- Home
- मनोरंजन
- मुंबई। बॉलीवुड अभिनेत्री करीना कपूर खान ने सोमवार को बताया कि वह कोरोना वायरस से संक्रमित हैं। इससे पहले बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) में सूत्रों ने कहा कि वह और उनकी अभिनेत्री-सहेली अमृता अरोड़ा वायरस की चपेट में आ गई हैं। करीना ने खुद के संक्रमित होने के बारे में इंस्टाग्राम पर बताया। उन्होंने कहा कि वह ‘जल्द ही स्वस्थ होने' की उम्मीद कर रही हैं। उन्होंने एक बयान में कहा, “मैं कोविड की जांच में पॉजिटिव पाई गई हूं। मैंने सभी चिकित्सीय प्रोटोकॉल का पालन करते हुए खुद को तुरंत अलग-थलग कर लिया। मुझसे संपर्क में आने वाले हर व्यक्ति से मैं जांच कराने का आग्रह करती हूं।” अभिनेत्री ने कहा कि उनका परिवार और स्टाफ सभी ने टीके की दोनों खुराक ली हुई है और “फिलहाल उनमें कोई लक्षण नजर नहीं आ रहे हैं।” साथ ही कहा, “शुक्र है कि, मैं ठीक महसूस कर रही हूं और जल्द सामान्य होने की उम्मीद कर रही हूं।” बीएमसी सूत्रों के अनुसार खान और अरोड़ा की शनिवार को जांच की गई।उन्होंने बताया, कल, इसकी पुष्टि हुई कि वे दोनों संक्रमित हैं...दोनों घरों में पृथक-वास में हैं।” सूत्रों ने यह भी कहा कि लोगों को बीमारी के प्रसार से बचने के लिए कोविड संबंधी नियमों का पालन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि जो लोग दोनों अभिनेत्रियों के संपर्क में आए थे, उनका पता लगा लिया गया है और कहा कि उनकी जांच कराई गई है। उनकी जांचों के परिणामों का इंतजार किया जा रहा है। सूत्रों ने बताया कि महानगरपालिका उन खबरों की जांच करेगी कि क्या दोनों अभिनेत्रियों ने कुछ पार्टियों में शामिल होने के दौरान कोविड-19 संबंधी नियमों का उल्लंघन किया है।
- चेन्नई। तमिल सुपरस्टार रजनीकांत रविवार को 71 साल के हो गए। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन समेत अन्य राजनेताओं तथा प्रशंसकों और मशहूर हस्तियों ने अभिनेता को जन्मदिन की बधाई देते हुए उनके बेहतर स्वास्थ्य और लंबी उम्र की कामना की। दिग्गज अभिनेता के जन्मदिन के अवसर पर उनके प्रशंसकों के संगठन ने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले समाज के गरीब और वंचित तबके के छात्रों को कोचिंग की सुविधा मुहैया कराने की घोषणा की। प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट किया, ‘‘ रजनीकांत जी को जन्मदिन की शुभकामनाएं। यह कामना है कि वह अपनी रचनात्मकता और बेहतरीन अभिनय से लोगों को प्रेरित करते रहें। भगवान उन्हें दीर्घायु बनाएं और स्वस्थ रखें।'' मुख्यमंत्री स्टालिन ने रजनीकांत से फोन पर बात कर उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं तथा उनके लंबे और स्वस्थ जीवन की कामना की। स्टालिन ने एक संदेश में अभिनेता को जीवन के 72वें वर्ष में प्रवेश करने पर बधाई देते हुए इच्छा व्यक्त की कि रजनीकांत अपने अद्वितीय अभिनय कौशल के साथ तमिल लोगों को आने वाले कई वर्षों तक मंत्रमुग्ध करें। अन्नाद्रमुक के शीर्ष नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री ओ पनीरसेल्वम, के पलानीस्वामी, मक्कल निधि मायम के प्रमुख एवं अभिनेता कमल हासन, दिवंगत जे जयललिता की सहयोगी वी के शशिकला समेत राजनीतिक जगत के कई दिग्गजों ने अभिनेता को जन्मदिन की बधाई दी। संगीतकार डी इमाम समेत फिल्मी दुनिया के कई बड़े कलाकारों और प्रशंसकों ने सोशल मीडिया के जरिए सुपरस्टार को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। रजनीकांत का जन्म 12 दिसंबर 1950 को हुआ था। पिछले कई वर्षों से अपने जन्मदिन के अवसर पर अभिनेता अपने घर से कहीं दूर ही रहते हैं, ताकि वहां भीड़ की समस्या न हो। सूत्रों ने पीटीआई-भाषा को बताया कि हर बार की तरह अभिनेता इस बार भी अपने घर पर मौजूद नहीं हैं। पूर्व क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर ने भी अभिनेता को जन्मदिन की बधाई दी।सचिन ने ट्वीट किया, ‘‘जन्मदिन मुबारक थलाइवा रजनीकांत सर। हमेशा आपके बेहतर स्वास्थ्य और जीवन में खुशियों के लिए प्रार्थना करता हूं। '' केंद्रीय पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग राज्यमंत्री श्रीपद वाई नाइक ने ट्वीट किया, 'दादासाहेब फाल्के' और 'पद्म विभूषण' से सम्मानित सुपरस्टार रजनीकांत जी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। आपको बेहतर स्वास्थ्य और लंबे जीवन का आशीर्वाद मिले। रजनीकांत के दामाद और अभिनेता धनुष ने एक ट्वीट में उन्हें 'थलाइवा' कहकर संबोधित करते हुए कहा कि आप ही एकमात्र सुपरस्टार हैं। आपसे बहुत प्यार करता हूं। अकिला इंडिया रजनीकांत रासीगर नरपानी मंदरम के प्रशासक वी एम सुधाकर ने ट्वीट कर कहा कि रजनीकांत फाउंडेशन तमिलनाडु लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित की जाने वाली परीक्षाओं के लिए समाज के सबसे गरीब और वंचित तबकों के 100 छात्रों को प्रशिक्षित करेगा। इसके अलावा सिनेमा जगत की कई अन्य हस्तियों और प्रशंसकों ने रजनीकांत को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। दिग्गज अभिनेता को पद्मविभूषण के अलावा भारतीय सिनेमा के सर्वोच्च सम्मान दादा साहेब फाल्के पुरस्कार से नवाजा जा चुका है।
- मशहूर कॉमेडियन भारती सिंह फैंस के बीच अपनी कॉमिक टाइमिंग को लेकर लोकप्रिय हैं। बीते दिनों खबरें आई थीं कि भारती सिंह प्रेग्नेंट हैं। हालांकि भारती सिंह ने उस समय इन खबरों पर चुप्पी नहीं तोड़ी थी। उन्होंने एक इंटरव्यू में कहा था कि सही समय आने पर हम ये खबर खुद ही आपके साथ शेयर करेंगे।अब भारती सिंह ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक वीडियो पोस्ट करते हुए प्रेग्नेंट होने की खबर साझा की है। भारती सिंह ने अपने क्यूट और अनोखे अंदाज में इस खुशखबरी को डेंस के साथ साझा किया है। भारती के फैंस कमेंट सेक्शन में ढेर सारी शुभकामनाएं दे रहे हैं।वीडियो में भारती भांगड़ा करती नजर आ रही हैं। वहीं वह शॉकिंग रिएक्शन भी दे रही हैं। वहीं दूसरी फोटो में पति हर्ष लिंबाचिया, जैस्मिन भसीन और अली गोनी के साथ भारती नजर आ रही हैं। पर यह खुशी तक पहुंचने से पहले उन्होंने कड़ी मेहनत करके अपना 15 किलो वजन घटाया था। पहले भारती सिंह का वजन 91 किलो था। इसके बाद उन्होंने कड़ी मेहनत करके अपना वजन 76 किलो तक किया। दरअसल, भारती ही नहीं एक्ट्रेस शिल्पा शेट्टी भी अपने वजन को कम करने के लिए इंटरमिटेंट फास्टिंग अपनाती हैं और कॉमेडियन क्वीन भारती सिंह ने भी ये ही तरीका अपनाया।
- जयपुर। बॉलीवुड अदाकारा कैटरीना कैफ और अभिनेता विक्की कौशल ने राजस्थान के सवाई माधोपुर स्थित एक आलीशान होटल में बृहस्पतिवार को परिवार और करीबी दोस्तों की मौजूदगी में शादी कर ली। शादी के कुछ घंटे के बाद जोड़े ने अपने खास दिन की तस्वीरें ‘इंस्टाग्राम' पर पोस्ट कीं। इन तस्वीरों में दिख रहा है कि कैफ कौशल को माला पहना रही हैं औ वे हाथ पकड़कर फेरे ले रही हैं। उन्होंने तस्वीर के साथ लिखा, “हमारे दिलों में हर उस चीज़ के लिए प्यार और आभार है जो हमें इस क्षण तक लेकर आई है। हमने साथ मिलकर इस नए सफर की शुरुआत की है और हम आप सब का प्यार और आशीर्वाद चाहते हैं।” शादी का कार्यक्रम निजी समारोह रहा और विवाह स्थल की सुरक्षा के लिए भारी संख्या में गार्ड तैनात थे जिससे मीडिया के लिए जानकारी जुटाना मुश्किल हुआ। आलीशान ‘सिक्स सेंसेज़ फोर्ट बरवाड़ा' होटल से जोड़े की तीन तस्वीरें और एक छोटा वीडियो ही उनकी शादी का संकेत था। यह पुराना किला है जिसे आलीशान होटल में बदला गया है। मीडिया और प्रशंसकों को इससे सुरक्षित दूरी पर रखा गया था और इसकी रखवाली निजी सुरक्षा कर्मी कर रहे हैं। ऑनलाइन लीक हुई तस्वीरों में दिख रहा है कि दुल्हन लाल रंगे के लहंगे में हैं और दूल्हे ने आईवरी रंग की शेरवानी पहनी हुई है और गले में माला डाली हुई है। शादी की लीक हुई अन्य तस्वीरों में दिख रहा है कि मेहमान होटल की बालकनी में हैं। कैफ (38) और कौशल (33) ने करीब दो साल तक डेटिंग की है।
- लंदन। ब्रिटेन के ‘ईस्टर्न आई' साप्ताहिक अखबार ने “बाहुबली” फिल्म के अभिनेता प्रभास को 2021 के लिए विश्व में नंबर एक दक्षिण एशियाई हस्ती करार दिया है। ‘ईस्टर्न आई' में शुक्रवार को प्रकाशित होने वाली वार्षिक ‘दुनिया की 50 एशियाई हस्तियों' की सूची में प्रभास को स्थान दिया गया है। तेलुगू की बेहद कामयाब फिल्मों बुज्जीगडू, बिल्ला, बाहुबली आदि के लिए जाने जाने वाले अभिनेता प्रभास (42) की भारत में क्षेत्रीय फिल्मों के प्रति ध्यान खींचने वाली काबिलियत को देखते हुए उन्हें यह सम्मान दिया गया है। प्रभास ने फिल्म, टीवी, साहित्य, संगीत और सोशल मीडिया की दुनिया में कई वैश्विक सितारों से पीछे छोड़ते हुए यह उपलब्धि हासिल की। यह सूची शुक्रवार को ईस्टर्न आई में प्रकाशित होगी। ईस्टर्न आई के मनोरंजन संपादक असजद नजीर ने यह सूची तैयार की है। नजीर ने कहा, “प्रभास ने भारत में क्षेत्रीय फिल्मों के प्रति ऐसा आकर्षण पैदा किया जैसा पहले नहीं देखा गया था। उन्होंने दिखाया है कि बॉलीवुड अब बॉस की भूमिका में नहीं है। उन्होंने सभी को इसके लिए प्रोत्साहित किया कि वे कई भारतीय भाषाओं में फिल्में रिलीज करें।” प्रभास फिलहाल अपनी आगामी फिल्में “राधे श्याम”, “आदिपुरुष”, “सलार” और “स्पिरिट” पर काम कर रहे हैं। इस सूची में ब्रिटिश-पाकिस्तानी अभिनेता रिज अहमद दूसरे स्थान पर हैं। तीसरे स्थान पर प्रियंका चोपड़ा और चौथे स्थान पर भारतीय अमेरिकन मिंडी केलिंग हैं।
- मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता विक्की कौशल और अभिनेत्री कटरीना कैफ की शादी इस वक्त हर किसी की जुबान पर है। विक्की-कैट की शादी के लिए लगातार गेस्ट पहुंच रहे हैं, जिन्हें रस्मों में फोन ले जाने की इजाजत नहीं है।बताया जा रहा है कि विक्की कौशल और कटरीना कैफ ने खास पर सभी मेहमानों से यह गुजारिश की है कि वो शादी की रस्मों में फोन लेकर ना आएं और ना ही कोई वीडियो या फोटो इंटरनेट पर शेयर करें। विक्की कौशल और कटरीना कैफ खुद फैंस को अपनी शादी की पहली तस्वीर दिखाएंगे।मीडिया रिपोट्र्स में यह दावा भी किया जा रहा है कि विक्की कौशल और कटरीना कैफ ने गेस्ट्स से यह गुजारिश इसलिए भी की है क्योंकि उन्होंने अपनी शादी की फुटेज अमेजन प्राइम वीडियो को 80 करोड़ रुपये में बेची है। बीते दिनों ऐसी खबरें सामने आई थीं कि एक ओटीटी प्लेटफॉर्म ने विक्की-कैट को बड़ा ऑफर दिया है, जिसे वो स्वीकार करने की सोच रहे हैं। लेटेस्ट रिपोट्र्स में दावा किया जा रहा है कि दोनों ने यह डील 80 करोड़ में साइन की है।खबर है कि कटरीना कैफ और विक्की कौशल ने अपनी शादी की एक्सक्लूसिव फुटेज अमेजन प्राइम वीडियो को बेची है। इसी कारण उन्होंने सभी गेस्ट्स से रस्मों में फोन ना लाने की गुजारिश की है। विक्की-कैट के फैंस शादी की फुटेज सीधे ओटीटी प्लेटफॉर्म पर देख पाएंगे।Ó ऐसा सुनने में आ रहा है कि विक्की-कैट ने अपने सभी मेहमानों से एक एग्रीमेंट भी साइन कराया है, जिसके अनुसार वो शादी की कोई भी तस्वीर या वीडियो बिना इजाजत के इंटरनेट पर शेयर नहीं कर सकते हैं।
- मुंबई। कैटरीना कैफ और विक्की कौशल की शादी से पहले अभिनेत्री कंगना रनौत ने बुधवार को कहा कि यह देखना सुखद है कि बॉलीवुड की ‘प्रमुख महिलाएं' समाज के बने-बनाए नियमों को तोड़ रही हैं। ‘नमस्ते लंदन', ‘सिंह इज किंग', ‘राजनीति', ‘जिंदगी न मिलेगी दोबारा' और ‘भारत' जैसी बॉलीवुड की सुपरहिट फिल्मों में काम कर चुकीं कैफ अभिनेता विक्की कौशल से शादी कर रही हैं। मंगलवार को कैफ (38) और कौशल (33) के विवाह पूर्व समारोह से संबंधित कार्यक्रम राजस्थान के सवाई माधोपुर के सिक्स सेंसेस रिसोर्ट में शुरू हो गए। रनौत ने बुधवार को कहा कि यह देखना अच्छा है कि बॉलीवुड की ‘प्रमुख अभिनेत्रियां' समाज के बने बनाए नियमों को तोड़ रही हैं। हालांकि, उन्होंने अपने इस बयान में कैफ या कौशल का नाम नहीं लिया। कंगना ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरीज पर लिखा, “बड़े होते हुए हमने सफल अमीर पुरुषों की बहुत कम उम्र की महिलाओं से शादी करने की कई कहानियां सुनीं... महिलाओं के लिए अपने पति से अधिक सफल होना एक बड़े संकट के रूप में देखा गया था, एक निश्चित उम्र के बाद एक छोटे आदमी से शादी करना महिलाओं के लिए असंभव था। उन्होंने लिखा, अमीर, सफल महिलाओं, भारतीय फिल्म उद्योग की अग्रणी महिलाओं को लैंगिक मानदंडों को तोड़ते हुए देखकर अच्छा लगा लैंगिक रूढ़ियों को फिर से परिभाषित करने के लिए पुरुषों और महिलाओं दोनों को बधाई।
- मुंबई। अभिनेता-हास्य कलाकार वीर दास ‘फॉक्स' के लिए ‘‘कंट्री ईस्टर्न'' नाम के एक नए कार्यक्रम में दिखायी देंगे। वह इसकी पटकथा भी लिखेंगे। कार्यक्रम के निर्माताओं ने एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि यह कॉमेडी सीरीज भारत से आए एक युवा अमीर व्यक्ति की कहानी है जो अपने परिवार के साथ नयी जिंदगी शुरू करने के लिए अमेरिका आता है। एक आधिकारिक बयान में कहा गया है, ‘‘टेनेसी, मेम्फिस में अपनी जिंदगी नए सिरे से शुरू करने की कोशिश में वह अपने जुनून को आगे बढ़ाने का फैसला करता है और गायक बन जाता है।'' दास सैम लेबर्न के साथ मिलकर इसका लेखन करेंगे। लेबर्न ने इससे पहले ‘‘ब्लैक-इश'', ‘‘कूगर टाउन'' और ‘अरेस्टेड डेवलेपमेंट' जैसे कार्यक्रमों के लिए लेखन किया है। दास ने कहा कि वह इस कार्यक्रम को लेकर उत्साहित हैं। मुंबई के 42 वर्षीय हास्य कलाकार वीर दास ने एक बयान में कहा, ‘सीरीज के लिए लेखन अभी चल रहा है। मैं इतने प्रतिभाशाली लोगों के साथ काम करने को लेकर उत्साहित हूं। यह अलग तरह का हास्य कार्यक्रम है और मैं जल्द ही इस सीरीज की शूटिंग करने के लिए उत्साहित हूं।'' दास अमेरिकी टेलीविजन के लिए कोई नया नाम नहीं हैं क्योंकि वह पहले ‘व्हिस्की कैवेलियर' और ‘फ्रेश ऑफ द बोट' जैसे कार्यक्रम में काम कर चुके हैं। वह हॉलीवुड फिल्म ‘‘द बबल'' में भी दिखायी देंगे।
- मुंबई। बॉलीवुड अभिनेत्री रानी मुखर्जी अभिनीत फिल्म ‘‘मिसेज चटर्जी वर्सेज नॉर्वे'' अगले साल 20 मई को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म निर्माताओं ने मंगलवार को इसकी घोषणा की। यह फिल्म सच्ची घटना पर आधारित, एक पूरे देश के खिलाफ मां के संघर्ष की कहानी है जिसने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बच्चों और मानवाधिकारों को हिला कर रख दिया। फिल्म का निर्माण मोनिशा अडवानी, मधु भोजवानी और निखिल अडवानी के एम्मे एंटरटेनमेंट और जी स्टूडियोज ने किया है। दोनों प्रोडक्शन हाउस ने अपने ट्विटर हैंडल पर फिल्म रिलीज की तारीख की घोषणा की है। पोस्ट में कहा गया है, ‘‘सभी परेशानियों के बावजूद इस मां को सभी के लिए लड़ना होगा तथा अपने बच्चों के लिए और मजबूत होना होगा। एक सच्ची कहानी पर आधारित ‘मिसेज चटर्जी वर्सेज नॉर्वे' 20 मई 2022, शुक्रवार को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।'' इस फिल्म का निर्देशन ‘‘मेरे डैड की मारुती'' की आशिमा छिब्बर ने किया है। बड़े पर्दे पर मुखर्जी की आखिरी फिल्म नवंबर में रिलीज हुई यशराज फिल्म्स की ‘‘बंटी और बबली2'' है।
- मुंबई। अभिनेत्री कंगना रनौत की अगली फिल्म “तेजस” देशभर के सिनेमाघरों में पांच अक्टूबर 2022 को रिलीज होगी। रॉनी स्क्रूवाला की कंपनी ‘आरएसवीपी मूवीज' ने सशस्त्र सेना झंडा दिवस के अवसर पर इंस्टाग्राम पर यह घोषणा की। फिल्म में रनौत के चित्र को साझा करते हुए स्टूडियो ने पोस्ट में कहा, “आपके सामने पेश है एक ऐसी महिला की कहानी जिसने आकाश पर राज करने को चुना। भारतीय वायु सेना को समर्पित ‘तेजस' दहशरे पर पांच अक्टूबर 2022 को आपके निकट सिनेमाघर में रिलीज होगी।” फिल्म का निर्माण सर्वेश मेवारा ने किया है और इसमें रनौत ने एक वायुसेना पायलट की भूमिका निभाई है।
- मुंबई। दिग्गज संगीतकार ए आर रहमान का कहना है कि उन्होंने फिल्मकार आनंद एल राय की आगामी फिल्म 'अतरंगी रे' का संगीत बनाते समय फिल्म के प्रमुख कलाकारों के व्यक्तित्व को विशेष रूप से ध्यान में रखकर काम किया। 'अतरंगी रे' संगीत से भरपूर एक रोमांटिक-ड्रामा फिल्म है, जिसमें धनुष और सारा अली खान प्रमुख भूमिकाओं में नजर आएंगे जबकि अक्षय कुमार फिल्म में एक विशेष किरदार में दिखाई देंगे। ‘अतरंगी रे' के संगीत लॉन्च पर, जब रहमान से पूछा गया कि क्या वह फिल्म के संगीत पर काम करते समय कलाकारों के व्यक्तित्व को ध्यान में रखते हैं, तो संगीतकार ने इसका जवाब ‘‘हां'' में दिया। रहमान ने कहा, “क्योंकि मैं एक निर्देशक के साथ बहुत करीब से काम कर रहा हूं और वह (राय) फिल्म के कलाकारों के बारे में बात करते रहते हैं, जैसे उन्होंने मुझे बताया कि धनुष, सारा और अक्षय कुमार क्या करते हैं। उन्होंने मुझे बताया कि अक्षय के पास गानों का एक संग्रह है और मुझे लगा कि फिल्म जगत में इतनी प्रतिस्पर्धा है, इसलिए मुझे कुछ अलग और शानदार संगीत बनाने की जरूरत है, क्योंकि उनके पास बहुत सारे विकल्प हैं।” रहमान ने सोमवार रात एक कार्यक्रम में कहा, “फिर मैंने अक्षय को ध्यान में रखते हुए एक गाना बनाया। धनुष को लेकर गाना बनाते समय मैंने इस बात का ध्यान रखा कि कैसे वह कुछ अंग्रेजी, हिंदी और तमिल के शब्दों को मिलाते हैं। धनुष के लिए गाना बनाना एक कठिन काम था। जिस तरह से सारा डांस करती हैं, हमनें उनके लिए 'चका चक' गाना बनाया।” गौरतलब है कि रहमान ने 2013 की रोमांटिक-ड्रामा फिल्म “रांझना” में भी संगीत दिया था, जिसका निर्देशन आनंद एल राय ने किया था। ऑस्कर पुरस्कार विजेता संगीत निर्देशक ने राय के साथ काम करने को लेकर कहा, “वह मेरे जीवन में एक बहुत ही महत्वपूर्ण निर्देशक हैं। उनके साथ काम करना और इस सफर में इरशाद और हिमांशु का साथ आना एक अद्भुत यात्रा रही है।” ‘अतरंगी रे' के गीत इरशाद कामिल ने लिखे हैं। फिल्म का निर्माण भूषण कुमार के नेतृत्व वाली टी-सीरीज़, राय की कंपनी कलर येलो प्रोडक्शंस और केप ऑफ गुड फिल्म्स ने मिलकर किया है। फिल्म 24 दिसंबर को डिज्नी प्लस हॉटस्टार पर रिलीज होगी।
- मुंबई । बॉलीवुड अभिनेत्री कैटरीना कैफ और अभिनेता विक्की कौशल अगले सप्ताह राजस्थान में एक निजी समारोह में विवाह के बंधन में बंध जाएंगे। एक सूत्र ने यह जानकारी दी। कैफ (38) और कौशल (33) की डेटिंग की खबरें एक साल से अधिक समय से चल रही हैं, लेकिन दोनों ने अपने रिश्ते को कभी सार्वजनिक नहीं किया। इस घटनाक्रम से जुड़े करीबी सूत्र के अनुसार, विवाह समारोह राजस्थान में 7 से 9 दिसंबर तक आयोजित किये जाएंगे, जिसमें संगीत और मेहंदी आदि शामिल हैं। सूत्र ने कहा, “उनकी शादी सादगी से होने जा रही है, जिसमें केवल पारिवारिक लोग और करीबी दोस्त शामिल होंगे। दोनों बाद में फिल्म उद्योग के लोगों के लिए एक समारोह की मेजबानी करेंगे।'' बताया जा रहा है कि शादी सवाई माधोपुर के चौथ का बरवाड़ा शहर के सिक्स सेंस फोर्ट बड़वारा में होगी।सवाई माधोपुर जिला कलेक्टर राजेंद्र किशन ने शुक्रवार को कहा था कि विवाह के दौरान कानून व्यवस्था पर चर्चा के उद्देश्य से जिला प्रशासन के अधिकारियों की एक बैठक आयोजित की गई थी। किशन ने यह भी कहा था कि कोरोना वायरस महामारी की स्थिति को ध्यान में रखते हुए निर्देश दिए गए हैं कि सभी मेहमानों का टीकाकरण होना चाहिये। उन्होंने कहा था, ''जहां तक हमें बताया गया है, सात से 10 दिसंबर तक चलने वाले विवाह समारोह में 120 मेहमान शामिल होंगे। जिन लोगों ने वैक्सीन की खुराक नहीं ली है, उनके लिए आरटी पीसीआर जांच अनिवार्य है।
- मुंबई। अभिनेता मनोज बाजपेयी, नसीरुद्दीन शाह, कोंकणा सेन शर्मा और फिल्मकार हंसल मेहता को एशियन एकेडमी क्रिएटिव अवार्ड्स 2021 में शीर्ष पुरस्कारों से सम्मानित किया गया है। सिंगापुर में बृहस्पतिवार और शुक्रवार को आयोजित अवार्ड समारोह में एशिया-प्रशांत क्षेत्र के विभिन्न देशों के विभिन्न प्लेटफार्मों पर काम कर रहे रचनात्मक क्षेत्र के लोगों को सम्मानित किया। भारत की ओर से मनोज बाजपेयी को अमेज़ॅन प्राइम वीडियो की सीरीज़ 'द फैमिली मैन 2' में श्रीकांत तिवारी के किरदार के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का पुरस्कार मिला। कोंकणा सेन शर्मा ने नेटफ्लिक्स पर प्रसारित एंथोलॉजी 'अजीब दास्तान' के 'गीली पुछी' खंड में भारती मंडल की भूमिका निभाने के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का पुरस्कार जीता। वहीं, हंसल मेहता को उनकी सीरीज़ 'स्कैम 1992' के लिए सर्वश्रेष्ठ ड्रामा सीरीज़ और सर्वश्रेष्ठ निर्देशक का पुरस्कार मिला। नसीरुद्दीन शाह को अमेज़ॅन प्राइम वीडियो की सीरीज़ 'बंदिश बैंडिट्स' के लिए सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेता के पुरस्कार से सम्मानित किया गया, जिसमें उन्होंने एक अनुभवी शास्त्रीय संगीतकार की भूमिका निभाई थी। इसके अलावा पुरस्कार समारोह में अन्य कलाकारों को भी सम्मानित किया गया।
- चेन्नई। कोविड-19 के हल्के लक्षण के बाद अभिनेता-राजनेता कमल हासन को अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। लेकिन अब वह पूरी तरह से स्वस्थ हैं और इस बात की जानकारी खुद कमल हासन ने अपने एक बयान के जरिए अपने शुभचिंतकों को दी। कमल हासन को शनिवार को पूरी तरह से ठीक होने के बाद अस्पताल से छुट्टी मिल गई है। अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद कमल हासन ने कहा कि वो संक्रमण से जल्द ही ठीक हो गए हैं।कमल हासन ने अपनी पोस्ट के जरिए डॉक्टर जेएसएन. मूर्ति को उनके साथ भाई जैसा व्यवहार करने के लिए धन्यवाद किया। इसी के साथ अभिनेता ने उन सभी शुभचिंतकों का धन्यवाद किया, जो उनके जल्द से जल्द ठीक होने की प्रार्थना कर रहे थे। इसी के साथ कमल हासन ने सभी को कोरोना संक्रमण से सावधानी बरतने के लिए भी कहा। कुछ दिनों पहले कमल हासन ने बताया था कि वो कोरोना से पूरी तरह से ठीक हो चुके हैं।कुछ दिनों पहले ही कमल हासन ने ये बताया था कि उनका स्वास्थ्य पहले से बेहतर है और वो जल्द ही अपने काम पर वापस लौट जाएंगे। अस्पताल द्वारा जारी एक हेल्थ बुलेटिन के मुताबिक कमल हासन को 3 दिसंबर तक आइसोलेट रखा गया था।साउथ फिल्म इंडस्ट्री के सुपरस्टार कमल हासन अमेरिका से वापस लौटने के बाद संक्रमित पाए गए थे। अभिनेता अपने कमल हाउस ऑफ खद्दर नामक कपड़ों के ब्रांड लॉन्च करने के लिए अमेरिका में थे। इस बारे में कमल हासन ने 22 नवंबर को ट्वीट कर अपने प्रशंसकों को जानकारी दी थी। उन्होंने ट्वीट किया ''यूएसए से लौटने के बाद मुझे हल्की खांसी हुई। जब मैंने जांच कराई तो कोरोना वायरस संक्रमित पाया गया। मैं हॉस्पिटल में क्वारंटीन हूं। सभी को कोविड-19 से सावधान रहना चाहिए।''कमल हासन को अमेरिका से लौटने के बाद 22 नवंबर को चेन्नई के श्री रामचंद्र मेडिकल सेंटर में भर्ती कराया गया था।
- बेंगलुरु। दिग्गज कन्नड़ फिल्म अभिनेता एस शिवराम का शनिवार को एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। छह दशक से ज्यादा समय तक फिल्म जगत में काम करनेवाले शिवराम 83 साल के थे। अस्पताल के बाहर संवाददाताओं से बातचीत में उनके बेटे एल लक्ष्मीश ने कहा, ‘‘ मेरे पिता शिवराम अब हमारे बीच नहीं हैं। प्रशांत अस्पताल के डॉक्टरों ने उन्हें ठीक करने में अपने सर्वोत्तम प्रयास किंतु लेकिन दुर्भाग्यवश किस्तम ने कुछ और ही सोच रखा था तथा हमें यह स्वीकार करना होगा।’’उनका जन्म 28 जनवरी, 1938 को हुआ था और वह शिवरमन्ना के नाम से लोकप्रिय थे। फिल्मों के निर्देशन के अलावा उन्होंने नायक से लेकर सह कलाकार के रूप में 60 से ज्यादा फिल्मों में भूमिकाएं निभाई थी। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत 1965 में ‘बेरथा जीवा’ फिल्म से की थी लेकिन ‘दुड्डे दोडप्पा’ और ‘लगना पत्रिके’ से उन्हें सफलता मिली।कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री बी एस येदियुरप्पा ने ट्वीट कर उनके निधन पर दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि राज्य ने एक वरिष्ठ कलाकार खो दिया। कर्नाटक के कई मंत्रियों, पूर्व मंत्रियों और कन्नड़ फिल्म जगत की हस्तियों ने उनके निधन पर दुख प्रकट किया है।
- मुंबई। अभिनेता विकी कौशल और कटरीना कैफ की शादी की तैयारियां अपने अंतिम दौर में हैं और दोनों 7-10 दिसंबर को शादी करने जा रहे हैं। ये शाही शादी सवाई माधोपुर के सिक्स सेंसेस फोर्ट एंड रिजॉर्ट में होगी। इसके लिए होटल मैनेजमेंट और स्थानीय प्रशासन ने कमर कस ली है। शादी में किसी तरह की कोई परेशानी ना आए, इसके लिए पूरी तैयारियां की जा चुकी हैं।विकी और कैट की शाही शादी में कई स्टार्स शिरकत करेंगे। अभी तक किसी के नाम पर मुहर नहीं लगी है लेकिन रिपोट्र्स की मानें तो इस शादी में करण जौहर, रोहित शेट्टी, वरुण धवन, नताशा दलाल, शाहरुख खान, कबीर खान समेत कई फिल्मी हस्तियां शामिल होंगी। इवेंट कंपनी ने स्थानीय प्रशासन की मीटिंग में बताया कि शादी में 120 मेहमान शामिल होंगे। जिला कलेक्टर राजेंद्र किशन ने बताया कि सभी लोग डबल डोज वैक्सीनेटेड होंगे और ओमीक्रोन कोविड-19 को लेकर किसी तरह की कोई कोताही नहीं बरती जाएगी।इस शादी की इवेंट कंपनी ने गेस्ट्स के लिए कई तरह की गाइडलाइंस जारी की हैं। इन गाइडलाइंस के तहत शादी में गेस्ट्स के फोन लाने पर पाबंदी लगा दी गई है। साथ ही कोई भी शादी में फोटो नहीं खींच पाएगा। ना ही कोई अपनी लोकेशन शेयर कर सकेगा। इसके अलावा सभी मेहमानों को अलग से सीक्रेट कोड दिए जाएंगे जिसके आधार पर ही वैवाहिक स्थल और होटल में उनकी एंट्री होगी। किसी भी गेस्ट को उनके नाम नहीं बल्कि कोड से बुलाया जाएगा। इसी कोड के आधार पर गेस्ट्स का पूरा शेड्यूल तय किया जाएगा।विकी कौशल और कटरीना कैफ की शादी से जुड़ी एक सबसे अहम खबर ये भी है कि इस शादी में कटरीना के घरवालों के आने पर संदेह है। दरअसल बीते 10 दिनों में देश में ओमीक्रॉन वायरस तेजी से फैला है और भारत में भी इसके दो केस सामने आ चुके हैं। ऐसे में सरकार विदेश से आने वाले नागरिकों पर कई तरह की निगरानी रख रहे हैं। इसी कड़ी में खबरें आईं कि कटरीना ने अपने विदेशी दोस्तों का नाम गेस्ट लिस्ट से काट दिया है। एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि शादी में कटरीना के परिवार वाले भी शामिल नहीं होंगे।इस शादी के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे। होटल स्टाफ और स्थानीय प्रशासन के अलावा भी कई सिक्यॉरिटी फर्म शादी में सुरक्षा मुहैया करवाएंगी। इसके लिए खासतौर पर 150 बाउंसर्स बुलाए गए हैं। ये तीन दिन तक चौबीसों घंटे विवाह स्थल को अपनी निगरानी में रखेंगे। वहीं इस शादी के लिए स्थानीय प्रशासन ने भी कमर कस ली है। 3 दिसंबर को सवाई माधोपुर जिला कलेक्टर राजेंद्र किशन ने कलेक्ट्रेट सभागार में होटल मैनेजमेंट एवं इवेंट कंपनी से जुड़े प्रतिनिधियों की एक बैठक ली। इस बैठक में अतिरिक्त जिला कलेक्टर सूरज सिंह नेगी एवं पुलिस अधीक्षक राजेश सिंह मौजूद रहे। इस दौरान इवेंट कंपनी के प्रतिनिधि, चौथ का बरवाड़ा एसडीएम, सरपंच समेत कई प्रतिनिधि मौजूद रहे।विकी कौशल और कटरीना कैफ शादी के लिए 5 दिसंबर को जयपुर आएंगे और फिर सीधे हेलिकॉप्टर में बैठकर सवाई माधोपुर के सिक्स सेंसेस फोर्ट में जाएंगे। 7 दिसंबर को महिला संगीत का आयोजन किया जाएगा। इसके अगले दिन यानी कि 8 दिसंबर को मेहंदी की रस्म होगी। इस रस्म के लिए सोजत, पाली की खास हेना मेहंदी मंगवाई गई है जिसकी कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है। मेहंदी की रस्म के बाद 9 दिसंबर को सबसे महत्वपूर्ण काम यानी कि शादी होगी। ये शादी हिंदू रीति-रिवाजों से होगी। इसके बाद 10 दिसंबर को रिसेप्शन कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।
- मुंबई। दिग्गज निर्माता-निर्देशक आदित्य चोपड़ा की अगुवाई वाली प्रोडक्शन कंपनी यशराज फिल्म्स ने डिजिटल मनोरंजन की दुनिया में कदम रखते हुए गुरुवार को अपनी पहली वेब सीरीज 'द रेलवे मैन' की घोषणा की। यह सीरीज़ 1984 की भोपाल गैस त्रासदी के उन गुमनाम नायकों को श्रद्धांजलि होगी, जिन्हें लगभग भुला दिया गया है। 'द रेलवे मैन' में अभिनेता आर माधवन, के के मेनन, दिव्येंदु शर्मा और बाबिल खान अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। बाबिल खान दिवंगत अभिनेता इरफान खान के बेटे हैं। यूनियन कार्बाइड इंडिया लिमिटेड (यूसीआईएल) के कीटनाशक संयंत्र से दो-तीन दिसंबर, 1984 की मध्यरात्रि को मिथाइल आइसोसाइनेट गैस के रिसाव से पांच लाख से अधिक लोग प्रभावित हुए थे जबकि 15,000 से अधिक लोगों की मौत हो गयी थी। यह संयंत्र उस समय भोपाल के बाहरी इलाके में स्थित था। शिव रवैल इस सीरीज़ का निर्देशन करेंगे, जिसका निर्माण यशराज फिल्म्स की हाल ही में लॉन्च की गई डिजिटल शाखा यशराज फिल्म्स एंटरटेनमेंट के बैनर तले किया जाएगा। यशराज फिल्म्स एंटरटेनमेंट के कार्यकारी निर्माता योगेंद्र मोगरे ने कहा कि यह शो उस त्रासदी के उन गुमनाम नायकों की 'भावना, साहस और मानवता' का सम्मान करेगा, जिन्हें लगभग भुला दिया गया है। 'द रेलवे मैन' का निर्माण बुधवार से शुरू हो गया है और यह शो दो दिसंबर 2022 से प्रसारित होगा।
- मुंबई। लोकप्रिय वेब सीरीज 'मिर्जापुर' में ललित का किरदार निभाने वाले ऐक्टर ब्रह्मा मिश्रा का निधन हो गया है। ब्रह्मा मिश्रा का शव मुंबई में उनके फ्लैट के बाथरुम में मिला है। इसके बाद उनके शव को कूपर अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। वहीं, ऐक्टर दिव्येंदु ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर ब्रह्मा मिश्रा को श्रद्धांजलि दी है।खबरों के अनुसार ब्रह्मा मिश्रा के फ्लैट से बदबू आने पर लोगों ने पुलिस को इस बात की जानकारी दी थी। पुलिस ने फ्लैट के अंदर जाकर देखा तो ब्रह्मा मिश्रा का शव बाथरूम में पड़ा था। रिपोट्र्स के मुताबिक, ब्रह्मा मिश्रा ने 29 नवंबर को सीने में दर्द की शिकायत की थी और एक डॉक्टर ने उन्हें दवा लेने के बाद घर भेज दिया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल पाएगा कि मौत का कारण क्या है।ब्रह्मा मिश्रा के निधन पर 'मिर्जापुर' के 'मुन्ना भइया' यानी दिव्येंदु ने शोक जताया है। उन्होंने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर ब्रह्मा मिश्रा के साथ तस्वीर शेयर कर लिखा, 'भगवान आपको शांति दे ब्रह्मा मिश्रा। हमारा ललित अब नहीं रहा। आप सभी उनके लिए प्रार्थना करें।'अभिनेता ब्रह्मा मिश्रा ने साल 2013 में आई फिल्म 'चोर चोर सुपर चोर' से बॉलीवुड में कदम रखा था। इसके बाद वह 'मिर्जापुर' के अलावा 'केसरी', 'माउंटेन मैन', 'बद्री की दुल्हनिया', 'सुपर 30' और 'दंगल' और कई अन्य फिल्मों में काम कर चुके हैं। भोपाल के रहने वाले ब्रह्मा मिश्रा ने हाल ही अपना जन्मदिन मनाया था।
- मुंबई। पार्श्व गायिका शाल्मली खोलगड़े ने मंगलवार को कहा कि वह अपने प्रेमी फरहान शेख के साथ शादी के बंधन में बंध गई हैं। खोलगड़े (31) ने इंस्टाग्राम पर लिखा कि उन्होंने 22 नवंबर को अपने आवास पर समारोह में शेख से शादी कर ली। शादी में करीबी लोग ही आए थे। गायिका ने लिखा है, ‘‘22 नवंबर 2021 मेरे जीवन का बेहद अनमोल दिन है। इसी दिन मैंने फरहान शेख के साथ शादी की।'' गायिका ने शेख और अन्य रिश्तेदारों के साथ की एक तस्वीर भी साझा की है। खोलगडे को ‘इशकजादे' के ‘परेशां' ‘अय्या' के ‘आगा बाई' और ‘कॉकटेल' फिल्म के ‘दारू देसी' गाने से अच्छी पहचान मिली। गायिका ने कहा कि शेख और उनकी शादी हिंदू और मुस्लिम दोनों रीति-रिवाजों से हुई। संगीत जगत की हस्तियों क्लिंटन केरेजो, शिल्पा राव, जोनिता गांधी के अलावा अदाकारा प्रिया बापट और गौहर खान ने जोड़े को बधाई दी है।
- मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान का कहना है कि अगर फिल्म की पटकथा अच्छी हो तो लोग उसे देखने सिनेमाघरों में आते हैं। खान की फिल्म “अंतिम: द फाइनल ट्रूथ” हाल में रिलीज हुई है। इस एक्शन-थ्रिलर फिल्म में सलमान के रिश्तेदार आयुष शर्मा और लोकप्रिय टीवी अभिनेत्री महिमा मकवाना ने भी काम किया है। यह मराठी फिल्म “मुलशी पैटर्न” (2018) पर आधारित है और किसानों की समस्याओं को दिखाया गया है। खान ने कहा, “केवल एक चीज, पटकथा ही लोगों को सिनेमाघरों तक लाती है। यह पूरी तरह से प्रोमो, ट्रेलर पर निर्भर करता है और एक बार लोग पसंद करने लगते हैं तो वे सिनेमाघर में जाकर फिल्म देखते हैं। इसके बाद एक दूसरे से बातचीत के जरिये फिल्म का प्रचार होता है।” उन्होंने कहा, “फिल्म कितनी भी बड़ी हो इससे फर्क नहीं पड़ता, अगर वह अच्छी नहीं है तो अच्छा व्यवसाय नहीं करेगी। पटकथा के कारण छोटी फिल्में भी अच्छा करती हैं। इस तरह व्यावसायिक रूप से फिल्में सफल होती हैं।” अभिनेता ने कहा कि निर्देशक महेश मांजरेकर की फिल्म “अंतिम” को मिली प्रतिक्रिया से वह खुश हैं। इस फिल्म में खान ने पुलिस और शर्मा ने गैंगस्टर की भूमिका निभाई है। खान ने कहा, “यह हम सबके लिए खुशी का क्षण है कि लोग फिल्म को देखने सिनेमाघर में गए और आयुष के काम को सराहा गया और मेरे, महिमा, महेश और अन्य के काम की प्रशंसा की गई।” उन्होंने कहा कि हमारे लिए सब अच्छा रहा। अब हम फिल्म के प्रोमोशन के लिए सभी शहरों में जाएंगे और उन्हें बताएंगे कि मेरी फिल्म में भूमिका 15 मिनट के लिए नहीं बल्कि इससे ज्यादा समय की है। खान ने कहा कि फिल्म “अंतिम” के रिलीज होने के साथ ही यह भ्रम दूर हो गया कि वह फिल्म में केवल 10 मिनट के लिए ही दिखेंगे।
- अहमदाबाद। अभिनेता सलमान खान ने सोमवार को गुजरात में यहां साबरमती आश्रम की यात्रा की और एक चरखे पर हाथ आजमाया। आश्रम के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। सूत्रों के मुताबिक खान हाल में रिलीज हुई अपनी फिल्म ‘अंतिम: द फाइनल ट्रूथ' के प्रमोशन के लिए अहमदाबाद में थे। साबरमती आश्रम संरक्षण और स्मारक ट्रस्ट के सूचना एवं प्रौद्योगिकी के प्रमुख विराट कोठारी ने बताया कि अपनी फिल्म के लिए मल्टीप्लेक्स का दौरा करने से पहले अभिनेता ने आश्रम की यात्रा की। साबरमती आश्रम 1917 और 1930 के बीच महात्मा गांधी का घर था। इसे गांधी आश्रम भी कहा जाता है। कोठारी ने कहा, ‘‘यह पूरी तरह से उनकी निजी यात्रा थी और यह उनकी फिल्म के प्रचार का हिस्सा नहीं था। अभिनेता ने अपनी यात्रा के दौरान सभी प्रोटोकॉल और नियमों का पालन किया। मैंने उन्हें आश्रम के इतिहास और महत्व से अवगत कराया और आश्रम के अंदर गांधीजी का कमरा ‘हृदय कुंज' भी दिखाया।'' पहली बार आश्रम आए खान के साथ फिल्म निर्देशक महेश मांजरेकर भी थे। एक अन्य प्रशिक्षक ने संवाददाताओं से कहा कि तकनीक सीखने में गहरी दिलचस्पी रखने के बावजूद खान चरखे पर सूत नहीं कात पाए तो उन्होंने प्रशिक्षक प्रतिमाबेन से कहा कि वह इसे सीखने के लिए बिना किसी को बताए फिर से वापस आएंगे। आगंतुक पुस्तिका में अपने संदेश में खान ने राष्ट्रपिता को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उन्हें इस स्थान की यात्रा करने का सौभाग्य मिला है और भविष्य में ‘‘और अधिक जानने के लिए फिर से आश्रम आएंगे।
- मुंबई। डायरेक्टर संजय लीला भंसाली ने फिल्म गंगूबाई काठियावाड़ी का काम पूरा कर लिया है। फिल्म की शूटिंग से लेकर इसकी एडिटिंग समेत सारी चीजें प्लानिंग के मुताबिक पूरी हो चुकी हैं और अब संजय लीला भंसाली इसे रिलीज करने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं। गंगूबाई काठियावाड़ी को रिलीज करने के बाद संजय लीला भंसाली अपनी नई फिल्म बैजू बावरा की प्लानिंग शुरू कर देंगे। यह डायरेक्टर संजय लीला भंसाली का ड्रीम प्रोजेक्ट है, जिसे वो काफी लम्बे समय से बनाने की सोच रहे हैं।अगर ताजा मीडिया रिपोर्ट की मानें तो डायरेक्टर संजय लीला भंसाली की बैजू बावरा की कास्टिंग चल रही है, जिसमें लीड रोल के लिए रणवीर सिंह लगभग फाइनल हो चुके हैं। जहां तक हीरोइन की बात है तो सुनने में आ रहा है कि इसके लिए आलिया भट्ट और दीपिका पादुकोण में रेस लगी हुई है।दीपिका पादुकोण ने डायरेक्टर संजय लीला भंसाली के साथ बाजीराव मस्तानी और रामलीला में काम किया है। ये दोनों ही फिल्में बॉक्स ऑफिस पर सुपरहिट रही हैं। दीपिका पादुकोण चाहती हैं कि संजय लीला भंसाली बैजू बावरा जैसी ब्लॉकबस्टर मूवी भी उन्हीं के साथ बनाएं। दीपिका पादुकोण की टीम ने संजय लीला भंसाली की टीम के लिए यह पैगाम भेज भी दिया है। हालांकि आलिया भट्ट की निगाहें भी इसी फिल्म पर हैं। आलिया भट्ट और संजय लीला भंसाली ने हाल में ही गंगूबाई काठियावाड़ी खत्म की है। इस फिल्म को लेकर दर्शकों में अच्छा उत्साह दिख रहा है। आलिया चाहती हैं कि गंगूबाई काठियावाड़ी के बाद उनके हाथ संजय लीला भंसाली की बैजू बावरा भी लग जाए। उन्होंने इस तरह की पीरियड ड्रामा अभी तक नहीं की है। अब देखना होगा कि संजय लीला भंसाली, आलिया भट्ट और दीपिका पादुकोण में से किस हीरोइन को फिल्म बैजू बावरा में चांस देते हैं।
- नयी दिल्ली। स्पाइडरमैन की नयी फिल्म ‘स्पाइडरमैन: नो वे होम' अमेरिका में प्रदर्शित होने से एक दिन पहले, भारत में 16 दिसंबर को रिलीज होगी। सोनी पिक्चर्स इंडिया ने ट्वीट किया, ‘‘स्पाइडरमैन और मार्वल के प्रशंसकों के लिए उत्साहित करने वाली खबर है। हमारा प्रिय सुपरहीरो अमेरिका से एक दिन पहले आ रहा है। 16 दिसंबर को ‘स्पाइडरमैन नो वे होम' को अंग्रेजी, हिंदी, तमिल और तेलुगु में देखिये।'' फिल्म में टॉम हॉलैंड और जेन्डाया ने अभिनय किया है। इसमें बेनेडिक्ट कम्बरबैच डॉक्टर स्ट्रेंज की भूमिका में दिखेंगे।
- मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता अजय देवगन ने सोमवार को कहा कि उनके निर्देशन में बन रही फिल्म का नाम अब ‘रनवे34' होगा। इस फिल्म में अमिताभ बच्चन और रकुल प्रीत सिंह अभिनय कर रहे हैं। पहले इस फिल्म का नाम ‘मेडे' रखा गया था। देवगन ने ट्विटर पर कई पोस्टर साझा कर फिल्म का नया नाम बताया। देवगन स्वयं भी फिल्म में अभिनय कर रहे हैं। उन्होंने ट्वीट में लिखा, “ मेडे अब रनवे 34 हो गई है। यह फिल्म सच्ची घटनाओं पर आधारित है जो मेरे लिए खास है। रनवे ईद के मौके पर 29 अप्रैल 2022 को रिलीज की जाएगी, जैसा वादा किया गया है।” यह तीसरी फिल्म है जिसका निर्देशन देवगन कर रहे हैं। इससे पहले वह 2018 में ‘यू मी और हम” तथा 2016 में ‘शिवाय' फिल्म का भी निर्देशन कर चुके हैं। टीम ने पिछले साल दिसंबर में शूटिंग शुरू की थी। फिल्म में देवगन पायलट की भूमिका में और सिंह उनके सह पायलट होंगे। वहीं, निर्माताओं ने बच्चन के किरदार के बारे में जानकारी सार्वजनिक नहीं की है। इस फिल्म में अंगिरा धर भी अभिनय कर रही हैं।
- मुंबई | संगीतकार ए आर रहमान ने सोमवार को बताया कि संगीत के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए उन्हें 43वें काहिरा अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव में विशेष तौर पर सम्मानित किया गया। संगीतकार विश्व विख्यात भारतीय कलाकार हैं और तमिल, तेलुगु, मलयालम, हिंदी और हॉलीवुड में संगीत देने के लिए जाने जाते हैं। रहमान (54) ने इंस्टाग्राम पर यह खबर साझा की। उन्होंने इसके साथ दो तस्वीरें भी पोस्ट की जिनमें से एक तस्वीर में वह समारोह में नजर आ रहे हैं। वहीं, दूसरी तस्वीर प्रशस्ति पत्र की है। रहमान को छह राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार, दो ऑस्कर अवॉर्ड, दो ग्रैमी अवॉर्ड, एक गोल्डन ग्लोब अवॉर्ड और एक बाफ्टा अवॉर्ड से सम्मानित किया जा चुका है। 2010 में भारत सरकार ने उन्हें पद्म भूषण से सम्मानित किया था।














.jpg)
.jpg)
.jpg)

.jpg)



.jpg)




