सिंगर मीका सिंह नेशनल टीवी पर रचाएंगे स्वयंवर....
मुंबई। बॉलीवुड के जानेमाने सिंगर मीका सिंह ने अब तक भी शादी नहीं की है। इसी बीच मीका सिंह को लेकर एक बड़ी खबर सामने आ रही है। रिपोट्र्स की मानें तो मीका सिंह जल्द ही नेशनल टीवी पर शादी रचाने की प्लानिंग कर रहे हैं। मीका सिंह, राखी सावंत की तरह ही अपने हमसफर को एक रिएलिटी शो में खोजने वाले हैं। रिपोर्ट की मानें तो मीका सिंह जल्द ही अपने स्वयंवर के जरिए टीवी पर धमाकेदार वापसी करेंगे। मीका सिंह का स्वयंवर आने वाले कुछ महीनों में ऑन एयर किया जाएगा।
सूत्रों के अनुसार, मीका सिंह अपने स्वयंवर को लेकर बहुत उत्साहित हैं। मीका सिंह के लिए देशभर की लड़कियों को खोजा जाएगा। शो के दौरान इन हसीनाओं को मीका सिंह के साथ समय बिताने का मौका मिलेगा। शो के आखिर में मीका सिंह किसी एक लड़की का चुनाव करेंगे। हालांकि मीका सिंह अपनी पसंद की लड़की के साथ शादी नहीं करेंगे। शो के दौरान मीका सिंह केवल सगाई करेंगे।
खबर तो ये भी है कि मीका सिंह के स्वयंवर में राखी सावंत भी कंटेस्टेंट के तौर पर एंट्री कर सकती हैं। गौरतलब है कि मीका सिंह और राखी सावंत की किसिंग कॉन्ट्रोवर्सी को लोग आज भी नहीं भुला पाए हैं।
वैसे मीका सिंह पहले ऐसे सितारे नहीं हैं जो कि अपना स्वयंवर रचाने जा रहे हैं। मीका सिंह से पहले राखी सावंत, राहुल महाजन, मल्लिका शेरावत, रतन सिंह राजपूत जैसे सितारे भी नेशनल टीवी पर अपने हमसफर की तलाश कर चुके हैं। इनमें से केवल राहुल महाजन ने नेशनल टीवी पर शादी करने का रिस्क लिया था। बाकी सब ने सगाई करके अपने रिश्ते को समय दिया था। इन सभी सितारों का रिश्ता कुछ महीने भी नहीं टिक पाया। ऐसे में ये देखना दिलचस्प होगा कि मीका सिंह का इस स्वयंवर में क्या हाल होगा।
Leave A Comment