- Home
- बिजनेस
- नयी दिल्ली। कमजोर वैश्विक संकेतों के बीच राष्ट्रीय राजधानी में सोमवार को सोना 71 रुपये की गिरावट के साथ 46 हजार 503 रुपये प्रति 10 ग्राम के भाव पर आ गया। पिछले कारोबारी सत्र में सोना 46 हजार 574 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था।इसके विपरीत चांदी 263 रुपये की तेजी के साथ 64 हजार 168 रुपये प्रति किलोग्राम के भाव पर पहुंच गई। चांद पिछले कारोबारी सत्र में 63 हजार 905 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना 1,826 डॉलर प्रति औंस पर और चांदी 24.78 डॉलर प्रति औंस पर थे। एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ विश्लेषक (जिंस) तपन पटेल ने कहा कि डॉलर में सुधार के कारण सोमवार को सोने में दो महीने के उच्च स्तर पर कारोबार हुआ और बिकवाली देखने को मिली।
- सूरत। गुजरात के सूरत से कपड़ा सामग्री को बिहार ले जाने के लिए 25 संशोधित माल डिब्बों से लैस पहली विशेष 'कपड़ा पार्सल' ट्रेन को शनिवार को रवाना किया गया। पश्चिम रेलवे के अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि किफायती, तेज और सुरक्षित परिवहन के जरिये सूरत के कपड़ा बाजार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से यह विशेष ट्रेन चलाई गई है। पश्चिम रेलवे ने कहा कि रेल एवं कपड़ा राज्यमंत्री दर्शना जरदोश ने शनिवार को सूरत के उधना न्यू गुड्स शेड से पटना के निकट दानापुर और मुजफ्फरपुर के रामदयालू नगर के लिए इस विशेष ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान पश्चिम रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों समेत स्थानीय विधायक और फेडरेशन ऑफ सूरत टेक्सटाइल ट्रेडर्स एसोसिएशन के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सुमित ठाकुर द्वारा जारी विज्ञप्ति में कहा गया, "उधना न्यू गुड्स शेड में संशोधित एनएमजी (नए संशोधित माल) डिब्बों में पहली बार कपड़ा सामग्री को लोड किया गया है। इस दिशा में पहली बार कपड़ा पार्सल विशेष ट्रेन उधना न्यू गुड्स शेड से कपड़ा सामग्री लेकर पटना व मुजफ्फरपुर के लिए चलाई गई।" इससे पहले पश्चिम रेलवे के मुंबई मंडल ने हाल ही में पहली बार 202.4 टन कपड़ा सामग्री को सूरत के पास चलथन से कोलकाता के शालीमार तक पहुंचाया था।
- नयी दिल्ली। सरकार का पेट्रोलियम उत्पादों पर उत्पाद शुल्क संग्रह चालू वित्त वर्ष के पहले चार महीनों में 48 प्रतिशत बढ़ गया है, और इस दौरान हासिल हुआ अतिरिक्त संग्रह पूरे वित्त वर्ष के दौरान तेल बॉन्ड देनदारी का तीन गुना है।केंद्रीय वित्त मंत्रालय के तहत लेखा महानियंत्रक के आंकड़ों के मुताबिक अप्रैल-जुलाई 2021 के दौरान उत्पाद शुल्क संग्रह एक लाख करोड़ रुपये से अधिक हो गया, जो पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में 67,895 करोड़ रुपये था। वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) व्यवस्था लागू होने के बाद उत्पाद शुल्क केवल पेट्रोल, डीजल, एटीएफ और प्राकृतिक गैस पर लगाया जाता है। इन उत्पादों को छोड़कर अन्य सभी वस्तुएं और सेवाएं जीएसटी के तहत हैं। वित्त वर्ष 2021-22 के पहले चार महीनों (अप्रैल-जुलाई) में 32 हजार 492 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी हुई, जो पूरे साल की तेल बॉन्ड देनदारी यानी 10 हजार करोड़ रुपये का तीन गुना है। कांग्रेस की अगुवाई वाली संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार ने पेट्रोलियम ईंधन पर सब्सिडी देने के लिए तेल बॉन्ड जारी किए थे।वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने पिछले दिनों कहा था कि पिछले कुछ वर्षों में इन ईंधनों पर दी गई भारी सब्सिडी के एवज में किये जा रहे भुगतान के कारण पेट्रोल, डीजल के दाम में कमी की ज्यादा गुंजाइश नहीं बची है। संप्रग सरकार में पेट्रोल, डीजल, रसोई गैस और केरोसिन की बिक्री उनकी वास्तविक लागत से काफी कम दाम पर की गई थी। तब की सरकार ने इन ईंधनों की सस्ते दाम पर बिक्री के लिये कंपनियों को सीधे सब्सिडी देने के बजाय 1.34 लाख करोड़ रुपये के तेल बॉन्ड जारी किए थे। उस समय अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल के दाम 100 डॉलर प्रति बैरल से ऊपर निकल गये थे। सरकार को चालू वित्त वर्ष 2021-22 में 10,000 करोड़ रुपये, 2023-24 में 31,150 करोड़ रुपये और उससे अगले साल में 52,860.17 करोड़ तथा 2025-26 में 36,913 करोड़ रुपये का भुगतान तेल बॉन्ड को लेकर करना है। सरकार ने पेट्रोल पर उत्पाद शुल्क को पिछले साल 19.98 रुपये से बढ़ाकर 32.9 रुपये प्रति लीटर कर दिया। महामारी के दौरान जहां एक तरफ मांग काफी कम रह गई वहीं अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल के दाम गिर गये। ऐसे में सरकार ने उत्पाद शुल्क बढ़ाया। पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस राज्यमंत्री रामेश्वर तेली ने पिछले महीने संसद को बताया कि केन्द्र सरकार को पेट्रोल और डीजल से कर प्राप्ति 31 मार्च को समाप्त वर्ष में 88 प्रतिशत बढ़कर 3.35 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गई जो कि एक साल पहले 1.78 लाख करोड़ रुपये रही थी। महामारी पूर्व वर्ष 2018-19 में यह 2.13 लाख करोड़ रुपये रही थी।
- मुंबई । दोपहिया वाहन विनिर्माता कंपनी हीरो मोटोकॉर्प ने हार्ले-डेविडसन की मोटरसाइकल 'पैन अमेरिका' 1250 की पहली खेप बिकने के बाद रविवार को नयी खेप की बुकिंग शुरू करने की घोषणा कर दी। कंपनी ने साथ ही कहा कि हार्ले-डेविडसन की सभी 13 मौजूदा मॉडलों और स्पोर्टस्टर एस मोटरसाइकल की बुकिंग फिलहाल खुली हुई है। हीरो मोटोकॉर्प ने एक विज्ञप्ति में कहा कि विशेष रूप से हार्ले-डेविडसन ग्राहकों के लिए उसके पास देश भर में अब 14 डीलरशिप और सात अधिकृत सेवा केंद्रों का एक विस्तारित नेटवर्क है। हीरो मोटोकॉर्प और हार्ले-डेविडसन ने भारतीय बाजार के लिए पिछले वर्ष अक्टूबर में साझेदारी की घोषणा की थी। लाइसेंसिंग समझौते के अनुसार हीरो मोटोकॉर्प ने हार्ले के भारतीय बाजार से हटने के बाद भारत में उसकी मोटरसाइकिल, पुर्जों और माल के विशेष वितरण अधिकारों को हासिल किया था।--
- नयी दिल्ली। स्वास्थ्य उत्पाद कंपनी जायडस वेलनेस ने शनिवार को कहा कि उसने बॉलीवुड अभिनेत्री कैटरीना कैफ को अपने कम कैलोरी वाले स्वीटनर ब्रांड 'शुगर फ्री' का ब्रांड एम्बैसडर बनाया है।जायडस वेलनेस के मुख्य परिचालन अधिकारी और निदेशक तरुण अरोड़ा ने बयान में कहा, "कटरीना कैफ को शुगर फ्री का नया ब्रांड एम्बैसडर बनाना वृद्धि को तेज करने और बाजार के अगुआ के रूप में हमारी स्थिति को मजबूत करने की दिशा में उठाया गया एक कदम है।" उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य और फिटनेस के प्रति कैटरीना का जुनून कंपनी के ब्रांड मूल्यों के अनुरूप है। इस भागीदारी के तहत अभिनेत्री मूल ब्रांड शुगर फ्री और इसके एक्सटेंशन - शुगर फ्री डी'लाइट चॉकलेट का चेहरा होंगी। कंपनी ने बताया कि शुगर फ्री की अपने बाजार वर्ग में 94 प्रतिशत हिस्सेदारी है।---
- नई दिल्ली। सेल का राउरकेला इस्पात कारखाना आजादी के अमृत महोत्सव का जश्न मनाने के सिलसिले में फिट इंडिया फ्रीडम रन में हिस्सा लेकर देशव्यापी फिटनेस अभियान में शामिल हो गया। बोकारो इस्पात कारखाना और राउरकेला इस्पात कारखाना के कार्यकारी निदेशक अमरेन्दु प्रकाश ने झंडी दिखाकर दौड़ की शुरूआत की।इस अवसर पर श्री प्रकाश ने सभी का हौसला बढ़ाते हुये कहा कि सबको अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखना चाहिये और फिटनेस की डोज़ आधा घंटा रोज के मंत्र को अपने जीवन में अपनाना चाहिये। कार्यकारी निदेशक ने कहा कि स्वास्थ्य और सुरक्षा, दोनों एक-दूसरे से जुड़े हैं और किसी भी कीमत पर इन दोनों से समझौता नहीं किया जा सकता। दौड़ की शुरूआत इस शपथ से हुई कि इस आयोजन के संदेश को जन-जन तक पहुंचाया जायेगा कि लोग कम से कम तीस मिनट की कसरत को अपने जीवन का हिस्सा बना लें।रन 4 इंडिया कार्यक्रम का मुख्य लक्ष्य है कि भारतीय स्वतंत्रता के 75 वर्ष पूरे होने पर शानदार जश्न के साथ देशवासियों को ज्यादा से ज्यादा संख्या में जोड़ा जाये तथा देश के हर नागरिक के स्वास्थ्य, फिटनेस और आरोग्य को सुनिश्चित किया जाये।
- नई दिल्ली। शुक्रवार को सोने की कीमतों में तेजी देखी गई। सोना पिछले सत्र में 46 हजार 991 रुपये प्रति 10 ग्राम के भाव पर बंद हुआ था और शुक्रवार को 47 हजार 95 रुपये पर खुला। दोपहर बाद 2.45 बजे यह 93 रुपये की तेजी के साथ 47,084 रुपये पर ट्रेड कर रहा था। सुबह के ट्रेड में इसने 47035 का न्यूनतम और 47140 अंक का उच्चतम स्तर छू लिया। सितंबर डिलीवरी वाली चांदी 146 रुपये की गिरावट के साथ 63,202 रुपये पर ट्रेड कर रही थी।गुजरा सप्ताह सोने और चांदी के लिए उतार चढ़ाव भरा रहा। सोने के हाजिर भाव में कभी तेजी तो कभी गिरावट का रुख दिखा। दोनों बहुमूल्य धातुओं की कीमतों में उतार चढ़ाव में घरेलू बाजार के कारकों और वैश्विक बाजार के कारकों का योगदान रहा। पूरे सप्ताह के उतार चढ़ाव का आकलन करने पर सामने आया कि सोने और चांदी में आखिर में तेजी का रुख रहा। सोमवार को दिल्ली सर्राफा बाजार में सोना में 7 रुपये की मामूली बढ़त रही थी। मंगलवार को सोना 170 रुपये चढ़ा। गुरुवार को यह 265 रुपये टूटा और शुक्रवार को फिर 99 रुपये चढ़कर 46,312 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। इस तरह पूरे सप्ताह में सोने के रेट में केवल 11 रुपये की मामूली तेजी दर्ज की गई।चांदी की बात करें तो दिल्ली सर्राफा बाजार में सोमवार को चांदी में 377 रुपये की तेजी आई। मंगलवार को इसमें 172 रुपये की तेजी दिखी। गुरुवार को 323 रुपये और शुक्रवार को 32 रुपये की गिरावट आई और यह 61,667 रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर पर आ गई। इस तरह पूरे सप्ताह के दौरान चांदी का हाजिर भाव 194 रुपये चढ़ा। अंतरराष्ट्रीय बाजार की बात करें तो शुक्रवार के डेटा के मुताबिक, वैश्विक बाजार में सोना उछाल के साथ 1,798 डॉलर प्रति औंस पर ट्रेड कर रहा था। वहीं चांदी 23.66 डॉलर प्रति औंस के पुराने स्तर पर बरकरार थी। सोने और चांदी की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमतों का असर, भारत के बाजारों में इन बहुमूल्य धातुओं की कीमतों पर पड़ता है।कमजोर मांग के बीच कारोबारियों ने अपने सौदों के आकार को घटाया, जिससे वायदा कारोबार में शुक्रवार को सोने की कीमत 22 रुपये गिरकर 47,215 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गई। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज में सोने के अक्टूबर डिलीवरी वाले वायदा अनुबंध का भाव 22 रुपये यानी 0.05 प्रतिशत की गिरावट के साथ 47,215 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया। इस वायदा अनुबंध में 11425 लॉट के लिए सौदे किए गए।मजबूत हाजिर मांग के कारण कारोबारियों ने अपने सौदों के आकार को बढ़ाया, जिससे वायदा कारोबार में शुक्रवार को चांदी की कीमत 205 रुपये की तेजी के साथ 62,928 रुपये प्रति किलो हो गई। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज में चांदी के सितंबर डिलीवरी वाले वायदा अनुबंध का भाव 205 रुपये यानी 0.33 प्रतिशत की तेजी के साथ 62,928 रुपये प्रति किलो हो गया। इस वायदा अनुबंध में 4,554 लॉट के लिए सौदे किए गए।
- नई दिल्ली। यदि आप सस्ता 4 जी फोन खरीदने की सोच रहे हैं, तो रिलायंस जियो आपके लिए एक अच्छा ऑफर लेकर आने वाला है। कंपनी अपना नया 4 जी स्मार्टफोन -जियो फोन नेक्स्ट को 10 सितंबर को उपलब्ध कराने जा रही है।यह भी कहा जा रहा है कि 4 जी स्मार्टफोन जियो फोन नेक्स्ट का प्री-ऑर्डर भी इसी हफ्ते शुरू हो सकता है। एक रिपोर्ट के अनुसार, कंपनी जियो फोन नेक्स्ट की बिक्री के लिए डिस्ट्रीब्यूटर्स और रिटेलर्स के साथ बातचीत कर रही है। 24 जून को हुई कंपनी की 44वीं वार्षिक आम बैठक के दौरान की गई घोषणा के अनुसार, डिवाइस को 10 सितंबर यानी की गणेश चतुर्थी वाले दिन उपलब्ध कराया जाएगा।खबरों के मुताबिक, जियो फोन नेक्स्ट की कीमत 3 हजार 499 रुपये हो सकती है। वहीं, यह भी कहा जा रहा है कि फोन का एक और वेरिएंट होगा उसे 5 हजार रुपये के आसपास उपलब्ध कराया जाएगा। कंपनी ने 5 बैंकों के साथ साझेदारी की है। इसके जरिए फोन को खरीदना बेहद आसान हो जाएगा। रिपोट्र्स के अनुसार जियो फोन नेक्स्ट खरीदने वाले ग्राहकों को फोन की कीमत का 10 फीसद पहले देना होगा। इसके बाद बाकी की राशि फाइनेंस कर दी जाएगी।खबरों के अनुसार यह स्मार्टफोन दो वेरिएंट में पेश किया जा सकता है। इसका बेस वेरिएंट 5,000 रुपये और हाई-एंड वेरिएंट 7,000 रुपये हो सकता है। अगर नई लीक की मानें तो इसे 10 फीसद के हिसाब से 500 रुपये देकर बुक किया जा सकेगा।फोन में 2 जीबी या 3 जीबी रैम वेरिएंट दिया जा सकता है। वहीं, 16 जीबी या 32 जीबी ईएमएमसी 4.5 स्टोरेज दी जा सकती है। उम्मीद की जा रही है कि फोन में 13 मेगापिक्सल का प्राइमरी कैमरा दिया जा सकता है। वहीं, सेल्फी के लिए 8 मेगापिक्सल का कैमरा दिया जा सकता है। इसमें दो सिम काम करेंगी।
- नई दिल्ली। सरकार ने भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) के बारे में सलाह देने को लेकर कानून की जानकार कंपनियों से दूसरी बार बोलियां आमंत्रित की है। इससे पहले, सरकार ने 15 जुलाई को प्रतिष्ठित विधि सलाहकारों से बोलियां आमंत्रित करने को लेकर प्रस्ताव आग्रह पत्र(आरएफपी) जारी किया था। बोली की अंतिम तिथि छह अगस्त थी। हालांकि, अनुरोध प्रस्ताव को पर्याप्त प्रतिक्रिया नहीं मिली।निवेश और लोक परिसंपत्ति प्रबंधन विभाग (दीपम) ने गुरुवार को विधि कंपनियों को नियुक्त करने को लेकर दूसरा अनुरोध प्रस्ताव जारी किया। विधि कंपनियों को अंतरराष्ट्रीय कंपनी के साथ बोली लगानी है। इसके लिये अंतिम तिथि 16 सितंबर है। दीपम ने कहा, ''पहले अनुरोध प्रस्ताव में पर्याप्त प्रतिक्रिया नहीं मिलने के बाद नये सिरे से अनुरोध प्रस्ताव जारी करने का निर्णय किया गया।''
- मुंबई। भारतीय कंपनियों ने इस साल जुलाई में विदेशी बाजारों से 3.43 अरब अमेरिकी डॉलर से अधिक की राशि बाह्य वाणिज्यिक उधारी (ईसीबी) के जरिए जुटाई। यह एक साल पहले इसी महीने के मुकाबले करीब 60 फीसदी अधिक है। आरबीआई के गुरुवार को जारी आंकड़े से यह जानकारी मिली। भारतीय कंपनियों ने जुलाई 2020 में विदेशी बाजारों से 2.15 अरब डॉलर कर्ज लिये थे।भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के आंकड़े के अनुसार जुलाई 2021 में कुल उधारी में 3.03 अरब अमेरिकी डॉलर की ईसीबी स्वचालित मार्ग के जरिए आई, जबकि 40 करोड़ अमेरिकी डॉलर अनुमोदन मार्ग के जरिए आया। आंकड़ों के मुताबिक प्रमुख उधारकर्ताओं में बिजली वित्तीय सेवा क्षेत्र की आरईसी लिमिटेड, एकमात्र ऐसी कंपनी थी जिसने दूसरों को उधार देने के लिए ईसीबी के अनुमोदन मार्ग के जरिए पूरे 40 करोड़ डॉलर जुटाए। स्वचालित मार्ग के जरिए उधार लेने वाली कंपनियों में अडाणी पोट्र्स एंड स्पेशल इकनॉमिक जोन, इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन, अडाणी इलेक्ट्रिसिटी मुंबई लिमिटेड और एचडीएफसी लिमिटेड शामिल हैं।
- मुंबई। पियाजियो इंडिया ने गुरुवार को को अपने सुपरबाइक के नये मॉडल पेश किए जिनमें अप्रिलिया आरएस 660, ट्यूनो 660, अप्रिलिया आरएसवी4, ट्यूनो वी4 और साथ ही मशहूर मोटो गुज्जी वी 85 टीटी शामिल हैं।पियाजियो इंडिया ने एक विज्ञप्ति में कहा कि इन मॉडल की कीमतें 13.09 लाख रुपये से लेकर 23.69 लाख रुपये के बीच रखी गयी हैं। प्रीमियम वेस्पा स्कूटर का निर्माण करने वाली कंपनी पियाजियो इंडिया इटली की प्रमुख ऑटो कंपनी पियाजियो ग्रुप की पूर्ण स्वामित्व वाली अनुषंगी है। कंपनी ने बताया कि ये मोटरसाइकिलें पूरे भारत में उसके सभी मोटोप्लेक्स डीलरशिप पर ग्राहकों के लिए उपलब्ध होगी।पियाजियो इंडिया के चेयरमैन और प्रबंध निदेशक डिएगो ग्रैफी ने कहा, "पेश किए गए सुपरबाइक के नये मॉडल ने भारत और दुनिया भर में बड़े पैमाने पर लोगों को आकर्षित किया है। भारतीय उपभोक्ताओं की उभरती जीवनशैली को ध्यान में रखते हुए, हमारा लक्ष्य उन्हें मोटरसाइकिल चलाने का एक नया अनुभव प्रदान करना है।"नयी 660-सीसी अप्रिलिया आरएस 660 और ट्यूनो 660 की कीमत क्रमश: 13.39 लाख रुपये और 13.09 लाख रुपये है, जबकि 1078-सीसी आरएसवी4 की कीमत 23.69 लाख रुपये है। पियाजियो इंडिया ने कहा कि 1077-सीसी ट्यूनो वी4 की कीमत 20.66 लाख रुपये और 850-सीसी मोटो गुज्जी वी85टीटी की कीमत 15.40 लाख रुपये है। ये सभी एक्स-शोरूम कीमतें हैं।
- नयी दिल्ली। हुंदै मोटर इंडिया लिमिटेड ने बृहस्पतिवार को मोटरस्पोर्ट्स से प्रेरित अपनी नयी कार 'आई20 एन लाइन' पेश की, जिसकी कीमत 9.84 लाख रुपये से 11.76 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) के बीच है। कंपनी ने एक बयान में कहा कि यह कार एक लीटर के टर्बो पेट्रोल इंजन से लैस है और 88.3 किलोवाट की शक्ति प्रदान करती है। हुंदै आई20 एन लाइन को दो संस्करणों एन 6 और एन 8 में पेश किया गया है। हुंदै मोटर इंडिया लिमिटेड (एचएमआईएल) के प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी एस एस किम ने कहा कि कंपनी ने भारत में विश्व स्तर की उन्नत तकनीकों और उत्पादों को पेश करना जारी रखा है और आई20 एन लाइन मोटरस्पोर्ट्स से प्रेरित स्टाइल को पेश करेगी।
- नयी दिल्ली। महिंद्रा एंड महिंद्रा ने बृहस्पतिवार को कहा कि सेमीकंडक्टर की कमी के चलते उसके ऑटोमोटिव डिवीजन में उत्पादन में 25 प्रतिशत तक की कटौती की जाएगी। इस कमी के चलते वाहन निर्माता इस महीने अपने संयंत्रों में सात दिन कोई उत्पादन कार्य नहीं करेंगे। कंपनी ने एक नियामकीय सूचना में कहा कि उसके ऑटोमोटिव डिवीजन को सेमीकंडक्टर की आपूर्ति की कमी का सामना करना पड़ रहा है, जो कि दुनिया के कुछ हिस्सों में कोविड-19 लॉकडाउन के कारण और बढ़ गयी है। इसमें कहा गया, "इस वजह से सितंबर 2021 में कंपनी के ऑटोमोटिव डिवीजन संयंत्र में लगभग सात दिन 'नो प्रोडक्शन डेज' (बिना उत्पादन वाले दिन) होंगे।" कंपनी के इस फैसले से "सितंबर 2021 में ऑटोमोटिव डिवीजन के उत्पादन में 20-25 प्रतिशत कमी" आने का अनुमान है। कंपनी ने अगस्त में घरेलू बाजार में यात्री वाहनों की 15,973 इकाइयां बेचीं, जो पिछले साल इसी महीने में 13,651 इकाई थी। इस तरह इसमें 17 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गयी। महिंद्रा एंड महिंद्रा के ऑटोमोटिव डिवीजन की चाकन, नासिक, कांदिवली, जहीराबाद और हरिद्वार में विनिर्माण इकाइयां हैं। हालांकि, कंपनी ने कहा कि उसकी नयी एसयूवी एक्सयूवी7OO के उत्पादन को तेज करने और बाजार में उतारने की योजनाओं पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा।
- नयी दिल्ली। विस्तारा ने बृहस्पतिवार को एक उपहार कार्ड लॉन्च किया है, जिसे यात्री 250 रुपये से लेकर 20,000 रुपये के बीच कहीं भी खरीद सकते हैं। एक बयान में यह जानकारी दी गई है। एयरलाइन के बयान में उल्लेख किया कि 'पर्पल टिकट' नामक उपहार कार्ड एक ई-कार्ड है जो खरीद की तारीख से 365 दिनों के लिए वैध रहेगा। बयान के अनुसार, ''पर्पल टिकट को पाइन लैब्स कंपनी क्विकसिल्वर के सहयोग से विकसित किया गया है, जो गिफ्ट कार्ड रिटेल के मामलों में माहिर है और इसे एमॅड्यूस एयरलाइन प्लेटफॉर्म के साथ समेकित रूप से एकीकृत किया गया है।'' इस गिफ्ट कार्ड को खरीदने वाले लोग हवाई टिकट के साथ-साथ पसंदीदा सीट बुकिंग, लाउंज एक्सेस और अतिरिक्त सामान जैसी अतिरिक्त सेवाएं ले सकते हैं।
- मुंबई। अमेजन इस साल देश के 35 शहरों में कॉर्पोरेट, प्रौद्योगिकी, ग्राहक सेवा और परिचालन भूमिकाओं में 8,000 से अधिक प्रत्यक्ष कर्मचारियों को नियुक्त करने की योजना बना रही है।अमेजन की एचआर प्रमुख (कॉर्पोरेट, एशिया-प्रशांत, और पश्चिम एशिया एवं उत्तर अफ्रीका) दीप्ति वर्मा ने कहा, "हमारे पास देश के 35 शहरों में 8,000 से अधिक प्रत्यक्ष रोजगार के अवसर हैं। इन शहरों में बेंगलुरु, हैदराबाद, चेन्नई, गुड़गांव, मुंबई, कोलकाता, नोएडा, अमृतसर, अहमदाबाद, भोपाल, कोयंबटूर, जयपुर, कानपुर, लुधियाना, पुणे, सूरत जैसे शहर शामिल हैं।"उन्होंने कहा, "ये नौकरियां कॉर्पोरेट, प्रौद्योगिकी, ग्राहक सेवा और संचालन भूमिकाओं से जुड़ी हैं।" दीप्ति ने कहा कि कंपनी का लक्ष्य 2025 तक प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष दोनों तरह की 20 लाख नौकरियों का सृजन करना है, और वह पहले ही भारत में 10 लाख प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष नौकरियों का सृजन कर चुकी है।
-
नयी दिल्ली। देश के नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (कैग) गिरीश चंद्र मुर्मू ने बुधवार को कहा कि आने वाले दिनों में हर सरकार और संस्थान की सफलता को सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) समाधानों को तेजी से लागू करने की क्षमता से मापा जाएगा। सर्वोच्च ऑडिट संस्थानों का अंतरराष्ट्रीय संगठन (आईएनटीओएसएआई) के आईटी ऑडिट पर कार्यकारी समूह की 30वीं सालाना ‘ऑनलाइन' बैठक के उद्घाटन भाषण में कैग ने कहा कि सुरक्षित आईटी प्रणालियों में आईटी हार्डवेयर और प्रणालियों की खरीद और कार्यान्वयन के लिए सरकारों और संगठनों को बड़े पैमाने पर निवेश करने की आवश्यकता है। आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार उन्होंने कहा कि इसके परिणामस्वरूप उभरते हुए आईटी जोखिमों की पहचान करने, अपनी सरकारों को रचनात्मक सिफारिशें करने और सरकारी आईटी खर्च में जनता का विश्वास सुनिश्चित करने के लिए सर्वोच्च लेखा परीक्षा संस्थानों (एसएआई) की जिम्मेदारियां बढ़ जाएंगी। कैग ने कहा इन चुनौतियों और अवसरों का संज्ञान लेते हुए, भारत के सर्वोच्च लेखा परीक्षा संस्थान ने पहले ही अपनी उद्यम-आधारित ऑडिट प्रक्रिया स्वचालन और ज्ञान प्रबंधन प्रणाली शुरू कर दी। साथ ही अपने ऑडिट क्षेत्र में उन्नत उपकरणों और तकनीकों का उपयोग करके आंकड़ा विश्लेषण को बेहतर बना रहा है। मुर्मू ने कहा, ‘‘एक संगठन के रूप में हमें आंकड़ा विश्लेषण, आईटी से संबंधित पहल, सूचना प्रणाली ऑडिट, संबंधित कौशल और योग्यता निर्माण में सभी पिछली उपलब्धियों को एकीकृत करने की आवश्यकता है। तभी हम आईटी साधनों के उपयोग के मामले में बेहतर तालमेल और दक्षता ला सकेंगे और संगठन को बेहतर तरीके से डिजिटल रूप दे सकेंगे। मूर्मू ने कहा कि समय के साथ कार्य समूह शीर्ष आडिट संस्थानों को एक प्रभावी सूचना प्रौद्योगिकी लेखा परीक्षा कार्यप्रणाली के मामले में सहायता उपलब्ध कराने में सफल रहा है।
-
नयी दिल्ली। सार्वजनिक क्षेत्र की पनबिजली कंपनी एनएचपीसी अपनी कर्ज की सीमा को 10,000 करोड़ रुपये बढ़ाकर 40,000 करोड़ रुपये करने के लिए वार्षिक आम बैठक में शेयरधारकों की मंजूरी लेगी। कंपनी की वार्षिक आम बैठक 29 सितंबर को होनी है। कर्ज सीमा को 30,000 करोड़ रुपये से बढ़ाकर 40,000 करोड़ रुपये करने का प्रस्ताव बैठक के एजेंडा में है। कंपनी ने कहा कि तेजी से क्षमता विस्तार कार्यक्रम की वजह से कर्ज सीमा को 30,000 करोड़ रुपये से बढ़ाए जाने की जरूरत है। कंपनी ने कहा कि मौजूदा परियोजनाओं तथा 2031 तक नई परियोजनाओं के लिए मोटे अनुमान के अनुसार कुल निवेश की जरूरत 50,000 करोड़ रुपये रहेगी। एनएचपीसी फिलहाल सात पनबिजली और दो सौर परियोजनाओं का निर्माण कर रही है। इन परियोजनाओं की कुल स्थापित क्षमता 5,999 मेगावॉट होगी। इनमें अनुषंगी और संयुक्त उद्यम कंपनियों द्वारा क्रियान्वित की जा रही परियोजनाएं भी शामिल हैं। कंपनी ने कहा कि इसके साथ ही कुल 10,787.1 मेगावाट स्थापित क्षमता वाली परियोजनायें मंजूरी के स्तर पर हैं। कंपनी मुख्यतौर पर बॉंड, डिबेंचर, बैंकों और वित्तीय संस्थानों से आवधिक रुपया कर्ज, विदेशी मुद्रा उधारी और विदेशी मुद्रा बांड के तौर पर कर्ज जुटाती है। -
नयी दिल्ली। केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने कहा कि भारत 2014 से विज्ञान के हर क्षेत्र में अग्रणी बनकर उभर रहा है। उन्होंने कहा कि जब अमेरिकी और सोवियत संघ चंद्रमा पर उतरने वाले थे, देश तब भी ''नर्सरी की कविताएं गा'' रहा था, लेकिन अब मंगलयान द्वारा प्राप्त तस्वीरें नासा मांग रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि शिक्षित और योग्य वैज्ञानिकों पर बहुत अधिक निर्भरता है, हालांकि कम पढ़े-लिखे लोग भी नवाचार पेश कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि एक जिम्मेदार सरकार वह है जो युवाओं को अपनी आजीविका कमाने के लिए माहौल तैयार करती है क्योंकि कोई भी हर एक को सरकारी नौकरी नहीं दे सकता। विज्ञान और प्रौद्योगिकी विभाग (डीएसटी) के अंतर्गत आने वाले निकाय प्रौद्योगिकी विकास बोर्ड (टीडीबी) द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए, सिंह ने कहा कि विज्ञान और प्रौद्योगिकी भारत के आत्मनिर्भर बनने की कुंजी है। सिंह ने कहा, "भारत विज्ञान के लगभग हर क्षेत्र में अग्रणी बनकर उभर रहा है, और खासकर जब से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पदभार संभाला है। हमारे पास मानव संसाधन था लेकिन राजनीतिक इच्छाशक्ति और प्राथमिकता में कमी थी और वह 2014 के बाद पूरा हो गया।" उन्होंने कहा कि मानव संसाधनों की कोई कमी नहीं है, लेकिन चुनौती यह है कि इसे कैसे इसका उपयोग किया जाए? उन्होंने कहा, "सौभाग्य से, हमारे पास एक प्रधानमंत्री हैं जो काफी सहयोग करते हैं, जो हमें नए-नए प्रयोगों को आजमाने की आज़ादी देते हैं।" उन्होंने कहा कि भारत में नए प्रतिमान विकसित करने की भी क्षमता है।
-
नयी दिल्ली। ब्रॉडबैंड इंडिया फोरम (बीआईएफ) ने न्यूनतम 2 एमबीपीएस की ब्रॉडबैंड गति का समर्थन किया है। उद्योग निकाय ने कहा कि 2 मेगाबिट प्रति सेकेंड की स्पीड राष्ट्रीय नीति और वैश्विक बेंचमार्क दोनों की दृष्टि से एक आवश्यक कदम है। फिलहाल सरकार 512 किलोबिट प्रति सेकेंड (केबीपीएस) की न्यूनतम डाउनलोड गति की इंटरनेट सेवाओं को ब्रॉडबैंड के रूप में परिभाषित करती है। बीआईएफ के अध्यक्ष टीवी रामचंद्रन ने कहा, ‘‘अंतरराष्ट्रीय बेहतर व्यवहार की तुलना में हमारी मौजूदा ब्रॉडबैंड स्पीड उल्लेखनीय रूप से कम है। न्यूनतम ब्रॉडबैंड रफ्तार को 2 एमबीपीएस करना राष्ट्रीय नीति तथा वैश्विक बेंचमार्क की दृष्टि से अनिवार्य कदम है।'' भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (ट्राई) ने देश में ब्रॉडबैंड कनेक्टिविटी को बढ़ाने के लिए कुछ उपाय सुझाए हैं। इनमें दूरसंचार सेवाप्रदाताओं को प्रोत्साहन, ग्रामीण इलाकों में फिक्स्ड लाइन ब्रॉडबैंड सेवाओं की वृद्धि को प्रोत्साहन के लिए प्रत्यक्ष लाभ अंतरण का क्रियान्वयन शामिल है। इसके तहत नियामक ने ग्रामीण इलाकों में प्रत्येक ग्राहक को उनके ब्रॉडबैंड कनेक्शन शुल्क में से 200 रुपये तक लौटाने का सुझाव दिया है।
-
नयी दिल्ली। महिंद्रा एंड महिंद्रा (एमएंडएम) ने बुधवार को कहा कि अगस्त, 2021 में उसके घरेलू यात्री वाहनों वाहनों की बिक्री पिछले साल के समान महीने की तुलना में 17 प्रतिशत बढ़कर 15,973 इकाई हो गई। एमएंडएम ने एक बयान में कहा कि कंपनी ने अगस्त, 2020 में 13,651 वाहन बेचे थे। वाणिज्यिक वाहन खंड में कंपनी ने पिछले महीने घरेलू बाजार में 11,432 वाहनों की बिक्री की, जबकि पिछले साल इसी महीने में कंपनी ने 15,606 ऐसे वाहनों की बिक्री की थी। यह 27 प्रतिशत की गिरावट है। बीते माह कंपनी का निर्यात बढ़कर 3,180 इकाई हो गया, जबकि एक साल पहले समान महीने में यह 1,169 इकाई था। एमएंडएम के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (ऑटोमोटिव खंड) विजय नाकरा ने कहा, ‘‘थार, एक्सयूवी 300 और हमारे हाल ही में लाये गए बोलेरो नियो और बोलेरो पिक-अप श्रृंखला के साथ हमारे उत्पाद पोर्टफोलियो में मांग मजबूत बनी हुई है। 3,180 वाहनों के साथ हमारा निर्यात 172 प्रतिशत बढ़ा है।“ उन्होंने कहा कि सेमीकंडक्टर की आपूर्ति वाहन उद्योग के लिए एक वैश्विक मुद्दा बनी हुई है। कंपनी का ध्यान भी इस मुद्दे पर है। -
नयी दिल्ली। केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने बुधवार को प्रथम ब्रिक्स फिल्म प्रौद्योगिकी संगोष्ठी का उद्घाटन किया। ठाकुर ने एक आनलाइन संबोधन में कहा कि संगोष्ठी इस साल भारत में होने वाले ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के लिए विशेष आयोजनों का एक हिस्सा है। मंत्री ने कहा, ‘‘भारत में आयोजित होने वाले ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के लिए विशेष आयोजनों के हिस्से के रूप में पहली बार ब्रिक्स फिल्म प्रौद्योगिकी संगोष्ठी के आयोजन पर भारत को गर्व है।'' मंत्री ने कहा, ‘‘भारत इस साल 13वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन की मेजबानी की तैयारी कर रहा है। भारत की अध्यक्षता में, हमारा लक्ष्य ब्रिक्स के सहयोग को और गहरा करने, बनाए रखने और संस्थागत बनाना है।'' उन्होंने कहा कि ब्रिक्स समूह के एक सदस्य के रूप में भारत सदस्य देशों के बीच संबंधों को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा और इस संगोष्ठी का आयोजन उसी दिशा में एक कदम है। ठाकुर ने कहा, ‘‘भारत आज एशिया में एक प्रमुख शक्ति है। ब्रिक्स समूह के सदस्य के रूप में, हम सदस्य देशों के बीच संबंधों को मजबूत करने के लिए एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाना चाहते हैं। ब्रिक्स संगोष्ठी का आयोजन सदस्यों देशों के लोगों को साथ लाने की दिशा में एक कदम है।'' मंत्री ने यह भी कहा कि फिल्म, कला और संस्कृति के माध्यम से सहयोग के रास्ते खोले जा सकते हैं जो फिल्म व्यवसाय में विकास को समर्थन देने में मदद कर सकता है। उन्होंने कहा, ‘‘ब्रिक्स संगोष्ठी का मुख्य जोर फिल्म उद्योग के लिए काम कर रहे सेवा क्षेत्र और तकनीशियनों को स्वीकार करना है और मुझे यकीन है कि दो दिनों के अंत में यह संगोष्ठी सभी ब्रिक्स देशों के फिल्म प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में काम करने वाले पेशेवरों के लिए सिनेमा की दुनिया को एक नए नजरिये और परिप्रेक्ष्य के साथ अवसर उत्पन्न करेगी।'' भारतीय फिल्म एवं टेलीविजन संस्थान (एफटीआईआई) के सहयोग से दो दिवसीय फिल्म प्रौद्योगिकी संगोष्ठी में ब्रिक्स देशों के 25 वक्ता हिस्सा लेंगे जो फिल्म प्रौद्योगिकी के विभिन्न क्षेत्रों पर चर्चा करेंगे। फिल्म प्रौद्योगिकी कंपनियों द्वारा एक आनलाइन प्रदर्शनी भी कार्यक्रम के दौरान आयोजित की जाएगी। इस मौके पर सूचना एवं प्रसारण सचिव अपूर्व चंद्रा ने कहा कि संगोष्ठी का इरादा साझेदारी बनाना और सदस्य देशों के बीच फिल्मों एवं फिल्म प्रौद्योगिकियों को बढ़ावा देने वाली प्रौद्योगिकी कंपनियों और संगठनों के लिए एक मंच का निर्माण करना है। उन्होंने कहा, ‘‘इस संगोष्ठी से जुड़कर भारत को गर्व हो रहा है। सिनेमा राष्ट्रीय सीमाओं को पार करके विश्व स्तर पर लाखों लोगों के जीवन को छूता है। यह ब्रिक्स संगोष्ठी दुनिया भर में लोगों की बहुसांस्कृतिक विविधता की सराहना करने के लिए एक आदर्श मंच है।'' उन्होंने कहा कि वीएफएक्स, एनिमेशन, कंप्यूटर जनित इमेजरी और मीडिया आउटसोर्सिंग के क्षेत्र में ब्रिक्स देश दुनिया में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। चंद्रा ने कहा, ‘‘इस संदर्भ में संगोष्ठी में रणनीतियों पर चर्चा होगी और वैश्विक एनीमेशन क्षेत्र को समझा जाएगा।'' उन्होंने कहा कि इस साल नवंबर में गोवा में भारत के 52वें अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव के साथ आयोजित होने वाले ब्रिक्स फिल्म महोत्सव की पृष्ठभूमि में संगोष्ठी का आयोजन किया जा रहा है, जो बेहतरीन सिनेमा पर संवाद और उसे साझा करने का एक अवसर होगा। चंद्रा ने कहा, ‘‘महामारी के बाद की दुनिया में फिल्म और प्रौद्योगिकी स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म के माध्यम से दुनिया को अनोखे तरीके से एकसाथ लायी है। इसने हमें बाधा रहित दुनिया में प्रवेश कराया है।'' उन्होंने कहा, ‘‘ब्रिक्स देशों का नये जमाने का सिनेमा अपने सामाजिक रूप से प्रासंगिक विषयों के साथ व्यापक दर्शकों तक पहुंच बनाता है। हम इस साल गोवा में होने वाले ब्रिक्स फिल्म महोत्सव में आपसे मिलने की उम्मीद करते हैं।
-
नयी दिल्ली। सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी ऑयल एंड नैचुरल गैस कॉरपोरेशन (ओएनजीसी) ने बंगाल की खाड़ी में कृष्णा गोदावरी ब्लॉक केजी-डी5 के गहरे पानी के यू1बी कुएं से पहली गैस निकाली है। कंपनी ने बुधवार को कहा कि इस कुएं केजी-डीडब्ल्यूएन 98/2 ब्लॉक क्लस्टर-2 का अनुमानित अधिकतम उत्पादन 12 लाख घनमीटर गैस प्रतिदिन का है। पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस सचिव तरुण कपूर ने 31 अगस्त को गहरे पानी के कुएं यू1बी से पहली गैस उत्पादन की शुरुआत की। ओएनजीसी का केजी- डी5 ब्लॉक केजी बेसिन में रिलायंस इंडस्ट्रीज के केजी-डी6 ब्लॉक के पास है। इस ब्लॉक में कंपनी ने कई खोजें की हैं जिन्हें एक क्लस्टर के रूप में जोड़ा गया है। इन खोजों को तीन ब्लॉकों... क्लस्टर 1, 2 और 3 में बांटा गया है। क्लस्टर 2 से सबसे पहले उत्पादन शुरू किया गया है। क्लस्टर 2 क्षेत्र को दो ब्लॉक 2ए और 2बी में बांटा गया है। इनसे 2.35 करोड़ टन कच्चे तेल और 50.70 अरब घनमीटर गैस के उत्पादन का अनुमान है। यहां से कच्चे तेल का उत्पादन भी जल्द शुरू होगा। कंपनी ब्लॉक में तेल एवं गैस खोजों के विकास के लिए 5.07 अरब डॉलर का निवेश कर रही है। इससे कुल मिलाकर 2.5 करोड़ टन कच्चे तेल और 45 अरब घनमीटर गैस का उत्पादन होगा। अधिकतम तेल उत्पादन 78,000 बैरल प्रतिदिन का रहेगा। वहीं गैस का अधिकतम उत्पादन 1.5 करोड़ घनमीटर प्रतिदिन का रहेगा। कपूर ने यह गैस राष्ट्र को समर्पित करते हुए ओएनजीसी के चेयरमैन सुभाष कुमार की अगुवाई वाली टीम को बधाई दी।
-
नयी दिल्ली। वर्तिका शुक्ला इंजीनियर्स इंडिया लि. (ईआईएल) की नयी मुखिया नियुक्त की गई हैं। वह सार्वजनिक क्षेत्र की परियोजना परामर्शक कंपनी की पहली महिला प्रमुख हैं। कंपनी ने एक बयान में कहा कि वर्तिका शुक्ला ने बुधवार को चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक का पदभार संभाल लिया। इस पद पर पदोन्नत होने से पहले शुक्ला (55) ईआईएल की निदेशक (तकनीकी) रही हैं। उनका कार्यकाल फरवरी, 2026 तक होगा।
भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान, कानपुर से रसायन इंजीनियरिंग में स्नातक शुक्ला 1988 में ईआईएल से जुड़ी थीं। बयान में कहा गया है कि उन्होंने देश और विदेश में तेल एवं गैस तथा पेट्रोरसायन उद्योग के अपने ग्राहकों के लिए कई प्रतिष्ठित परियोजनाओं का सफलतापूर्वक क्रियान्वयन किया है। -
मुंबई। भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) ने बासेल अनुकूल अतिरिक्त टियर 1 (एटी 1) बांड के जरिये 4,000 करोड़ रुपये जुटाए हैं। इनके लिए 7.72 प्रतिशत की ब्याज दर की पेशकश की गई है। बैंक ने बुधवार को बयान में कहा कि इस निर्गम को निवेशकों की उत्साहवर्धक प्रतिक्रिया मिली। 1,000 करोड़ रुपये के निर्गम के आकार पर 10,000 करोड़ रुपये की बोलियां मिलीं। बयान में कहा कि निर्गम को मिली प्रतिक्रिया के आधार पर बैंक ने 7.72 प्रतिशत की कूपन दर यानी ब्याज पर 4,000 करोड़ रुपये की बोलियां स्वीकार कीं। एसबीआई ने कहा कि 2013 में बासेल तीन पूंजी नियमों के क्रियान्वयन के बाद किसी भारतीय बैंक द्वारा जारी ऐसे बांड पर यह सबसे निचला मूल्य है। स्थानीय क्रेडिट रेटिंग एजेंसियों से बैंक को एएए यानी ट्रिपल ए की रेटिंग प्राप्त है। बैंक की एटी 1 पेशकश को एए प्लस रेटिंग मिली है। इस तरह के बांड के लिए यह सबसे ऊंची रेटिंग है। -
नयी दिल्ली । संपत्ति सलाहकार कंपनी जेएलएल इंडिया के एक सर्वेक्षण के अनुसार कोविड-19 के कारण घर से काम करने के चलन के बीच 80 प्रतिशत कॉर्पोरेट कर्मचारी कोविड-19 के बाद भी सप्ताह में कम से कम एक दिन घर से ही काम करना चाहते हैं। जेएलएल इंडिया ने अपने सर्वेक्षण 'भारत के लिए वर्कर्स प्रेफरेंस बैरोमीटर' में पाया कि कर्मचारी दो दिन कार्यालय में और तीन दिन घर से काम करना पसंद करेंगे। इस सर्वेक्षण में अलग-अलग कॉर्पोरेट घरानों के 300 कर्मचारियों को शामिल किया गया।
जीएलएल ने एक बयान में कहा, ‘‘79 प्रतिशत कर्मचारी सप्ताह में कम से कम एक दिन घर से काम करना चाहते हैं जबकि तीसरे पक्ष के कार्यालय के मामले यह संख्या 89 फीसदी हैं।'' सलाहकार कंपनी ने कहा कि कोविड-19 महामारी के बाद कर्मचारी आदर्श स्थिति के रूप में तीन दिन घर से और दो दिन कार्यालय से काम करना चाहते हैं। सर्वेक्षण में यह भी पाया गया कि कर्मचारी अपने कार्य प्रणाली में अधिक संतुलन चाहते हैं, जिसमें काम करने का मिश्रित रूप वर्क मॉडल और लचीलापन मुख्य हैं। जेएलएल इंडिया की कंट्री प्रमुख एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी राधा धीर ने कहा, ‘‘भविष्य के कार्यालयों को अधिक मानव-केंद्रित होना होगा, जिसमें स्वास्थ्य और कल्याण को सबसे आगे रखना होगा।'' उन्होंने कहा कि सर्वेक्षण में शामिल करीब 60 प्रतिशत कर्मचारी स्वस्थ जीवन शैली और सुरक्षा को एक प्रमुख प्राथमिकता मानते है। वही सर्वेक्षण में यह भी देखा गया कि 21 प्रतिशत कर्मचारी भविष्य में घर से काम नहीं करना चाहते हैं। यह संख्या पिछले वर्ष अक्टूबर में किये गए सर्वेक्षण में 16 प्रतिशत थी। कर्मचारियों ने हालांकि काम में लचीलेपन को भी अच्छा विकल्प माना है।







.jpg)


.jpg)
















.jpg)