रायपुर नगर निगम द्वारा “बर्न कैलोरीज़, नॉट फ्यूल” – हेरिटेज साइक्लिंग टूर का आयोजन
स्वच्छ वायु, स्वस्थ जीवनशैली और शहर की सांस्कृतिक विरासत को बढ़ावा देने की अनूठी पहल
रायपुर/रायपुर नगर निगम द्वारा 25 नवंबर 2026 को “Burn Calories, Not Fuel – A Heritage Cycling Tour of Raipur” का आयोजन किया जा रहा है। इस अनूठी पहल के माध्यम से शहर की सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और स्वच्छ वायु को बढ़ावा देने जैसे दो महत्वपूर्ण विषयों को एक साथ जोड़ा गया है।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः 7:00 बजे रायपुर नगर निगम मुख्यालय (व्हाइट हाउस) से होगी। साइक्लिंग यात्रा तेलीबांधा तालाब से होते हुए शहर के हृदय स्थल में स्थित ऐतिहासिक टाउन हॉल में संपन्न होगी।
इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में श्री पुरंदर मिश्रा, विधायक, रायपुर उत्तर विधानसभा शामिल होंगे। साथ ही श्रीमती मीनल चौबे, महापौर, रायपुर नगर निगम; श्री संबित मिश्रा, आयुक्त, रायपुर नगर निगम एवं श्री अमर गिदवानी, अध्यक्ष, संस्कृति विभाग (MIC) भी साइक्लिंग यात्रा में सहभागिता करेंगे।
इस पहल का उद्देश्य शहरी विकास के दो महत्वपूर्ण पहलुओं को एक साथ जोड़ना है। एक ओर यह नागरिकों को रायपुर की समृद्ध सांस्कृतिक एवं स्थापत्य विरासत से जोड़ने का प्रयास है, वहीं दूसरी ओर स्वच्छ वायु के महत्व के प्रति जागरूकता बढ़ाना भी इसका प्रमुख उद्देश्य है। इसके माध्यम से नागरिकों को साइकिल जैसे पर्यावरण अनुकूल परिवहन साधनों को अपनी दैनिक जीवनशैली में अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।
यह अभियान व्यक्तिगत स्वास्थ्य और फिटनेस को भी प्रोत्साहित करेगा। नियमित रूप से साइकिल चलाने की आदत विकसित कर शारीरिक सक्रियता बढ़ाने के साथ-साथ ईंधन आधारित वाहनों पर निर्भरता कम करने और उनसे होने वाले वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने का संदेश दिया जाएगा।
रायपुर नगर निगम की यह पहल पर्यावरण संरक्षण एवं सतत शहरी प्रबंधन के प्रति निगम की प्रतिबद्धता को भी आगे बढ़ाएगी। निगम द्वारा आयोजित अन्य कार्यक्रमों की तरह यह आयोजन भी जीरो वेस्ट कार्यक्रम की अवधारणा पर आधारित होगा। इसमें सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग को हतोत्साहित करने तथा जिम्मेदार उपभोग एवं कचरा प्रबंधन की आदतों को प्रोत्साहित करने पर विशेष जोर दिया जाएगा।
इस पहल के माध्यम से रायपुर नगर निगम जनप्रतिनिधियों, नागरिकों एवं शहर के विभिन्न हितधारकों को एक साझा मंच पर लाकर शहर की विरासत के उत्सव के साथ स्वच्छ वायु, सतत परिवहन, बेहतर स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनभागीदारी को प्रोत्साहित करना चाहता है।










Leave A Comment