नहीं रहे महाभारत में भीम का किरदार निभाने वाले प्रवीण कुमार, एशियन गेम्स में भारत के लिए जीता था गोल्ड
नई दिल्ली। फिल्मकार बीआर चोपड़ा के सीरियल महाभारत में भीम का किरदार निभाने वाले अभिनेता प्रवीण कुमार सोबती का हृदय गति रुक जाने से निधन हो गया। प्रवीण कुमार 74 साल के थे। अभिनेता ने सोमवार देर रात को दिल्ली में अशोक विहार स्थित अपने आवास पर अंतिम सांस ली। उनके परिवार में पत्नी, बेटी, दो छोटे भाई और एक बहन है। प्रवीण कुमार के एक रिश्तेदार ने बताया कि उन्हें छाती में इन्फेक्शन की समस्या थी। सोमवार की रात को जब उन्हें बेचैनी होने लगी, तो हमने डॉक्टर को घर पर बुलाया। हृदय गति रुक जाने के कारण रात सवा दस बजे से साढ़े दस बजे के बीच उनका निधन हो गया।
प्रवीण अपने विशाल कदकाठी के लिए जाने जाते थे। उन्होंने कई बॉलीवुड फिल्मों में काम किया। साढ़े 6 फीट लंबे अभिनेता और खिलाड़ी पंजाब के रहने वाले थे। एक्टिंग में आने से पहले प्रवीण एक हैमर और डिस्कस थ्रो एथलीट थे। वह एशियाई खेलों में चार मेडल (2 स्वर्ण, 1 रजत और 1 कांस्य) जीत चुके थे। उन्होंने दो ओलंपिक खेलों (1968 मैक्सिको खेलों और 1972 म्यूनिख खेलों) में भी भारत का प्रतिनिधित्व किया है। उन्हें अर्जुन अवार्ड भी दिया गया था। । खेल के कारण ही प्रवीण कुमार को सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) में डिप्टी कमांडेंट की नौकरी मिली।
पिछले साल दिसंबर में प्रवीण कुमार ने बताया था कि वे काफी समय से घर में ही रहते हैं। उनकी तबीयत ठीक नहीं रहती है और खाने में भी कई तरह के परहेज हैं। स्पाइनल प्रॉब्लम है। घर में पत्नी वीना, प्रवीण कुमार की देखभाल करती है। एक बेटी की मुंबई में शादी हो चुकी है।
Leave A Comment