फिल्मी पर्दे पर भी दिखेगा आजादी के 75 वर्षों का जश्न....
मुंबई। 15 अगस्त 2022 को देश की आजादी के 75 वर्ष पूरे हो गए हैं। आजादी की 75वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में पूरे देश में आजादी का अमृत महोत्सव मनाया जा रहा है। महोत्सव आजादी के 75 साल और इसके लोगों, संस्कृति और उपलब्धियों के गौरवशाली इतिहास को मनाने के लिए भारत सरकार की एक पहल है। अब केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड की ओर से फिल्म निर्माताओं को एडवाइजरी की गई है, जिसके तहत फिल्मी पर्दे पर भी अनोखे अंदाज में देश की आजादी का जश्न मनेगा।
दरअसल, केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड की ओर भारतीय फिल्मों के सभी निर्माताओं को एडवाइजरी जारी की गई है। इसमें कहा गया है कि सभी फिल्म निर्माता अपनी 2022 और 2023 के दौरान बनी फिल्मों में आजादी का अमृत महोत्सव के लोगो को प्रदर्शित करें। इसके अलावा अपने सभी रचनात्मक कार्यों में भी लोगो को स्वेच्छा से लगाए और देश की आजादी के जश्न में भागीदार बने।
सभी भारतीय फिल्म निर्माताओं को अपनी फिल्मों में आजादी का अमृत महोत्सव का प्रतीक चिन्ह लगाने के लिए विभाग की वेबसाइट पर जाना होगा। इसके लिए उन्हें amritmohatsav.nic.in की वेबसाइट पर जाकर लोगो को डाउनलोड करना होगा। उसके बाद वह लोगो का फिल्म में उपयोग कर सकते हैं।
दरअसल आजादी का अमृत महोत्सव की आधिकारिक यात्रा 12 मार्च 2021 से शुरू हुई, जो 75 सप्ताह तक चलेगी और 15 अगस्त 2023 को एक वर्ष के बाद समाप्त होगी। यह पूरा महोत्सव देश को लोगों को समर्पित है। ऐसे में अब फिल्मों को भी इससे जोड़ लिया गया।
Leave A Comment