पुनीत राजकुमार ने की 4 लोगों की जिंदगियां रोशन, 'पावर स्टार' की आंखें हुईं ट्रांसप्लांट
मुंबई। 29 अक्टूबर को कन्नड़ सुपरस्टार पुनीत राजकुमार का हार्ट अटैक से निधन हो गया। उन्हें जिम करते हुए हार्ट अटैक आया और वे इस दुनिया से चले गए। पुनीत राजकुमार के आकस्मिक निधन ने हर किसी को सन्न कर दिया। इस दुनिया से विदा होकर भी पुनीत राजकुमार चार लोगों की दुनिया रोशन कर गए हैं। पुनीत की आंखें चार मरीजों को ट्रांसप्लांट की गई हैं। नारायण नेत्रालय में ये आंखें तीन पुरुष और एक महिला मरीज को ट्रांसप्लांट की गई हैं।
हालांकि अस्पताल ने नियमों का हवाला देते हुए अधिक जानकारी देने से इनकार कर दिया है। इस बारे में बात करते हुए नारायण नेत्रालय के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर के. भुजंगशेट्टी ने कहा, 'हम पावर स्टार पुनीत राजकुमार के नेत्रदान के फैसले के शुक्रगुजार और आभारी हैं। सबके रोचक बात ये है कि हमने पुनीत की एक आंख का इस्तेमाल दो लोगों को रोशनी देने में किया है।' आमतौर पर एक मृत व्यक्ति के दो कॉर्निया से दो नेत्रहीन रोगियों को रोशनी मिल पाती है लेकिन कन्नड़ सुपरस्टार पुनीत के मामले में चार लोगों को इसका लाभ मिला है।
दिवंगत एक्टर की प्रत्येक आंख का इस्तेमाल दो मरीजों के लिए किया गया है। नई टेक्नोलॉजी के चलते डॉक्टरों की टीम ने पुनीत की आंखों के दो कॉर्नियाज को चार हिस्सों में बांटा और फिर इन्हें चार मरीजों को ट्रांसप्लांट किया है। इस तरह से पुनीत की दो आंखों ने चार लोगों के जीवन में रोशनी दी है। आपको बता दें कि पुनीत राजकुमार के निधन के बाद पूरे कर्नाटक में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया था। पुनीत को राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई जिसमें टॉलीवुड फिल्म इंडस्ट्री के कई नामी स्टार्स शामिल हुए।
---
Leave A Comment