- Home
- देश
-
फतेहपुर (उत्तर प्रदेश)। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में रविवार को बकेवर थाना क्षेत्र के बाबा कुंआ के पास हुए एक सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार दंपति की मौत हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। बकेवर थाने के प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) नीरज यादव ने बताया कि रविवार दोपहर चौडगरा-जहानाबाद सड़क मार्ग पर बाबा कुआं के पास एक अज्ञात वाहन की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार दंपति की मौत हो गई। उन्होंने बताया कि मृत दंपति की पहचान रसूलपुर गांव निवासी दिनेश पाल (50) और उनकी पत्नी मिथलेश पाल (45) के रूप में हुई है। एसएचओ के मुताबिक, दंपति के शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिए गए हैं और अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है। - जम्मू। जम्मू-कश्मीर पुलिस में उप-निरीक्षकों (एसआई) की भर्ती के लिए रविवार को हुई परीक्षा में 97 हजार से अधिक उम्मीदवार शामिल हुए। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। परीक्षा पहली बार जम्मू और कश्मीर सेवा चयन बोर्ड (जेकेएसएसबी) द्वारा आयोजित की गई थी।जेकेएसएसबी के एक अधिकारी ने बताया कि गृह विभाग के उप-निरीक्षकों (पुलिस) के 1,200 पदों के लिए पहली बार ओएमआर-आधारित वस्तुनिष्ठ प्रकार की लिखित परीक्षा सफलतापूर्वक आयोजित की गई थी। उन्होंने कहा कि 16 जिलों में कुल 322 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। सबसे अधिक 65 केंद्र जम्मू जिले में और न्यूनतम छह केंद्र किश्तवाड़ जिले में स्थापित किए गए। जेकेएसएसबी ने पिछले साल इन पदों का विज्ञापन किया था। अधिकारी ने कहा कि परीक्षा के लिए 1,13,861 उम्मीदवारों ने पंजीकरण कराया था और 97,793 (85.95 प्रतिशत) ने परीक्षा दी। उन्होंने कहा कि बोर्ड ने परीक्षा प्रक्रिया के दौरान सभी स्थानों को लाइव सीसीटीवी निगरानी की सुविधा से लैस करके और अनुचित साधनों और प्रथाओं का उपयोग करने के प्रयासों को रोकने के लिए बायोमेट्रिक उपस्थिति दर्ज कराई, ताकि परीक्षा प्रक्रिया के दौरान पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित हो सके। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर पुलिस द्वारा हर परीक्षा केंद्र पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए गए थे। शासकीय महिला डिग्री कॉलेज अनंतनाग में एक अभ्यर्थी द्वारा अनुचित साधनों के प्रयोग के प्रयास का मामला प्रकाश में आया है। अधिकारी ने कहा कि मोबाइल फोन रखने वाले उम्मीदवार को हटा दिया गया।
- भोपाल।मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रविवार को कहा कि देश में पहली बार किसी राज्य (मध्य प्रदेश) में सरकारी स्कूलों में कक्षा आठ से आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस (एआई) की पढ़ाई शुरू कराई जाएगी। शिवराज ने पचमढ़ी में एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘स्कूल स्तर पर देश में पहली बार मध्य प्रदेश में सरकारी स्कूलों में कक्षा आठ से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की पढ़ाई शुरू कराई जाएगी। इसके तहत 240 घंटों का एआई पाठ्यक्रम लागू किया जाएगा।'' उन्होंने बताया कि प्रदेश में पशुओं के इलाज के लिए वेटिनरी टेलीमेडिसिन सेवा शुरू की जाएगी और फसलों की बीमारी के संबंध में भी कृषि विज्ञान केंद्र से टेलीफोन द्वारा सलाह देने की व्यवस्था की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्य प्रदेश राज्य परिवहन निगम बंद होने के बाद ग्रामीण परिवहन में बहुत कठिनाइयां आ रही हैं, जिसके मद्देनजर अगले महीने राज्य सरकार द्वारा ग्रामीण परिवहन नीति लाई जाएगी। शिवराज ने मध्य प्रदेश मंत्रिमंडल के दो दिवसीय चिंतन शिविर के अंतिम दिन हुई बैठक के संबंध में पचमढ़ी में मीडिया के प्रतिनिधियों से बात की। उन्होंने कहा कि कई नए विचार भी इस मंथन से निकले हैं।शिवराज सिंह चौहान के मुताबिक, शहरों में 22 अप्रैल से 25,000 की आबादी पर एक मुख्यमंत्री संजीवनी क्लीनिक भी आरंभ की जाएगी, जहां सामान्य बीमारियों के इलाज की सुविधा उपलब्ध होगी। उन्होंने दावा किया कि इससे बड़े अस्पतालों पर मरीजों का बोझ घटाने में मदद मिलेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि एक वर्ष में प्रदेश के सभी नगर निकायों में यह क्लीनिक स्थापित कर की जाएंगी।उन्होंने कहा कि प्रदेश के सभी मेडिकल कॉलेजों से जुड़े अस्पतालों को सुपर स्पेशियल्टी अस्पताल के रूप में विकसित किया जाएगा। शिवराज ने कहा, “मध्य प्रदेश में मुख्यमंत्री तीर्थ-दर्शन योजना आरंभ की गई थी, जिसे अलग-अलग राज्यों ने अपनाया। प्रदेश में यह योजना तीन साल से ठप पड़ी थी। अब इसे दोबारा शुरू किया जा रहा है।” उन्होंने बताया कि 18 अप्रैल को पहली ट्रेन काशी विश्वनाथ रवाना होगी और पहली यात्रा में मुख्यमंत्री सहित मंत्रिपरिषद के सदस्य भी सम्मिलित होंगे। शिवराज ने कहा कि बस से भी अब तीर्थ-दर्शन कराया जाएगा और अगर संभव हुआ तो वरिष्ठ नागरिकों को हवाई जहाज से ले जाया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि इससे समय बचेगा और वरिष्ठ नागरिकों को सुविधा भी होगी। शिवराज ने बताया कि ‘मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना' भी दोबारा शुरू की जा रही है, जो कोविड-19 महामारी के चलते बंद थी। उन्होंने कहा, “21 अप्रैल से कन्या विवाह योजना एक बार फिर नए स्वरूप में आरंभ होगी। पहले दो विभाग योजना के लिए राशि देते थे, अब इसे एकीकृत किया जा रहा है।” शिवराज ने बताया, “इस योजना के लाभार्थी को दी जाने वाली राशि 51,000 रुपये थी और अब इसे बढ़ाकर 55,000 रुपये किया जा रहा है। प्रति वर्ष आयोजित होने वाले समारोहों का विकासखंड स्तर पर पहले से तिथि तय कर प्रचार-प्रसार किया जाएगा।” उन्होंने कहा, “योजना के तहत सामूहिक विवाह ही होंगे। सामाजिक न्याय विभाग इन कार्यक्रमों का आयोजन करेगा। समाज और जन-प्रतिनिधियों को जोड़कर आयोजन किया जाएगा।” मुख्यमंत्री ने कहा, “मध्य प्रदेश में लाडली लक्ष्मी योजना शुरू की गई थी। आज 43 लाख लाडली बेटियां मध्य प्रदेश में है। अब योजना का दूसरा चरण दो मई को आरंभ किया जाएगा।” शिवराज ने कहा, “गरीब कल्याण योजना छह माह और जारी रहेगी। इसके अलावा प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना और मुख्यमंत्री अन्नपूर्णा योजना को मिलाकर हर व्यक्ति को प्रति माह 10 किलो अनाज दिया जाएगा।” उन्होंने कहा कि सीएम राइज स्कूल शिक्षा के क्षेत्र में क्रांति का सूचक है और प्रत्येक स्कूल के भवन निर्माण पर 24 करोड़ की लागत आएगी। मुख्यमंत्री ने बताया कि भवन में लाइब्रेरी, लैब, स्मार्ट क्लास और खेल मैदान की व्यवस्था होगी।उन्होंने कहा कि अभी जहां-जहां भवन उपलब्ध हैं, ऐसे 350 विद्यालयों में सीएम राइज स्कूल की परिकल्पना के आधार पर 13 जून से शिक्षण कार्य आरंभ कर दिया जाएगा। शिवराज ने कहा कि जल जीवन मिशन के तहत पेयजल की व्यवस्था के लिए 6,000 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है और बुरहानपुर में 30 मार्च को जल जीवन मिशन का लोकार्पण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि 14 अप्रैल को बाबा साहब आंबेडकर की जयंती पर बड़ा कार्यक्रम किया जाएगा, जिसके बाद कबीर महाकुंभ और वाल्मीकि महाकुंभ भी होगा। शिवराज के अनुसार, मध्य प्रदेश देश का पहला राज्य होगा, जहां एमबीबीएस की पढ़ाई इस वर्ष से हिंदी में आरंभ होगी। उन्होंने कहा कि पुलिस में 6,000 पदों पर भर्ती शुरू होने वाली है और इसमें 50 प्रतिशत नंबर फिजिकल और 50 प्रतिशत अंक लिखित परीक्षा के होंगे।
- पटना। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर रविवार को पटना के बाहरी इलाके में एक विक्षिप्त युवक ने सुरक्षा घेरे में सेंध लगाकर हमला कर दिया। जिला प्रशासन द्वारा एक बयान जारी कर यह जानकारी दी गई। बयान के मुताबिक, पटना जिले के बख्तियारपुर शहर में अबू मोहम्मदपुर इलाके के निवासी शंकर कुमार वर्मा उर्फ छोटू (32) ने मुख्यमंत्री पर हमला कर दिया। नीतीश एक सार्वजनिक कार्यक्रम के सिलसिले में बख्तियारपुर गए थे। इस घटना का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।बयान के अनुसार, घटना के समय नीतीश महान स्वतंत्रता सेनानी और राज्यसभा के पूर्व सदस्य पंडित शीलभद्र याजी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर रहे थे। याजी को नेताजी सुभाष चंद्र बोस का करीबी माना जाता था। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि नीतीश जब आदमकद प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करने के लिए आगे की ओर झुकते हैं, तभी हमलावर तेजी से सीढ़ियां चढ़कर वहां पहुंचता है और उन पर पीछे से वार कर देता है। हमले के तुरंत बाद सुरक्षाकर्मी उसे काबू में कर लेते हैं। वीडियो में मुख्यमंत्री को सुरक्षाकर्मियों को संयम बरतने और यह पता लगाने का निर्देश देते हुए देखा जा सकता है कि हमलावर के साथ क्या दिक्कत है। प्रशासन की ओर से जारी बयान में कहा गया है, “जांच के दौरान यह पता चला है कि शंकर वर्मा मानसिक रूप से बीमार है। उसने दो मंजिला इमारत की छत से कूदकर और अपने कमरे से फंदा लगाने की कोशिश कर दो बार आत्महत्या का प्रयास किया था।” बयान के मुकाबिक, शंकर वर्मा की दिमागी सेहत का असर उसके वैवाहिक जीवन पर भी पड़ा और उसकी पत्नी अपने बच्चों के साथ अलग रहती है। प्रशासन ने बताया कि बहरहाल, मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए हैं कि कोई दंडात्मक कार्रवाई न की जाए और हमलावर को सभी जरूरी चिकित्सा सहायता मुहैया कराई जाए। इस बीच, राजनीतिक समुदाय खासतौर से सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के सदस्यों ने मुख्यमंत्री पर हमले को लेकर आक्रोश जताया। उनके मंत्रिमंडल और जनता दल (यूनाइटेड) के सदस्यों के साथ ही गठबंधन के सहयोगी दल भारतीय जनता पार्टी के नेताओं व पूर्व मुख्यमंत्री जीतनराम मांझी ने भी घटना की निंदा की है।
- ग्वालियर (मध्य प्रदेश)। केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने रविवार को कहा कि ग्वालियर में निर्माणाधीन अत्याधुनिक स्टेडियम अगले 10 से 11 माह के भीतर तैयार हो जाएगा। उन्होंने कहा कि संभवत: अगले वर्ष से इस स्टेडियम में ग्वालियर-चंबल क्षेत्र के क्रिकेट प्रेमियों को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच का लुत्फ उठाने का मौका मिलेगा। सिंधिया ने यहां ग्वालियर डिवीजन एवं चंबल डिवीजन क्रिकेट एसोसिएशनस की वार्षिक आम बैठक (एजीएम) को संबोधित करते हुए यह बात कही। इस बैठक में सिंधिया को सर्वसम्मति से चंबल डिवीजन क्रिकेट एसोसिएशन का अध्यक्ष चुना गया है।उन्होंने कहा कि क्रिकेट एसोसिएशन क्षेत्र की क्रिकेट प्रतिभाओं को निखारने के लिए प्रभावी ढंग से क्रिकेट कैंप आयोजित करें। सिंधिया के मुताबिक, “जड़ मजबूत होने पर ही अंतरराष्ट्रीय स्तर का क्रिकेट कौशल हासिल किया जा सकता है। खुशी की बात है कि मध्य प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन ने पिछले दो साल में नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं।” उन्होंने कहा कि वेंकटेश अय्यर व आवेश खान अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों की फेहरिस्त में शामिल हो गए हैं और वर्तमान में आईपीएल में खेल रहे हैं। सिंधिया ने कहा, “कोविड-19 महामारी की वजह से खेल गतिविधियां भी कठिन दौर से गुजरी हैं। अब खिलाड़ी एक बार फिर स्वतंत्र माहौल में अपना उत्कृष्ट प्रदर्शन देने के लिए उत्सुक हैं। क्रिकेट संघ खिलाड़ियों को हर संभव मदद देगा।” उन्होंने सदस्यों को भरोसा दिलाया कि चयन प्रक्रिया को पारदर्शी बनाया जाएगा और श्रेष्ठ खिलाड़ी ही टीम में शामिल किए जाएंगे।
- नयी दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को छात्रों से एक अप्रैल को 'परीक्षा पे चर्चा' (पीपीसी) कार्यक्रम में परीक्षा का उत्सव मनाने का आह्वान किया। ‘परीक्षा पे चर्चा' के दौरान प्रधानमंत्री छात्रों से संवाद करते हैं। स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग, शिक्षा मंत्रालय पिछले चार साल से इसका आयोजन कर रहा है। पीपीसी के पहले तीन संस्करण नयी दिल्ली में एक संवादात्मक ‘टाउन-हॉल' प्रारूप में आयोजित किए गए थे। चौथा संस्करण पिछले साल सात अप्रैल को ऑनलाइन आयोजित किया गया था। मोदी ने एक ट्वीट में कहा, ‘‘आइये, परीक्षा का उत्सव मनाएं। तनाव मुक्त परीक्षाओं की बात करते हैं। एक अप्रैल को परीक्षा पे चर्चा में मिलते हैं।'' यह आयोजन एक अप्रैल को नयी दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में होगा।
- जम्मू। दक्षिण कश्मीर में हिमालयी क्षेत्र में 3,880 मीटर की ऊंचाई पर स्थित अमरनाथ गुफा मंदिर की यात्रा कोविड-19 महामारी के कारण दो साल तक बंद रहने के बाद 30 जून को शुरू होगी। श्री अमरनाथजी श्राइन बोर्ड (एसएएसबी) के पदाधिकारियों ने रविवार को बताया कि 43 दिवसीय यात्रा 11 अगस्त को संपन्न होगी। एक आधिकारिक प्रवक्ता ने बताया कि यहां राजभवन में जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा की अध्यक्षता में एसएएसबी की 41वीं बैठक में यह फैसला लिया गया। अमरनाथ गुफा मंदिर के लिए तीर्थयात्रा अनंतनाग जिले में पहलगाम मार्ग और गंदेरबल जिले में बालटाल मार्ग, दोनों से शुरू होगी जबकि ऑनलाइन पंजीकरण 11 अप्रैल से शुरू होगा। जम्मू-कश्मीर को विशेष राज्य का दर्जा देने वाले संविधान के अनुच्छेद 370 के ज्यादातर प्रावधानों को अगस्त 2019 में समाप्त किये जाने के कारण उस वर्ष अमरनाथ यात्रा बीच में ही रद्द कर दी गयी थी, जबकि कोरोना वायरस महामारी के कारण पिछले दो वर्षों- यानी 2020 और 2021 में सांकेतिक यात्रा की ही अनुमति दी गयी थी। सिन्हा ने ट्वीट किया, ‘‘आज श्री अमरनाथजी श्राइन बोर्ड की बैठक की अध्यक्षता की। तैंतालीस दिवसीय तीर्थयात्रा कोविड से जुड़े सभी प्रोटोकॉल का पालन करते हुए 30 जून से शुरू होगी और इसका समापन परम्परा के अनुरूप रक्षा बंधन के दिन होगा। हमने आगामी तीर्थयात्रा से संबंधित विभिन्न पहलुओं पर गहराई से विचार-विमर्श किया है।'' बैठक की जानकारियां देते हुए प्रवक्ता ने कहा कि बोर्ड ने मार्ग के आधार पर श्रद्धालुओं की दैनिक संख्या 10,000 तक सीमित रखने का फैसला किया है। इसमें हेलीकॉप्टर से यात्रा करने वाले यात्री शामिल नहीं हैं। उन्होंने बताया कि बोर्ड ने 2.75 किलोमीटर लंबे बालटाल से डोमेल मार्ग पर श्रद्धालुओं के लिए निशुल्क बैटरी कार सेवा शुरू करने का भी फैसला किया है। बैठक को संबोधित करते हुए उपराज्यपाल ने अधिकारियों से सुगम यात्रा सुनिश्चित करने के लिए व्यापक इंतजाम करने को कहा। उन्होंने कहा, ‘‘सरकार श्रद्धालुओं की कुशलक्षेम सुनिश्चित करने के लिए रास्ते में उनकी गतिविधि पर नजर रखने के लिए आरएफआईडी प्रणाली ला रही है।'' सिन्हा ने सभी श्रद्धालुओं को उत्कृष्ट स्वास्थ्य एवं स्वच्छता सुविधाएं देने पर भी खास जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को संतों की तीर्थयात्रा के लिए अखाड़ा परिषदों और आचार्य परिषदों को विशेष निमंत्रण भेजे का भी निर्देश दिया। जम्मू कश्मीर के पुलिस महानिदेशक दिलबाग सिंह ने यात्रा के लिए सुरक्षा इंतजाम की योजना पर बोर्ड को जानकारी दी। प्रवक्ता ने बताया कि बोर्ड दुनियाभर के श्रद्धालुओं के लिए सुबह और शाम होने वाली आरती का सीधा प्रसारण भी करेगा। यात्रा, मौसम और कई सेवाएं ऑनलाइन प्राप्त करने के बारे में सूचना प्राप्त करने के लिए गूगल प्ले स्टोर पर ‘श्री अमरानाथजी यात्रा' ऐप मुहैया करायी गयी है।
- नयी दिल्ली। कोविड-19 महामारी की रोकथाम के लिए लगी पाबंदियों की वजह से दो साल तक स्थगित रहने के बाद भारत से अनुसूचित अंतरराष्ट्रीय उड़ान सेवाओं का संचालन रविवार से फिर से शुरू हो गया। केंद्रीय नागर विमानन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने इसे ‘अत्यंत महत्वपूर्ण दिन' करार दिया। भारत से अनुसूचित अंतरराष्ट्रीय उड़ान सेवाओं का संचालन 23 मार्च 2020 से ही बंद था। कोविड महामारी की पहली लहर आने के साथ इस पर रोक लगी थी और समय के साथ वह पाबंदी बढ़ती चली गई। हालांकि कुछ देशों के साथ बायो-बबल व्यवस्था के तहत कोरोना काल में भी अंतरराष्ट्रीय उड़ानें संचालित होती रहीं लेकिन वह एक सीमित व्यवस्था थी । महामारी से बुरी तरह प्रभावित रहा विमानन उद्योग धीरे-धीरे पटरी पर लौटने लगा है और नियमित अंतरराष्ट्रीय उड़ानें शुरू होने से उसमें नई जान आने की संभावना है। नागर विमानन मंत्रालय ने कोरोना वायरस संक्रमण के नए मामलों में कमी को देखते हुए 27 मार्च 2022 से नियमित अंतरराष्ट्रीय उड़ान सेवाओं को फिर शुरू करने की घोषणा आठ मार्च, 2022 को की थी। सिंधिया ने रविवार को ग्वालियर में संवाददाताओं से बात करते हुए कहा, ‘‘आज का दिन बहुत महत्वपूर्ण है.....आज से सभी नियमित अंतरराष्ट्रीय उड़ान सेवाएं पूरी क्षमता के साथ फिर से शुरू हो गई हैं। कोरोना महामारी के कारण पिछले दो वर्षों में अंतरराष्ट्रीय उड़ानें बायो-बबल व्यवस्था के तहत संचालित की जा रही थीं।'' उन्होंने कहा कि उन्हें विश्वास है कि भारत के लोग विदेश जाने और विदेशी भारत आने के लिए उत्सुक हैं। इसके साथ ही उम्मीद है कि राजधानी दिल्ली स्थित इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (आईजीआईए) पर अप्रैल के पहले हफ्ते से नियमित अंतरराष्ट्रीय उड़ानों की संख्या तेजी से बढ़ेगी।
- ठाणे। महाराष्ट्र के ठाणे में एक आवासीय भवन में पानी की टंकी की सफाई के दौरान कथित तौर पर दम घुटने से दो श्रमिकों की मौत हो गई, जबकि उनके दो सहयोगियों को दम घुटने की शिकायत के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस के एक अधिकारी ने रविवार यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि घटना शाम करीब साढ़े चार बजे की है जब शहर के नौपाड़ा इलाके में स्थित इमारत में चार मजदूर टंकी की सफाई कर रहे थे। नौपाड़ा पुलिस थाने के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘दो श्रमिकों की दम घुटने से मौत हो गई और दो अन्य ने दम घुटने की शिकायत की और उन्हें अस्पताल ले जाया गया।'' उन्होंने कहा कि दोनों पीड़ितों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए स्थानीय सरकारी अस्पताल भेज दिया गया है, जबकि दो अन्य का इलाज चल रहा है। अधिकारी ने बताया कि दुर्घटनावश मौत का मामला दर्ज कर लिया गया है और दुर्घटना की जांच की जा रही है।
- नयी दिल्ली। कोयला मंत्री प्रह्लाद जोशी ने असम में आकांक्षी जिले ‘दरांग' के विकास के लिए कॉरपोरेट सामाजिक दायित्व (सीएसआर) के तहत सार्वजानिक क्षेत्र की कोल इंडिया लिमिटेड (सीआईएल) की कई परियोजनाओं की घोषणा की है। जोशी रविवार को पूर्वोत्तर राज्य असम की अपनी यात्रा के दूसरे दिन दरांग गए।कोयला मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि जोशी ने दरांग के लिए दो करोड़ रुपये की सीएसआर परियोजनाओं की घोषणा की है। यह परियोजनाएं कोल इंडिया द्वारा लागू की जाएंगी। मंत्रालय के अनुसार इस दौरान असम के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री चंद्र मोहन पटोवरी भी मौजूद रहे। जोशी ने कहा कि कोल इंडिया की इन सीएसआर परियोजनाओं से दरांग के लोगों को बेहतर शिक्षा और स्वास्थ्य सेवा प्रदान करने में मदद मिलेगी।
- जम्मू। जम्मू में रविवार को अधिकतम तापमान 37.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिसने मार्च के लिए 76 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया है। मौसम विज्ञान विभाग के निदेशक सोनम लॉटस ने कहा कि इससे पहले सबसे अधिक 37.2 डिग्री से. तापमान 31 मार्च, 1945 को दर्ज किया गया था। उन्होंने बताया कि पिछले चार दिनों से कम दबाव की अनुपस्थिति या स्थानीय मौसम स्थिति के कारण जम्मू कश्मीर में मौसम मुख्यत: साफ रहा है। लॉटस ने कहा, ‘‘अगले कुछ दिनों में मौसम शुष्क और गर्म रहने की संभावना है।''मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, केंद्र शासित प्रदेश की शीतकालीन राजधानी जम्मू में अधिकतम तापमान मौसम के इस वक्त के दौरान सामान्य से 8.4 डिग्री से. अधिक है। विभाग के प्रवक्ता ने बताया कि हालांकि, रात का तापमान सामान्य के करीब यानी 16.9 डिग्री से. दर्ज किया गया। उन्होंने बताया कि गर्मियों की राजधानी श्रीनगर में आम दिनों के मुकाबले अधिक गर्मी देखी जा रही है और तापमान सामान्य से 7.4 डिग्री से. अधिक यानी 25 डिग्री से. दर्ज किया गया। श्रीनगर में रात का तापमान सामान्य से 1.1 डिग्री अधिक 7.2 डिग्री से. दर्ज किया गया। माता वैष्णो देवी मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए आधार शिविर कटरा में अधिकतम तापमान 32.3 डिग्री से. और न्यूनतम तापमान 16.7 डिग्री से. दर्ज किया गया है।
- आगरा। आगरा में राजा की मंडी रेलवे स्टेशन पर तैनात जीआरपी के एक कॉन्स्टेबल की अचानक तबियत खराब हुई और वह चक्कर खाकर पटरियों पर गिर पड़े, लेकिन उसी समय गुजर रही मालगाड़ी की चपेट में आकर उनकी मौत हो गई। वह ट्रेन के पहियों के नीचे आ गये। इसके बाद मालगाड़ी के 11 डिब्बे उनके ऊपर से निकल गए। घटना सीसीटीवी में भी कैद हो गई है। राजा की मंडी रेलवे स्टेशन पर जीआरपी चौकी पर कांस्टेबल रिंगल कुमार सिंह तैनात थे। मूल रूप से बिजनौर के रहने वाले रिंगल कुमार की यहां आठ महीने पहले ही पोस्टिंग हुई थी। बताया जाता है कि शनिवार रात को करीब साढ़े नौ बजे राजा की मंडी स्टेशन से दिल्ली-आगरा इंटरसिटी ट्रेन आई। उस समय रिंगल कुमार प्लेटफॉर्म नंबर दो पर तैनात थे। इंटरसिटी के पीछे-पीछे एक मालगाड़ी भी आई। जिस समय मालगाड़ी स्टेशन से गुजर रही थी तभी प्लेटाफॉर्म पर खड़े रिंगल कुमार की अचानक तबियत खराब हो गई। उन्हें चक्कर आ गया और वह प्लेटफॉर्म के नीचे ट्रेन के पहियों के आगे गिर पड़े। यह घटना गेट पर खड़े टीटीई ने देखी तो वो तुरंत भाग कर वहां पहुंचे, लेकिन तब तक मालगाड़ी के 11 डिब्बे रिंगल कुमार के ऊपर से गुजर गए। टीटीआई ने शोर मचाया तो आसपास लोग जुट गए। ट्रेन गुजरने के बाद रिंगल को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। रिंगल कुमार की अगस्त 2021 में जीआरपी में पोस्टिंग हुई थी। हादसे की जानकारी परिवार को दे दी गई है। रविवार को जीआरपी लाइन में उनको राजकीय सम्मान के साथ अंतिम सलामी दी गई। परिवार के लोग उनके शव को बिजनौर ले गए। इस संबंध में राजा की मंडी जीआरपी इंस्पेक्टर दिलीप कुमार ने बताया कि परिजन रविवार को मृतक सिपाही का शव लेकर बिजनौर चले गये हैं।
- नयी दिल्ली। भारत में एक दिन में कोविड-19 के 1,421 नए मामले सामने आने के बाद देश में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 4,30,19,453 हो गई, वहीं उपचाराधीन मरीजों की संख्या घटकर 16,187 रह गई है। केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से रविवार सुबह आठ बजे जारी किए गए अद्यतन आंकड़ों के अनुसार, देश में 149 और लोगों की मौत के बाद, मृतक संख्या बढ़कर 5,21,004 हो गई। देश में कोविड-19 के उपचाराधीन मरीजों की संख्या घटकर 16,187 हो गई है, जो कुल मामलों का 0.04 प्रतिशत है। पिछले 24 घंटे में उपचाराधीन मरीजों की संख्या में 554 की कमी दर्ज की गई। अद्यतन आंकड़ों के अनुसार दैनिक संक्रमण दर 0.23 प्रतिशत और साप्ताहिक संक्रमण दर 0.27 प्रतिशत दर्ज की गई। देश में अभी तक 78.69 करोड़ से अधिक नमूनों की कोविड-19 संबंधी जांच की गई है, जिनमें से 6,20,251 नमूनों की जांच पिछले 24 घंटे में की गई। देश में अभी तक कुल 4,24,82,262 लोग संक्रमण मुक्त हो चुके हैं और कोविड-19 से मृत्यु दर 1.21 प्रतिशत है। राष्ट्रव्यापी टीकाकरण अभियान के तहत अभी तक कोविड-19 रोधी टीकों की 183.20 करोड़ से अधिक खुराकें दी जा चुकी हैं। उल्लेखनीय है कि देश में सात अगस्त 2020 को संक्रमितों की संख्या 20 लाख, 23 अगस्त 2020 को 30 लाख और पांच सितंबर 2020 को 40 लाख से अधिक हो गई थी। संक्रमण के कुल मामले 16 सितंबर 2020 को 50 लाख, 28 सितंबर 2020 को 60 लाख, 11 अक्टूबर 2020 को 70 लाख, 29 अक्टूबर 2020 को 80 लाख और 20 नवंबर को 90 लाख के पार चले गए थे। देश में 19 दिसंबर 2020 को ये मामले एक करोड़ के पार हो गए थे। पिछले साल चार मई को संक्रमितों की संख्या दो करोड़ और 23 जून 2021 को तीन करोड़ के पार पहुंच गई थी। इस साल 26 जनवरी को संक्रमण के मामले चार करोड़ के पार पहुंच गए थे। देश में अब तक संक्रमण से कुल 5,21,004 मौतें हुई, जिनमें महाराष्ट्र में 1,47,779, केरल में 67,772, कर्नाटक में 40,049, तमिलनाडु में 38,025, दिल्ली में 26,150, उत्तर प्रदेश से 23,494 और पश्चिम बंगाल में 21,197 मरीजों की मौत हुई। मंत्रालय ने जोर देकर कहा कि 70 प्रतिशत से अधिक मौत सहरुग्णता के चलते हुईं हैं।
- नयी दिल्ली। दूरदर्शन पर पहली बार 'महाभारत' का प्रसारण हुए तीन दशक से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन रूपा गांगुली को अब भी यह बखूबी याद है कि किस तरह प्रत्येक दिन सुबह-सुबह उन्हें मुंबई की फिल्म सिटी पहुंचना होता था, ताकि मेकअप कलाकार को उन्हें 'द्रौपदी' की भूमिका के लिए तैयार करने में पर्याप्त समय मिल सके।अभिनेत्री से राजनेता बनी रूपा गांगुली (55) ने 1980 के दशक के अंत में इस धारावाहिक के निर्माण के दिनों को याद किया और स्वीकार किया कि शूटिंग के व्यस्त कार्यक्रम को लेकर वह टीवी पर इस धारावाहिक को नहीं देख सकी थीं। उन्होंने कहा, ''मैंने आखिरकार यह धारावाहिक उस वक्त देखा, जब कोविड-19 महामारी के चलते लॉकडाउन लागू रहने के दौरान टीवी पर 'रामायण' और 'महाभारत' का पुन:प्रसारण किया गया। और मैंने इसका सचमुच में आनंद उठाया। इसने मुझे शूटिंग के दिनों की याद दिला दी।''कोलकाता में जन्मीं और मौजूदा राज्यसभा सदस्य रूपा गांगुली ने कहा, ''हर दिन सुबह-सुबह, जुहू स्थित अपने होटल से मुझे फिल्म सिटी पहुंचना होता था और सुबह पांच बजे तक मुझे मेकअप कक्ष में उपस्थित होना पड़ता था। शूटिंग सुबह सात बजे शुरू हुआ करती थी और मेरा मेकअप तथा केश-सज्जा करने में हर दिन कम से कम डेढ़ घंटा या इससे ज्यादा समय लगता था।'' उन्होंने कहा, ''और, मेरे लंबे बाल थे तथा हमें विशेष परिधान एवं कई सारी अन्य चीजें भी पहननी पड़ती थी जिसमें समय लगता था। इसलिए, मुझे अन्य कलाकारों से पहले पहुंचना पड़ता था। ''निर्माता-निर्देशक बी आर चोपड़ा और रवि चोपड़ा टीवी पर महाभारत लेकर आये थे और 1990 तक दो साल दूरदर्शन पर इसका प्रसारण हुआ था। प्रत्येक रविवार, सुबह इसे प्रसारित किया जाता था। बंगाली सिनेमा में अपने काम को लेकर भी ख्याति हासिल करने वाली रूपा गांगुली ने कहा, ''हम सभी साधारण परिवार से हैं और यह सीखा कि कैसे एक राजा या रानी या शाही परिवार का सदस्य चलता-फिरता है या बात करता है। साथ ही, मैं बंगाल से हूं और पटकथा हिंदी भाषा में थी तथा यह एक बहुत अलग तरह की हिंदी थी। (ध्वनि कलाकार) हरीश भीमानी जी ने मेरे प्रभावशाली संवाद के लिए उच्चारण करने में मदद की। ''इस धारावाहिक में द्रौपदी एक अविस्मरणीय किरदार है और रूपा गांगुली ने अपने दमदार संवाद और भावपूर्ण अभिनय से सभी उम्र के दर्शकों की वाहवाही बटोरी। उन्होंने दावा किया कि आज के समय में 'रामायण' और 'महाभारत' कथाओं को पौराणिक कथा नहीं माना जाता है और ये भारत का हिस्सा हैं। उन्होंने कहा कि इनके साक्ष्य विभिन्न सथानों पर पाये जा सकते हैं। रूपा गांगुली ने कहा, ''ये कथाएं अब हमारी धरोहर हैं और पूरे भारत की धरोहर हैं।''उन्होंने एक सवाल के जवाब में कहा, ''जब 2015 में राजनीति में आई थी, तब मैंने खुद को जन सेवा में समर्पित करने का एक समझबूझ भरा फैसला लिया था। '' उन्होंने कहा, ''जब मैं राजनीति में आई थी तब मेरे पास 10-15 फिल्मों में काम करने का प्रस्ताव था , लेकिन मुझे उन सब को खारिज करना पड़ा था। ''
- ग्वालियर (मप्र)। केन्द्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि करीब दो साल बाद रविवार से अब देश से सभी नियमित अंतरराष्ट्रीय हवाई सेवाएं फिर से शुरू कर दी गई हैं। इसके पहले कोविड-19 महामारी पर नियंत्रण के चलते पाबंदियां लागू थीं। उन्होंने कहा कि रविवार से गर्मी के मौसम के लिए नयी 135 घरेलू और 15 अंतरराष्ट्रीय उड़ानें भी शुरू की गई हैं। सिंधिया ने यहां मीडिया से चर्चा करते हुए कहा, ''आज से गोरखपुर और वाराणसी के बीच हवाई सेवा शुरू कर दी गई है। मैंने उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ ग्वालियर से ही वर्चुअल माध्यम से इस सेवा की शुरुआत की।'' मंत्री ने कहा कि रविवार से सौ फीसदी तरीके से अंतरराष्ट्रीय नियमित हवाई सेवाएं शुरू कर दी गई हैं। उन्होंने कहा कि देश के लोग विदेश जाने के लिए और विदेशी लोग भारत आने के लिए तैयार हैं, इसलिए पूरी क्षमता से हवाई सेवाएं प्रारंभ की गई हैं।
- नयी दिल्ली। महामारी की शुरुआत के समय से दूरसंचार प्रदाताओं द्वारा कोविड-19 के बारे में जागरूकता फैलाने के लिए कॉल से पहले निर्धारित घोषणाएं जल्द ही इतिहास बन सकती हैं। बीमारी के बारे में जागरूकता बढ़ाने के लगभग दो वर्षों के बाद, सरकार अब कॉल से पहले कोविड-19 संदेशों को हटाने पर विचार कर रही है। सरकार को कई ऐसे आवेदन मिले हैं, जिसमें कहा गया है कि ये संदेश अपने उद्देश्य को पूरा कर चुके हैं और कई बार आपात स्थिति के दौरान महत्वपूर्ण कॉल में देरी होती है।आधिकारिक सूत्रों ने कहा कि दूरसंचार विभाग (डीओटी) ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय को पत्र लिखकर कॉल पूर्व की इन घोषणाओं और कॉलर ट्यून को हटाने का अनुरोध किया है। उसने सेल्युलर ऑपरेटर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (सीओए) के साथ-साथ मोबाइल ग्राहकों से प्राप्त आवेदनों का हवाला दिया है। एक आधिकारिक सूत्र ने कहा, ''स्वास्थ्य मंत्रालय अब देश में महामारी की स्थिति में सुधार के मद्देनजर इन ऑडियो क्लिप को हटाने पर विचार कर रहा है, जबकि महामारी के खिलाफ सुरक्षा उपायों के बारे में जन जागरूकता फैलाने के अन्य उपाय जारी रहेंगे।'' केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय से प्राप्त निर्देशों के बाद दूरसंचार सेवा प्रदाताओं को कॉल से पहले कोविड-19 संबंधी घोषणाओं और 'कॉलर ट्यून' को लागू करने के निर्देश डीओटी द्वारा जारी किए गए थे। दूरसंचार सेवा प्रदाता (टीएसपी) लोगों के बीच जागरूकता फैलाने और उन्हें महामारी के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों और टीकाकरण के बारे में बताने के लिए कोरोना वायरस से संबंधित घोषणाएं और कॉलर ट्यून कॉल से पहले बजाते हैं। डीओटी ने हाल में स्वास्थ्य मंत्रालय को आवेदनों का हवाला देते हुए लिखे एक पत्र में कहा, ''लगभग 21 महीने बीतने के बाद, इन घोषणाओं ने नागरिकों के बीच जागरूकता पैदा करने के उद्देश्य को पूरा किया है और अब इनकी कोई प्रासंगिकता नहीं है।'' पत्र में कहा गया, ''नेटवर्क पर चलाए जा रहे संदेश के परिणामस्वरूप आपात स्थिति के दौरान महत्वपूर्ण कॉल को रोके रखने और विलंबित होने का जोखिम रहता है और कीमती बैंडविड्थ संसाधनों की खपत होती है। यह टीएसपी नेटवर्क पर बोझ बढ़ाता है और इससे कॉल कनेक्शन में देरी होती है।'' पत्र के मुताबिक, यह ग्राहक के अनुभव को भी प्रभावित करता है क्योंकि आपात स्थिति में कई बार कॉल में देरी हो जाती है। टीएसपी से आरबीटी (रिंग बैक टोन) को निष्क्रिय करने का भी अनुरोध किया गया है।
- नयी दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को कहा कि भारत द्वारा इस वित्त वर्ष में 400 अरब डॉलर के निर्यात का लक्ष्य हासिल करना दर्शाता है कि उसके उत्पादों की मांग दुनिया भर में बढ़ रही है। मोदी ने जोर देते हुए कहा कि जब हर भारतीय ‘लोकल के लिए वोकल' (स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहित कर रहा) होता है, तब स्थानीय उत्पादों को वैश्विक होते देर नहीं लगती है। मोदी ने रेडियो पर प्रसारित अपने मासिक ‘मन की बात' कार्यक्रम में कहा कि सरकार ने पिछले एक साल में सरकारी ई-मार्केट (जीईएम) पोर्टल के जरिए एक लाख करोड़ रुपये से ज्यादा की वस्तुएं खरीदी हैं और देश के कोने-कोने से करीब-करीब सवा-लाख लघु उद्यमियों और छोटे दुकानदारों ने अपना सामान सरकार को सीधे बेचा है। उन्होंने कहा कि एक जमाना था, जब बड़ी कम्पनियां ही सरकार को सामान बेच पाती थीं, लेकिन अब देश बदल रहा है और पुरानी व्यवस्थाएं भी बदल रही हैं। उन्होंने कहा, ‘‘अब छोटे से छोटा दुकानदार भी जीईएम पोर्टल पर सरकार को अपना सामान बेच सकता है। यही तो नया भारत है। यह न केवल बड़े सपने देखता है, बल्कि उस लक्ष्य तक पहुंचने का साहस भी दिखाता है, जहां पहले कोई नहीं पहुंचा हो। इसी साहस के दम पर हम सभी भारतीय मिलकर आत्मनिर्भर भारत का सपना भी जरूर पूरा करेंगे।'' प्रधानमंत्री ने आयुष उत्पादों के बाजार और उससे जुड़े स्टार्ट अप की संख्या बढ़ने की भी सराहना की। उन्होंने उद्यमियों से कहा कि वे अपने पोर्टल संयुक्त राष्ट्र द्वारा मान्यता प्राप्त सभी भाषाओं में उपलब्ध कराने की कोशिश करें, क्योंकि कई देशों में अंग्रेजी न तो बोली जाती है और ना ही वे ठीक से अंग्रेजी समझ पाते हैं। उन्होंने कहा, ‘‘आप इन देशों को भी ध्यान में रखकर अपनी सूचना का प्रसार करें। मुझे भरोसा है कि जल्द ही बेहतर गुणवत्ता के उत्पादों के साथ भारत के आयुष स्टार्ट अप का दुनियाभर में दबदबा होगा।'' मोदी ने भारतीय उत्पादों की क्षमता की प्रशंसा करते हुए कहा कि इनकी ताकत का आधार देश के किसान, कारीगर, बुनकर, इंजीनियर, छोटे उद्यमी और सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) क्षेत्र और कई अलग-अलग व्यवसायों के लोग हैं। प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘इन लोगों की कड़ी मेहनत से 400 अरब डॉलर के निर्यात का लक्ष्य हासिल हो पाया और मैं खुश हूं कि भारत के लोगों की यह ताकत अब दुनिया के हर कोने में नए बाजारों में पहुंच रही है।'' उन्होंने कहा, ‘‘जब एक-एक भारतवासी ‘लोकल के लिए वोकल' होता है, तब स्थानीय उत्पादों को वैश्विक होते देर नहीं लगती। आइए, स्थानीय को ‘वैश्विक' बनाएं और अपने उत्पादों की प्रतिष्ठा को और बढ़ाएं।'' उन्होंने कहा कि भारत का 400 अरब डॉलर यानी 30 लाख करोड़ रुपये मूल्य की वस्तुओं के निर्यात का लक्ष्य पहली नजर में अर्थव्यवस्था से जुड़ा मामला लग सकता है, लेकिन यह भारत की क्षमता से संबंधित हैं। मोदी ने कहा कि इसका अर्थ है कि भारत निर्मित उत्पादों की मांग दुनियाभर में बढ़ रही है और भारत की आपूर्ति श्रृंखला दिन-ब-दिन मजबूत हो रही है। उन्होंने जोर देकर कहा कि जब संकल्प सपनों से बड़े होते हैं तो राष्ट्र बहुत प्रगति करता है। उन्होंने कहा कि जब संकल्पों को पूरा करने के लिए दिन-रात ईमानदार प्रयास किए जाते हैं, तो फल मिलता है। प्रधानमंत्री ने कहा कि आज देश के कोने-कोने से नए-नए उत्पाद विदेश जा रहे हैं। इसी कड़ी में उन्होंने असम के हैलाकांडी से चमड़ों के उत्पाद, उस्मानाबाद के हथकरघा उत्पाद, बीजापुर की फल-सब्जियों, चंदौली के काले चावल और त्रिपुरा के कटहल का उल्लेख करते हुए कहा कि इनका निर्यात तेजी से बढ़ा है। उन्होंने कहा, ‘‘अब, आपको दुबई और सऊदी अरब में भी लद्दाख की विश्व प्रसिद्ध खुबानी मिल जाएगी, आपको तमिलनाडु के केले मिल जाएंगे। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि कई नए उत्पाद अब नए देशों में भेजे जा रहे हैं।'' चालू वित्त वर्ष में भारत का निर्यात 37 प्रतिशत बढ़कर 400 अरब डॉलर पर पहुंच गया है। वित्त वर्ष 2020-21 में यह 292 अरब डॉलर रहा था। निर्यात के मामले में भारत का पिछला सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 2018-19 में 330.07 अरब डॉलर का रहा था। प्रधानमंत्री ने कहा कि आयुष उद्योग का बाजार छह साल पहले के करीब 22,000 करोड़ रुपये से बढ़ कर 1.40 लाख करोड़ रुपये पहुंच गया है। मोदी ने अपने संबोधन में ज्योतिराव फुले और भीमराव आंबेडकर को भी श्रद्धांजलि अर्पित की, जिनकी जयंती अप्रैल में है। प्रधानमंत्री ने समाज के प्रति उनके योगदान को याद किया। उन्होंने योग प्रशिक्षक स्वामी शिवानंद का भी जिक्र किया, जिन्होंने हाल में 126 वर्ष की आयु में पद्म पुरस्कार प्राप्त किया है। मोदी ने कहा कि उनके पूरे जीवन ने समूचे राष्ट्र को प्रेरित किया है और उनके अनुकरणीय कार्य ने स्वास्थ्य एवं तंदुरूस्ती के बारे में महत्वपूर्ण शिक्षा दी है। मोदी ने स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए काम कर रहे लोगों और पशुओं एवं पक्षियों के लिए जल सुनिश्चित करने का भी जिक्र किया। उन्होंने देशवासियों से जल ही हरेक बूंद बचाने और पानी के पुनर्चक्रण के लिए काम करने की अपील की।
- बीकानेर. बीकानेर के करणी औधोगिक क्षेत्र में रविवार को सेफ्टी टैंक में सफाई के लिए उतरे चार लोगों की दम घुटने से मौत हो गई। इस घटना पर राज्य के मुख्यमंत्री गहलोत ने शोक जताया है। बीछवाल पुलिस थाने के सहायक उपनिरीक्षक पूरणसिंह ने बताया कि करणी औद्योगिक क्षेत्र में एक ऊन मिल में बने सेफ्टी टैंक की सफाई के लिए चार मजदूर उतरे थे। टैंक में जमा गंदा पानी और जहरीली गैस से चारों मजदूरों का दम घुटने लगा तो उन्हें बाहर निकाला गया। इनमें से तीन जनों ने मौके पर दम तोड़ दिया। जबकि एक मजदूर की अस्पताल में मौत हुई।मृतकों की पहचान लाल चंद, चोरुलाल नायक, कालू राम वाल्मीकि व किशन बिहारी के रूप में हुई है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक प्रथम दृष्टया सेफ्टी टैंक में गंदगी के कारण कार्बन डाइऑक्साइड गैस के चलते यह हादसा हुआ है। इस घटना की सूचना के बाद जिला प्रशासन व पुलिस प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने हादसे पर शोक जताया है। उन्होंने ट्वीट किया,‘‘बीकानेर के बीछवाल क्षेत्र में करणी औद्योगिक क्षेत्र में ऊन फैक्ट्री में गैस से चार श्रमिकों की मौत अत्यंत दुखद हैI शोकाकुल परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं, ईश्वर उन्हें यह आघात सहने की शक्ति प्रदान करें।''
- ग्वालियर . मध्यप्रदेश के ग्वालियर जिले के एक गांव में भैंस और उसके बच्चे की मौत पागल कुत्ते के काटने के कारण हो गई। इस खबर के गांव में पहुंचते ही वहां के निवासी डर के मारे अस्पताल में एंटी रेबीज इंजेक्शन लगवाने पहुंच गए, क्योंकि इसी भैंस के दूध से बनाये गये छांछ का इस्तेमाल एक मृत्यु भोज में किया गया था। इस भोज में पूरे गांव ने खाना खाया था। करीब 25 ग्रामीणों को यह इंजेक्शन लगया गया है, लेकिन बाद में प्रशासनिक अधिकारियों और चिकित्सकों ने ग्रामीणों को समझाया कि दूध से रेबीज नहीं होता। इसके बाद ही गांव वाले माने। प्रशासन एवं चिकित्सकों की इस समझाइश के बाद रविवार को इस गांव का कोई भी व्यक्ति रेबीज रोधी इंजेक्शन लगवाने के लिए नहीं आया। इस बारे में डबरा के सब डिवीजनल मजिस्ट्रेट (एसडीएम) प्रदीप शर्मा ने रविवार को बताया कि यह घटना ग्वालियर जिले की डबरा तहसील के चांदपुरा गांव में तीन दिन पहले की है। इस गांव के एक घर में मृत्यु भोज था, जिसमें पूरे गांव के लोग (करीब 700 लोग) भोजन करने पहुंचे थे। शर्मा ने कहा कि इस भोज में जिस दूध के छाछ से रायता बनाया गया था, वह पास के गांव पाली, जो दतिया जिले में है। शर्मा ने बताया कि बाद में खबर आई कि जिस भैंस के दूध का रायता बना है, उसकी व उसके बच्चे की मौत पागल कुत्ते के काटने से हो गई। यह सुनकर ग्रामीण परेशान हो गए और तुरंत सभी लोग डबरा के सिविल अस्पताल पहुंच गए। ये ग्रामीण चिकित्सक से रेबीज रोधी इंजेक्शन लगवाने लगे। करीब 25 लोगों को इंजेक्शन लग गया तब चिकित्सकों ने ग्रामीणों से जानकारी ली, इसके बाद दूघ व भैंस की घटना सामने आईं। शर्मा ने कहा कि ग्रामीणों को पहले चिकित्सकों ने समझाया। जब वे नहीं माने तो प्रशासनिक अधिकारी पहुंचे और विशेषज्ञ चिकित्सकों की एक टीम ग्वालियर से डबरा आई। सभी ने ग्रामीणों को समझाया कि दूध पीने या रायता पीने से रेबीज नहीं होता। इसके बाद ग्रामीण मान गए।
- बागपत (उप्र) . बागपत जिले के मलकपुर गांव में रविवार को एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार युवक की हत्या करने के बाद हत्यारे शव को पास के ही एक रजवाहे में डालकर फरार हो गए। ग्रामीणें की सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर घटना की जांच शुरू कर दी है। पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) हरीश भदौरिया ने बताया कि मरने वाले युवक की पहचान गांव के विशाल तोमर (25) के रूप में हुई है। युवक के सिर और कमर में कई गोलियां मारी गई हैं। उन्होंने बताया कि हत्या के पीछे गांव की ही पुरानी रंजिश बताई गई है। उधर, कोतवाल मगनवीर सिंह गिल ने बताया कि अभी इस मामले में कोई तहरीर नहीं आई है। तहरीर आने के बाद ही हत्या के कारण का पता चल सकेगा।-FILE PHOTO
- नयी दिल्ली. चुनाव आयोग (ईसी) के पास इष्टतम जनशक्ति होने की वकालत करते हुए एक संसदीय समिति ने 2024 के लोकसभा चुनावों में आयोग की मदद के लिए क्षेत्रीय आयुक्तों की नियुक्ति पर सरकार और चुनाव आयोग के विचार मांगे हैं। विभिन्न चुनावों में चुनाव आयोग की सहायता के लिए क्षेत्रीय आयुक्तों को नियुक्त करने का संविधान में प्रावधान है। वर्ष 1951 में पहले लोकसभा चुनाव के दौरान, मुम्बई (तब बम्बई) और पटना में छह महीने के लिए क्षेत्रीय आयुक्त नियुक्त किए गए थे। उसके बाद, ऐसी कोई तैनाती नहीं की गयी। केंद्रीय कानून मंत्रालय में विधायी विभाग के लिए अनुदान मांगों (2022-23) पर अपनी रिपोर्ट में, कानून और कार्मिक मामलों पर संसदीय स्थायी समिति ने कहा कि उसने संवैधानिक प्रावधानों और चुनाव आयोग के उस मशविरे का संज्ञान लिया है, जिसमें उसने कहा है कि जरूरत पड़ने पर राष्ट्रपति द्वारा क्षेत्रीय आयुक्तों को नियुक्त किया जा सकता है। समिति ने कहा कि हालांकि, पहले आम चुनावों के बाद, उनकी (क्षेत्रीय आयुक्तों की) नियुक्ति नहीं की गयी। सुशील मोदी की अध्यक्षता वाली समिति ने कहा, ‘‘समिति का विचार है कि भारतीय निर्वाचन आयोग (ईसीआई) के पास अपनी आवश्यकताओं के अनुसार इष्टतम अधिकारी होने चाहिएं और तदनुसार, समिति भारत के विधायी विभाग / चुनाव आयोग को वर्ष 2024 में लोकसभा के लिए होने वाले आम चुनावों के वास्ते क्षेत्रीय आयुक्तों की नियुक्ति पर अपने विचार प्रस्तुत करने की सिफारिश करती है।'' चुनाव आयोग से संबंधित मुद्दों से निपटने के लिए विधायी विभाग सरकार की नोडल एजेंसी है। यह रिपोर्ट पिछले सप्ताह बजट सत्र में संसद में पेश की गई थी। संविधान का अनुच्छेद 324 चुनाव आयोग से संबंधित है, और इसका एक प्रावधान क्षेत्रीय आयुक्तों को संदर्भित करता है।
- अमरावती (महाराष्ट्र). अमरावती जिले में रविवार को एक कार के ट्रक से टकरा जाने से एक परिवार के पांच सदस्यों की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि हादसे में मारे गए लोग एक विवाह समारोह में भाग लेने जा रहे थे। उसने बताया कि नंदगांवपेठ-देवलगांव रिंग रोड पर हुई टक्कर इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई और ट्रक के भी आगे के दो पहिए निकल गए। अंजनगांव सुरजी गांव का रहने वाला यह परिवार एक विवाह समारोह में भाग लेने के लिए वालगांव से होता हुआ नंदगांवपेठ जा रहा था। नंदगांवपेठ पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया कि जब कार पोटे कॉलेज के पास पहुंची, तो उसके चालक ने एक दोपहिया वाहन से आगे निकलने की कोशिश की, लेकिन उसी समय सामने से तेज गति से आ रहे एक ट्रक से उसकी टक्कर हो गई। इसके बाद ट्रक बिजली के खंभे को तोड़कर सड़क के दूसरी ओर चला गया। अधिकारी ने बताया कि कार में सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। उन्होंने बताया कि निकट ही काम कर रहे कुछ श्रमिक दुर्घटनास्थल पर पहुंचे और एक जीवित व्यक्ति को कार से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उपचार के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया। उन्होंने बताया कि ट्रक चालक हादसे के बाद दुर्घटनास्थल से फरार हो गया।
- नयी दिल्ली. शिक्षा प्रौद्योगिकी कंपनी स्कूलनेट ने स्कूलों में सेवाओं के विस्तार और ऐप पर ग्राहकों की वृद्धि के जरिये अगले सात वर्षों में 6,000 करोड़ रुपये का राजस्व जुटाने का लक्ष्य रखा है। स्कूलनेट के रणनीति प्रमुख अरिंदम घोष ने कहा कि 25 साल पुरानी कंपनी वर्तमान में लगभग 40,000 स्कूलों को डिजिटल शिक्षण सामग्री और शिक्षकों को प्रशिक्षित करने के साथ डिजिटल कक्षाएं प्रदान कर रही है। कंपनी का दावा है कि कोविड-19 से पहले उसका राजस्व 800 करोड़ रुपये तक पहुंच गया था। महामारी से संबंधित प्रतिबंधों के दौरान स्कूलों के बंद होने के कारण उसका राजस्व हालांकि कुछ कम हो गया है। घोष ने कहा कि कंपनी को उम्मीद है कि अगर सब कुछ ठीक रहा तो चालू वित्त वर्ष में उसका एकीकृत राजस्व लगभग 400 से 450 करोड़ रुपये रह सकता है। उन्होंने कहा, ‘‘कोविड महामारी के समय में कुल राजस्व प्रभावित हुआ लेकिन हमने इस चालू वर्ष में भी लाभ को बनाये रखा है। हम इस लाभ को बनाए रखेंगे। हम अगले पांच से सात साल में 6,000 करोड़ रुपये का राजस्व जुटाने का लक्ष्य लेकर चल रहे हैं। इसके लिए संसाधनों की महत्वपूर्ण वृद्धि की आवश्यकता होगी।'' इसके अलावा कंपनी को उम्मीद है कि उसके शिक्षा प्रौद्योगिकी ऐप पर स्कूलों और खुदरा चैनलों के माध्यम से लगभग दस लाख ग्राहक जुड़ेंगे।
- जयपुर। राजस्थान के बाड़मेर जिले में एक एसयूवी के पलटने से उसमें सवार दो जनों की मौत हो गई जबकि दो घायल हो गए। पुलिस के अनुसार सामो की ढाणी इलाके में यह हादसा शनिवार देर रात हुआ, जिसमें एसयूवी एक अज्ञात वाहन से टकराक पलट गई। पुलिस ने बताया कि इसमें सुरेश कुमार व लुंबाराम की मौत हो गई, जबकि घायलों का इलाज चल रहा है। दुर्घटना की जांच की जा रही है।
- नयी दिल्ली. केंद्र सरकार आम आदमी के जीवन को आसान बनाने के उद्देश्य से विभिन्न मंत्रालयों और विभागों द्वारा चलाई जा रही अलग-अलग योजनाओं के लिए एक ‘साझा पोर्टल' लाएगी। सरकार इस तरह के पोर्टल को शुरू करने के लिए एक प्रस्ताव पर काम कर रही है। सूत्रों ने बताया कि मोदी सरकार के न्यूनतम सरकार, अधिकतम शासन के दृष्टिकोण के तहत अलग-अलग योजनाओं के लिए एक नए पोर्टल में ऋण आधारित 15 सरकारी योजनाओं को शामिल किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अनुकूलता के रूप में साझा पोर्टल पर योजनाओं का धीरे-धीरे विस्तार किया जाएगा, क्योंकि कुछ केंद्र प्रायोजित योजनाओं में कई एजेंसियों की भागीदारी है। सूत्रों ने बताया कि उदाहरण के तौर पर प्रधानमंत्री आवास योजना और ऋण से जुड़ी पूंजीगत सब्सिडी योजना (सीएलसीएसएस) जैसी योजनाओं का संचालन विभिन्न मंत्रालयों द्वारा किया जा रहा है। इसी को ध्यान में रखते हुए प्रस्तावित पोर्टल में इन योजनाओं को एक मंच पर लाया जाएगा, ताकि लाभार्थियों को बिना किसी परेशानी के उन तक पहुंच उपलब्ध कराई जा सके। सूत्रों ने कहा कि इसका पायलट परीक्षण किया जा रहा है और इस पोर्टल को पेश करने से पहले सभी पहलुओं पर गौर किया जा रहा है। भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) और अन्य ऋणदाता यह परीक्षण कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकारों और अन्य संस्थानों द्वारा भी इस मंच पर अपनी योजनाओं को शामिल करने की संभावना है।





.jpg)
.jpg)
.jpg)
.jpg)


















