जूडो खिलाड़ी उन्नति शर्मा राष्ट्रमंडल खेलों के सेमीफाइनल में
ग्लास्गो. भारतीय जूडो खिलाड़ी उन्नति शर्मा ने शनिवार को यहां राष्ट्रमंडल खेलों में महिलाओं के 63 किग्रा से कम भार वर्ग के सेमीफाइनल में जगह बना ली जबकि हमवतन हर्ष टोकस और करणजीत सिंह मान क्वार्टर फाइनल में हारने के बाद रेपेचेज राउंड खेलेंगे। उन्नति ने अपने अभियान की शुरुआत प्री-क्वार्टर फाइनल में लामुलेला मगागुला पर एक मिनट 39 सेकेंड में इप्पोन के जरिए शानदार जीत के साथ की। क्वार्टर फाइनल में उन्नति ने न्यूजीलैंड की कोना क्रिस्टी को कड़े मुकाबले में हराया। उन्होंने पहले एक युको अंक अर्जित किया और फिर वाजा-आरी के दम पर जीत दर्ज कर अंतिम चार में जगह बनाई। पुरुषों के 90 किग्रा से कम भार वर्ग में करणजीत ने न्यूजीलैंड के एलियट कोनोली को तीन मिनट 29 सेकेंड में इप्पोन के जरिए हराकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। लेकिन अंतिम आठ के मुकाबले में वह कनाडा के गियोम गॉलिन से तीन मिनट और 29 सेकेंड में हार गए। अब रेपेचेज राउंड में उनका सामना घरेलू प्रबल दावेदार स्कॉट क्यूसाक से होगा।
पुरुषों के 81 किग्रा वर्ग में टोकस को क्वार्टर फाइनल में साइप्रस के ओडिसियस जॉर्जाकिस के खिलाफ 0-1 से करीबी हार का सामना करना पड़ा। अब टोकस रेपेचेज मुकाबले में समोआ के पेनियामिना पर्सिवल का सामना करेंगे। महिलाओं के 70 किग्रा वर्ग के क्वार्टर फाइनल में इनुंगानबी तकेल्लाम्बम कनाडा की चार्ली थिबॉल्ट से तीन मिनट 23 सेकेंड में इप्पोन से हार गईं।




.jpg)
.jpg)
.jpg)



Leave A Comment