गणेश चतुर्थी पर ट्रेडिशनल लुक के लिए कैरी करें महाराष्ट्रीयन नथ
लोगों में श्रद्धा और उत्साह भरने वाला गणेश चतुर्थी 2025 का पर्व इस साल 27 अगस्त से शुरू हो रहा है। 10 दिनों तक चलने वाले इस पर्व में बप्पा के भक्त अपने घरों, दफ्तरों और पंडालों में गणपति की स्थापना करके विधि-विधान से उनकी पूजा-अर्चना करते हैं। गणेश चतुर्थी पर महाराष्ट्रीयन महिलाएं पारंपरिक परिधानों और आभूषणों, विशेष रूप से महाराष्ट्रीयन नथ जरूर पहनती हैं। बता दें, महाराष्ट्रीयन नथ शुभता, समृद्धि और सुंदरता का प्रतीक मानी जाती है। अगर इस गणेश चतुर्थी पर आप महाराष्ट्रीयन नथ पहनकर ट्रेडिशनल लुक कैरी करना चाहते हैं तो ये ट्रेंडी महाराष्ट्रीयन नथ डिजाइन आइडिया आपकी मदद कर सकते हैं।
पेशवाई नथ
पेशवाई नथ महाराष्ट्रीयन संस्कृति की समृद्ध विरासत को दर्शाती है। यह नथ खूबसूरत पारंपरिक डिजाइन वाली सोने की नथ होती है। जिसका आकार बड़ा और एक लटकन या मोतियों की माला जुड़ी होती है। इस तरह की नथ को नौवारी साड़ी या पाटनी साड़ी के साथ कैरी किया जा सकता है।
रूबी स्टोन नथ
रूबी स्टोन नथ उन लोगों के लिए एक शानदार ऑप्शन है जो अपने महाराष्ट्रीयन लुक को पारंपरिक और मॉडर्न, दोनों तरह का टच देना चाहते हैं। रूबी स्टोन नथ का बेस सोने से बना हुआ होता है। जिसके चारों ओर छोटे-छोटे मोती या हीरे की सजावट की गई होती है। आप इस तरह की नथ को सुनहरी रेशम की नौवारी साड़ी या पाटनी साड़ी के साथ हरे रंग की चूड़ियों और गजरा लगाकर पूरा कर सकते हैं।
सिल्वर मोटिफ नथ
अगर आप गणेश चतुर्थी पर मिनिमल लेकिन स्टाइलिश लुक चाहती हैं, तो सिल्वर मोटिफ नथ एक बढ़िया आप्शन हो सकता है। इस नथ का डिजाइन अर्धचंद्राकार होता है, जिसमें चांदी की बारीक नक्काशी होती है। इस तरह की नथ मॉडर्न जंक ज्वेलरी जैसा लुक देती है। वेस्टर्न कपड़ों के साथ भी पहना हुआ अच्छा लगता है।
लूप-स्टाइल नथ
लूप-स्टाइल नथ एक आधुनिक और पारंपरिक डिजाइन का मिश्रण है, जो आपके लिए गणेश चतुर्थी के उत्सव को और ज्यादा खास बना सकता है। यह एक लूप-शेप्ड सोने की नथ होती है, जिसमें छोटे-छोटे मोती और लाल मनके लटके हुए रहते हैं।
पारंपरिक स्टोन नथ
पारंपरिक स्टोन नथ महाराष्ट्र की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को दर्शाती है और गणेश चतुर्थी के लिए एकदम परफेक्ट हो सकती है। यह नथ भारी और पारंपरिक होती है, जो शाही लुक देती है। आप इस तरह की नथ को पैठणी या चंदेरी साड़ी के साथ पहन सकती हैं।
मोती और हरे पत्थरों वाली नथ
यह नथ पारंपरिक महाराष्ट्रीयन लुक को और आकर्षक बनाती है। नथ में लगे हरे रंग के पत्थर और लटकते हुए हरे मनके इसे शाही और रंगीन बनाते हैं। नथ का अर्धचंद्राकार डिजाइन चेहरे को खूबसूरत बनाता है।
नथ को स्टाइल करने के टिप्स
महाराष्ट्रीयन नथ का लुक तब खिलकर आता है जब इसे नौवारी साड़ी के साथ पहना जाता है। इस साड़ी के लिए आप सुनहरा, लाल, हरा, या बैंगनी रंग चुन सकते हैं। बात अगर ट्रेडिशनल ज्वेलरी की करें तो आप नथ के साथ ठुसी हार, हरे रंग की चूड़ियां, और गजरा पहनकर अपना महाराष्ट्रीयन लुक पूरा कर सकती हैं। चांद के आकार की बिंदी आपके महाराष्ट्रीयन लुक में चार चांद लगा सकती है।
Leave A Comment