कॉमनवेल्थ गेम्स में भारत की बड़ी उपलब्धि, सचिन सिवाच सेमीफाइनल में पहुंचे
नई दिल्ली। कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारतीय बॉक्सिंग टीम ने बुधवार को तीसरा मेडल पक्का कर लिया। पुरुषों के 60 किग्रा भार वर्ग के क्वार्टर फाइनल मुकाबले में सचिन सिवाच ने बोत्सवाना के ट्रेजर मोरेमी को 5-0 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। एसईसी हॉल-5 में खेले गए मुकाबले में सचिन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सभी जजों का भरोसा जीता और भारत के लिए पदक सुनिश्चित किया।मुकाबले के पहले राउंड में सभी 5 जजों ने सचिन सिवाच के पक्ष में फैसला सुनाया। इसके बाद दूसरे राउंड में भी भारतीय मुक्केबाज ने अपना दबदबा कायम रखा और सभी जजों से अंक हासिल किए। हालांकि, तीसरे राउंड में ट्रेजर मोरेमी एक जज को प्रभावित करने में सफल रहे, लेकिन बाकी चार जजों ने सचिन के पक्ष में फैसला दिया। इस तरह भारतीय मुक्केबाज ने सर्वसम्मत फैसले से मुकाबला अपने नाम कर लिया।
कॉमनवेल्थ गेम्स के बॉक्सिंग प्रारूप के तहत सेमीफाइनल में हारने वाले दोनों मुक्केबाजों को ब्रॉन्ज मेडल दिया जाता है। सचिन सिवाच की क्वार्टर फाइनल जीत के साथ ही उनका पदक पक्का हो गया है। अब उनकी नजर सेमीफाइनल मुकाबला जीतकर गोल्ड मेडल के लिए होने वाले फाइनल में जगह बनाने पर होगी।
सचिन सिवाच कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के बॉक्सिंग इवेंट में सेमीफाइनल में पहुंचने वाले छठे भारतीय मुक्केबाज बन गए हैं। उनसे पहले प्रीति, प्रिया, जादुमनी सिंह, साक्षी और अरुंधति चौधरी अपनी-अपनी भार श्रेणियों में अंतिम चार में जगह बना चुकी हैं।मंगलवार को प्रिया ने महिलाओं के 60 किग्रा वर्ग के क्वार्टर फाइनल में स्कॉटलैंड की नियाम मिशेल को 4-1 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया था। वहीं, प्रीति ने महिलाओं के 54 किग्रा वर्ग में नॉर्दर्न आयरलैंड की निकोल क्लाइड को 5-0 से मात दी। मंगलवार देर रात जादुमनी सिंह ने पुरुषों के 55 किग्रा वर्ग के क्वार्टर फाइनल में म्वाले म्वेंगो को 5-0 से हराकर अंतिम चार में जगह बनाई।
बुधवार को सचिन सिवाच से पहले साक्षी और अरुंधति चौधरी ने भारत के लिए पदक सुनिश्चित किए। महिलाओं के 51 किग्रा वर्ग के क्वार्टर फाइनल में साक्षी ने नॉर्दन आयरलैंड की कैटलिन फ्रायर्स को 5-0 से हराया। इसके बाद अरुंधति चौधरी ने न्यूजीलैंड की मॉर्गन हेंडरसन को 3-1 के विभाजित फैसले से मात देकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया।









Leave A Comment