंतिम रिपोर्ट के अनुसार, बृहस्पतिवार को टीकों की 35.15 लाख से अधिक खुराकें दी गयी। मंत्रालय ने बताया कि बृहस्पतिवार को 18-44 साल के आयु वर्ग में 16,59,977 लोगों को टीकों की पहली खुराक दी गयी जबकि 1,61,950 लोगों को दूसरी खुराक दी गयी। टीकाकरण अभियान के तीसरे चरण की शुरुआत के बाद से अब तक 18-44 साल के आयु वर्ग के कुल 11,97,36,449 लोगों को टीकों की पहली खुराक दी गयी है जबकि 43,72,202 लोगों को दूसरी खुराक दी गयी है। मंत्रालय ने बताया कि आठ राज्यों – उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान, तमिलनाडु, बिहार, गुजरात, कर्नाटक और महाराष्ट्र – ने 18-44 साल के आयु वर्ग में 50 लाख से अधिक लोगों को टीके की पहली खुराक दी है। इसके अलावा आंध्र प्रदेश, असम, छत्तीसगढ़, दिल्ली, हरियाणा, झारखंड, केरल, तेलंगाना, हिमाचल प्रदेश, ओडिशा, पंजाब, उत्तराखंड और पश्चिम बंगाल में 18-44 साल के आयु वर्ग के 10 लाख से अधिक लोगों को पहली खुराक दी गयी है।-file photo
- नई दिल्ली। भारत में 41 हजार 806 और लोगों के कोरोना वायरस से संक्रमित पाए जाने के बाद संक्रमण के कुल मामलों की संख्या बढ़कर 3 करोड़ 9 लाख 87 हजार 880 पर पहुंच गयी जबकि उपचाराधीन मरीजों की संख्या बढ़कर 4 लाख 32 हजार 41 हो गयी है।केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के गुरुवार को सुबह आठ बजे तक अद्यतन आंकड़ों के अनुसार, इस संक्रमण से 581 और लोगों के जान गंवाने से मृतकों की संख्या बढ़कर 4 लाख 11 हजार 989 हो गयी। पिछले 24 घंटे में कोविड-19 के उपचाराधीन मरीजों की संख्या में 2,095 मामलों की वृद्धि हुई है। उपचाराधीन मरीजों की संख्या संक्रमण के कुल मामलों की 1.39 प्रतिशत है जबकि कोविड-19 से स्वस्थ होने वाले लोगों की राष्ट्रीय दर 97.28 प्रतिशत है।मंत्रालय ने बताया कि बुधवार को कोविड-19 के लिए 19 लाख 43 हजार 488 नमूनों की जांच की गयी जिससे अभी तक देश में इस महामारी का पता लगाने के लिए किए गए नमूनों की जांच की संख्या 43,80,11,985 हो गयी है जबकि दैनिक संक्रमण दर 2.15 प्रतिशत दर्ज की गयी। यह लगातार 24 दिनों से तीन प्रतिशत से कम है। साप्ताहिक संक्रमण दर 2.21 प्रतिशत है। आंकड़ों के मुताबिक, इस बीमारी से उबरने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 3 करोड़ एक लाख 43 हजार 850 हो गयी है जबकि मृत्यु दर बढ़कर 1.39 प्रतिशत हो गयी है। देशव्यापी टीकाकरण अभियान के तहत अभी तक कोविड-19 रोधी टीकों की 39.13 करोड़ खुराक लगायी गयी हैं। देश में पिछले साल सात अगस्त को संक्रमितों की संख्या 20 लाख, 23 अगस्त को 30 लाख और पांच सितम्बर को 40 लाख से अधिक हो गई थी। वहीं, संक्रमण के कुल मामले 16 सितम्बर को 50 लाख, 28 सितम्बर को 60 लाख, 11 अक्टूबर को 70 लाख, 29 अक्टूबर को 80 लाख, 20 नवम्बर को 90 लाख के पार हो गए। देश में 19 दिसम्बर को ये मामले एक करोड़ के पार, चार मई को दो करोड़ के पार और 23 जून को तीन करोड़ के पार चले गए थे।स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि अभी तक जिन लोगों की मौत हुई है, उनमें से 70 प्रतिशत से ज्यादा मरीजों को अन्य बीमारियां भी थीं। मंत्रालय ने अपनी वेबसाइट पर बताया कि उसके आंकड़ों का भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के आंकड़ों के साथ मिलान किया जा रहा है।
- मुजफ्फरपुर। बिहार के मुजफ्फरपुर जिला के सदर थाना अंतर्गत भगवानपुर रोड स्थित धर्म कांटा के पास एक मोटरसाइकिल पर सवार दो अपराधी बुधवार को एक ठेकेदार के वाहन से आठ लाख रुपये लेकर फरार हो गए। पुलिस उपाधीक्षक (नगर) राम नरेश पासवान ने बताया कि पुलिस द्वारा मामले की छानबीन की जा रही है। जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पीड़ित ठेकेदार अशोक सिंह जिन्होंने इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज करायी है, ने बताया कि वह सड़क निर्माण का काम करा रहे हैं, इसके लिए उनकी पत्नी ने रेड क्रॉस स्थित एसबीआई की एक शाखा से आठ लाख रूपये निकाले थे। उन्होंने बताया कि वे बोलेरो वाहन से अपने गांव लौट रहे थे इसी बीच भगवानपुर रोड स्थित एक धर्म कांटा के पास वाहन रोककर अपने चालक को आम खरीदने के लिए भेजा। अशोक ने बताया कि एक मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक उनके वाहन के समीप पहुंचे और उन्हें एक मोहल्ले का पता पूछने के दौरान उनके वाहन जिसकी खिड़की खुली थी, से राशि भरा थैला निकाल कर फरार हो गए।
- नयी दिल्ली। भारत में 1990 से 2019 तक कुल रोग भार में गैर-संचारी और चोट से संबंधित तंत्रिका विकारों की संख्या दुगुनी से अधिक हो गयी है वहीं संचारी तंत्रिका संबंधी विकारों में तीन-चौथाई की कमी आई है। यह जानकारी ‘इंडिया स्टेट-लेवल डिजीज बर्डन इनीशिएटिव' के एक अध्ययन के निष्कर्षों में सामने आयी है। 1990 से भारत के हर राज्य में तंत्रिका संबंधी विकारों और उनकी प्रवत्ति के कारण बीमारी के भार का पहला व्यापक अनुमान बुधवार को ‘द लैंसेट ग्लोबल हेल्थ' में प्रकाशित हुआ। सामने आए तथ्यों के अनुसार भारत में गैर-संचारी तंत्रिका संबंधी विकारों का भार मुख्य रूप से आबादी की उम्र बढ़ने के कारण बढ़ रहा है। भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) ने एक विज्ञप्ति में कहा कि पांच साल से कम उम्र के बच्चों में संचारी रोगों की कुल तंत्रिका संबंधी विकारों के भार में हिस्सेदारी रही वहीं अन्य सभी आयु वर्गों में गैर-संचारी तंत्रिका संबंधी विकारों की सबसे ज्यादा संख्या रही। इसमें कहा गया है कि ‘स्ट्रोक', सिरदर्द विकार और मिर्गी भारत में तंत्रिका विकारों की कुल भारत में प्रमुख हिससेदारी है। विज्ञप्ति के अनुसार 2019 में, ‘स्ट्रोक' से 6,99,000 मौतें हुईं जो देश में हुई कुल मौतों का 7.4 प्रतिशत है। तंत्रिका संबंधी कई का भार राज्यों में भिन्न है जिससे इस भार को कम करने के लिए नीतियों और कार्यक्रमों पर महत्वपूर्ण प्रभाव पड़ता है। तंत्रिका संबंधी विकारों के लिए ज्ञात वजहों में उच्च रक्तचाप, वायु प्रदूषण, आहार शैली, जोखिम, प्लाज्मा ग्लूकोज और उच्च ‘बॉडी मास इंडेक्स' प्रमुख हैं। यह अध्ययन ‘इंडिया स्टेट-लेवल डिजीज बर्डन इनीशिएटिव' द्वारा किया गया था। यह आईसीएमआर सहित देश के कई अन्य पक्षों का सहयोगी प्रयास है जिसमें स्वास्थ्य मंत्रालय के तत्वावधान में अकादमिक विशेषज्ञ, विभिन्न सरकारी एजेंसियां और अन्य संगठन शामिल हैं।
- मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश के अरोडडा गांव में कुछ अज्ञात बदमाशों ने गांव के पूर्व सरपंच की कथित तौर पर गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने बताया कि गांव वालों ने दावा किया है कि मांगे राम की कुछ अज्ञात बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी और बाद में उनका शव जलाने की भी कोशिश की ताकि उनकी पहचान ना हो पाए।पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) अतुल कुमार श्रीवास्तव के अनुसार, हादसे की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और जांच जारी है। एहतियातन गांव में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। file photo
- नयी दिल्ली। केंद्रीय मंत्रिमंडल ने बुधवार को मंत्रालयों और सीपीएसई द्वारा जारी वैश्विक निविदाओं में सरकारी माल के आयात के लिए भारतीय जहाजरानी कंपनियों को पांच वर्षों के दौरान 1,624 करोड़ रुपये की सब्सिडी देने की योजना को मंजूरी दी। एक आधिकारिक बयान के मुताबिक दुनिया के सर्वश्रेष्ठ जहाजों के पंजीयन की तरह 72 घंटों के भीतर ऑनलाइन पंजीकरण किया जाएगा और इससे भारत में जहाजों का पंजीकरण आसान और आकर्षक हो जाएगा। बयान में आगे कहा गया, ‘‘इसके अलावा ताजा पहल का मकसद किसी भी ध्वजवाहक पोत को भारतीय चालक दल के साथ चालक दल को बदलने के लिए 30 दिन का समय देना है।'' भारतीय ध्वजवाहक जहाजों को होने वाले लागत नुकसान को दूर करने के लिए वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने अपने आम बजट 2021-22 के भाषण में पांच वर्षों में 1,624 करोड़ रुपये की सब्सिडी सहायता देने की घोषणा की थी। बयान में कहा गया है कि जहाजों को अंतरराष्ट्रीय मानकों के साथ जोड़कर उन पर कार्मिक आवश्यकताओं को युक्तिसंगत बनाने के लिए भी कदम उठाए जा रहे हैं।
- नोएडा। नोएडा में थाना ईकोटेक-3 पुलिस ने बुधवार को एक युवक को गिरफ्तार किया जो स्वयं को उत्तर प्रदेश पुलिस का सिपाही बताकर कथित तौर पर सोशल मीडिया के जरिए युवतियों से दोस्ती करता था। थाना ईकोटेक-3 के प्रभारी निरीक्षक भुवनेश कुमार ने बताया कि एक सूचना के आधार पर पुलिस ने बुधवार को आरोपी कृष्णवीर निवासी ग्राम मगोर्रा थाना मगोर्रा जनपद मथुरा को गिरफ्तार किया जब वह पुलिस की वर्दी पहनकर मोटरसाइकिल पर जा रहा था। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी युवक के पास से पुलिस की एक वर्दी, एक गोल टोपी जिस पर उत्तर प्रदेश पुलिस का ताज लगा है, एक बेल्ट, उत्तर प्रदेश पुलिस के 2 बैज, पुलिस का फर्जी आई कार्ड, एक मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल जिस पर उत्तर प्रदेश पुलिस लिखा बरामद किए हैं। उन्होंने बताया कि आरोपी ने पूछताछ के दौरान बताया कि वह एक कंपनी में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करता है और अपने आप को पुलिसकर्मी बताकर युवतियों से सोशल मीडिया के माध्यम से दोस्ती करता है।
- नोएडा। उत्तर प्रदेश के पूर्व मंत्री व पूर्व सांसद डीपी यादव ने ऐसे 60 बच्चों की 12वीं कक्षा तक की पढ़ाई की जिम्मेदारी अपने कंधों पर ली है जिन्होंने कोरोना वायरस के कहर के दौरान अपने अभिभावकों को खो दिया। उन्होंने इन बच्चों की उच्च शिक्षा में मदद करने का भी आश्वासन दिया है। सर्फाबाद गांव स्थित यदु पब्लिक स्कूल में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान यादव ने 60 बच्चों की फीस स्कूल की प्राचार्य मृणालिनी सिंह को सौंपी। उन्होंने कहा कि 12वीं कक्षा के बाद भी अगर उच्च शिक्षा के लिए इन बच्चों को मदद की आवश्यकता पड़ती है तो इसके लिए भी वह तत्पर रहेंगे। यादव ने कहा कि वह नहीं चाहते कि कोई भी बच्चा शिक्षा के लिए संघर्ष करें। उन्होंने कहा कि अगर किसी बच्चे की शिक्षा आर्थिक तंगी के कारण रुक रही है तो ऐसे बच्चों की मदद के लिए वह हमेशा तैयार हैं।
- फतेहपुर (उप्र)) । जिले के कल्यानपुर थाना क्षेत्र में अज्ञात वाहन की टक्कर लगने से मोटरसाइकिल सवार दो युवकों की मौत हो गई। कल्यानपुर थाने के प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) केशव वर्मा ने बताया कि मंगलवार की रात करीब सवा नौ बजे रेवाड़ी चौराहे के पास एक अज्ञात वाहन ने मोटरसाइकिल सवार दो युवकों को टक्कर मार दी, जिससे दोनों की मौत हो गयी। उन्होंने बताया कि मृतकों में एक की पहचान कानपुर देहात जिले के रहने वाले अनूप यादव (35) के रूप में हुई है, जबकि दूसरे युवक की पहचान कराने की कोशिश की जा रही है। वर्मा ने बताया कि दोनों शव पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेज दिए गए हैं और इस सिलसिले में मामला दर्ज कर अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है।
- नयी दिल्ली । केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल को बुधवार को राज्यसभा में सदन का नेता नियुक्त किया गया। गोयल के लिए यह एक पदोन्नति है जो उन्हें उच्च सदन में सरकार के चेहरे के रूप में पेश करेगी। सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पास राज्यसभा में बहुमत नहीं है। ऐसे में गोयल को सरकार के विधायी कार्य एजेंडे को आगे बढ़ाते समय सदन में विभिन्न राजनीतिक चुनौतियों से निपटना होगा। संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी ने गोयल की नियुक्ति की घोषणा करते हुए उन्हें बधाई दी। जोशी ने कहा, ‘‘उन्हें (गोयल) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने महत्वपूर्ण दायित्व प्रदान किया है। उन्हें शुभकामना देता हूं कि वह निरंतर उत्साह के साथ राष्ट्र की सेवा करें।'' राज्यसभा के दो बार के सदस्य गोयल (57) उच्च सदन में उप-नेता थे और अब सदन के नेता के रूप में वह पूर्व केंद्रीय मंत्री थावरचंद गहलोत की जगह लेंगे जिन्हें कर्नाटक का राज्यपाल नियुक्त किया गया है। गोयल केंद्रीय मंत्रिमंडल के सदस्य भी हैं। उनके पास वाणिज्य और उद्योग, खाद्य एवं उपभोक्ता तथा कपड़ा मंत्रालय सहित विभिन्न मंत्रालयों का दायित्व है। उनकी नियुक्ति को भाजपा में राजनीतिक पदोन्नति के रूप में देखा जा रहा है क्योंकि वह उस पद पर होंगे जिसपर कभी जसवंत सिंह और अरुण जेटली जैसे दिग्गज हुआ करते थे। गोयल को बधाई देते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने ट्वीट किया, ‘‘मुझे विश्वास है कि पीयूष भाई अपने समर्पण, क्षमता और ऊर्जा से राज्यसभा में भाजपा की एक बुलंद आवाज बनेंगे'' और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में गरीबों के कल्याण के लिए काम करने के संकल्प को मजबूत करेंगे। पूर्व में गोयल रेलवे और कोयला मंत्री (2017-19) थे। वर्ष 2018 और 2019 में उनके पास दो बार वित्त एवं कॉरपोरेट मंत्रालय का अतिरिक्त प्रभार भी रहा। वर्ष 2014 में वह मोदी सरकार में राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार), बिजली, कोयला, नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा (2014-2017) तथा खान मामलों के मंत्री (2016-17) भी रहे। सरकार में शामिल होने से पहले गोयल चार साल तक भाजपा के कोषाध्यक्ष भी रहे। पार्टी 1991 से आम चुनावों तथा 2004 से सभी चुनावों में उनकी सेवाओं का इस्तेमाल करती रही है। वर्ष 2019 के चुनाव में गोयल भाजपा की संकल्प पत्र और प्रचार समितियों के भी सदस्य थे।
- नयी दिल्ली। केंद्र ने बुधवार को राज्यों से पुलिस को यह निर्देश देने को कहा कि वे सूच ना प्रौद्योगिकी (आईटी) कानून, 2000 की निष्प्रभावी की गई धारा 66ए के तहत मामला दर्ज नहीं करें। यह धारा ऑनलाइन टिप्पणी करने से संबंधित है। उल्लेखनीय है कि 2015 में उच्चतम न्यायालय ने ऑनलाइन ‘अपमानजनक' टिप्पणी करने को अपराध की श्रेणी में डालने वाली विवादित धारा 66ए को खत्म कर दिया था। इस धारा के तहत कारावास की सजा का प्रावधान था। शीर्ष न्यायालय ने यह फैसला अभिव्यक्ति की आजादी के समर्थकों के लंबे समय तक चलाए गए अभियान के बाद दिया था। हाल में शीर्ष न्यायालय ने कहा था कि उसे इस बात की हैरानी है कि उक्त धारा को निष्प्रभावी करने के फैसले को अब तक भी लागू नहीं किया गया है। गृह मंत्रालय की ओर से जारी वक्तव्य में कहा गया है कि राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से कहा है कि वे अपने अधिकार क्षेत्र में आने वाले सभी पुलिस थानों से कहें कि वे आईटी कानून की हटा दी गई धारा 66ए के तहत मामले पंजीकृत नहीं करें। इसमें मंत्रालय ने यह अनुरोध भी किया कि राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में यदि कोई मामला उक्त धारा के तहत दर्ज हुआ है तो ऐसे मामलों को तुरंत रद्द कर दिया जाए। उच्चतम न्यायालय ने धारा रद्द करने का फैसला 24 मार्च 2015 को श्रेया सिंघल बनाम भारत संघ के मामले में दिया था। इस धारा को आदेश की तारीख से निष्प्रभावी कर दिया गया था अत: इसके तहत कोई कार्रवाई नहीं की जा सकती। इस धारा में पुलिस को ऑनलाइन ‘अपमानजनक' टिप्पणी करने वाले व्यक्ति को गिरफ्तार करने का अधिकार था तथा इसमें तीन साल की जेल की सजा का प्रावधान था। उच्चतम न्यायालय ने इस माह की शुरुआत में केंद्र को आईटी कानून की धारा 66ए के इस्तेमाल को लेकर नोटिस जारी किया था और कहा था कि यह हैरानी की बात है कि धारा को रद्द करने का फैसला अब तक लागू नहीं किया गया है।
- नयी दिल्ली। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बुधवार को कहा कि भारत में अभी तक लगाई गयीं कोविड-19 टीकों की खुराक की कुल संख्या 39 करोड़ के पार हो चुकी है। शाम सात बजे तक के आंकड़ों के अनुसार बुधवार को 32.10 लाख से अधिक खुराक लगाई गयीं। मंत्रालय ने बताया कि बुधवार को 18 से 44 साल के आयुवर्ग के 13,82,467 लोगों को पहली खुराक दी गयी और 1,57,660 लोगों ने दूसरी खुराक लगवाई। देश में टीकाकरण के तीसरे चरण की शुरुआत से 18-44 साल के आयुवर्ग में कुल 11,78,70,724 लोगों को पहली खुराक लगाई जा चुकी है और 41,92,141 लोग दूसरी खुराक लगवा चुके हैं। मंत्रालय के अनुसार, आठ राज्यों- उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान, तमिलनाडु, बिहार, गुजरात, कर्नाटक और महाराष्ट्र में 18 से 44 साल की आयु के 50 लाख से अधिक लोगों को कोविड-19 टीके की पहली खुराक लगाई जा चुकी है। वहीं, आंध्र प्रदेश, असम, छत्तीसगढ़, दिल्ली, हरियाणा, झारखंड, केरल, तेलंगाना, हिमाचल प्रदेश, ओडिशा, पंजाब, उत्तराखंड और पश्चिम बंगाल में 18-44 साल के 10 लाख से अधिक लोग कोविड टीके की पहली खुराक लगवा चुके हैं।
- नवादा। बिहार के नवादा जिले के कौआकोल थाना अंतर्गत रानीबाजार गांव में मिट्टी के ढेर के अचानक गिरने से उसके नीचे दबकर बुधवार को दो महिलाओं की मौत हो गई। कौआकोल के थानाध्यक्ष कुमार राजीव रंजन ने बताया कि मृतकों में बरियारपुर गांव निवासी यदु यादव की पत्नी मीणा देवी (35) और रामबृक्ष यादव की पत्नी लालो देवी (40) शामिल हैं। उन्होंने बताया कि दोनों महिलाएं अपने घर की पुताई के लिए मिट्टी लाने गई थी जहां मिट्टी की खुदाई करने के क्रम में अचानक उसके ढेर के गिर जाने से उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। रंजन ने बताया कि मिट्टी के ढेर में दबे दोनों शवों को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। अनुमंडल अधिकारी संजीव कुमार झा ने बताया कि मृतकों के आश्रितों को मुख्यमंत्री पारिवारिक लाभ योजना के तहत बीस-बीस हजार रुपये का चेक दिया गया है।
- मुंबई। बैंकिंग कार्मिक चयन संस्थान (आईबीपीएस) ने बुधवार को कहा कि सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों में लिपिक (क्लर्क) की भर्ती के लिए प्रारंभिक और मुख्य परीक्षा आयोजित करने की ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया अस्थायी रूप से रोक दी गई है। सामान्य भर्ती प्रक्रिया 11 के तहत सरकारी बैंकों में लिपिकों के लिए भर्ती प्रक्रिया का समन्वय आईबीपीएस द्वारा किया जाता है। आईबीपीएस ने एक बयान में कहा, ‘‘लिपिकों की भर्ती के लिए प्रारंभिक और मुख्य परीक्षा आयोजित करने की ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया अपरिहार्य परिस्थितियों के कारण रोक दी गई हैं।'' आईबीपीएस ने आवेदनकर्ताओं/उम्मीदवारों से अधिक जानकारी के लिए अपनी वेबसाइट पर नजर बनाये रखने के लिए कहा है।
-
बग्गा को भाजयुमो का राष्ट्रीय सचिव बनाया गया
नयी दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की युवा इकाई भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) का विस्तार किया गया है। इसमें पश्चिम बंगाल के नेताओं को प्रमुखता से शामिल किया गया है और दिल्ली भाजपा के प्रवक्ता तेजिंदर पाल सिंह बग्गा को राष्ट्रीय सचिव के पद पर पदोन्नत किया गया है। बग्गा हाल में उस समय सुर्खियों में आये थे जब उन्होंने पार्टी के आधिकारिक व्हाट्सएप समूहों से हटाए जाने के विरोध में अपने ट्विटर बायो से ‘‘दिल्ली भाजपा प्रवक्ता'' शब्द हटा दिया था । छत्तीसगढ़ के रविभगत भाजयुमो के राष्ट्रीय मंत्री बनाया गया है। भाजयुमो द्वारा बुधवार को जारी एक बयान में कहा गया है कि पश्चिम बंगाल के विधायक अनूप कुमार साहा को भाजयुमो के सात उपाध्यक्षों में से एक के रूप में नियुक्त किया गया है। राज्य के एक अन्य नेता दार्जिलिंग के सांसद राजू बिष्टा संगठन के तीन महासचिवों में से एक हैं। इसमें कहा गया है कि मधुकेश्वर देसाई (महाराष्ट्र), मनीष सिंह (बिहार), अर्पिता अपराजिता बड़जेना (ओडिशा), राम सतपुते (महाराष्ट्र), अभिनव प्रकाश (उत्तर प्रदेश) और नेहा जोशी (उत्तराखंड) भाजपा युवा मोर्चा के अन्य राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाये गये है। बयान के अनुसार रोहित चहल (दिल्ली) और वैभव सिंह (उत्तर प्रदेश) को राष्ट्रीय महासचिव बनाया गया है। इसमें कहा गया है कि बग्गा के अलावा श्याम राज , शहजादी सैय्यद , रवि भगत, गौरव गौतम, अरुण ज्योति हजारिका और निन्थोंजम मौगपोकंगंबा को राष्ट्रीय सचिव बनाया गया है। अमनदीप सिंह को संगठन का नया मीडिया प्रभारी जबकि कपिल परमार सोशल मीडिया टीम के प्रभारी होंगे। साई प्रसाद को कोषाध्यक्ष, विनीत त्यागी को कार्यालय प्रभारी और वरुण झावेरी को नीति और अनुसंधान (पॉलिसी और रिसर्च) की जिम्मेदारी दी गई है। - कोलकाता। कोलकाता में सामुदायिक दुर्गा पूजा समितियां सुनश्चित करेंगी कि अनुष्ठान और अन्य संबंधित कार्यों में शामिल सभी लोगों को अगले तीन महीने के भीतर कोवड-19 रोधी टीके लग जाएं। ‘फोरम फॉर दुर्गोत्सव' के अधिकारी पार्थ घोष ने बताया कि पूजा समितियां ये सुनिश्चित करेंगी कि पंडालों में आ रहे सभी लोग मास्क पहनें और सामाजिक दूरी बनाए रखें। उन्होंने कहा, ‘‘ हमारे सदस्यों और स्थानीय लोगों से लेकर पंडालों में बार-बार आने वाले कारीगरों, पुजारियों, ढाकी और बिजली मिस्त्रियों तक सभी को अगले तीन महीनों में कोविड-19 रोधी टीके लगवाने होंगे। हम उम्मीद कर रहे हैं कि सभी को दोनों खुराक मिल जाएंगी, लेकिन पूजा से दो-तीन दिन पहले गांवों से आने वाले ढाकी (पारंपरिक ढोलकिया) के लिए, हम यह सुनिश्चित करेंगे कि उन्हें कम से कम एक खुराक लगा दी जाए।'' ‘फोरम फॉर दुर्गोत्सव' कोलकाता और आसपास के क्षेत्रों में 550 सामुदायिक दुर्गा पूजा का प्रमुख संगठन है। उसने उत्सव के आयोजन के समय कोविड-19 सुरक्षा नियमों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित करने के लिए दिशा-निर्देश भी जारी किए हैं। पंडालों का निर्माण इस तरह से किया जाएगा कि दिशा-निर्देशों के तहत श्रद्धालु दूर से ही मूर्तियों को देख सकें और निकट न जाएं। उन्होंने कहा, ‘‘ 'पुष्पांजलि' के लिए कटे हुए फल चढ़ाने की अनुमति नहीं होगी और अनुष्ठान के दौरान शारीरिक दूरी बनाए रखनी होगी।'' सरकार को जो दिशानिर्देश प्रस्तुत किए जाएंगे, वे पिछले साल कलकत्ता उच्च न्यायालय द्वारा निर्धारित नियमों से मिलते-जुलते हैं, जिसने पंडालों में लोगों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया था। इसके साथ ही, शहर में दुर्गा पूजा समितियां ऑनलाइन कार्यक्रम आयोजित करने पर भी ध्यान केन्द्रित कर रही हैं ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि लोग घर से ही कलाकृतियों को देख सकें। उत्सव इस साल 12 अक्टूबर को महा सप्तमी पर शुरू होगा और 15 अक्टूबर विजय दशमी तक चलेगा।
- नयी दिल्ली। सरकार ने बुधवार को 54,618 करोड़ रुपये के निवेश का लाभ उठाने के लिए पशुपालन और डेयरी योजनाओं तथा विशेष पशुधन पैकेज विभाग के विभिन्न घटकों को संशोधित और पुन: व्यवस्थित करने का निर्णय किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में मंत्रिमंडल की आर्थिक मामलों की समिति (सीसीईए) की बैठक में इस संबंध में निर्णय किया गया। एक आधिकारिक ट्वीट के अनुसार, ‘‘सीसीईए ने 54,618 करोड़ रुपये के निवेश का लाभ उठाने के लिए पशुपालन और डेयरी योजनाओं और विशेष पशुधन पैकेज विभाग के विभिन्न घटकों को संशोधित और पुन: व्यवस्थित करने को मंजूरी दी।'' इसमें कहा गया है कि इस पैकेज में पांच साल की अवधि में 9,800 करोड़ रुपये की केंद्र सरकार की सहायता की परिकल्पना की गई है।
- जींद। हरियाणा के जींद के शिवपुरी कॉलोनी में एक महिला और उसके ननदोई का शव फांसी के फंदे से लटकता मिला । दोनों के शव उनके अपने-अपने घरों में लटके हुए थे। पुलिस ने इसकी जानकारी दी । पुलिस ने बताया कि घटना की सूचना पाकर शहर थाना प्रभारी फोरेसिक टीम के साथ मौके पर पहुंच गए और शवों को कब्जे में ले सामान्य अस्पताल पहुंचाया जहां दोनों को मृत घोषित कर दिया गया । उन्होंने बताया कि मरने वालों की पहचान परमजीत (20) तथा उसके ननदोई रिंकू ऊर्फ संजय (32) के रूप में की गयी है। पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों का चिकित्सक बोर्ड से पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस ने बताया कि एक अन्य मामले में जिले के गांव ढाकल के तालाब में कन्या का भ्रूण मिला जिसकी सूचना पाकर सदर थाना नरवाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और भ्रूण को कब्जे में ले सामान्य अस्पताल पहुंचाया। उन्होंने बताया कि यह भ्रूण आठ से 12 सप्ताह का दिखाई दे रहा है और उसके अंग पूरी तरह विकसित हो चुके थे। आशंका जताई जा रही है कि प्री मैच्यौर डिलीवरी करवाकर भ्रूण को खुर्द बुर्द करने की नीयत से तालाब में फेंका गया है। उन्होंने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
- नयी दिल्ली। चिकित्सा संस्थानों में प्रवेश के लिए नीट- स्नातक परीक्षा पहली बार 13 भाषाओं में आयोजित की जाएगी। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने मंगलवार को यह जानकारी दी। पंजाबी और मलयाली को परीक्षा के माध्यम के रूप में जोड़ा गया है। मंत्री ने कहा कि पश्चिम एशिया में भारतीय छात्रों की सुविधा के लिए राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) का कुवैत में एक नया परीक्षा केंद्र खोला गया है। उन्होंने ट्वीट किया, “नीट-स्नातक 2021 के लिए पंजीकरण आज शाम पांच बजे से (वेबसाइट पर) शुरू हो गया है। नीट (स्नातक) परीक्षा के इतिहास में पहली बार पश्चिम एशिया के छात्रों की सुविधा के लिए कुवैत में एक परीक्षा केंद्र खोला गया है।” उन्होंने कहा, “नीट (स्नातक) 2021 परीक्षा पहली बार 13 भाषाओं में आयोजित की जाएगी और पंजाबी तथा मलयाली भाषा को (माध्यम के रूप में) जोड़ा गया है।” प्रधान ने कहा कि अब हिंदी, पंजाबी, असमी, बंगाली, ओड़िया, गुजराती, मराठी, तेलुगु, मलयालम, कन्नड़, तमिल, उर्दू और अंग्रेजी में परीक्षा आयोजित होगी।
- देहरादून। उत्तराखंड सरकार ने मंगलवार को कांवड़ यात्रा को स्थगित कर दिया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और मुख्य सचिव डॉ एसएस संधु, पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों की यहां राज्य सचिवालय में कांवड़ यात्रा के संबंध में हुई एक बैठक में यह निर्णय किया गया। बैठक के बाद मुख्यमंत्री धामी ने संवाददाताओं को बताया, ‘‘हरिद्वार को हम कोरोना वायरस महामारी का केंद्र नहीं बनाना चाहते और लोगों का जीवन हमारे लिए प्राथमिकता है जिससे हम खिलवाड़ नहीं कर सकते।'' धामी ने कहा कि पड़ोसी राज्यों के अधिकारियों से बातचीत करने के बाद यह निर्णय किया गया है। यह पूछे जाने पर कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कांवड़ यात्रा को टालना नहीं चाहते थे, धामी ने केवल इतना कहा कि ‘‘हमने यात्रा स्थगित करने का निर्णय ले लिया है।'' यह पूछे जाने पर कि अगर कांवड़िए राज्य में घुसते हैं तो इस स्थिति से कैसे निपटा जाएगा, मुख्यमंत्री ने कहा कि वह लोगों से न आने की अपील करते हैं क्योंकि महामारी के इस दौर में लोगों का जीवन बचाना ज्यादा जरूरी है। उन्होंने कहा कि भगवान भी नहीं चाहते कि लोगों के जीवन की हानि हो। कोविड-19 की दूसरी लहर के प्रकोप के दौरान हरिद्वार कुंभ को लेकर प्रदेश सरकार को खासी किरकिरी झेलनी पड़ी थी और ऐसा माना जा रहा है कि अगले साल की शुरूआत में होने वाले विधानसभा चुनावों से पहले सरकार ऐसा कोई कदम नहीं उठाना चाहती जिससे उसे फिर फजीहत झेलनी पड़े। इससे पहले, बैठक में कोविड के ‘डेल्टा प्लस' स्वरूप के पाए जाने, कोविड की तीसरी लहर की आशंका और संक्रमण के दुष्प्रभावों के संबंध में गहन विचार-विमर्श किया गया। इस संबंध में विशेषज्ञों की राय पर भी विचार किया गया। मुख्यमंत्री धामी ने गृह सचिव और पुलिस महानिदेशक को निर्देश दिया कि वे पड़ोसी राज्यों के अधिकारियों से समन्वय स्थापित करते हुए उनसे इस संबंध में प्रभावी कार्रवाई करने को कहें ताकि वैश्विक महामारी को रोकने में सफलता मिल सके। यह लगातार दूसरा साल है जब महामारी के कारण कांवड़ यात्रा का संचालन नहीं किया जा रहा है। भारतीय चिकित्सा संघ ने भी हाल में मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर प्रदेश और देश के हित में यात्रा को अनुमति न देने को कहा था। श्रावण माह से शुरू होने के साथ ही पखवाड़े भर चलने वाली कांवड़ यात्रा हर साल अगस्त के पहले सप्ताह तक चलती है और इस दौरान उत्तर प्रदेश, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, राजस्थान और दिल्ली जैसे राज्यों से लाखों की संख्या में शिवभक्त गंगा जल लेने हरिद्वार आते हैं। गंगा जल से वे अपने गांवों के शिवालयों में भगवान शिव का अभिषेक करते हैं।
- नयी दिल्ली। दक्षिण-पश्चिम मॉनसून ने आखिरकार पांच दिनों की देरी के बाद मंगलवार को पूरे देश को आच्छादित कर लिया, जिससे दिल्ली सहित उत्तर भारत के कुछ हिस्सों में भारी बारिश हुई जहां बारिश नहीं होने के कारण लोग गर्मी से परेशान थे। दक्षिण-पश्चिम मॉनसून आमतौर पर 8 जुलाई को पूरे देश में दस्तक दे देता है।इस साल, मॉनसून 12 जुलाई को दिल्ली से पहले राजस्थान के जैसलमेर और गंगानगर के अपने आखिरी पड़ावों पर पहुंचा। आमतौर पर, मॉनसून दिल्ली में आने के लगभग नौ दिन बाद 8 जुलाई को इन दोनों जिलों में पहुंचता है। दिल्ली का मॉनसून का इंतजार आज इसके कुछ हिस्सों में बारिश के बाद खत्म हो गया। मौसम अधिकारियों का कहना है कि इसकी शुरुआत निर्धारित समय से दो सप्ताह की देरी से हुई है, जिससे यह 19 वर्षों में सबसे अधिक विलंबित हो गया है। पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर और राजस्थान के कुछ हिस्सों में बारिश हुई है। हिमाचल प्रदेश में, कांगड़ा जिले की बोह घाटी में भूस्खलन के बाद बचाव अभियान जारी है, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई और नौ अन्य के अभी मलबे के नीचे फंसे होने की आशंका है। एक अधिकारी ने मंगलवार को कहा कि राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की एक टीम ने सोमवार को चार लोगों को बचाया और अन्य लोगों को मलबे से बाहर निकालने का प्रयास किया जा रहा है। भारी बारिश ने पहाड़ी राज्य में सामान्य जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है और कई जिलों में बाढ़ जैसी स्थिति पैदा कर दी है। दिल्लीवासियों को सड़कों पर आने-जाने में कठिनाई का सामना करना पड़ा क्योंकि भारी बारिश के कारण जलभराव के कारण यातायात जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई जिससे कई व्यस्त सड़कों पर वाहनों की कतार लग गई। पिछले एक महीने के दौरान मौसम विभाग ने सटीक भविष्यवाणी करने के लिए संघर्ष किया कि मॉनसून राजधानी में कब पहुंचेगा और उसे तब तीखी आलोचना का सामना करना पड़ा जब मॉनसून ने अनुकूल परिस्थितियों के बावजूद कई बार दिल्ली वालों को निराश किया। मंगलवार को मॉनसून आखिरकार राष्ट्रीय राजधानी पहुंचा। सफदरजंग वेधशाला ने आज सुबह 8:30 से शाम 5:30 बजे के बीच 28.1 मिलीमीटर बारिश दर्ज की। कुल मिलाकर, दिल्ली में अब तक सामान्य से 65 प्रतिशत कम बारिश हुई है, जिससे यह "वर्षा की बड़ी कमी" वाले राज्यों की श्रेणी में आ गया है। केरल में, दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के प्रभाव में राज्य के कई हिस्सों में बारिश जारी है और मौसम विभाग ने पहाड़ी इडुक्की जिले के लिए ऑरेंज अलर्ट और 11 अन्य जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने कोट्टायम, पतनमतिट्टा, कोल्लम, एर्नाकुलम, त्रिशूर, पलक्कड़, मलप्पुरम, कोझीकोड, वायनाड, कन्नूर और कासरगोड जिलों के लिए मंगलवार के वास्ते येलो अलर्ट जारी किया है। अधिकारियों ने बताया कि मध्य प्रदेश के दतिया और श्योपुर जिलों में सोमवार को बिजली गिरने से एक नाबालिग लड़की सहित तीन लोगों की मौत हो गई और दो अन्य झुलस गए। इससे पहले राज्य के अलग-अलग हिस्सों में इसी तरह की घटनाओं में 12 लोगों की मौत हो गई थी और 11 घायल हो गए थे। हरियाणा और पंजाब के कुछ हिस्सों में भारी बारिश के बाद तापमान सामान्य सीमा से नीचे रहा। मौसम विभाग के अनुसार, हरियाणा के कई स्थानों पर बारिश हुई, जबकि अमृतसर और पटियाला सहित पंजाब के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हुई। हरियाणा के करनाल में दिन के दौरान (190 मिमी) बारिश हुई, जबकि हिसार, रोहतक, गुरुग्राम और भिवानी में भी बारिश हुई। मौसम विभाग ने कहा कि उत्तर प्रदेश में छिटपुट स्थानों पर गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश हुई।ललितपुर, बरेली, कुशीनगर, झांसी, हाथरस, बुलंदशहर, कन्नौज, संत कबीर नगर, लखनऊ, सिद्धार्थ नगर, बांदा, महोबा, संभल और अलीगढ़ में बारिश हुई। फतेहगढ़ राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां पारा 39.7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। आईएमडी के अनुसार, इन परिस्थितियों के प्रभाव में, अगले तीन दिनों के दौरान उत्तर पश्चिम भारत के कुछ हिस्सों में व्यापक वर्षा होने की संभावना है और अगले पांच दिनों के दौरान उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा होने की संभावना है तथा 14 और 17 जुलाई को हिमाचल प्रदेश में वर्षा होगी।
- अहमदाबाद। गुजरात सरकार ने मंगलवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पुनर्विकसित गांधीनगर रेलवे स्टेशन के ऊपर बने एक नवनिर्मित पांच सितारा होटल और कई अन्य बड़ी परियोजनाओं का उद्घाटन 16 जुलाई को डिजिटल तरीके से करेंगे। गांधीनगर में मौजूदा रेलवे स्टेशन का पुनर्विकास और स्टेशन के ऊपर पांच सितारा होटल का निर्माण जनवरी 2017 में शुरू हुआ था जब मोदी ने इसकी आधारशिला रखी थी। गुजरात सरकार की एक विज्ञप्ति में कहा गया है कि अब स्टेशन और होटल तैयार हैं और 16 जुलाई को शाम 4 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए प्रधानमंत्री इसका उद्घाटन करेंगे। विज्ञप्ति में कहा गया है कि 318 कमरों वाला और एक निजी संस्था द्वारा संचालित होने वाला यह लग्जरी होटल 7,400 वर्ग मीटर में फैला है और इसे 790 करोड़ रुपये की लागत से बनाया गया है। यह होटल राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मेहमानों की मेजबानी करेगा, जो स्टेशन के सामने ही बनाये गये महात्मा मंदिर में सेमिनारों और सम्मेलनों में भाग लेने के लिए आएंगे। विज्ञप्ति में कहा गया है कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी उद्घाटन में ऑनलाइन शामिल होंगे, वहीं रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी और अन्य गणमान्य व्यक्ति गांधीनगर में एक समारोह में मौजूद रहेंगे। इसमें कहा गया है कि बाद में, प्रधानमंत्री अहमदाबाद के साइंस सिटी में एक जलीय गैलरी, एक रोबोटिक गैलरी और एक नेचर पार्क का डिजिटल उद्घाटन करेंगे। विज्ञप्ति में कहा गया है कि ऑनलाइन कार्यक्रम के दौरान मोदी गांधीनगर-वाराणसी साप्ताहिक सुपरफास्ट ट्रेन और गांधीनगर-वरेथा मेमू ट्रेन को भी हरी झंडी दिखाएंगे। वह नई विद्युतीकृत मेहसाणा-वरेथा ब्रॉडगेज रेल लाइन का भी उद्घाटन करेंगे, जो वडनगर (प्रधानमंत्री मोदी के गृहनगर) से होकर गुजरती है।
- गुमला (झारखंड) । जिले के कुरुमगढ़ थाना क्षेत्र में केरागानी के जंगलों में नक्सल विरोधी अभियान के दौरान मंगलवार को माओवादियों द्वारा किये गये बारूदी सुरंग (आईईडी) विस्फोट में केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल की 203 कोबरा बटालियन का एक जवान गंभीर रूप से घायल हो गया वहीं ‘द्रोण' नामक खोजी कुत्ता मारा गया। गुमला के पुलिस अधीक्षक एच पी जनार्दनन ने बताया कि कुरुमगढ़ थाना क्षेत्र के केरागानी जंगल में माओवादियों के द्वारा बिछायी गयी आइईडी की चपेट में आने से केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल का जवान विश्वजीत कुंभकार गंभीर रूप से घायल हो गया जबकि खोजी कुत्ता ‘द्रोण' मारा गया। उन्होंने बताया कि घायल जवान को हेलीकॉप्टर से रांची के मेडिका अस्पताल पहुंचाया गया जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। अस्पताल के सलाहकार आनंद श्रीवास्तव ने बताया कि जवान को कई चोट आई हैं और वह गंभीर है। पुलिस अधीक्षक के अनुसार केरागानी जंगल में माओवादियों के होने की सूचना पर गुमला से कोबरा बटालियन के जवान, सीआरपीएफ के जवान व चैनपुर पुलिस के जवान मिलकर अभियान चला रहे थे। पुलिस सूत्रों ने बताया कि श्वान ‘द्रोण' कई वर्षों से सीआरपीएफ के साथ नक्सल निरोधी अभियान में सक्रिय था और झारखंड के अनेक इलाकों में उसने अनेक सफल कार्रवाइयों में सुरक्षा बलों की मदद की थी।-file photo



















.jpg)






.jpeg)
.jpg)