- Home
- बिजनेस
-
नई दिल्ली। भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम (आईआरसीटीसी) और एसबीआई कार्ड ने मंगलवार को अपना सह-ब्रांड रुपे क्रेडिट कार्ड पेश किया। यह कार्ड संपर्क रहित भुगतान की सुविधा देता है। रेल मंत्री पीयूष गोयल ने आईआरसीटीसी-एसबीआई रुपे कार्ड को पेश करते हुए कहा कि वह निजी तौर पर ध्यान रखेंगे कि यह कार्ड 25 दिसंबर तक लक्षित तीन करोड़ से ग्राहकों तक पहुंचे। आईआरसीटीसी के ग्राहकों की संख्या पांच करोड़ से अधिक है और यह ग्राहक उसके मंच पर प्रतिदिन साढ़े आठ लाख से अधिक लेनदेन करते हैं। गोयल ने कहा कि केंद्र सरकार आने वाले सालों में हर टिकट की ऑनलाइन बुकिंग सह-ब्रांड कार्ड से करवाने का लक्ष्य लेकर चल रही है। इस कार्ड से ग्राहकों की रेल टिकट बुक कराने पर ना सिर्फ अतिरिक्त बचत होगी। बल्कि यह खरीदारी, मनोरंजन इत्यादि पर भी उन्हें कई लाभ मिलेंगे। आईआरसीटीसी पर इस कार्ड से टिकट बुकिंग का भुगतान करने पर ग्राहकों को रेलवे की वातानुकूलित श्रेणियों प्रथम, द्वितीय, तृतीय, एक्जीक्यूटिव चेयरकार, एसी चेयरकार के किराये में 10 प्रतिशत तक का कैशबैक मिलेगा। इसके अलावा टिकट बुक करने पर लगने वाला लेनदेन शुल्क भी माफ होगा। साथ में रेलवे स्टेशनों पर मौजूद प्रीमितम लाउंज में प्रत्येक तिमाही में एक बार मुफ्त प्रवेश का भी लाभ मिलेगा। इस कार्ड में एनएफसी (नियर फील्ड कम्युनिकेशन) प्रौद्योगिकी का इस्तेमाल किया गया है जिसके चलते इस कार्ड को स्वाइप किए बिना ही संपर्क रहित भुगतान की सुविधा मिलती है। आम भाषा में ऐसे कार्ड को वाई-फाई कार्ड कहा जाता है।
-
नई दिल्ली। आईडीबीआई बैंक ने मंगलवार को बताया कि वित्त वर्ष 2020-21 की पहली तिमाही में उसने 144.43 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ दर्ज किया। निजी क्षेत्र के बैंक को पिछले साल अप्रैल-जून 2019 तिमाही के दौरान 3,800.84 करोड़ रुपये का शुद्ध घाटा हुआ था। बैंक ने मार्च 2020 को समाप्त तिमाही के दौरान 135.39 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ हासिल किया था। आईडीबीआई बैंक ने शेयर बाजार को बताया कि चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में उसकी कुल आय थोड़ी घटकर 5,901.02 करोड़ रुपये रह गई, जो पिछले साल की समान अवधि में 5,923.93 करोड़ रुपये थी। मार्च तिमाही में बैंक की कुल आय 6,924.94 करोड़ रुपये थी।बैंक ने बताया कि उसकी परिसंपत्तियों की गुणवत्ता में सुधार हुआ है और 30 जून को कुल ऋण के मुकाबले सकल गैर-निष्पादित परिसंपत्तियां (एनपीए) 26.81 प्रतिशत रही, जो जून 2019 में 29.12 प्रतिशत थी। इसी तरह शुद्ध एनपीए या फंसे हुए ऋण 8.02 प्रतिशत से घटकर 3.55 प्रतिशत रह गया। बैंक ने फंसे हुए ऋण और आकस्मिकत व्यय के लिए जून तिमाही में 888.05 करोड़ रुपये का प्रावधान किया, जो पिछले साल की समान अवधि में 6,332.05 करोड़ रुपये था। -
नई दिल्ली। प्रौद्योगिकी क्षेत्र की प्रमुख कंपनी माइक्रोसाफ्ट इंडिया देश की सबसे आकर्षक नियोक्ता ब्रांड बनकर उभरी है। इसके बाद बेहतर नियोक्ता ब्रांड के तौर पर दूसरे नंबर पर सैंमसंग इंडिया और तीसरे पर अमेजॉन इंडिया रही है। एक सर्वेक्षण में यह कहा गया है। रैंडस्टैड एम्पलायर ब्रांड रिसर्च (आरईबीआर) 2020 के मुताबिक माइक्रोसॉफ्ट इंडिया को वित्तीय सेहत, मजबूत पहचान और आधुनिक प्रौद्योगिकी का इस्तेमाल करने के मामले में ऊंचे अंक प्राप्त हुये हैं। आरईबीआर ने इस मामले में 33 देशों की 6,136 कंपनियों के 18 से 68 आयुवर्ग के 1,85,000 लोगों के विचार लिए हैं। आरईबीआर का मानना है कि 2020 में भारतीय कार्यबल के लिये नियोक्ता का चुनाव करते समय काम- जिंदगी के बीच संतुलन सबसे शीर्ष पर बनकर उभरा है। सर्वेक्षण में भाग लेने वाले 43 प्रतिशत लोगों ने यह कहा। इसके बाद आकर्षक वेतन और कर्मचारी लाभ को 41 प्रतिशत ने और रोजगार की सुरक्षा के बारे में 40 प्रतिशत लोगों ने नियोक्ता का चुनाव करने में तवज्जो देने की बात कही। रैंडस्टैड इंडिया के प्रबंध निदेशक और सीईओ पॉल डुपुईस ने कहा कि नियोक्ता ब्रांडिंग एक बदलती प्रक्रिया है जो कि समय के साथ नई और गहरी आंतरिक दृष्टि के साथ आगे बढ़ रही है। इसलिये संगठनों को इसे अपना रणनीतिक कारोबारी एजेंडा बनाना चाहिये। -
नई दिल्ली। दूरसंचार कंपनी भारती एयरटेल भविष्य के लिए अपने 4जी टावरों को 5जी की क्षमताओं से लैस करने के लक्ष्य का निरंतर पीछा कर रही है। वह मोबाइल उपकरण विनिर्माताओं और ऐप डेवलपरों के साथ मिलकर 5जी के परीक्षण की अवधारणा भी तैयार कर रही है। कंपनी ने अपनी 2019-20 की वार्षिक रपट में 5जी क्षमताओं के निर्माण की बात की है। कंपनी का कहना है कि मौजूदा नेटवर्क में प्रस्तावित निवेश से ग्राहकों को तेज गति की कनेक्टिविटी मिलेगी। साथ ही यह निकट भविष्य में 5जी सेवाओं की मजबूत आधारशिला भी रखेगा। रपट में कहा गया है, मूल उपकरण निर्माताओं और ऐप्लिकेशन डेवलपरों के साथ मिलकर कंपनी 5जी के परीक्षण की अवधारणा तैयार कर रही है। यह परीक्षण विभिन्न मोबाइल ब्रॉडबैंड और औद्योगिक उपयोग के माध्यम से हमारी 5जी क्षमता को प्रदर्शित करने में मदद करेंगे। तेज गति के इंटरनेट की तेजी से बढ़ती मांग ने दुनिया के सबसे बड़े दूरसंचार बाजारों में से एक भारत में 5जी सेवाओं की जरूरत को बढ़ाया है। कंपनी ने कहा कि भविष्य के लिए तैयार होने की दिशा में हम अपने मौजूदा 4जी टावरों को 5जी की क्षमता से लैस करने के लक्ष्य पर निरंतर काम कर रहे हैं। इसके परीक्षण की तैयारियां पूरी रफ्तार से आगे बढ़ रही हैं और जब एक बार स्पेक्ट्रम हासिल हो जाएगा तो हम इसका प्रभावी और सुगम परीक्षण करेंगे।
-
नई दिल्ली। थिएरी बोलोर टाटा मोटर्स के स्वामित्व वाली जगुआर लैंड रोवर (जेएलआर) के नए मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) होंगे। कंपनी ने मंगलवार को बताया कि उनका कार्यकाल 10 सितंबर से प्रभावी होगा। कंपनी के बयान के मुताबिक बोलोर राल्फ स्पेथ का स्थान लेंगे। स्पेथ को जेएलआर का गैर-कार्यकारी उप-चेयरमैन बनाए जाने की घोषणा पहले ही की जा चुकी है। टाटा संस के चेयरमैन एन. चंद्रशेखर ने बोलोर के बारे में कहा कि वह कंपनी में अनुभव की संपदा साथ लाएंगे। बोलोर इससे पहले रेनॉ के समूह सीईओ थे।
-
नई दिल्ली। भारतीय रिजर्व बैंक के गवर्नर शक्तिकांत दास ने कोरोना वायरस महामारी के प्रभाव से जूझ रही अर्थव्यवस्था को फिर से पटरी पर लाने के लिये बुनियादी ढांचा विकसित करने की परियोजनाओं में निवेश बढ़ाने पर जोर दिया है। भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई) के एक कार्यक्रम में उद्योगपतियों को संबोधित करते हुये दास ने सोमवार को कहा कि बुनियादी ढांचा क्षेत्र में बड़े निवेश की आवश्यकता है। इसमें निजी और सार्वजनिक दोनों क्षेत्रों को महत्वपूर्ण भूमिका निभानी होगी। उन्होंने कहा कि बुनियादी ढांचे पर काम तेज होने से अर्थव्यवस्था को काफी फायदा होगा और कुछ तय लक्ष्य वाली बड़ी परियोजनाओं पर तेजी से काम बढ़ने पर आर्थिक वृद्धि पटरी पर लौट सकती है। गवर्नर ने कहा कि कृषि क्षेत्र में हाल में किये गये सुधारों से नये अवसर पैदा हुये हैं। यह क्षेत्र आज एक आकर्षक बिंदु के रूप में उभर रहा है और हमारी अर्थव्यवस्था में संयोग कृषि क्षेत्र के पक्ष में बनता दिख रहा है।
-
नई दिल्ली। वाहन कलपुर्जे बनाने वाली कंपनी स्टील स्ट्रिप्स व्हील्स लिमिटेड ने सोमवार को कहा कि उसे यूरोपीय संघ (ईयू) के ट्रेलर वाहन बाजार से 70,000 पहियों के लिये 4,29,000 यूरो (करीब 3.75 करोड़ रुपये) का आर्डर प्राप्त हुआ है। शेयर बाजारों को भेजी गई नियामकीय सूचना में कंपनी ने कहा है कि उसे यूरोप से 4,29,000 यूरो का नया आर्डर प्राप्त हुआ है। कंपनी ने कहा है कि उसे यूरोपीय संघ के ट्रेलर वाहन बाजार से 70 हजार पहियों का निर्यात आर्डर प्राप्त हुआ है। यह आर्डर कंपनी को सितंबर और अक्टूबर में पूरा करना है। यह उत्पादन कंपनी के चेन्नई संयंत्र में होगा।
- नई दिल्ली। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन ( ईपीएफओ) ने कोविड-19 महामारी के मद्देनजर महत्वपूर्ण हो चुकी ऑनलाइन सेवाओं की उपलब्धता और उस तक लोगों की पहुंच बढ़ाने के लिए अप्रैल से जून 2020 के दौरान अपने 73.58 लाख ग्राहक सदस्यों के अपने ग्राहक को जानो (केवाईसी) आंकड़े का नवीनीकरण किया है।इनमें 52.12 लाख ग्राहकों की आधार संख्या, 17.48 लाख ग्राहकों के मोबाइल नंबर (यूएएन एक्टिवेशन) और 17.87 लाख ग्राहकों के बैंक खाता दर्ज किए गए हैं। केवाईसी एक बार की प्रक्रिया है जो केवाईसी विवरण के साथ यूनिवर्सल अकाउंट नंबर (यूएएन) को जोडऩे के माध्यम से ग्राहकों की पहचान के सत्यापन में मदद करती है।इसके अलावा, इतने बड़े पैमाने पर केवाईसी प्रक्रिया पूरी करने के लिए ईपीएफओ ने लॉकडाउन लागू रहने के दौरान भी ग्राहकों के जनसांख्यिकीय विवरण को सुधारने के लिए बड़े पैमाने पर काम किया है। इससे अप्रैल-जून 2020 के दौरान 9.73 लाख ग्राहकों के नाम सुधार, 4.18 लाख ग्राहकों की जन्म-तिथि में सुधार और 7.16 लाख ग्राहकों की आधार संख्या में सुधार हुए।कोविड-19 महामारी के दौरान कार्यालय में एक दूसरे से सुरक्षित दूरी (सामाजिक दूरी) सुनिश्चित करने के लिए ईपीएफओ ने केवाईसी खातों के समयबद्ध नवीनीकरण के लिए घर से काम करने (वर्क फ्रॉम होम) की रणनीति अपनाई। घर से काम करने वाले कर्मचारियों को केवाईसी के नवीनीकरण करने और विवरणों को सुधारने का काम सौंपा गया, जिससे प्रतिदिन के आधार पर लंबित काम घटता गया।इसके अलावा, आधार संख्या दर्ज कराने के लिए नियोक्ताओं पर निर्भरता को हटाने और आधार को जन्म-तिथि में तीन साल तक के अंतर के बावजूद जन्म की तारीख के प्रमाण के रूप में स्वीकार करने जैसी प्रक्रियाओं में प्रमुख सरलीकरण ने पूरी केवाईसी प्रक्रिया को तेज कर दिया है।केवाईसी नवीनीकरण से कोई भी ग्राहक ईपीएफओ के सदस्य पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन सेवाओं का लाभ उठाने में सक्षम होगा। ग्राहक प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना (पीएमजीकेवाई) के तहत हाल ही में शुरू की गई कोविड -19 अग्रिमों सहित अंतिम निकासी और अग्रिम के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इससे नौकरी बदलने पर पीएफ खाते को बिना किसी झंझट के ऑनलाइन हस्तांतरण की सुविधा मिलती है। केवाईसी करा चुका कोई भी ग्राहक (सदस्य) डेस्कटॉप या उमंग ऐप के माध्यम से सभी ऑनलाइन सेवाओं का लाभ उठा सकता है।
-
नयी दिल्ली। केंद्रीय अप्रत्यक्ष कर और सीमा शुल्क बोर्ड (सीबीआईसी) ने सीमा शुल्क में मौजूदा छूटों और कानूनों की समीक्षा की शुरुआत करते हुए सभी हितधारकों से सुझाव मांगे हैं। समीक्षा का मकसद इस चुनौतीपूर्ण समय की जरूरतों के अनुसार नियमों को आसान बनाना है। सीबीआईसी ने 21 अगस्त तक टिप्पणियां आमंत्रित की हैं और इस संबंध में सितंबर तक एक व्यापक समीक्षा की जाएगी। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने 2020-21 के बजट में घोषणा की थी कि मौजूदा सीमा शुल्क छूट अधिसूचनाओं की समीक्षा की जाएगी, ताकि यह पता लगाया जा सके कि उनकी उपयोगिता है या वे पुरानी हो गई हैं। सीबीआईसी ने कहा, इस संदर्भ में, दिए गए निर्धारित प्रारूप में मौजूदा सीमा शुल्क छूट सूचनाओं की समीक्षा के संबंध में सुझाव आमंत्रित किए जाते हैं। -
भुवनेश्वर। सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम सेल की इकाई राउरकेला इस्पात संयंत्र ने रविवार को कहा कि उसने धातु की खपत को बढ़ावा देने के लिए स्थानीय उद्योगों को प्रोत्साहन की पेशकश की है। इस्पात संयंत्र के एक अधिकारी ने बताया कि सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्योगों को वितरण शुल्क पर 100 रुपए और स्थानीय गोदाम से आपूर्ति पर 300 रुपए की छूट दी जा रही है। उन्होंने बताया कि नई इकाइयों को पांच साल के लिए 250 रुपए की छूट दी जाएगी। इसके अलावा प्लेट, चादरों और कॉइल्स के लिए 600 रुपए की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। उन्होंने बताया कि आरएसपी और सेल के विपणन संगठन इस योजना के लिए संयुक्त रूप से काम कर रहे हैं। -
नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी में डीजल के दाम 82 रुपये प्रति लीटर के पास पहुंच गए हैं। रविवार को लगातार दूसरे दिन डीजल कीमतों में बढ़ोतरी हुई। पेट्रोलियम विपणन कंपनियों की मूल्य अधिसूचना के अनुसार डीजल के दाम 15 पैसे प्रति लीटर बढ़ाए गए हैं। इससे दिल्ली में डीजल 81.94 रुपये प्रति लीटर पर पहुंच गया है। स्थानीय बिक्रीकर या मूल्यवर्धित कर (वैट) की वजह से विभिन्न राज्यों में ईंधन कीमतों में अंतर होता है। डीजल कीमतों में रविवार को लगातार दूसरे दिन बढ़ोतरी हुई। शनिवार को भी इस वाहन ईंधन की कीमतों में 15 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई थी। रविवार को पेट्रोल कीमतों में कोई बढ़ोतरी नहीं हुई। दिल्ली में पेट्रोल अब डीजल से सस्ता यानी 80.43 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है। पेट्रोल कीमतों में आखिरी बार 29 जून को बदलाव हुआ था। -
नई दिल्ली। सॉफ्टबैंक के समर्थन वाले ऑनलाइन किराना स्टोर ग्रोफर्स ने अगले साल के अंत तक आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) लाने की योजना बनाई है। इससे पहले कंपनी की योजना 2022 में आईपीओ लाने की थी, लेकिन कोरोना वायरस महामारी के दौरान उसके कारोबार में तेजी और मुनाफे में बढ़ोतरी के कारण इसे पहले लाने का फैसला लिया गया है। ग्रोफर्स के सह-संस्थापक और सीईओ अलबिंदर ढींडसा ने बताया कि कंपनी ने जनवरी में परिचालन लाभ हासिल किया और उम्मीद है कि इस साल के अंत तक नकदी की स्थिति सकारात्मक हो जाएगी। उन्होंने कहा कि जनवरी में परिचालन लाभ हासिल करने के बाद लॉकडाउन के दौरान हम मुनाफा कमाने की दिशा में तेजी से बढ़े हैं, हम इस साल के अंत तक ब्याज, कर, मूल्यह्रास, रिणपरिशोधन (ईबीआईटीडीए) से पहले कंपनी की कमाई और नकदी के मामले में सकारात्मक स्थिति में आने की रास्ते पर बढ़ रहे हैं। हम बाजार की भावनाओं को देख रहे हैं और 2021 के अंत तक पूंजी बाजार में आने का लक्ष्य है। इससे पहले कंपनी की योजना 2022 में सार्वजनिक निर्गम लाने की थी। कंपनी ने बीते वित्त वर्ष के दौरान 2,500 करोड़ रुपये की आय हासिल की और एक अनुमान के मुताबिक ग्रोफर्स का मूल्यांकन 6,000 करोड़ रुपये के करीब आंका गया है। - नई दिल्ली। भारतीय रिजर्व बैंक ने श्रीलंका के केन्द्रीय बैंक के साथ 40 करोड़ अमरीकी डॉलर की मुद्रा अदला-बदली के समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं। यह सुविधा नवम्बर 2022 तक रहेगी।यह समझौता दोनों देशों के बीच आर्थिक सहयोग बढ़ाने के उपायों के तहत किया गया है। कोलम्बो स्थित भारतीय उच्चायोग दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय सहयोग और साझा हितों से जुडे सभी मुद्दों पर सक्रियता से काम कर रहा है।श्रीलंका की ओर से कर्ज के भुगतान का समय बदले जाने के अनुरोध पर दोनों देशों के बीच इस सप्ताह श्रीलंका में बैठक हुई थी।प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने श्रीलंका को कोविड महामारी के संकट से निपटने के लिए भारत की ओर से हरसंभव मदद जारी रखने का आश्वासन दिया है। श्रीलंका के राष्ट्रपति गोताबाय राजपक्षे और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के बीच 23 मई और 27 मई को फोन पर चर्चा हुई थी।श्रीलंका ने कोविड महामारी के कारण उत्पन्न आर्थिक संकट का हवाला देते हुए भारत से कर्ज चुकाने के लिए कुछ और समय मांगा है।
-
जियो बाजार हिस्सेदारी में पहले स्थान पर
नई दिल्ली। देश में कुल फोन ग्राहकों की संख्या एक माह की अवधि में 0.72 प्रतिशत घट गई है। भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (ट्राई) के नवीनतम आंकड़ों के अनुसार अप्रैल 2020 के अंत तक कुल फोन ग्राहकों की संख्या घटकर 116.94 करोड़ रह गई, जबकि मार्च अंत तक यह आंकड़ा 117.79 करोड़ पर था। शहरी क्षेत्रों में फोन कनेक्शनों की संख्या 1.41 प्रतिशत घटकर 64.71 करोड़ पर आ गई। वहीं ग्रामीण इलाकों में फोन ग्राहकों की संख्या एक माह की अवधि में 0.14 प्रतिशत बढ़कर 52.15 करोड़ से 52.22 करोड़ पर पहुंच गई। मार्च 2020 के मुकाबले अप्रैल 2020 में यदि मोबाइल फोन की बात की जाये तो इस एक माह की अवधि में देश में मोबाइल फोन कनेक्शनों की संख्या 0.71 प्रतिशत घटकर 114.95 करोड़ रह गई। वहीं मार्च अंत में मोबाइल ग्राहकों की संख्या 115.77 करोड़ पर थी। शहरी इलाकों में मोबाइल ग्राहकों की संख्या 1.42 प्रतिशत घटकर 63.84 करोड़ से घटकर 62.94 करोड़ रह गई। वहीं ग्रामीण इलाकों में मोबाइल कनेक्शनों की संख्या 0.16 प्रतिशत बढ़कर 51.92 करोड़ से 52 करोड़ से कुछ अधिक रही। फोन घनत्व की बात की जाए, तो अप्रैल में कुल फोन घनत्व घटकर 86.66 प्रतिशत पर आ गया। वहीं 20 मार्च को यह 87.37 प्रतिशत था। इस दौरान शहरी क्षेत्र में फोन घनत्व 142.31 से घटकर 140.06 रह गया। ग्रामीण इलाकों में कुल फोन घनत्व 58.79 से बढ़कर 58.85 हो गया। मोबाइल फोन के मामले में शहरी क्षेत्र में फोन घनत्व 85.87 से घटकर 85.18 प्रतिशत रह गया। शहरी क्षेत्रों में यह 138.41 से घटकर 136.22 प्रतिशत रह गया। वहीं, ग्रामीण क्षेत्रों में वायरलेस फोन घनत्व 58.54 से बढ़कर 58.61 प्रतिशत पर पहुंच गया। ट्राई के आंकड़ों के अनुसार, 30 अप्रैल, 2020 तक मोबाइल या वायरलेस फोन बाजार में रिलायंस जियो 33.85 प्रतिशत बाजार हिस्सेदारी के साथ सबसे आगे थी। भारती एयरटेल 28.06 प्रतिशत की बाजार हिस्सेदारी के साथ दूसरे और आइडिया-वोडा 27.37 प्रतिशत की बाजार हिस्सेदारी के साथ तीसरे स्थान पर रही। सार्वजनिक क्षेत्र की दूरसंचार कंपनियों बीएसएनएल और एमटीएनएल की कुल बाजार हिस्सेदारी मात्र 10.72 प्रतिशत थी। इसमें बीएसएनएल का हिस्सा 10.43 प्रतिशत तथा एमटीएनएल का एक प्रतिशत से भी कम यानी 0.29 प्रतिशत था।
- जम्मू। कश्मीर में पैदा होने वाले केसर को जियोग्राफिकल इंडिकेशन (जीआई) प्रमाण पत्र मिल गया है। उपराज्यपाल जी सी मुर्मू ने कहा कि यह कश्मीर के इस उत्पाद को दुनियाभर में पहचान दिलाने के लिहाज से प्रमुख ऐतिहासिक कदम है।एक आधिकारिक प्रवक्ता ने बताया कि केन्द्र सरकार ने कश्मीर में पैदा होने वाले केसर के जीआई पंजीकरण के लिये प्रमाण पत्र जारी कर दिया है। उन्होंने कहा कि मूर्मु उपराज्यपाल का पद संभालने के बाद से ही कश्मीरी केसर को जीआई प्रमाण पत्र दिलाने में खुद दिलचस्पी ले रहे थे। एक अधिकारी ने कहा, जीआई प्रमाण पत्र मिलने से कश्मीरी केसर में मिलावट के रास्ते बंद हो जाएंगे। इसके बाद अच्छी केसर के लिये अच्छे दाम मिल सकेंगे।----
-
नई दिल्ली। खुदरा व्यापारियों के संगठन कंफेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) ने शनिवार को चीन और पाकिस्तान से लगती सीमाओं पर तैनात भारतीय सैनिकों के लिये महिला उद्यमियों द्वारा डिजाइन की गयी 10 हजार से अधिक राखियां रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को भेंट कीं। सिंह को सौंपी गयी राखियों में दिल्ली में बनी मोदी राखी भी शामिल है।
कैट ने एक बयान में कहा, जवानों के लिये सिंह को सौंपी गयी राखियों में दिल्ली में बनी मोदी राखी, नागपुर की जूट राखी, जयपुर की पेंट राखी, पुणे की बीज राखी, सतना में बनी ऊन राखी, जमशेदपुर में आदिवासी वस्तुओं से बनी राखी, असम में तिनसुकिया में बनी चाय की पत्तियों वाली राखी, कोलकाता की चाय की पत्तियों से बनी राखी, कोलकाता में बनायी जाने वाली रेशम की राखी, मुंबई में बनायी जाने वाली फैशनेबल राखी आदि शामिल हैं। कैट के राष्ट्रीय महामंत्री प्रवीण खंडेलवाल ने कहा कि महिला उद्यमियों ने विभिन्न राज्यों की गरीब महिलाओं के सहयोग से भारतीय सामान का उपयोग करके लाखों राखी बनायी हैं। कैट ने कहा, ये राखियां देश भर में फैले व्यापार संघों के माध्यम से व्यापारियों और उनके कर्मचारियों को वितरित की जाएंगी। -
मुंबई। इंडियन बैंक ने किसानों को सोने के एवज में कर्ज देने की अपनी योजना में ब्याज दर को घटाकर सात फीसद कर दिया है। सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक ने अपनी अल्पकालिक स्वर्ण ऋण योजना - बंपर एग्री ज्वेल पर ब्याज दर को घटाया है। इससे पहले इस उत्पाद पर ब्याज दर 7.5 फीसदी थी। बैंक द्वारा जारी एक बयान के मुताबिक यह कमी वर्तमान महामारी की स्थिति को देखते हुए और जरूरतमंद किसानों को सस्ती दर पर आसान ऋण मुहैया कराने के लिए की गई है। बैंक ने कहा, 22 जुलाई, 2020 से कृषि आभूषण ऋण की ब्याज दर को सात फीसदी तय किया है। इसका मतलब है कि प्रति लाख रुपये पर हर महीने महज 583 रुपये का ब्याज। इस योजना के तहत आभूषण की कीमत का 85 प्रतिशत तक ऋण छह महीने की अवधि के लिए दिया जाता है।
-
नई दिल्ली। इस साल मई में कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी) की सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से करीब 4.63 लाख नए सदस्य जुड़े हैं। अप्रैल में यह संख्या 2.55 लाख थी। इन आंकड़ों के जरिए रोजगार सृजन का पता चलता है। राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय की रिपोर्ट के मुताबिक ईएसआईसी की योजना में मार्च में 8.21 लाख नए सदस्य जुड़े थे. फरवरी में यह संख्या 11.83 लाख थी। आपको बता दें कि कोरोना वायरस महामारी की रोकथाम के लिये देश में 25 मार्च से लॉकडाउन लगाया गया । एक जून से धीरे-धीरे अर्थव्यवस्था को खोला जा रहा है. राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय (एनएसओ) की रिपोर्ट के अनुसार ईएसआईसी के पास 2019-20 में रजिस्टर्ड नए अंशधारकों की संख्या 1.51 करोड़ रही जबकि इससे पूर्व वित्त वर्ष में यह 1.49 करोड़ था. सितंबर 2017 से मार्च 2018 के दौरान 83.35 लाख नए अंशधारक ईएसआईसी योजना से जुड़े. रिपोर्ट के अनुसार सितंबर 2017 से मई 2020 के दौरान ईएसआईसी के पास रजिस्टर्ड नए अंशधारकों की संख्या 3.91 करोड़ रही। ये रिपोर्ट ईएसआईसी, कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) और पेंशन कोष नियामक एवं विकास प्राधिकरण (पीएफआरडीए) द्वारा संचालित विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जुड़े नये अंशधारकों के आंकड़े पर आधारित है. इन संगठनों के आंकड़े अप्रैल 2018 से जारी किया जा रहा है. इसमें सितंबर 2017 की अवधि को लिया गया है।
- जम्मू। केन्द्र शासित प्रदेश जम्मू कश्मीर में औद्योगिक क्षेत्रों की स्थापना के लिए चुने हुए 37 स्थानों पर 9654 कनाल और एक मरला भूमि उद्योग और वाणिज्य विभाग को हस्तांतरित की गई है। यह फैसला आज श्रीनगर में उपराज्यपाल जी सी गुर्गु की अध्यक्षता में हुई प्रशासनिक परिषद की बैठक में किया गया।इस निर्णय से प्रस्तावित नए औद्योगिक क्षेत्रों की स्थापना होगी और केन्द्र शासित प्रदेश में स्थानीय अर्थव्यवस्था को बढ़ावा मिलेगा। इससे रोजगार के अवसर बढेंग़े और क्षेत्र का समग्र विकास होगा।
- नई दिल्ली। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के गवर्नर शक्तिकांत दास ने बैंकों से कहा है कि वे कोविड-19 महामारी के दौरान अत्यधिक जोखिम से बचें। द्विवार्षिक वित्तीय स्थिरता रिपोर्ट की भूमिका में डॉ. शक्तिकांत दास ने कहा है कि बैंकों और वित्तीय कंपनियों की सर्वोच्च प्राथमिकता अब पूंजी का स्तर सुधारने और उत्थान शक्ति में सुधार लाने की होनी चाहिए।श्री शक्तिकांत दास ने कहा कि देश की वित्तीय प्रणाली सुदृढ है लेकिन अत्यधिक सावधानी से काम करना वक्त की जरूरत है। उन्होंने कहा कि सरकारों, केंद्रीय बैंकों और अन्य सरकारी एजेंसियों ने विश्वभर में व्यापारियों, निवेशकों और उपभोक्ताओं के बीच वित्तीय दवाब दूर करने के लिए समन्वित प्रयास किए हैं।
- नई दिल्ली। सिल्पा जल्द ही फैवीपिराविर लांच करने जा रही है। इसका इस्तेमाल कोरोना के मरीजों के इलाज में होगा। काउंसिल ऑफ साइंटिफिक एंड इंडस्ट्रियल रिसर्च (सीएसआईआर) ने कम लागत में यह दवा तैयार की है।आर्थिक खबरों की वेबसाइट मिंट ने अपनी रिपोर्ट में कहा है कि सिप्ला इस दवा को सिप्लेंजा ब्रांड नाम से लांच करेगी। यह अगस्त के पहले हफ्ते में बाजार में आ जाएगी। इस दवा की एक टैबलेट की कीमत 68 रुपए है। सिप्ला ने कहा कि उसे डीसीजीआई से यह दवा लांच करने की इजाजत मिल गई है। मूल रूप से जापान की कंपनी फुजी फार्मा ने यह दवा तैयार की है। क्लिनिकल ट्रायल में फैवीपिराविर के अच्छे नतीजे आए हैं। कम और मध्यम स्तर के संक्रमण के इलाज में यह दवा कारगर साबित हुई है। सीएसआईआर ने देश में उपलब्ध केमिकल्स का इस्तेमाल करके इस दवा के लिए ऐक्टिव फार्मास्युटिकल इनग्रेडिएंट (एपीआई) तैयार किया है। फिर इसमें इसे दवा के उत्पादन के लिए सिप्ला को दिया। कंपनी ने कहा कि सिप्ला ने अपनी मैन्युफैक्चरिंग फैसिलिटी में दवा बनाने की प्रक्रिया तेज कर दी है। .
- नई दिल्ली। रिलायंस इंडस्ट्रीज का बाजार पूंजीकरण (मार्केट कैप) शुक्रवार को कारोबार के दौरान 14 लाख करोड़ रुपये के आंकड़े के पार निकल गया। कारोबार के दौरान कंपनी का शेयर चार प्रतिशत की बढ़त के साथ अपने सर्वकालिक उच्चस्तर पर पहुंच गया।कंपनी के अलग से सूचीबद्ध आंशिक चुकता शेयरों का बाजार पूंजीकरण 53,821 करोड़ रुपये है। इस तरह कंपनी का कुल बाजार पूंजीकरण अब 14,07,854.41 करोड़ रुपये हो गया है।बीएसई में देश की सबसे मूल्यवान कंपनी का शेयर 4.32 प्रतिशत की बढ़त के साथ 2,149.70 रुपये पर पहुंच गया। यह इसका सर्वकालिक उच्चस्तर है। इससे बीएसई में कंपनी का बाजार पूंजीकरण 13,54,033.41 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज में कंपनी का शेयर 4.47 प्रतिशत की बढ़त के साथ अपने सर्वकालिक उच्चस्तर 2,149.90 रुपये पर पहुंच गया।---
- हैदराबाद। विविध क्षेत्रों में कार्यरत महिंद्रा समूह ने यहां वर्चुअल तरीके से अपने महिंद्रा विश्वविद्यालय का शुभारंभ किया। समूह ने कहा है कि हमारा मकसद देश में विश्वस्तरीय, भविष्य के अनुकूल शिक्षा प्रदान करना है।समूह के चेयरमैन और महिंद्रा विश्वविद्यालय के कुलाधिपति आनंद महिंद्रा ने बयान में कहा कि उच्च गुणवत्ता की शिक्षा में लोगों के साथ-साथ राष्ट्र में भी बदलाव लाने की ताकत होती है। बयान में कहा गया है कि महिंद्रा विश्वविद्यालय का प्रयास संतुलित शिक्षा प्रदान करने का होगा। इसमें नई प्रौद्योगिकी के साथ लिबरल आट्र्स का समावेश रहेगा, जिससे हम समग्र सोच वाली अगली पीढ़ी तैयार कर सकेंगे।तेलंगाना के सूचना प्रौद्योगिकी एवं उद्योग मंत्री के.टी. रामाराव ने कहा, आज हम जिस प्रौद्योगिकी का अनुभव ले रहे हैं उसमें किसी कारोबार या सामाजिक जटिलता को हल करने की क्षमता है। प्रौद्योगिकी और मानविकी को मुख्यधारा के उच्च शिक्षा पाठ्यक्रम से जोडऩे से सिर्फ युवा लोगों ही नहीं पूरे देश को लाभ होगा। बयान में कहा गया है कि यह एक स्वायत्त विश्वविद्यालय के रूप में काम करेगा। इसमें डाटा साइंस, ब्लॉकचेन और डाटाएनालिटिक्स जैसी सभी उभरती प्रौद्योगिकियों का इस्तेमाल किया जाएगा। महिंद्रा विश्वविद्यालय टेक महिंद्रा की गैर लाभकारी अनुषंगी महिंद्रा एजुकेशनल इंस्टिट्यूशंस का हिस्सा है। 130 एकड़ क्षेत्र में फैला यह विश्वविद्यालय स्नातक, स्नातकोत्तर और पीएचडी पाठ्यक्रम उपलब्ध कराएगा।--
-
नई दिल्ली। मोबाइल वॉलेट कंपनी पेटीएम के संस्थापक विजय शेखर शर्मा ने बृहस्पतिवार को कहा कि कोविड-19 महामारी के दौरान उसके मंच पर लेनदेन में 3.5 गुना वृद्धि देखने को मिली है। लॉकडाउन की वजह से भी सुरक्षित लेनदेन के लिए लोगों का डिजिटल भुगतान करना बढ़ा है। ग्लोबल फिनटेक फेस्ट 2020 को संबोधित करते हुए शर्मा ने कहा कि कंपनी के मंच पर हर सप्ताह किए जाने वाले लेनदेन की औसत संख्या में भी बढ़ोत्तरी हई है। उन्होंने कहा कि पहले कोई ग्राहक जितना लेनदेन हमारे मंच से करता था, अब उसमें ढाई से साढ़े तीन गुना की वृद्धि हुई है, जो ग्राहक पहले से कंपनी के मंच का इस्तेमाल कर रहे हैं उनका लेनदेन बढ़ा है। वहीं नए ग्राहक भी बढ़े हैं। मंच पर हर सक्रिय उपयोक्ता सप्ताह में औसतन दो लेनदेन कर रहा है। शर्मा ने कहा कि अपने मंच पर कैशबैक सुविधा को बंद करने के बावजूद पेटीएम अपने उपयोक्ताओं की संख्या बढ़ाने में सफल रही है। -
नई दिल्ली। इस साल जून महीने में 4जी डाउनलोड स्पीड के मामले में रिलायंस जियो 16.5 मेगाबिट्स प्रति सेकंड (एमबीपीएस) की औसत स्पीड के साथ शीर्ष स्थान पर रही। हालांकि अपलोड स्पीड के मामले में वोडाफोन और आइडिया पहले पायदान पर रहीं। भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (ट्राई) के आंकड़ों से यह पता चला। ट्राई के मायस्पीड पोर्टल पर प्रकाशित आंकड़ों के अनुसार, जून महीने के दौरान डाउनलोड स्पीड के मामले में जियो के बाद आठ एमबीपीएस के साथ आइडिया का स्थान रहा। इसके बाद 7.5 एमबीपीएस और 7.2 एमबीपीएस के साथ क्रमश: वोडाफोन और एयरटेल का स्थान रहा। अपलोड स्पीड के मामले में वोडाफोन और आइडिया दोनों 6.2 एमबीपीएस के साथ संयुक्त रूप से शीर्ष पर रहीं। जियो और एयरटेल दोनों की अपलोड स्पीड 3.4 एमबीपीएस रही। डाउनलोड स्पीड दूसरों द्वारा भेजे गये संदेशों, चित्रों, वीडियो आदि को देखने में मदद करती है, जबकि अपलोड गति संदेशों, चित्रों आदि को भेजने में काम आती है। वोडाफोन और आइडिया ने अपने मोबाइल कारोबार का विलय कर दिया है, लेकिन कारोबार का पूरी तरह से एकीकरण नहीं हो पाने के कारण दोनों 4जी स्पीड का विवरण अलग-अलग देती हैं। दूरसंचार कंपनियों की डेटा स्पीड मार्च-अप्रैल में निचले स्तर पर आ जाने के बाद जून में बेहतर हुई हैं। लॉकडाउन की अवधि के दौरान, जियो की डाउनलोड स्पीड कम होकर 13.3 एमबीपीएस पर आ गयी थी। इसी तरह वोडाफोन की स्पीड 5.6 एमबीपीएस, एयरटेल की 5.5 एमबीपीएस और आइडिया की 5.1 एमबीपीएस पर आ गयी थी।








.jpg)




.jpg)






.jpg)






.jpg)