- Home
- बिजनेस
- नयी दिल्ली।सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने मंगलवार को कहा कि उसने बैटरी से चलने वाले वाहनों के लिये पंजीकरण प्रमाणपत्र जारी करने या उसके नवीनीकरण को लेकर शुल्क भुगतान से छूट के लिये अधिसूचना जारी की है। मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि उसने बैटरी चालित वाहनों को नये पंजीकरण चिन्हों को लेकर भी शुल्क भुगतान से छूट दी है। बयान के अनुसार देश में ई-वाहन को बढ़ावा देने के इरादे से यह कदम उठाया गया है।
- मुंबई। सार्वजनिक क्षेत्र के भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) के मुख्य अर्थशास्त्रियों ने कहा है कि राज्य सकल घरेलू उत्पाद (जीएसडीपी) का महत्वाकांक्षी अनुमान लगाकार राज्य अधिक कर्ज ले रहे हैं।एसबीआई के मुख्य अर्थशास्त्री सौम्य कांति घोष ने राज्यों द्वारा इस तरह से ऋण लिए जाने को लेकर कर्ज सीमा परिभाषित करने के लिए एक नया फॉर्मूला तैयार करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि वित्त आयोग ने राज्यों द्वारा लिए जाने वाले कर्ज को सकल राज्य घरेलू उत्पाद (जीएसडी) के आकार से जोडऩे की सिफारिश की थी। लेकिन राज्य एक वर्ष के दौरान अधिक उधार लेने के लिए बजट में जीएसडीपी का अनुमान ऊंचा कर लगा रहे हैं। घोष ने अपनी रिपोर्ट में कहा कि पश्चिम बंगाल, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश, तमिलनाडु और राजस्थान ने वित्त वर्ष 2020-21 या इससे पहले के वित्तीय वर्षों में अपने वास्तविक जीएसडीपी के आकार से तीन प्रतिशत से अधिक उधार लिया है। जो अब लगातार बढ़ता जा रहा है। रिपोर्ट में कहा गया, "हमारा मानना है कि राज्यों के ऋण को निर्धारित करने और इसे जीएसडीपी अनुमानों से अलग करने के लिए एक बेहतर फार्मूला तैयार करने की आवश्यकता है।
- नयी दिल्ली।राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के नरेला इलाके में पुलिस ने नकली सर्फ एक्सेल बनाने और उसे बेचने वाली फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है और इस सिलसिले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने मंगलवार को इसकी जानकारी दी । पुलिस ने बताया कि आरोपी इससे पहले भी कई आपराधिक मामलों में शामिल था। पुलिस ने बताया कि फैक्ट्री से 3247 किलो वाशिंग पाउडर बरामद किया गया है।उन्होंने बताया कि मामले में शिकायत दर्ज किये जाने के बाद जांच शुरू की गयी । यह शिकायत एसिडुअस कनसल्टिंग इंडिया लिमिटेड के राजेश कुमार ने दर्ज करायी थी । पुलिस उपायुक्त (बाहरी उत्तर) राजीव रंजन सिंह ने बताया कि कुरेनी गांव में स्थित एक फैक्ट्री में छापेमारी की । पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह लंबे समय से पाइरेसी के धंधे में लगा हुआ है और नरेला अनाज मंडी में उसकी एक दुकान भी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
- नई दिल्ली। कमजोर वैश्विक रुख और रुपये के मूल्य में सुधार के अनुरूप दिल्ली सर्राफा बाजार में मंगलवार को सोना 31 रुपये की गिरावट के साथ 46 हजार 891 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ। एचडीएफसी सिक्योरिटीज ने यह जानकारी दी। सोने का पिछला बंद भाव 46 हजार 922 रुपये प्रति 10 ग्राम था।चांदी भी 372 रुपये की मामूली गिरावट के साथ 66 हजार 72 रुपये प्रति किलोग्राम रह गई। इसका पिछला बंद भाव 66 हजार 444 रुपये था। विदेशी विनिमय बाजार में सुबह के कारोबार में डॉलर के मुकाबले रुपया अपरिवर्तित रख से खुला और बाद में चार पैसे की तेजी के साथ 74.30 रुपये प्रति डॉलर हो गया। एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ विश्लेषक (जिंस) तपन पटेल के अनुसार, ''अमेरिकी जिंस बाजार में कमजोरी के रुख और रुपये के मूल्य में सुधार आने के बीच दिल्ली में 24 कैरेट सोने की हाजिर कीमत में 31 रुपये की गिरावट आई।'' अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना हानि दर्शाता 1,810 डॉलर प्रति औंस पर चल रहा था जबकि चांदी 25.34 डॉलर प्रति औंस पर लगभग अपरिवर्तित थी।
- मुंबई। शेयर बाजारों में मंगलवार को जोरदार उछाल आया और बीएसई सेंसेक्स 873 अंक मजबूत होकर रिकॉर्ड ऊंचाई पर बंद हुआ। एनएसई निफ्टी भी पहली बार 16 हजार अंक के ऊपर बंद हुआ। तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 872.73 अंक यानी 1.65 प्रतिशत की बढ़त के साथ अबतक के सर्वोच्च स्तर 53,823.36 अंक पर बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 245.60 अंक यानी 1.55 प्रतिशत उछलकर रिकॉर्ड 16,130.75 अंक पर बंद हुआ। सेंसेक्स के शेयरों में करीब 4 प्रतिशत की तेजी के साथ सर्वाधिक लाभ में टाइटन का शेयर रहा। इसके अलावा, एचडीएफसी, नेस्ले इंडिया, इंडसइंड बैंक, अल्ट्राटेक सीमेंट और भारती एयरटेल में भी अच्छी तेजी रही। दूसरी तरफ गिरावट वाले शेयरों में बजाज ऑटो, टाटा स्टील और एनटीपीसी शामिल हैं।एलकेपी सिक्योरिटीज के अनुसंधान प्रमुख एस रंगनाथन ने कहा, ''जीएसटी और निर्यात के बेहतर आंकड़ों के दम पर तेजडिय़ों ने निफ्टी को 16 हजार अंक के ऊपर पहुंचा दिया। घरेलू संस्थागत निवेशकों ने चालू वित्त वर्ष के पहले चार महीनों में 280 अरब रुपये की पूंजी डाली।'' रंगनाथन के अनुसार यह साफ है कि मुख्य रूप से खुदरा निवेशकों की अगुवाई में निफ्टी ने 16 हजार का स्तर प्राप्त किया है। खुदरा निवेशकों ने शेयर बाजारों में पैसा लगाया जबकि विदेशी संस्थागत निवेशकों ने इसी दौरान 95 अरब रुपये बाजार से निकाले। एशिया के अन्य बाजारों में शंघाई, तोक्यो और हांगकांग नुकसान में रहे जबकि सियोल में तेजी रही। यूरोप के प्रमुख बाजारों में मध्याह्न कारोबार में तेजी का रुख रहा। इस बीच, अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.47 प्रतिशत की बढ़त के साथ 73.23 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।
- मुंबई। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने सोमवार को नियामकीय प्रावधानों का अनुपालन नहीं करने को लेकर नासिक के जनलक्ष्मी सहकारी बैंक पर 50.35 लाख रुपये का जुर्माना लगाया। जनलक्ष्मी सहकारी बैंक पर रिजर्व बैंक द्वारा ‘प्राथमिक (शहरी) सहकारी बैंकों द्वारा अन्य बैंकों के साथ जमाराशि के नियोजन' और ‘ऋण सूचना कंपनियों (सीआईसी) की सदस्यता' पर जारी निर्देशों का पालन न करने के लिए जुर्माना लगाया गया है। इसके अलावा, आरबीआई ने गाजियाबाद के नोएडा वाणिज्यिक सहकारी बैंक पर भी 3 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। यह जुर्माना निदेशक संबंधित कर्ज और कारोबार के नये स्थल खोलने से जुड़े प्रावधानों का अनुपालन नहीं करने को लेकर लगाया गया है।
- मुंबई। वैश्विक शेयर बाजारों में सकारात्मक रुख के बीच सूचकांक में मजबूत हिस्सेदारी रखने वाले रिलायंस इंडस्ट्रीज, इन्फोसिस और टीसीएस में तेजी के साथ बीएसई सेंसेक्स में सोमवार को 364 अंकों का उछाल आया। तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 363.79 अंक यानी 0.69 प्रतिशत की तेजी के साथ 52,950.63 पर बंद हुआ।एनएसई निफ्टी भी 122.10 अंक यानी 0.77 प्रतिशत मजबूत होकर 15,885.15 अंक पर बंद हुआ। सेंसेक्स के शेयरों में 3 प्रतिशत से अधिक की तेजी के साथ सर्वाधिक लाभ में टाइटन का शेयर रहा। इसके अलावा महिंद्रा एंड महिंद्रा, रिलायंस इंडस्ट्रीज, एक्सिस बैंक, टीसीएस, मारुति और इन्फोसिस भी प्रमुख रूप से लाभ में रहें। दूसरी तरफ, टाटा स्टील, बजाज फिनसर्व, बजाज फाइनेंस, सन फार्मा, डॉ. रेड्डीज और एचडीएफसी बैंक समेत अन्य शेयरों में गिरावट रही।रिलायंस सिक्योरिटीज के रणनीति प्रमुख विनोदी मोदी ने कहा कि वैश्विक शेयर बाजारों में सकारात्मक रुख और वाहनों के शेयरों में तेजी से निफ्टी को समर्थन मिला। उन्होंने कहा कि इसके अलावा, वित्तीय, आईटी और दवा कंपनियों के शेयरों में तेजी से भी बाजार को समर्थन मिला। मुंबई में जुलाई में संपत्ति के पंजीकरण में तीव्र वृद्धि के बाद रियल्टी कंपनियों के शेयरों पर जोर रहा। वहीं वाहनों की बिक्री में वृद्धि से मूल उपकरण विनिर्माताओं के शेयरों में तेजी रही। एशिया के अन्य बाजारों में शंघाई, सियोल, तोक्यो और हांगकांग लाभ में रहें। यूरोप के प्रमुख बाजारों में भी मध्याह्न कारोबार में तेजी का रुख रहा। इस बीच, अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड 1.35 प्रतिशत की गिरावट के साथ 74.39 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया।-
- मुंबई। घरेलू शेयर बाजार में मजबूती के और अमेरिकी डालर की अन्य प्रमुख मुद्राओं के समक्ष मजबूती के बीच विदेशी विनिमय बाजार में सोमवार को रुपया आठ पैसे की तेजी के साथ 74.34 (अस्थायी) प्रति डालर पर बंद हुआ।अंतरबैंक विदेशी विनिमय बाजार में सुबह रुपया 74.38 पर खुला तथा कारोबार के दौरान 74.30 के उच्च स्तर और 74.43 के अपने निम्न स्तर को छूने के बाद कारोबार के अंत में पिछले सत्र के मुकाबले आठ पैसे की तेजी के साथ 74.34 प्रति डॉलर पर बंद हुआ। शुक्रवार को विनिमय दर 74.42 रुपये प्रति डॉलर पर बंद हुई थी। इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.21 प्रतिशत की गिरावट के साथ 91.97 रह गया। वहीं, बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 363.79 अंक की तेजी के साथ 52,950.63 अंक पर बंद हुआ। वैश्विक वायदा बाजार में ब्रेंट क्रूड का भाव 1.07 प्रतिशत घटकर 74.60 डॉलर प्रति बैरल पर चल रहा था।एक्सचेंज के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशक पूंजी बाजार में शुद्ध बिकवाल रहे और उन्होंने शुक्रवार को 3,848.31 करोड़ रुपये के शेयरों की शुद्ध बिकवाली की।
- नयी दिल्ली। मादक पेय बनाने वाली कंपनी डियाजियो इंडिया ने सोमवार को कहा कि वह अपनी परिवार अवकाश नीति के तहत स्त्री-पुरुष हर लिंग के कर्मचारियों को 26 सप्ताह का पैतृक अवकाश प्रदान कर रही है इसमें सभी लाभ और बोनस शामिल हैं। डियाजियो इंडिया ने एक बयान में कहा कि यह नीति विविधतापूर्ण एवं समावेशी कार्यस्थल संस्कृति के निर्माण और स्त्री-पुरुष के बीच बराबरी के विषय का समर्थन करने की प्रतिबद्धता का हिस्सा है। कंपनी ने कहा, "30 जुलाई, 2021 से प्रभावी, यह नीति सभी नए माता-पिता के लिए लागू है, और बच्चे के जन्म/गोद लेने के 12 महीनों के भीतर कभी भी नए पिताओं द्वारा इसका लाभ उठाया जा सकता है, जिससे मां को अपने करियर के साथ-साथ अन्य प्राथमिकताओं पर बेहतर तरीके से ध्यान देने में मदद मिलेगी।" यह नीति सरोगेसी, गोद लेने और जैविक गर्भाधान को ध्यान में रखती है। इसका उद्देश्य करियर की प्रगति में आने वाली बाधाओं को दूर करना है। कंपनी के मुख्य मानव संसाधन अधिकारी आरिफ अजीज ने कहा, "हमें इस बात पर काफी गर्व है कि हम भारत में इस तरह की नीति लाने वाली चुनिंदा कंपनियों में शामिल है और हम उम्मीद करते हैं कि जल्द ही यह पूरे उद्योग के लिए सामान्य हो जाएगा।
- नयी दिल्ली । अगले साल फरवरी में ग्रेटर नोएडा में होने वाले देश के प्रमुख ऑटोमोबाइल शो - ऑटो एक्सपो को कोविड-19 महामारी के चलते स्थगित कर दिया गया है। उद्योग निकाय सियाम ने सोमवार को कहा कि कोविड-19 महामारी की तीसरी लहर की आशंका के चलते ऑटो एक्सपो को स्थगित किया गया है। दो साल में एक बार आयोजित होने वाला यह शो आखिरी बार फरवरी 2020 में हुआ था। सोसाइटी ऑफ ऑटोमोबाइल मैन्युफैक्चरर्स (सियाम) के महानिदेशक राजेश मेनन ने एक बयान में कहा, ‘‘ऑटो एक्सपो जैसे कारोबारी शो में संक्रमण फैलने का जोखिम बहुत अधिक है, क्योंकि इसमें भीड़ बहुत अधिक होती है और सामाजिक दूरी बनाए रखना मुश्किल होगा। इसलिए इसे स्थगित करने का निर्णय लिया गया है।'' उन्होंने कहा कि ऑटो एक्सपो की अगली तारीख को इस साल के अंत में कोविड की स्थिति को ध्यान में रखते हुए और वैश्विक ऑटो शो के ओआईसीए कैलेंडर के अनुसार अंतिम रूप दिया जाएगा।
- नयी दिल्ली। हिंदुजा समूह की प्रमुख कंपनी अशोक लीलैंड ने सोमवार को बताया कि जुलाई 2021 में कुल वाहनों की बिक्री 81 प्रतिशत बढ़कर 8,650 इकाई हो गई। कंपनी ने जुलाई 2020 में 4,776 इकाइयों की बिक्री की थी। अशोक लेलैंड ने एक बयान में कहा कि पिछले महीने कुल घरेलू वाहनों की बिक्री 8,129 इकाई रही, जो एक साल पहले की समान अवधि में 4,283 इकाई थी।
- नयी दिल्ली। महिंद्रा एंड महिंद्रा (एमएंडएम) लिमिटेड ने सोमवार को बताया कि जुलाई 2021 में उसके यात्री वाहनों की बिक्री लगभग दोगुनी होकर 21,046 इकाई रही। एमएंडएम ने एक बयान में कहा कि कंपनी ने पिछले साल इसी महीने में 11,025 इकाइयां बेची थीं।कंपनी ने बताया की समीक्षाधीन अवधि में उसके उपयोगिता वाहनों की बिक्री 91 प्रतिशत बढ़कर 20,797 इकाई रही, जो पिछले साल की समान अवधि में 10,898 इकाई थी। कंपनी ने कहा कि इस साल जुलाई में कारों और वैन की बिक्री 249 इकाई रही, जो एक साल पहले इसी महीने में 127 इकाई थी। एमएंडएम लिमिटेड के सीईओ, ऑटोमोटिव प्रभाग विजय नाकरा ने कहा, ‘‘अब देश भर में हमारे 90 प्रतिशत से अधिक डीलरशिप और कार्यशालाएं चालू हैं। हमने गतिविधियों के स्तर पर और पूछताछ में उल्लेखनीय वृद्धि देखी है और इसके चलते बिक्री बढ़ी है।'' एक दूसरे बयान में एमएंडएम ने बताया कि उसके ट्रैक्टर की बिक्री जुलाई 2021 में सात प्रतिशत बढ़कर 27,229 इकाई रही, जो पिछले साल इसी महीने में 25,402 इकाई थी। इस दौरान ट्रैक्टर की घरेलू बिक्री में पांच प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई।
- नयी दिल्ली। जगुआर लैंड रोवर (जेएलआर) ने सोमवार को कहा कि उसने भारत में नयी जगुआर एफ-टाइप आर-डायनामिक ब्लैक की बुकिंग शुरू कर दी है। यह मॉडल पांच-लीटर सुपरचार्ज्ड वी8 इंजन वाला है जो 331 किलोवॉट की शक्ति और 580 न्यूटन-मीटर का टॉर्क देता है। जेएलआर इंडिया के अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक रोहित सूरी ने एक बयान में कहा, "एफ-टाइप आर-डायनेमिक ब्लैक की शुरुआत के साथ, पूरी तरह से आनुपातिक और असाधारण रूप से सुंदर एफ-टाइप अब पहले से कहीं अधिक विशिष्ट है, जो स्पोर्ट्स कार के वास्तविक प्रशंसकों को आनंदित को और खुश होने का कारण देता है।" नया आर-डायनेमिक ब्लैक ग्लॉस ब्लैक फिनिश के साथ 50.8 सेमी पांच स्प्लिट-स्पोक व्हील के साथ आता है। यह तीन रंगों में पेश किया गया है: सेंटोरिनी ब्लैक, ईगर ग्रे या फिरेंज रेड। भारत में जगुआर एक्सई (46.64 लाख रुपये से शुरू), एक्सएफ (55.67 लाख रुपये), एफ-पेस (69.99 लाख रुपये) आई-पेस (105.9 लाख रुपये) और एफ-टाइप (97.97 लाख रुपये) माडल की कारें बेचती है। इसके देश में 24 शहरों में 28 बिक्री केंद्र हैं।
- नयी दिल्ली। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने सोमवार को कहा कि गत 31 मार्च को खत्म हुए वित्त वर्ष में सरकार के कर राजस्व में करीब पांच प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई। उन्होंने लोकसभा में एक प्रश्न के लिखित उत्तर में यह जानकारी दी।वित्त मंत्री ने कहा कि 2020-21 में कुल कर (प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष कर) राजस्व 14.24 लाख करोड़ रुपये था जो इससे पहले के वित्त वर्ष के मुकाबले पांच प्रतिशत अधिक है। वर्ष 2019-20 में कर राजस्व 13.56 लाख करोड़ रुपये था। निर्मला सीतारमण के अनुसार, सरकार ने प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष कर संग्रह बढ़ाने के लिए कई कदम उठाए हैं। बहरहाल, गैर-कर राजस्व में 36 प्रतिशत की गिरावट आई। वर्ष 2021 में यह 2.08 लाख करोड़ रुपये था, जबकि इससे पहले के वित्त वर्ष में यह 3.27 लाख करोड़ रुपये रहा।
- नयी दिल्ली। स्विटरजरलैंड स्थित होलसिम समूह (पूर्व नाम लफार्जहोलसिम) की कंपनी अंबुजा सीमेंट्स ने सोमवार को कहा कि वह पंजाब के रोपड़ स्थित संयंत्र की उत्पादन क्षमता बढ़ाने के लिए अगले दो वर्षों में 310 करोड़ रुपये का निवेश करेगी। कंपनी ने एक बयान में कहा कि यह निवेश अंबुजा सीमेंट लिमिटेड (एसीएल) द्वारा मध्यावधि में पांच करोड़ टन प्रतिवर्ष की कुल क्षमता हासिल करने के लक्ष्य का हिस्सा है। कंपनी का अनुमान है कि भारत में तेजी से शहरीकरण के कारण सार्वजनिक बुनियादी ढांचे और आवासीय क्षेत्र में निवेश बढ़ने के चलते सीमेंट की मांग भी तेजी से बढ़ेगी। बयान के मुताबिक रोपड़ संयंत्र में क्षमता विस्तार जून 2023 तक पूरा होने की उम्मीद है और इसके बाद यहां सीमेंट तैयार करने वाली इकाई की क्षमता 30 लाख टन प्रतिवर्ष से बढ़कर 45 लाख टन प्रतिवर्ष हो जाएगी। कंपनी के प्रबंध निदेशक और मुख्य अधिशासी नीजन अखौरी ने कहा कि अंबूजा सीमेंट को आशा है कि भारत में सीमेंट की मांग में वृद्धि होगी। उन्होंने कहा,‘ हम उम्मीद करते है कि एक मध्य अविध (दो-तीन साल) में हमारी उत्पादन क्षमता में 1.5 करोड़ टन की वृद्धि हो जाएगी और यह बढ़ कर पांच करोड़ टन तक पहुंच जाएगी।
- नयी दिल्ली । देश का निर्यात जुलाई में 47.19 प्रतिशत बढ़कर 35.17 अरब डॉलर पर पहुंच गया। पेट्रोलियम, इंजीनियरिंग और रत्न एवं आभूषण क्षेत्र के अच्छे प्रदर्शन की वजह से कुल निर्यात में उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई है। वाणिज्य मंत्रालय के अस्थायी आंकड़ों में यह जानकारी दी गई है।आंकड़ों के अनुसार, जुलाई में आयात भी 59.38 प्रतिशत की वद्धि के साथ 46.40 अरब डॉलर रहा। इस तरह व्यापार घाटा 11.23 अरब डॉलर रहा। समीक्षाधीन महीने में पेट्रोलियम निर्यात बढ़कर 3.82 अरब डॉलर पर पहुंच गया। इंजीनियरिंग निर्यात 2.82 अरब डॉलर और रत्न एवं आभूषण निर्यात 1.95 अरब डॉलर रहा। हालांकि, जुलाई में तिलहन, चावल, मांस, डेयरी और पॉल्ट्री उत्पादों के निर्यात में गिरावट आई।वाणिज्य मंत्रालय के अनुसार, जुलाई में पेट्रोलियम, कच्चे तेल और उत्पादों का आयात 97 प्रतिशत बढ़कर 6.35 अरब डॉलर पर पहुंच गया। सोने का आयात 135.5 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ 2.42 अरब डॉलर पर पहुंच गया। इसी तरह मोती, बहुमूल्य और अर्द्धबहुमूल्य रत्नों का आयात 1.68 अरब डॉलर रहा। हालांकि, माह के दौरान परिवहन उपकरणों, परियोजना सामान तथा चांदी के आयात में गिरावट आई।आंकड़ों के अनुसार, अमेरिका, संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) तथा बेल्जियम को निर्यात बढ़कर क्रमश: 2.4 अरब डॉलर, 1.21 अरब डॉलर और 48.9 करोड़ डॉलर रहा।
-
रायपुर। सार्वजनिक क्षेत्र के प्रमुख बैंक यूको बैंक ने गृह ऋण एवं कार ऋण के लिए आकर्षक अभियान आरंभ किया है। यह जानकारी देते हुए रायपुर जोनल हेड एसआर पाण्डा ने बताया कि बैंक ने 1 अगस्त से 15 सितंबर 2021 तक संस्वीकृत एवं संवितरित गृह ऋण एवं कार ऋण के लिए प्रोसेसिंग शुल्क में 100 फीसदी छूट प्रदान करने की पेशकश की है। यह जानकारी देते हुए बैंक के जोनल हेड एसआर पाण्डा ने बताया कि इस अवधि के दौरान प्रोसेसिंग शुल्क शून्य रहेगा। जोनल हेड एसआर पाण्डा ने बताया कि यह ग्राहकों के लिए फायदेमंद होगा। ग्राहकों को अभियान से पूर्व गृह ऋण पर लगने वाले प्रोसेसिंग शुल्क 0.50 एवं अधिकतम 15000 रुपए तथा कार ऋण पर लगने वाले प्रोसेसिंग शुल्क 1 प्रतिशत एवं अधिकतम 1500 रुपए बचत होगी। इस समय बैंक में गृह ऋण के लिए ब्याज दर 6.90 प्रतिशत तथा कार ऋण के लिए ब्याज दर 7.45 फीसदी से शुरू होती है। सीमित अवधि के लिए आरंभ बैंक का यह ऑफर ग्राहकों के लिए बहुत आकर्षक एवं किफायती है।
- नई दिल्ली। दूरसंचार क्रांति के दौर में सार्वजनिक क्षेत्र की प्रमुख सरकारी कंपनी भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) ने पिछले लगभग 78 माह में अपने 9.22 करोड़ मोबाइल उपभोक्ता गंवाए हैं।बीएसएनएल ने सूचना का अधिकार (आरटीआई) कानून के तहत मांगी गई जानकारी में बताया है कि बीते छह वित्त वर्षों में करीब 1.35 करोड़ लैंडलाइन ग्राहकों ने भी कनेक्शन वापस कर दिए हैं, जबकि इसी दौरान कंपनी ने 50 लाख से अधिक लैंडलाइन उपभोक्ताओं को जोड़ा भी है।एक अन्य आरटीआई आवेदन के जवाब में महानगर टेलीफोन निगम (एमटीएनएल) के अलग-अलग कार्यालयों ने बताया कि उसने जनवरी 2015 से मई 2021 के बीच कनेक्शन वापस करनेवाले करीब 73 हजार 59 ग्राहकों को जमानती राशि के तौर पर तकरीबन 11.50 करोड़ रुपये लौटाए हैं। जवाब के मुताबिक, हालांकि एमटीएनएल कनेक्शन वापस करनेवाले करीब 7,225 उपभोक्ताओं की जमानत राशि अभी बकाया है। बीएसएनएल के उप महाप्रबंधक (सीडीएन) की ओर से जारी जवाब में बताया गया है कि वित्त वर्ष 2020-21 में 25 लाख 20 हजार 446, 2019-20 में 28 लाख 30 हजार 261, 2018-19 में 17 लाख 96 हजार 567, 2017-18 में 22 लाख 81 हजार 771, 2016-17 19 लाख 55 हजार 101 और 2015-16 में 22 लाख 08 हजार 713 उपभोक्ताओं ने अपने लैंडलाइन कनेक्शन वापस किए हैं।जवाब में यह भी बताया गया है कि उसने वित्त वर्ष 2020-21 में 3 लाख 35 हजार 84, 2019-2020 में 4 लाख 23 हजार 601, 2018-19 में 6 लाख 39 हजार 119, 2017-18 में 11 लाख 05 हजार 683, 2016-17 में 13 लाख 28 हजार 487 और 2015-16 में 12 लाख 02 हजार 655 नए उपभोक्ता जोड़े हैं। इसमें बताया गया है कि 31 मार्च 2021 तक बीएसएनएल के कुल लैंड लाइन ग्राहकों की संख्या 76 लाख 75 हजार 683 और कुल मोबाइल ग्राहकों की संख्या 11 करोड़ 63 लाख 20 हजार 795 है।बीएसएनएल के उप महाप्रबंधक (बिक्री एवं विपणन) की ओर से जारी अन्य जवाब में बताया गया है कि जनवरी 2015 से मई 2021 तक मोबाइल के कुल 9 करोड़ 22 लाख 10 हजार 990 ग्राहकों ने कनेक्शन वापस किए हैं।एक अन्य आरटीआई आवेदन के जवाब में एमटीएनएल के भीकाजी कामा प्लेस के प्रबंधक की ओर से बताया गया है कि बीसीपी क्षेत्र में जनवरी 2015 से 31 मई 2021 के बीच कनेक्शन वापस करने वाले 12 हजार 626 ग्राहकों को कुल 2 करोड़ 01 लाख 16 हजार 83 रुपये की सुरक्षा जमा लौटाई गई है। जवाब के मुताबिक, बीसीपी क्षेत्र में इस अवधि में कनेक्शन वापस करनेवाले 2,738 उपभोक्ताओं को जमानत राशि वापस नहीं की गई है। इस क्षेत्र में इस अवधि में 39 हजार 522 उपभोक्ताओं ने कनेक्शन वापस किए हैं जबकि 24454 नए कनेक्शन दिए गए हैं।
- नयी दिल्ली। टाटा मोटर्स ने रविवार को कहा कि जुलाई 2021 में घरेलू बाजार में उसकी कुल बिक्री पिछले साल के इसी महीने की तुलना में 92 प्रतिशत बढ़कर 51,981 वाहन हो गई। कंपनी ने जुलाई 2020 में 27,024 इकाइयों की बिक्री की थी। प्रमुख वाहन कंपनी ने कहा कि घरेलू बाजार में उसकी यात्री वाहनों की बिक्री जुलाई में 30,185 इकाई रही जबकि पिछले साल इसी महीने में यह 15,012 इकाई थी। वहीं घरेलू बाजार में उसके वाणिज्यिक वाहनों की बिक्री 21,796 इकाई रही, जो जुलाई 2020 में 12,012 इकाई थी। इस तरह उसकी वाणिज्यिक वाहनों की बिक्री में 81 प्रतिशत की वृद्धि हुई।
- नयी दिल्ली। मारुति सुजुकी इंडिया, हुंदै और टाटा मोटर्स सहित शीर्ष ऑटो कंपनियों ने रविवार को व्यापक आर्थिक कारकों के स्थिरीकरण और बेहतर उपभोक्ता भावनाओं के चलते जुलाई में अपने घरेलू यात्री वाहनों की बिक्री में दो अंकों की वृद्धि दर्ज की। इसी तरह, होंडा, निसान, एमजी मोटर और स्कोडा ने भी सेमी-कंडक्टर की आपूर्ति की कमी के बावजूद, कोविड-19 की कम संक्रमण दर के बीच बाजार के मिजाज में सुधार के कारण पिछले महीने अपनी बिक्री में स्वस्थ वृद्धि दर्ज की। देश की सबसे बड़ी कार कंपनी मारुति सुजुकी इंडिया (एमएसआई) की बिक्री जुलाई में 50 प्रतिशत बढ़कर 1,62,462 इकाई पर पहुंच गई। इससे पिछले साल के समान महीने में कंपनी ने 1,08,064 वाहन बेचे थे।घरेलू बाजार में कंपनी की बिक्री 39 प्रतिशत बढ़कर 1,41,238 इकाई रही, जो एक साल पहले इसी महीने में 1,01,307 इकाई रही थी। कंपनी की मिनी कारों - आल्टो तथा वैगन आर की बिक्री 19,685 इकाई रही, जो जुलाई, 2020 में 17,258 इकाई रही थी। कॉम्पैक्ट खंड... स्विफ्ट, सेलेरियो, इग्निस, बलेनो और डिजायर की बिक्री 70,268 इकाई रही, जो एक साल पहले 51,529 इकाई रही थी। कंपनी ने इस महीने में मध्यम आकार की सेडान सियाज की 1,450 इकाइयां बेचीं। एक साल पहले यह आंकड़ा 1,303 इकाई का रहा था। कंपनी के यूटिलिटी वाहनों - विटारा ब्रेजा, एस-क्रॉस और एर्टिगा की बिक्री 32,272 इकाई रही, जो एक साल पहले इसी महीने में 19,177 इकाई रही थी। प्रतिद्वंदी कंपनी हुंदै मोटर इंडिया लिमिटेड (एचएमआईएल) की जुलाई महीने में घरेलू बाजार में बिक्री 26 प्रतिशत बढ़कर 48,042 इकाई रही, जो एक साल पहले इसी महीने में 38,200 इकाई थी। कंपनी ने यह बिक्री अपने नये मॉडल अल्काजार और क्रेटा, आई20 एवं वेन्यू जैसे दूसरे उत्पादों के शानदार प्रदर्शन के सहारे किया। कंपनी के निदेशक (बिक्री, विपणन एवं सेवा) तरुण गर्ग ने कहा, "वृहद आर्थिक कारकों के स्थिरीकरण, अच्छे मानसून और व्यक्तिगत गतिशीलता की ओर उपभोक्ताओं के रुझान में वृद्धि के साथ यात्री वाहन उद्योग में एक सकारात्मक वृद्धि की गति स्पष्ट रूप से दिखाई दे रही है।" टाटा मोटर्स ने भी जुलाई 2021 में अपनी वृद्धि की गति को बनाए रखा। घरेलू बाजार में उसकी यात्री वाहनों की बिक्री जुलाई में 30,185 इकाई रही जबकि पिछले साल इसी महीने में यह 15,012 इकाई थी। एमजी मोटर इंडिया की खुदरा बिक्री भी दोगुनी होकर 4,225 वाहनों की रही।
- नयी दिल्ली। वाहन विनिर्माता कंपनी टोयोटा किर्लोस्कर मोटर (टीकेएम) ने शनिवार को कहा कि जुलाई माह के दौरान उसकी घरेलू बाजार में बिक्री 13,105 वाहनों की रही। इनोवा क्रिस्टा और फॉर्च्यूनर जैसे वाहन बनाने वाली कंपनी ने इससे पिछले वर्ष के इसी महीने में 5,386 गाड़ियों की बिक्री की थी। टोयोटा ने कहा कि मांग में इस वृद्धि का कारण केवल दबी हुई मांग को ही नहीं माना जा सकता। लेकिन बाजार के लिए यह सकरात्मक संकेत है। कंपनी ने कहा कि देश के कुछ हिस्सों में कोविड-19 के कारण अभी भी प्रतिबन्ध जारी हैं। इन प्रतिबंधों के हटने के बाद मांग और बिक्री में बढ़ोतरी की उम्मीद है। टोयोटा ने कहा कि वर्तमान में उसका उद्देश्य ग्राहकों के ऑर्डरों को पूरा करना और कर्मचारियों का टीकाकरण है, ताकि भविष्य में संक्रमण के फैलने का खतरा कम हो।
- नयी दिल्ली ।सार्वजनिक क्षेत्र के ऋणदाता भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) ने शनिवार को कहा कि उसने अगस्त अंत तक अपने आवास ऋण पर प्रोसेसिंग या प्रसंस्करण शुल्क माफ करने का निर्णय किया है। बैंक के अनुसार वर्तमान में आवास ऋण पर प्रोसेसिंग शुल्क 0.40 प्रतिशत है।एसबीआई ने कहा कि आवास ऋण लेने वाले ग्राहक मानसून धमाका ऑफर के तहत लाभ प्राप्त कर सकते हैं। यह ऑफर हालांकि सीमित समय के लिए है। बैंक ने कहा, ‘‘वर्तमान में एसबीआई के गृह ऋण के लिए ब्याज दर 6.70 प्रतिशत से शुरू होती है। इसलिए घर लेने का इससे बेहतर समय और कोई नहीं हो सकता। यह पेशकश 31 अगस्त तक के लिए है।'' बैंक के खुदरा और डिजिटल बैंकिंग विभाग के प्रबंध निदेशक सी एस शेट्टी ने कहा, ‘‘हमारा मानना है कि प्रोसेसिंग शुल्क हटाने का निर्णय घर खरीदारों को आसानी से फैसला लेने के लिए प्रोत्साहित करेगा। क्योंकि ब्याज दर अपने ऐतिहासिक निचले स्तर पर है।'
- नई दिल्ली। दिल्ली सर्राफा बाजार में शुक्रवार को सोने में 294 रुपये की तेजी आई। सोने की अंतरराष्ट्रीय कीमतों में उछाल का असर घरेलू बाजार पर पड़ा। इससे सोना 294 रुपये की तेजी के साथ 47 हजार 442 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ। एचडीएफसी सिक्योरिटीज ने यह जानकारी दी। सोने का पिछला बंद भाव 47हजार 148 रुपये प्रति 10 ग्राम था। इसके विपरीत, चांदी की कीमत 170 रुपये की गिरावट के साथ 66 हजार 274 रुपये प्रति किलोग्राम रह गई। इसका पिछला बंद भाव 64 हजार444 रुपये था। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना मजबूती के साथ 1,830 डॉलर प्रति औंस हो गया, जबकि चांदी 25.57 डॉलर प्रति औंस पर लगभग अपरिवर्तित रही।कमजोर हाजिर मांग के बीच सटोरियों ने अपने सौदों के आकार को घटाया। इससे स्थानीय वायदा बाजार में शुक्रवार को सोना वायदा (त्रशद्यस्र छह रुपये घटकर 48 हजार 390 रुपये प्रति दस ग्राम रह गया। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज में अक्टूबर माह के सोने के वायदा अनुबंध का डिलीवरी भाव छह रुपये यानी 0.01 प्रतिशत की गिरावट के साथ 48,390 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गया। इस वायदा अनुबंध में 12,694 लॉट के लिये कारोबार किया गया। विश्लेषकों का मानना है कि कारोबारियों द्वारा अपने सौदों की कटान करने से सोना वायदा भाव में गिरावट आई।हाजिर बाजार की कमजोर मांग की वजह से शुक्रवार को कारोबारियों ने अपने सौदों के आकार को घटाया। इससे वायदा बाजार में चांदी का भाव 69 रुपये घटकर 68 हजार 131 रुपये प्रति किलो रह गया। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज में सितंबर माह के लिये चांदी वायदा अनुबंध का डिलीवरी भाव 69 रुपये यानी 0.1 प्रतिशत घटकर 68 हजार 131 रुपये प्रति किलो रह गया। इस अनुबंध के लिये 8,382 लॉट के लिये कारोबार किया गया। वैश्विक बाजार, न्यूयार्क में चांदी का भाव 2.53 प्रतिशत कमजोर होकर 25.65 डालर प्रति औंस रह गया।
- नई दिल्ली। बजाज आटो ने अपने स्कूटर बजाज चेतक के लिए बुकिंग फिर शुरू कर दी है। कंपनी पुणे और बेंगलुरू में बुकिंग शुरू कर दी है. इससे पहले आउट ऑफ स्टॉक होने के कारण इस स्कूटर की बुकिंग बंद कर दी गई थी। आने वाले समय में कंपनी 22 शहरों में अपना यह ई-स्कूटर सेल करने का प्लान कर रही है. इस स्कूटर को हाल ही में नागपुर में लॉन्च किया गया था। इसके अलावा, मैसूर, औरंगाबाद और मैंगलोर में भी इसकी बुकिंग शुरू हो गई हैं।बजाज ऑटो ने इस साल अप्रैल महीने में अपने बजाज चेतक इलेक्ट्रिक स्कूटर की बुकिंग शुरू कर दी थी। हालांकि, तब केवल दो दिनों के लिए ही इसकी बुकिंग शुरू की गई थी। बजाज ने अपनी चेतक को भारतीय बाजार में 1 लाख रुपये की शुरुआती कीमत में लॉन्च किया था। यह इलेक्ट्रिक स्कूटर दो वेरिएंट्स में आता है। एक बार फुल चार्ज करने पर यह इलेक्ट्रिक स्कूटर 95 किलोमीटर तक का रेंज देता है। यानी, फुल सिंगल चार्ज पर यह इलेक्ट्रिक स्कूटर बिना रुके 95 किलोमीटर तक का सफर तय करता है। हालांकि, इको मोड में इस स्कूटर में केवल 85 किलोमीटर का रेंज मिलता है।इसमें रेट्रो लुक के साथ राउंड डीआरएल दिए गए हैं। इसमें ऑल डिजिटल इंस्ट्रूमेंट कलस्टर दिया गया है। इसे स्मार्टफोन से भी कनेक्ट किया जा सकता है, जहां रियर टाइम में ग्राहकों को सारी जानकारी मिलती है। यह इलेक्ट्रिक स्कूटर एक घंटे में 25 फीसदी तक चार्ज हो जाता है। वहीं, फुल चार्ज होने में इसे 5 घंटे का समय लगता है। शानदार राइडिंग अनुभव के लिए इसमें सिटी और स्पोट्र्स जैसे दो राइडिंग मोड्स दिए गए हैं। इसमें 4.1 किलोवॉट का इलेक्ट्रिक मोटर दिया गया है, जो 16 एनएम का पीक टॉर्क जेनरेट करता है। इसका इंजन ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन से लैस है।
- नयी दिल्ली। आमेजन इंडिया ने गुरुवार को कहा कि उसके प्राइम सदस्यों ने प्राइम डे सेल के दौरान कारीगरों, बुनकरों और महिला उद्यमियों सहित 1,26,003 विक्रेताओं से खरीदारी की। कंपनी ने एक बयान में कहा कि इस दौरान करीब 31,230 विक्रेताओं ने अपनी अब तक की सबसे अधिक एक दिन की बिक्री दर्ज की, और पिछले प्राइम डे की तुलना में इस बार लगभग 25 प्रतिशत अधिक विक्रेताओं की बिक्री एक करोड़ रुपये को पार कर गयी। आमेजन इंडिया के निदेशक (प्राइम एंड फुलफिलमेंट एक्सपीरियंस) अक्षय साही ने कहा, "हमने इस प्राइम डे को लघु और मध्यम व्यवसायों (एसएमबी) और स्थानीय दुकानों को समर्पित किया और हम उनकी भागीदारी से काफी खुश हैं। 6,800 अलग-अलग पिन कोड इलाकों के प्राइम सदस्यों ने 1,26,000 से अधिक एसएमबी और स्टोर से खरीदारी की, जिसके साथ यह आमेजनडॉटइन पर एसएमबी की सबसे बड़ी बिक्री बन गयी।" उन्होंने साथ ही कहा कि प्राइम डे (26-27 जुलाई) से पहले का महीना प्राइम वीडियो की अब तक की सबसे अच्छी व्यूअरशिप की अवधि बन गया है। इससे यह स्पष्ट होता है कि भारत को प्राइम द्वारा प्रदान किए जाने वाले मुफ्त, तेज शिपिंग, विशेष खरीदारी और डिजिटल लाभ काफी रास आ रहे हैं। अमेरिकी ई-कॉमर्स कंपनी का प्राइम प्रोग्राम एक सशुल्क सदस्यता कार्यक्रम है जो तेज डिलीवरी, प्राइम वीडियो तक पहुंच और अन्य जैसे प्रोत्साहन प्रदान करता है। कंपनी ने यह भी बताया कि कि प्राइम डे सेल के दौरान, प्राइम प्रोग्राम के लिए साइन अप करने वाले नए सदस्यों में से 70 प्रतिशत से अधिक टियर-2 शहरों और अन्य के थे।




.jpg)
.jpg)
.jpg)
















.jpg)

.jpg)

.jpg)