- Home
- देश
- केंद्रपाड़ा।ओडिशा के केंद्रपाड़ा जिले में 32 वर्षीय एक व्यक्ति ने अपने भाई की कथित तौर पर हत्या कर दी। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। इस संबंध में एक अधिकारी ने दर्ज मामले के आधार पर बताया कि सोबाला गांव में शुक्रवार रातआरोपी सुरेंद्र समल ने गुस्से में आकर अपने छोटे भाई राजेंद्र समल (30) पर लकड़ी के तख्ते से वार किया, जिससे घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। पट्टामुंडई थाने के निरीक्षक राकेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि राजेंद्र के सिर पर चोट आई थी और रक्तस्राव की वजह से उसकी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी घटनास्थल से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
- फतेहपुर (उप्र)। जिले में हुसेनगंज थाना क्षेत्र के फतेहपुर-लखनऊ मार्ग पर शुक्रवार की रात पिकअप वाहन से कुचल कर मोटरसाइकिल सवार दो युवकों की मौत हो गयी। हादसे में एक युवक घायल है। हुसेनगंज थाने के प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) रणवीर सिंह ने शनिवार को बताया कि शुक्रवार की रात करीब नौ बजे पेट्रोल पंप के नजदीक एक पिकअप वाहन (सामान ढोने वाला छोटा वाहन) ने मोटरसाइकिल सवार तीन युवकों को कुचल दिया, जिससे रामपुर पिलही गांव के रहने वाले हरी (22) और दीपक (19) की मौके पर मौत हो गयी। एसएचओ ने बताया कि इस हादसे में मोटू उर्फ राकेश (23) गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। उन्होंने बताया कि शव कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिए गए हैं और हादसे के जिम्मेदार वाहन की तलाश की जा रही है।
- नोएडा। गौतमबुद्ध नगर जिले के नॉलेज पार्क कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में रहने वाले एक ही स्कूल के चार नाबालिग छात्र-छात्राओं का विवाह चाइल्ड हेल्पलाइन और पुलिस ने मिलकर रुकवा दिया। यह कार्रवाई मुख्यमंत्री पोर्टल पर अज्ञात व्यक्ति द्वारा की गई शिकायत आधार पर की गई है। ग्रेटर नोएडा चाइल्ड हेल्पलाइन के अदनान उस्मानी ने बताया कि किसी अनजान व्यक्ति ने मुख्यमंत्री के आईजीआरएस पोर्टल के जरिए शिकायत की थी कि कोतवाली नॉलेज पार्क क्षेत्र के एक गांव में दो नाबालिग बहनों का विवाह पड़ोस के गांव के दो नाबालिग भाइयों से किया जा रहा है। शिकायत मिलने पर जिला प्रोबेशन अधिकारी ने चाइल्ड लाइन टीम को जांच कर उचित कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि चाइल्ड हेल्पलाइन की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की तो पता चला कि गांव में विवाह की तैयारी चल रही है। यह विवाह शुक्रवार को होना था। टीम ने चारों नाबालिग छात्र-छात्राओं से बात की और उनकी उम्र से संबंधित दस्तावेजों की गहनता से जांच-पड़ताल की। उन्होंने बताया कि इस दौरान टीम को जानकारी मिली कि जिन लड़कियों का विवाह होने वाला है उनकी आयु 14 से 16 वर्ष के बीच है। साथ ही जिन लड़कों से विवाह संपन्न होने है वे दोनों लड़के भी नाबालिग हैं। इसके बाद हरकत में आई टीम ने विवाह रुकवा दिया। अपर पुलिस उपायुक्त (जोन तृतीय) राजेश कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस ने नाबालिग छात्र- छात्राओं को परिजनों को हिदायत दी है कि अगर वे भविष्य में इस तरह के कृत्य करते हैं, तो उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
- नयी दिल्ली।दिल्ली पुलिस ने लॉकडाउन के दौरान सख्ती दिखाते हुए कोविड-19 संबंधी दिशा-निर्देशों का उल्लंघन करने वाले 1.60 लाख से अधिक लोगों पर जुर्माना लगाया। आधिकारिक आंकड़ों में यह जानकारी सामने आई है। आंकड़ों के मुताबिक 19 अप्रैल से दो जुलाई के बीच 1.37 लाख लोगों पर मास्क नहीं पहनने को लेकर जुर्माना लगाया गया जबकि शारीरिक दूरी के नियम का उल्लंघन करने के मामले में 22 हजार चालान काटे गए। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने पिछले महीने लॉकडाउन संबंधी पाबंदियों में कई प्रकार की छूट देते हुए कहा था कि कोविड की स्थिति में सुधार को देखते हुए राजधानी की अर्थव्यवस्था को दोबारा पटरी पर लाना भी आवश्यक है। दिल्ली पुलिस के अतिरिक्त जनसंपर्क अधिकारी (पीआरओ) अनिल मित्तल की ओर से साझा किए गए आंकड़ों के मुताबिक राष्ट्रीय राजधानी में लॉकडाउन के दौरान कोविड-19 संबंधी दिशा-निर्देशों का उल्लंघन करने के मामले में 1,62,526 चालान काटे गए हैं। दिल्ली में मास्क नहीं पहनने को लेकर 1,37,872 चालान काटे गए जबकि शारीरिक दूरी के नियम का उल्लंघन करने के मामले में 22,874 लोगों पर जुर्माना लगाया गया। वहीं, बड़ी संख्या में लोगों को एकत्र कर कार्यक्रम करने के मामले में 1,552 चालान जारी किए गए, सार्वजनिक स्थानों पर थूकने के मामले में 72 लोगों पर जुर्माना लगाया गया तथा शराब, पान, गुटखा और तंबाकू का सेवन करने के मामले में 156 लोगों पर कार्रवाई की गयी। दिल्ली सरकार ने पिछले महीने लॉकडाउन संबंधी पाबंदियों में ढील देते हुए शराब की दुकानों समेत सभी प्रकार की दुकानों को खोलने की अनुमति प्रदान कर दी है। इसके बाद चरणबद्ध तरीके से बैंक्वेट, मैरिज हॉल और होटलों में 50 लोगों की क्षमता के साथ शादी समारोह आयोजित करने की अनुमति भी दी। योग केन्द्रों और जिम को खोलने की भी इजाजत दे दी गयी है। हालांकि, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) के आदेश के अनुसार, स्कूल, कॉलेज और शैक्षणिक संस्थान, सिनेमाघर, मल्टीप्लेक्स, स्विमिंग पूल और मनोरंजन पार्क फिलहाल बंद रहेंगे।
- जींद (हरियाणा) । जिले के शाहपुर गांव के के पास शनिवार की सुबह एक तेज रफ्तार डंपर ने स्कूटी सवार दो महिलाओं को कुचल दिया। घटना में दोपहिया सवार चाची-भतीजी की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि गांव बधाना निवासी 51 वर्षीय बिमला अपनी भतीजी अंशुल (30) के साथ स्कूटी से बधाना जा रही थी। रास्ते में शाहपुर बस अड्डा के पास पीछे से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने उन्हें टक्कर मारी और उन्हें कुचल कर फरार हो गया। दुर्घटना में बिमला और अंशुल की मौके पर ही मौत हो गई। सदर थाना प्रभारी दिनेश कुमार ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
- भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में सरकारी अस्पताल के 64 वर्षीय एक डॉक्टर ने शनिवार को अपने सरकारी आवास पर कथित रूप से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने बताया कि डॉक्टर के आत्महत्या करने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है।हबीबगंज थाने के प्रभारी निरीक्षक राकेश श्रीवास्तव ने बताया कि भोपाल के सरकारी जेपी अस्पताल में पदस्थ चिकित्सक हजारी लाल भूरिया ने शनिवार को अपने आवास पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। उन्होंने बताया कि डॉक्टर यहां अपने आवास में अकेले ही रहते थे। उन्होंने कहा कि डॉक्टर भूरिया का घरेलू सहायक शनिवार सुबह करीब आठ बजे अस्पताल परिसर में स्थित उनके आवास पर पहुंचा तो उसने डॉक्टर को फांसी पर लटका हुआ देखा। उन्होंने बताया कि डॉक्टर के इस आत्मघाती कदम का कारण फिलहाल पता नहीं चल सका है। मृतक के परिवार के सदस्यों के बयान दर्ज किए जाना बाकी है। मामले में जांच जारी है।
- नयी दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खुदरा एवं थोक व्यापार को सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उपक्रमों (एमएसएमई) के तहत लाने के फैसले को शनिवार को ‘‘ऐतिहासिक'' करार दिया और कहा कि उनकी सरकार इस समुदाय को सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। खुदरा एवं थोक व्यापार को एमएसएमई के तहत लाने के फैसले के कारण खुदरा और थोक व्यापारियों को भी बैंकों तथा वित्तीय संस्थानों से प्राथमिकता प्राप्त श्रेणी में ऋण उपलब्ध हो सकेगा। केंद्रीय एमएसएमई मंत्री नितिन गडकरी ने खुदरा और थोक व्यापार को एमएसएमई के तहत लाने की शुक्रवार को घोषणा की थी। इससे ये क्षेत्र भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के दिशा-निर्देशों के अनुरूप बैंकों की प्राथमिकता प्राप्त श्रेणी के तहत ऋण का लाभ उठा सकेंगे। मोदी ने ट्वीट किया, ‘‘हमारी सरकार ने खुदरा एवं थोक व्यापार को एमएसएमई में शामिल करने का ऐतिहासिक कदम उठाया है। इससे हमारे करोड़ों व्यापारियों को आसानी से ऋण मिलने में मदद मिलेगी। उन्हें कई अन्य लाभ मिलेंगे और उनके कारोबार को भी बढ़ावा मिलेगा। हम हमारे व्यापारियों को सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।'' आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि सरकार के इस फैसले ने 250 करोड़ रुपए तक का कारोबार करने वाले छोटे खुदरा एवं थोक विक्रेताओं पर तत्काल प्रभाव पड़ेगा और उन्हें आत्मनिर्भर भारत कार्यक्रम के तहत घोषित विभिन्न योजनाओं के तहत तत्काल ऋण मिल सकेगा। खुदरा एवं व्यापार संघों ने भी इस कदम का स्वागत किया है और कहा है कि इससे कोविड-19 के कारण बुरी तरह प्रभावित कारोबारियों को पूंजी मिल सकेगी, जिसकी उन्हें बहुत आवश्यकता है।
- बाराबंकी (उप्र) । बाराबंकी जिले के कोतवाली नगर थाना क्षेत्र में आलापुर सफीपुर रेलवे फाटक के पास शनिवार को एक प्रेमी जोड़े ने ट्रेन के आगे कूदकर कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने कहा कि एक ही मोहल्ले के सुरेश (26) और ज्योति (20) ने कथित तौर पर प्यार में नाकाम रहने के बाद चलती ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। अपर पुलिस अधीक्षक अवधेश सिंह ने बताया कि दोनों यहां के गांधीनगर मोहल्ले के रहने वाले थे। उन्होंने कहा कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
- जयपुर। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की टीम ने शनिवार को करौली में जयपुर डिस्कॉम के एक तकनीकी सहायक को 16 हजार रुपये की कथित रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया। ब्यूरो के प्रवक्ता ने यहां बताया कि आरोपी तकनीकी सहायक-द्वितीय लक्ष्मीराज करौली जिले में ग्रिड सब स्टेशन अमरवाड़ (सपोटरा) में तैनात है। परिवादी द्वारा शिकायत दी गई कि उसके घरेलू कनेक्शन को कटवाने (डी.सी. रिपोर्ट करने) की एवज में आरेापी तकनीकी सहायक लक्ष्मीराज द्वारा 20 हजार रुपये रिश्वत मांगकर परेशान किया जा रहा है। ब्यूरो की टीम ने शिकायत का सत्यापन कर शनिवार को आरोपी लक्ष्मीराज को परिवादी से 16 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोपी के निवास व अन्य ठिकानों की तलाशी ली जा रही है।
- नई दिल्ली। स्वास्थ्य मंत्रालय की राष्ट्रीय टेलीमेडिसिन सेवा-ई-संजीवनी ने 70 लाख परामर्श देकर एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल कर दी है। इस नूतन डिजिटल माध्यम से मरीज रोजाना डॉक्टरों और विशेषज्ञों से परामर्श लेते हैं।जून में ई-संजीवनी ने एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की थी जब उसने करीब साढे 12 लाख मरीजों को सेवा उपलब्ध कराई। यह पिछले वर्ष मार्च में आरंभ इस सेवा का उपयोग करने वालों की सबसे बड़ी संख्या है। राष्ट्रीय टेलीमेडिसिन सेवा इस समय 31 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में उपलब्ध है। इस प्लेटफार्म से अब तक 32 लाख रोगियों को सेवा उपलब्ध कराई गई है। पिछले वर्ष अप्रैल में देशभर में पहले लॉकडाउन के तुरंत बाद स्वास्थ्य मंत्रालय ने ई-संजीवनी ओपीडी सेवा शुरू की। यह रोगी और डॉक्टर के बीच परामर्श का डिजिटल प्लेटफार्म है जो मरीजों को उनके घर पर ही स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध कराता है।
- नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि सरकार ने खुदरा और थोक व्यापार को सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम-एम एस एम ई के अंतर्गत शामिल करके एक ऐतिहासिक निर्णय किया है। एक ट्वीट ने श्री मोदी ने कहा कि इससे हमारे करोड़ों व्यापारियों को आसान शर्तों पर धन जुटाने सहित विभिन्न प्रकार के अन्य लाभ मिलेंगे और इससे उन्हें व्यापार बढ़ाने में मदद मिलेगी।प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार व्यापारियों के सशक्तिकरण के प्रति वचनबद्ध है। इससे पहले कल एम एस एम ई मंत्री नितिन गडकरी ने सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों के लिए संशोधित दिशानिर्देश जारी किए थे। इनमें खुदरा और थोक व्यापार को एम एस एम ई में शामिल करने की व्यवस्था है। श्री गडकरी ने कहा था कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सरकार एम एस एम ई को बढावा दे रही है, ताकि उन्हें आर्थिक विकास का इंजन बनाया जा सके। मंत्री ने कहा कि संशोधित दिशानिर्देशों से करीब ढ़ाई करोड़ खुदरा और थोक व्यापारियों को लाभ होगा।
- नई दिल्ली। भारतीय टीका कोवैक्सीन तीसरे चरण के परीक्षणों में लक्षणों वाले मरीजों पर 77 प्रतिशत से अधिक कारगऱ सिद्ध हुआ है। भारत बायोटेक ने आज तीसरे चरण के परीक्षणों का ब्यौरा जारी किया। कंपनी ने भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद और राष्ट्रीय विषाणु विज्ञान संस्थान के साथ मिलकर इस टीके को तैयार किया है।ये परीक्षण 18 से 98 वर्ष आयु वर्ग के 25 हजार 800 व्यक्तियों पर देश भर में 25 स्थानों पर किए गए। कोवैक्सीन कोविड के गंभीर मरीजों पर 93 प्रतिशत और इसके डेल्टा स्वरूप से प्रभावित लोगों पर 65 प्रतिशत प्रभावी साबित हुई है। परीक्षणों के परिणामों पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए, भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद के महानिदेशक, बलराम भार्गव ने कहा कि परिषद और भारत बायोटेक के वैज्ञानिकों ने उच्चतम अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप टीका तैयार करने के लिए अथक प्रयास किया। उन्होंने कहा कि कोवैक्सिन से न केवल भारतीय नागरिकों को लाभ होगा, बल्कि यह महामारी के खिलाफ वैश्विक समुदाय को सुरक्षा प्रदान करने में भी प्रभावशाली साबित होगा। श्री भार्गव ने इस बात पर भी प्रसन्नता व्यक्त की कि कोवैक्सीन कोरोना के सभी प्रकार के स्वरूपों से निपटने में कामयाब रहा है।
- देहरादून। केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर और अन्य बीजेपी नेताओं की बैठक में पुष्कर सिंह धामी को विधायक दल का नेता चुन लिया गया। इस तरह से उत्तराखंड के नए मुख्यमंत्री के लिए पुष्कर सिंह धामी के नाम पर मुहर लग गई। धामी ऊधमसिंहनगर जिले की खटीमा विधानसभा सीट से विधायक हैं।इस दौरान प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने पुष्कर धामी के नाम का प्रस्ताव रखा। इसके बाद बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने अनुमोदित किया। उधर, उत्तराखंड बीजेपी विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि मेरी पार्टी ने एक सामान्य से कार्यकर्ता को सेवा का अवसर दिया है। जनता के मुद्दों पर हम सबका सहयोग लेकर काम करेंगे। इससे पहले शनिवार को केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर की मौजूदगी में बीजेपी विधायक दल की बैठक हुई। इसमें पुष्कर सिंह धामी को विधायक दल का नेता चुन लिया गया। इस दौरान बैठक में बीजेपी के राष्ट्रीय महामंत्री और प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम, राष्ट्रीय महामंत्री डी पुरंदेश्वरी भी मौजूद रहीं।साल 2017 में हुए विधानसभा चुनाव में प्रचंड बहुमत लेकर आई भारतीय जनता पार्टी 5 साल में राज्य को तीसरा मुख्यमंत्री दिया है। वैसे तो सीएम की दौड़ में कई नाम थे, लेकिन सबको चौंकाते हुए बीजेपी आलाकमान ने पुष्कर सिंह धामी के नाम पर मुहर लगा कर सबको हैरान कर दिया है।
- सवाई माधोपुर। सवाई माधोपुर के खेड़ली फाटक रेलवे ट्रैक पर शनिवार सुबह एक प्रेमी युगल ने मालगाड़ी के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली। युवक-युवती घर से रात को परिजनों को बिना बताए निकल आए और आत्महत्या कर ली।कोतवाली थाना प्रभारी चन्द्रभान ने बताया कि खेड़ली फाटक रेलवे ट्रैक पर एक मालगाड़ी के सामने कूदकर युवक-युवती ने आत्महत्या कर ली। जिसकी सूचना रेलवे स्टाफ द्वारा मानटाउन पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही मानटाउन थाना पुलिस मौके पर पहुंची। मानटाउन पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेने के बाद घटना थाना कोतवाली सवाई माधोपुर के अन्तर्गत होना पाया। जिसके बाद मानटाउन थाना पुलिस ने घटना की जानकारी कोतवाली थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। मौका-मुआयना करने के बाद पुलिस ने दोनों शवों को अपने कब्जे में लिया। पुलिस द्वारा दोनों शवों की शिनाख्त करवायी गयी। जिसके बाद शवों को जिला अस्पताल की मोर्चरी में लाया गया। जहां शवों को पोस्टमार्टम कर शवों को उनके परिजनों को सौंप दिया गया। युवती की पहचान आटूण कला निवासी कीमत (23) तथा युवक की पहचान धमूण निवासी शंकर मीणा (32) के रुप में हुई है।
- अवैध संबंध के चलते नहर में डुबो कर मारा था मामी को...!हरिद्वार। सिडकुल थाना क्षेत्र में युवक ने कथित तौर पर अपनी मामी को अवैध संबंध के चलते नहर में डुबो कर मार दिया। पुलिस ने आरोपी भांजे को रोशनाबाद से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी का एक दोस्त फरार है।थाना प्रभारी लखपत सिंह बुटोला ने बताया कि पूछताछ में आरोपी भांजे ने बताया कि उसके और उसकी मामी लता चौहान के शारारिक संबंध थे। लेकिन जब उसको पता चला कि उसकी मामी किसी और को चाहने लगी है उसके अन्य किसी और से संबंध बनाए हैं। ऐसे में गुस्साए आरोपी भांजे ने मामी को सलेमपुर स्थित नहर में ले जाकर डूबा दिया। घटना बीते माह 10 जून की है।थाना प्रभारी लखपत सिंह बुटोला ने बताया कि मृतका की बेटी काजल पुत्री हरिओम सिंह निवासी हेत्तमपुर की शिकायत पर पुलिस ने 14 जून को गुमशुदगी दर्ज की थी। काजल का कहना था कि उसकी मां बहादराबाद बाजार सामान लेने जाने की बात कहकर घर से गई थी। उसके बाद वापस नही लौटी। हर संभावित स्थानों पर तलाश किया था। बीती दस जून को मृतका का सगा भांजा आरोपी अंकित चौहान अपने आरोपी दोस्त के साथ अपनी मामी को घुमाने की बात कहकर ले गया था। सलेमपुर स्थित नहर में ले जाकर डूबा दिया।थाना प्रभारी लखपत सिंह बुटोला ने बताया कि लता चौहान (38) वर्ष पत्नी हरिओम की हत्या के मामले में आरोपी अंकित चौहान (27)को रोशनाबाद से गिरफ्तार किया है। जबकि उसका एक आरोपी साथी फरार है।
- विवाहिता ने प्रेम संबंधों में बाधा बन रहे पति की कर डाली हत्या...!बठिंडा। पंजाब में बठिंडा जिले के गांव सिरिया वाला में विवाहिता ने प्रेमी और उसके साथी के साथ मिलकर अपने ही पति की कथित तौर पर हत्या कर डाली। पति का कसूर केवल इतना था कि वह पत्नी के अवैध संबंधों में रुकावट बन रहा था।थाना दयालपुरा के प्रमुख इंस्पेक्टर हरबंस सिंह ने बताया कि आरोपी महिला ने पहले पति को शराब पिलाकर उसे बेहोश कर दिया, फिर अपने आरोपी प्रेमी व उसके एक अन्य आरोपी साथी के साथ मिलकर तेजधार हथियार से गला रेतकर उसकी बेहरमी से हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी महिला व उसका कथित आरोपी प्रेमी और उसका आरोपी दोस्त मौके से फरार हो गए। हत्या की सूचना मिलने के बाद थाना दयालपुरा पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया। मृतक के पिता की शिकायत पर आरोपी पत्नी, उसके आरोपी प्रेमी समेत तीन आरोपियों पर हत्या का मामला दर्ज कर अगली कार्रवाई शुरू कर दी है। फिलहाल मामले में किसी भी आरोपित की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।थाना दयालपुरा के प्रमुख इंस्पेक्टर हरबंस सिंह ने बताया कि थाना दयालपुरा पुलिस के पास दर्ज कराई शिकायत में भोला सिंह निवासी गांव सिरिया वाला ने बताया कि उसके बेटे सेवक सिंह का विवाह आरोपी मनदीप कौर निवासी गांव भोडीपुरा के साथ हुआ था। विवाह के बाद उसकी बहू के गांव के ही रहने वाले आरोपी दिलराज सिंह के साथ अवैध संबंध बन गए। जिसका पता उसके बेटे को लग गया था, जिस कारण उसके बेटे सेवक सिंह और आरोपी दिलराज सिंह की आपस में लड़ाई भी हो गई थी। आरोपी दिलराज ने उसके बेटे को जान से मारने की धमकी भी दी।प्रमुख इंस्पेक्टर हरबंस सिंह के अनुसार पीडि़त व्यक्ति ने बताया कि उसकी आरोपी बहू सब्जी में नशीले गोलियां मिलाकर परिवार को देती थी और रात समय अपने प्रेमी को घर बुला लेती थी। भोला सिंह ने बताया कि बीती गुरुवार की रात को आरोपी मनदीप कौर ने पूरे परिवार को सब्ज़ी में नशीले गोलियां मिलाकर दे दी और उसके बेटे को पीने के लिए शराब दे दी, जबकि उसकी बहू ने घर पर रोटी नहीं खाई। इसके कारण उसे नशा नहीं हुआ और रात को दो बजे के करीब खटका सुनकर जब उसकी आंख खुली, तो देखा कि आरोपी दिलराज सिंह और उसका एक साथी आरोपी योधा सिंह और उनकी बहू आरोपी मनदीप कौर ने सेवक सिंह को जमीन पर फेंका हुआ और उसके गले और तेजधार हथियार के साथ बार कर रहे थे। पीडि़त ने बताया कि जब उसने शोर मचाया, तो आरोपी मौके से भाग गए। ज्यादा खून बह जाने कारण उसके बेटे की मौके पर ही मौत हो गई। थाना दयालपुरा के प्रमुख इंस्पेक्टर हरबंस सिंह ने बताया कि मृतक के पिता भोला सिंह की शिकायत पर आरोपी दिलराज सिंह, आरोपी योधा सिंह और आरोपी मनदीप कौर के खि़लाफ हत्या केस दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी के लिए प्रयास शुरू कर दिए है।-file photo
- पति ने समझाया पर नहीं मानी पत्नी और....जबलपुर। पिता और पत्नी के अवैध संबंधों के चलते जबलपुर के बेलखेड़ा के गोकलाहार गांव में डबल मर्डर की घटना हुई। एक बेटे ने पिता और पत्नी को कथित तौर पर कुल्हाड़ी से काट कर मार डाला। बार-बार मना करने, समझाने के बाद भी परिस्थिति के न बदलने पर एक जवान बेटे ने यह कदम उठाया है। पिता और पत्नी की हत्या करने वाला युवक खुद दो बच्चों का पिता है जिसमें एक जवान बेटा और एक बेटी है।बेलखेड़ा टीआई सुजीत श्रीवास्तव के अनुसार पुलिस को शुक्रवार देर रात जबलपुर मुख्यालय से करीब 65 किलोमीटर दूर बेलखेड़ा के गोकलाहार गांव में डबल मर्डर की सूचना मिली। इस संबंध में अर्जुन सिंह लोधी ने पुलिस को बताया कि उसके भतीजे आरोपी संतोष लोधी (35) ने शुक्रवार की देर रात अपने पिता और पत्नी की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी है। इतना ही नहीं इस हत्याकांड का खुलासा भी खुद आरोपी ने ही किया और खुद हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी को लेकर दरवाजे पर बैठ गया। फिलहाल बेलखेड़ा पुलिस ने कुल्हाड़ी और आरोपी के खून से सने कपड़े जब्त कर लिए हैं।बेलखेड़ा टीआई सुजीत श्रीवास्तव के अनुसार सूचना मिलते ही बेलखेड़ा पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची तो पाया कि आरोपी संतोष लोधी रक्तरंजित कुल्हाड़ी के साथ घर के दरवाजे पर बैठा है। पुलिस ने उसे हिरासत में लेने के बाद पुलिस जब घर के अंदर पहुंची तो देखा कि एक कमरे में बिस्तर पर पिता अमान सिंह लोधी (65) लहूलुहान हालत में मृत पड़े थे, तो फर्श पर कविता लोधी (32) खून से लथपथ पड़ी थी। पूरे कमरे में खून फैला था।बेलखेड़ा टीआई सुजीत श्रीवास्तव के अनुसार हिरासत में लिए गए आरोपी संतोष लोधी ने पुलिस को बताया कि पिता और पत्नी ने मर्यादा की सीमा लांघ दी थी जिसके कारण दोनों को मार डाला। आरोपी ने बताया कि उसने तीन दिन पहले भी दोनों को आपत्तिजनक हालत में देखा था। ऐसे में पत्नी को समझाया था। बावजूद इसके शुक्रवार की रात दोनों ने फिर सीमा लांघी। पिता को पत्नी के कमरे से निकलता देख बौखला गया। पिता कमरे में सोने चले गए तो उसने कुल्हाड़ी उठाई और पहले पिता के गर्दन पर ताबड़तोड़ वार कर मार डाला। इसके बाद पत्नी को भी इसी तरह बेरहमी से गर्दन और सिर पर वार कर मार डाला।बेलखेड़ा टीआई सुजीत श्रीवास्तव के अनुसार आरोपी संतोष लोधी और कविता लोधी की शादी 15 साल पहले हुई थी। उनका एक 14 साल का बेटा और 12 साल की बेटी है। पिता के खूनी खेल का मंजर देख दोनों सन्न रह गए। पड़ोस में रहने वाले आरोपी संतोष लोधी के चाचा अर्जुन लोधी दोनों बच्चों को अपने घर ले गए। हत्या के बाद आरोपी संतोष ने ही चाचा को इसकी सूचना दी और हत्या की वजह बताया। आरोपी बोला कि पत्नी व पिता को बहुत समझाया था, लेकिन दोनों नहीं माने।-file photo
- नई दिल्ली। भारत, आर्थिक सहयोग और विकास संगठन-ओईसीडी और जी-20 देशों के समूह के कॉरपोरेट कर की दर से जुड़े वैश्विक समझौते में शामिल हो गया है। वित्त मंत्रालय की प्रेस विज्ञाप्ति के अनुसार ओईसीडी के सदस्यों और जी-20 देशों ने एक उच्च स्तरीय बयान दिया है जिसमें अर्थव्यवस्था की डीजिटलीकरण से उत्पन्न कर संबद्ध चुनौतियों का सर्वसहमति से निकले हल की रुपरेखा शामिल है।प्रस्तावित हल के दो पहलू हैं- अतिरिक्त लाभ का पुनर्आवंटन उन देशों को करना जहां से लाभ प्राप्त हुआ है और कर संबंधित नियमों के तहत न्यूनतम कर की दर लागू करना। हालांकि इस प्रस्ताव के तकनीकी ब्यौरे पर आने वाले महीनों में काम किया जायेगा और उम्मीद है कि अक्टूबर तक सर्वसम्मति से समझौता तैयार हो जायेगा। वित्त मंत्रालय ने आज जारी बयान में कहा कि जिन सिद्धांतों के आधार पर यह हल निकाला गया है, उन से भारत द्वारा की गई इस मांग को बल मिलता है कि जिन देशों में बिक्री से लाभ कमाया गया हो, उन देशों को कंपनियों द्वारा लाभ का अधिक हिस्सा आवंटित किया जाये। मंत्रालय ने कहा कि भारत ऐसे हल के हक में है जो आसानी से लागू किया जा सके और जिसका पालन करना भी आसान हो। इसके साथ ही इस हल के द्वारा उन देशों, खासकर विकासशील और उभरती अर्थव्यवस्थाओं को, जहां से यह लाभ कमाया जा रहा है, उन्हें महत्वपूर्ण और स्थायी राजस्व उपलब्ध होना चाहिए।शुरु में वैश्विक न्यूनतम कर का प्रस्ताव अमेरीका ने प्रस्तुत किया था। कल ओईसीडी और जी-20 देशों ने भी इसे अपना लिया है। विश्वभर में अलग-अलग देशों में कर से जुड़े नियमों में अंतर का गलत फायदा उठाने वाली विशाल बहुराष्ट्रीय कंपनियों द्वारा इस्तेमाल की जा रही कर से बचने की रणनीति को विफल करने के लिए सब देश मिलकर इस बात पर तैयार हुए हैं।वैश्विक सकल घरेलू उत्पाद का 90 प्रतिशत से अधिक हिस्से का प्रतिनिधित्व करने वाले लगभग एक सौ 30 देशों ने 15 प्रतिशत के न्यूनतम वैश्विक कॉरपोरेट कर की दर को स्वीकृति दे दी है। इन देशों ने ऐमेजॉन और गूगल जैसी विशाल डीजिटल कंपनियों समेत बहुराष्ट्रीय कंपनियों के लाभ और कर के ज्यादा उचित आवंटन पर भी सहमति दी है। हालांकि इन कंपनियों पर कर की न्यूनतम दर पर सहमति न देने वाले चंद देशों में हंगरी और आयरलैंड शामिल हैं।
- नई दिल्ली। राष्ट्रव्यापी टीकाकरण अभियान के अंतर्गत अब तक 34 करोड़ से अधिक टीके लगाये जा चुके हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया है कि पिछले 24 घंटों के दौरान 43 लाख 60 हजार से अधिक का टीकाकरण किया गया।स्वास्थ्य कर्मचारियों को एक करोड़ 74 लाख से अधिक और दो करोड़ सात लाख से अधिक टीके अग्रिम पंक्ति के कार्यकर्ताओं को टीके लगाये गये। 18 से 44 वर्ष आयु वर्ग के लोगों को 9 करोड़ 63 लाख, 45 से 59 वर्ष आयु वर्ग के लोगों को दस करोड़ 6 लाख और साठ वर्ष से अधिक की आयुवर्ग के पात्र लोगों को 9 करोड़ 26 लाख टीके लगाये जा चुके हैं।स्वस्थ होने की दर बढ़कर 97.01 प्रतिशत हो गई है। पिछले 24 घंटों के दौरान 59 हजार से अधिक मरीज स्वस्थ हुए। दो करोड़ 95 लाख से अधिक लोग अब तक इस संक्रमण से ठीक हो चुके हैं। आज लगातार 50 वें दिन ठीक होने वालों की संख्या नये मामलों से अधिक है।साप्ताहिक संक्रमण की दर पांच प्रतिशत से कम बनी हुई है और वर्तमान में 2.57 प्रतिशत पर आ गई है। दैनिक संक्रमण दर 2.48 प्रतिशत है, जो कि लगातार 25वें दिन पांच प्रतिशत से कम रह गई है। पिछले 24 घंटों के दौरान 853 मरीजों की इस संक्रमण से मौत हुई। इसके साथ ही कुल मृतक संख्या चार लाख 312 हो गई है। मंत्रालय ने बताया है कि कोविड जांच का दायरा बढ़ाया गया है। अब तक 41 करोड़ से अधिक जांच की जा चुकी है। एक जुलाई को एक दिन में 18 लाख से अधिक कोविड नमूनों की जांच की गई।
- नई दिल्ली। महाराष्ट्र में सतारा जिले की जरांदेश्वर सहकारी शूगर कारखाने की 65 करोड़ की सम्पत्ति प्रवर्तन निदेशालय ने जब्त कर ली है। इस कारखाने का संबंध महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजीत पवार और उनकी पत्नी सुनेत्रा से है।यह कार्रवाई महाराष्ट्र राज्य सहकारी बैंक घोटाले से जुड़े मामले में धन शोधन निवारण अधिनियम के प्रावधानों के तहत की गई है। प्रवर्तन निदेशालय ने भूमि, बिल्डिंग, पेड और सहकारी मिल से जुडी मशीनरी जब्त की है जो सतारा जिले के चिम्मन कोरेगांव में स्थित है।भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष चन्द्रकांत पाटिल ने कहा है कि उन्होंने इस प्रकरण में केन्द्रीय गृहमंत्री को पत्र लिखा है और मामले की विस्तृत जांच के लिए दूसरा पत्र भी लिखा है।--
- नई दिल्ली। केन्द्र ने छत्तीसगढ़ सहित छह राज्यों में कोविड के बढ़ते मामलों के मद्देनजर विशेषज्ञ दल भेजे हैं। ये राज्य हैं-केरल, अरूणाचलप्रदेश, त्रिपुरा, ओडिशा, छत्तीसगढ़ और मणिपुर। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया है कि ये दल महामारी से सही ढंग से निपटने के लिए राज्यों को कोविड राहत और प्रबंधन में सहयोग देगा। ये दल स्थिति का जायजा लेगा और लोक स्वास्थ्य गतिविधियों के लिए राज्य सरकार को सुझाव देगा।दो सदस्यों वाले इस उच्चस्तरीय दल में एक एक चिकित्सक और एक स्वास्थ्य विशेषज्ञ शामिल हैं। टीमें तुरंत राज्यों का दौरा करेंगी और कोविड प्रबंधन के समग्र कार्यान्वयन की निगरानी करेंगी विशेष रूप से परीक्षण, निगरानी और नियंत्रण कार्यो के अतिरिक्त अस्पताल के बिस्तरों की उपलब्धता, एम्बुलेंस, वेंटिलेटर और मेडिकल ऑक्सीजन सहित स्थिति की निगरानी करेंगी और उपचारात्मक कार्रवाई का सुझाव भी देंगी।केंद्र सरकार 'संपूर्ण सरकार' और 'संपूर्ण समाज' दृष्टिकोण के साथ महामारी के खिलाफ लड़ रही है। मंत्रालय ने बताया कि कोविड प्रबंधन के लिए विभिन्न राज्य और केंद्र शासित प्रदेशों की सरकारों के प्रयासों में सहयोग के लिए केंद्र सरकार समय-समय पर विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में केंद्रीय टीमें भेजती रही है। ये दल राज्य और केंद्र शासित प्रदेशों के अधिकारियों के साथ बात कर उनके सामने आने वाली चुनौतियों और मुद्दों पर विचार करते हैं।
- नई दिल्ली। यात्रियों के सफर को यादगार बनाने और रेलवे स्टेशन पर प्रतीक्षा करने के अनुभव को आनंददायक बनाने के लिए भारतीय रेलवे स्टेशन विकास निगम लिमिटेड (आईआरएसडीसी) ने केएसआर बेंगलुरु स्टेशन पर एक जुलाई से रेलवे के पहले स्वचालित सुरंग एक्वेरियम की शुरुआत की।आईआरएसडीसी ने एक बयान में कहा कि यह अपनी तरह का पहला 'एक्वेटिक पार्क' है जिसका निर्माण 'एचएनआई एक्वेटिक किंगडम' के सहयोग से किया गया है। यह अमेजन नदी की अवधारणा पर बनाया गया है और अत्यंत दर्शनीय है। बयान में कहा गया, "यात्रियों के अनुभव को यादगार बनाने के साथ ही इस पहल से भारतीय रेल को राजस्व भी प्राप्त होगा। प्रति यात्री 25 रुपये शुल्क रखा गया है। इसे एक जुलाई को जनता के लिए खोला गया।" बयान में कहा गया, "यह भारतीय रेल को हवाई अड्डे समान बेहतर बनाने का हमारा प्रयास है। इसके साथ ही हमारी बेहतरीन सुविधा प्रबंधन पहल से यात्रियों को आनंददायक अनुभव देने की कोशिश है। यात्रियों का प्रतीक्षा करने का समय बोझिल होने के बजाय मनोरजंन से भरा हुआ होगा।" यह 12 फुट लंबा एक्वेटिक किंगडम आगंतुकों के लिए शैक्षणिक महत्व का भी होगा। आईआरएसडीसी के प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी एस के लोहिया ने कहा कि कोविड संबंधित नियमों के मद्देनजर, एक्वेरियम में एक बार में 25 आगंतुकों को आने की अनुमति होगी।
- आगरा। आगरा में शादी समारोह में चली गोली से दूल्हे के फुफेरे भाई की मौत हो गयी। इस मामले में पुलिस ने आरोपी सेवानिवृत्त फौजी को हिरासत में लिया है।पुलिस के मुताबिक आगरा के थाना खंदौली क्षेत्र में मुडी रोड स्थित वृंदावन गार्डन में शादी समारोह था। सादाबाद के गांव भगैना निवासी पूरन सिंह की बेटी रेनू की शादी थी। शादी की रस्में पूरी हो गयीं, जिसके बाद गुरुवार को मैरिज होम के बाहर मुरसान निवासी आरोपी सेवानिवृत्त फौजी ज्ञानेंद्र सहित अन्य लोग खड़े थे। एसओ खंदौली अरविंद निर्वाल का कहना है कि उसी वक्त अचानक आरोपी ज्ञानेंद्र की लाइसेंसी पिस्तौल से गोली चल गई, जो दूल्हे के फुफेरे भाई गोवर्धन के बरौली बेस निवासी 17 वर्षीय भोगा को लगी। उन्होंने बताया कि उसे अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने रिटायर फौजी आरोपी ज्ञानेंद्र को हिरासत में ले लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
- इंदौर (मप्र)। इंदौर में पारिवारिक विवाद में छोटे भाई द्वारा कथित तौर पर बड़े भाई की जान लेने का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार नाबालिग आरोपी ने नशे की हालत में बड़े भाई का सिर पत्थरों से कुचल दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।यह घटना इंदौर के तिलक नगर थाना क्षेत्र में हुई। आरोप है कि आपसी विवाद के चलते छोटे भाई ने बड़े भाई की पत्थरों से सिर कुचलकर हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार दोनों भाई कई दिनों से परिवार से अलग तिलक नगर थाना क्षेत्र में एक अस्थाई झोपड़ी बनाकर रह रहे थे। गुरुवार को दोनों भाई नशे की हालत में थे और इसी दौरान उनका आपस में विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी छोटे भाई ने बड़े भाई पर पत्थरों से हमला कर दिया जिसमें उसकी मौके पर ही मौत हो गई।पुलिस नाबालिग आरोपी से पूछताछ कर पता लगा रही है कि दोनों भाई परिवार होने के बावजूद उनके साथ में क्यों नहीं रहते थे।
- नयी दिल्ली। देश में वर्ष 2018-19 की तुलना में 2019-20 में स्कूली शिक्षा, छात्र शिक्षक अनुपात, लड़कियों के नामांकन के सभी स्तरों पर सकल नामांकन अनुपात (जीईआर) में सुधार दर्ज किया गया है, साथ ही सुचारू बिजली, कंप्यूटर एवं इंटरनेट सुविधा वाले स्कूलों की संख्या में भी बृद्धि हुयी है । भारत में स्कूली शिक्षा के लिए वर्ष 2019-20 की संयुक्त जिला शिक्षा सूचना प्रणाली प्लस (यूडीआईएसई+) रिपोर्ट में यह बात की गई है । केंद्रीय शिक्षा मंत्री रमेश पोखरियाल 'निशंक' ने गुरुवार को यह रिपोर्ट जारी की । शिक्षा मंत्रालय के बयान के अनुसार, 2019-20 में पूर्व-प्राथमिक से लेकर उच्च माध्यमिक तक स्कूली शिक्षा में कुल छात्रों की संख्या 26.45 करोड़ के पार पहुंच गई। यह 2018-19 की तुलना में 42.3 लाख अधिक है। यूडीआईएसई+ 2019-20 रिपोर्ट के अनुसार, 2019-20 में स्कूली शिक्षा के सभी स्तरों पर सकल नामांकन अनुपात में 2018-19 की तुलना में सुधार हुआ है। स्कूली शिक्षा के सभी स्तरों पर छात्र शिक्षक अनुपात (पीटीआर) में भी सुधार हुआ है। रिपोर्ट के अनुसार, 2019-20 में प्राथमिक से उच्च माध्यमिक तक लड़कियों का नामांकन 12.08 करोड़ से अधिक है। इसमें 2018-19 की तुलना में 14.08 लाख की भारी वृद्धि हुई है। इसमें कहा गया है कि 2012-13 और 2019-20 के बीच, माध्यमिक और उच्च माध्यमिक दोनों स्तरों पर लिंग समानता सूचकांक (जीपीआई) में सुधार हुआ है। मंत्रालय के अनुसार,यूडीआईएसई+ रिपोर्ट से पिछले वर्ष की तुलना में 2019-20 में बिजली, कंप्यूटर, इंटरनेट सुविधा वाले स्कूलों की संख्या में उल्लेखनीय सुधार का पता चलता है। इसमें कहा गया है कि हाथ धोने की सुविधा वाले स्कूलों की संख्या में एक और बड़ा सुधार देखा गया है। वर्ष 2019-20 में, भारत में 90 प्रतिशत से अधिक स्कूलों में हाथ धोने की सुविधा थी, जबकि 2012-13 में यह आंकड़ा केवल 36.3 प्रतिशत था। इसमें कहा गया है कि 2012-13 और 2019-20 के बीच उच्च माध्यमिक में सकल नामांकन अनुपात (जीईआर) में 11 प्रतिशत से अधिक का सुधार हुआ है। उच्च माध्यमिक के लिए जीईआर 2012-13 के 40.1 प्रतिशत की तुलना में 2019-20 में 51.4 प्रतिशत हो गया। रिपोर्ट के अनुसार, 2019-20 में 96.87 लाख शिक्षक स्कूली शिक्षा में लगे थे। यह 2018-19 की तुलना में लगभग 2.57 लाख अधिक है। इसमें कहा गया है कि चालू कंप्यूटर वाले स्कूलों की संख्या 2019-20 में बढ़कर 5.2 लाख हो गई, जो 2018-19 में 4.7 लाख थी। इंटरनेट सुविधा वाले स्कूलों की संख्या 2018-19 में 2.9 लाख से बढ़कर 2019-20 में 3.36 लाख हो गई। बयान के अनुसार, रिपोर्ट में कहा गया है कि 2019-20 में 83 प्रतिशत से अधिक स्कूलों में बिजली थी, जो पिछले वर्ष 2018-19 की तुलना में लगभग 7 प्रतिशत अधिक है। 2012-13 में करीब 54.6 प्रतिशत स्कूलों में बिजली थी।













.jpg)











.jpg)
.jpeg)
.jpg)