इंजीनियरिंग से निकलकर छोटे परदे पर छाने वाले तेजस्वी प्रकाश शास्त्रीय गायिका भी हैं....
मुंबई। छोटे परदे की लोकप्रिय एक्ट्रेस तेजस्वी प्रकाश वायंगकर ने देश के सबसे चर्चित टीवी शो बिग बॉस-15 के ग्रांड फिनाले में बाकी प्रतिभागियों को मात देते हुए विजेता का खिताब अपने नाम कर लिया है। 11 जून, 1993 को सऊदी अरब के जेद्दाह में जन्म लेने वाली तेजस्वी प्रकाश की बिग बॉस-15 की विजेता बनने तक का सफर बेहद रोमांचक रहा है।
महज 10 साल के टेलीविजन करियर और 28 वर्ष की उम्र में देश के सबसे चर्चित टीवी शो बिग बॉस-15 के ग्रांड फिनाले में बाकी प्रतिभागियों को मात देते हुए तेजस्वी प्रकाश वायंगकर का शो का विनर बनना आसान नहीं था। 11 जून, 1993 को सऊदी अरब के जेद्दाह में जन्म लेने वाली तेजस्वी प्रकाश अपने भाई की तरह इंजीनियर बनने निकली थी, लेकिन अभिनय जगत में उन्होंने नाम कमाया।
टीवी अभिनेत्री तेजस्वी प्रकाश मुंबई के एक मराठा वायंगकर परिवार से नाता रखती हैं। उनका परिवार मराठा संगीत से जुड़ा हुआ है। तेजस्वी प्रकाश का जन्म भले ही जेद्दाह में हुआ हो, लेकिन उनका पालन-पोषण मराठी भाषी परिवार में हुआ था। शायद इसीलिए उनका शास्त्रीय संगीत से लगाव है और उन्होंने करीब चार वर्ष तक भारतीय शास्त्रीय संगीत का प्रशिक्षण भी लिया। पहले वह इंजीनियर बनना चाहती थीं। उन्होंने प्रारंभिक शिक्षा पूरी करने के बाद मुंबई यूनिवर्सिटी से इलेक्ट्रॉनिक्स एंड टेलीकम्युनिकेशन में इंजीनियरिंग की पढ़ाई की है। पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने ही कई ब्यूटी कॉन्टेस्ट में भाग लेना शुरू कर दिया था। इंजीनियरिंग के दौरान ही मुंबई फ्रेश फेस कॉन्टेस्ट जीतने के बाद, जब उनकी तस्वीरें अखबारों और मीडिया में जैसे ही आईं तो उनकी जिंदगी ही बदल गई। अगले ही दिन एक प्रोडक्शन हाउस से बुलावा आ गया। इसके बाद, तेजस्वी प्रकाश ने एक्टिंग में हाथ आजमाने और टीवी इंडस्ट्री में करियर बनाने के लिए इंजीनियरिंग का प्रोफेशन छोड़कर अभिनय की दुनिया में कदम रखा।
तेजस्वी प्रकाश का एक्टिंग डेब्यू लाइफ ओके टीवी चैनल पर 2012 में आए सस्पेंस-थ्रिलर टीवी सीरीज 2612 से हुआ था, इसे 26 नवंबर, 2012 के दिन प्रीमियर किया गया था। इसके बाद तेजस्वी प्रकाश ने पीछे मुड़कर नहीं देखा। 2013 में टीवी सीरियल संस्कार- धरोहर अपनो की, में देखा गया था, लेकिन तेजस्वी को प्रसिद्धि मिली 2015 में कलर्स टीवी के सीरियल स्वरागिनी- जोड़ें रिश्तों के सुर से, इसमें उन्होंने रागिनी की भूमिका निभाई थी। इसके बाद 2018 में वे कर्ण संगिनी और सिलसिला बदलते रिश्तों का में भी नजर आईं।
तेजस्वी प्रकाश 2017 में सोनी टीवी के टीवी सीरियल पहरेदार पिया की में दिया सिंह के तौर पर मुख्य भूमिका में नजर आई थीं, लेकिन बाल विवाह केंद्रित कहानी होने के कारण प्रसारण के कुछ दिन बाद ही सीरियल विवादों में घिर गया था। विवादों के कारण सीरियल और तेजस्वी प्रकाश कई दिनों तक सुर्खियों में रहे थे। इस सीरियल में दिया सिंह की शादी एक छोटे बच्चे से होती दिखाई जाती है और वे उसकी रक्षा का जिम्मा उठाती हैइसके बाद तेजस्वी को कई अन्य टीवी सीरियल और फीयर फैक्टर खतरों के खिलाड़ी सीजन-10 में देखा गया। इसके अलावा तेजस्वी प्रकाश ने डायरेक्टर रोहित शेट्टी की मराठी फिल्म स्कूल-कॉलेज आणि लाइफ में भी काम किया। इसकी रिलीज कोरोना के कारण टली हुई है। तेजस्वी प्रकाश सुन जरा, ए मेरे दिल, फकीरा, दुआ है और मेरा पहला प्यार जैसे म्यूजिक एलबम में भी नजर आ चुकी हैं।
Leave A Comment