पापा बने युवराज सिंह...पत्नी हेजल ने दिया बेटे को जन्म
मुंबई। अभिनेत्र हेजल कीच और पूर्व भारतीय क्रिकेटर युवराज सिंह के घर किलकारियां गूंजी हैं। इस स्टार कपल ने इस बात का ऐलान एक सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए किया है। पूर्व क्रिकेटर युवराज सिंह और उनकी पत्नी हेजल कीच ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर कर फैंस को जानकारी दी कि उनके घर एक बेटे का जन्म हुआ है। इस बात की जानकारी देते हुए हेजल कीच ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर की। जिसमें लिखा था, 'हमारे सभी फैंस, दोस्तों और परिवार के लिए.... हम ये बताते हुए बेहद खुश हैं कि हमारे घर एक बेटे का जन्म हुआ है। हम भगवान को इस आशीर्वाद के लिए शुक्रिया अदा करते हैं। साथ ही आप सभी से अपील करते हैं कि अब जब हम अपने बेटे का इस दुनिया में वेलकम कर रहे हैं तो हमारी निजता का सम्मान किया जाए। बहुत सारा प्यार हेजल और युवराज।' युवराज सिंह ने भी यही पोस्ट इंस्टाग्राम पर शेयर कर अपने फैंस के साथ भी बेटे होने की खुशी जाहिर की है।
युवराज सिंह और हेजल कीच की इस पोस्ट पर उनके चाहने वाले ढेरों फैंस और सेलेब्स कमेंट कर इस स्टार कपल को मम्मी-पापा बनने की बधाई दे रहे हैं। युवराज सिंह और हेजल कीच की ये पहली संतान है। हेजल कीच की पोस्ट पर कमेंट करते हुए फिल्म निर्माता प्रज्ञा कपूर ने बधाई दी है। साथ ही, सान्या मिर्जा और ऋचा चड्ढा जैसे सितारों ने भी शुभकामनाएं दी हैं।
हेजल कीच फिल्म स्टार बॉडीगार्ड और बांके की क्रेजी बारात जैसी फिल्मों में दिखाई दी हैं। इसके अलावा वो बिग बॉस के सांतवें सीजन का भी हिस्सा रही थीं। हालांकि इस रियलिटी शो से हेजल कीच पहले हफ्ते में ही बाहर हो गई थी। हेजल कीच ने साल 2016 में युवराज सिंह से शादी की थी। ये कपल शादी के 5 साल बाद पैरेंट्स बना है।
Leave A Comment