एक हजारों में मेरी बहना है सीरियल फेम अभिनेत्री तरला जोशी का निधन
मुंबई। टीवी अभिनेत्री तरला जोशी का निधन हो गया है। तरला जोशी को रविवार को दिल का दौरा पड़ा था और इसी वजह से उनकी जान चली गई। तरला जोशी, निया शर्मा के साथ 'एक हजारों में मेरी बहना है सीरियल में नजर आई थीं। निया शर्मा समेत टीवी इंडस्ट्री की कई हस्तियों ने तरला जोशी के निधन पर शोक व्यक्त किया और उनके परिवार के प्रति अपने संवेदना जताईं।
निया शर्मा द्वारा तरला जोशी के निधन की जानकारी दी गई। निया ने अपने सोशल मीडिया पर तरला जोशी के निधन की सूचना देते हुए उन्हें याद किया और उनके साथ बिताए गए पलों को साझा किया। एक फोटो में निया शर्मा ने लिखा- "आपकी आत्मा को शांति मिले बड़ी बीजी। आपको बहुत याद किया जाएगा। " आपको बता दें कि एक हजारों में मेरी बहना है सीरियल में तरला जोशी ने बड़ी बीजी का किरदार निभाया था।
तरला जोशी ने बंदिनी , साराभाई वर्सेज साराभाई और एक हजारों में मेरी बहना है जैसे टीवी शोज में शानदार अभिनय किया था। तरला जोशी ने सीरियल बंदिनी के जरिए घर घर में अपनी नई पहचान बनाई थी। सीरियल एक हजारों में मेरी बहना है के दौरान तरला जोशी ने निया शर्मा और क्रिस्टल डिसूजा के साथ काम किया था। अभिनय की दुनिया में कदम रखने से पहले तरला जोशी ने कॉस्ट्यूम डिजाइनर के रूप में अपना करियर शुरू किया था। तरला जोशी की गांधी माई फादर, मजियारा हैया और हम जो कह ना पाए जैसी फिल्मों में उनके शानदार अभिनय के लिए भी काफी तारीफ की जाती है।
Leave A Comment