जब सचिन तेंदुलकर ने लता मंगेशकर को पहली बार आई (मां) कहा था तो भावुक हो गई थीं वे
नई दिल्ली। महान गायिका लता मंगेशकर को क्रिकेट का बहुत शौक थे। वे इस खेल में अच्छी जानकारी भी रखती थीं। वे अकसर मैचों पर अपनी टिप्पणियां करती थीं। सचिन तेंदुलकर से उनका बेहद खास रिश्ता था। सचिन तेंदुलकर के लिए लता मंगेशकर मां की तरह थीं। इन दोनों के बीच बहुत खास रिश्ता था। लता मंगेशकर ने ही सचिन तेंदुलकर को भारत रत्न दिए जाने की वकालत की थी। सचिन ने भी कई बार सार्वजनिक तौर पर लताजी के प्रति अपना सम्मान जाहिर किया।
साल 2014 में जब सचिन तेंदुलकर को भारत रत्न से सम्मानित किया गया, इससे पहले ही लता ने कई बार उन्हें सर्वोच्च नागरिक सम्मान देने की वकालत की। साल 2010 में ही उन्होंने सचिन के लिए कहा था, 'मेरे लिए वह असली भारत रत्न हैं। उन्होंने जो देश के लिए किया है वह बहुत कम लोग कर पाते हैं। वह इस सम्मान के हकदार हैं। उन्होंने हम सबको गर्व महसूस करवाया है।' उन्होंने सचिन के बारे में अपने रिश्तों के बारे में कहा था, 'सचिन मुझे मां की तरह मानते हैं और मैं हमेशा मां की तरह उनके लिए प्रार्थना करती हूं। मैं वह दिन कभी नहीं भूल सकती जब उन्होंने पहली बार मुझे आई (मां) कहा था। मुझे इसकी उम्मीद नहीं थीं। यह मेरे लिए हैरान करने वाला था। और उन जैसा बेटा पाकर मैं खुद को खुशकिस्मत समझती हूं।'
लताजी के पिता दीनानाथ मंगेशकर की पुण्य तिथि और सचिन का जन्मदिन दोनों 24 अप्रैल को होते हैं। लता ने याद करते हुए कहा था, 'सचिन का जन्मदिन 24 अप्रैल को होता है और उसी दिन मेरे पिता दीनानाथ मंगेशकर की पुण्य तिथि होती है।' जब सचिन तेंदुलकर की बायोपिक - 'सचिन: अ बिलियन ड्रीम्स' 2017 में रिलीज हुई थीं तब भी सोशल मीडिया के जरिए लता मंगेशकर ने सचिन को शुभकामनाएं दी थीं।
Leave A Comment