- Home
- मनोरंजन
- मुंबई। महान पार्श्व गायिका लता मंगेशकर को वेंटिलेटर से हटा दिया गया है, लेकिन वह अब भी आईसीयू में हैं। मंगेशकर का इलाज कर रहे डॉक्टर ने शनिवार को यह जानकारी दी। गायिका (92) कोरोना वायरस से संक्रमित हो गई थीं और उनमें संक्रमण के हल्के लक्षण थे। उन्हें आठ जनवरी को दक्षिण मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल की गहन चिकित्सा इकाई (आईसीयू) में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज डॉ प्रतीत समदानी और डॉक्टरों की एक टीम कर रही है। समदानी के मुताबिक, मंगेशकर के स्वास्थ्य में मामूली सुधार के संकेत दिखे हैं। समदानी ने बताया, ‘‘वह ढाई दिनों से वेंटिलेटर पर नहीं है, लेकिन अब भी निगरानी में हैं। स्वास्थ्य में मामूली सुधार के कारण उन्हें वेंटिलेटर से हटा दिया गया है। गायिका की स्वास्थ्य स्थिति के कारण उन्हें आईसीयू में रखना पड़ा।'' भारतीय सिनेमा की लोकप्रिय पार्श्व गायिकाओं में से एक मंगेशकर ने 1942 में 13 साल की उम्र में अपना करियर शुरू किया था और विभिन्न भारतीय भाषाओं में 30,000 से अधिक गाने गाए हैं। गायिका को भारत की ‘स्वर कोकिला' के रूप में जाना जाता है। उन्हें भारत के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘भारत रत्न' समेत कई पुरस्कारों से नवाजा जा चुका है।
- मुंबई। फरवरी में सिनेमाघरों में कई फिल्में रिलीज होने जा रही हैं। आइये जानते हैं ये कौन-कौन सी फिल्में हैं-बधाई दो'बधाई दो' सुपरहिट फिल्म 'बधाई हो' का सीक्वल है। फिल्म का निर्देशन हर्षवर्धन कुलकर्णी ने किया है। इसमें राजकुमार राव, भूमि पेडनेकर और चुम दरंग जैसे कलाकार नजर आएंगे। फिल्म 11 फरवरी को रिलीज होने वाली है।गंगूबाई काठियावाड़ीआलिया भट्ट की यह फिल्म 25 फरवरी को रिलीज होगी। कई बार स्थगित होने के बाद अब फिल्म आखिरकार फरवरी में रिलीज होने वाली है। संजय लीला भंसाली द्वारा निर्देशित इस फिल्म में आलिया भट्ट मुख्य भूमिका में नजर आएंगी। फिल्म एक बायोपिक है। इसमें आलिया एक वेश्यालय की मालकिन मैडम गंगू की भूमिका निभा रही हैं। यह मुंबई के माफिया क्वींस किताब पर आधारित है, जिसे पत्रकार हुसैन जैदी ने लिखा है।शाबाश मिट्टूतापसी पन्नू की यह फिल्म 4 फरवरी को रिलीज होने जा रही है। यह फिल्म भारतीय महिला क्रिकेटर मिताली राज के जीवन और करियर पर आधारित है। इसका निर्देशन श्रीजीत मुखर्जी ने किया है। राज के जन्मदिन पर फिल्म की रिलीज की तारीख की घोषणा की गई थी। राज ने दो विश्व कप-2005 और 2017 में भारतीय महिला क्रिकेट टीम का नेतृत्व किया है। वह 22 साल से क्रिकेट खेल रही हैं और 10 हजार अंतरराष्ट्रीय रन बनाने वाली पहली भारतीय बन गई हैं।मेरे देश की धरतीदिव्येंदु और अनुप्रिया गोयनका इसमें लीड रोल निभा रहे हैं। 11 फरवरी को रिलीज होने वाली यह फिल्म यह सामाजिक नाटक है।खिलाड़ीतेलुगु स्टार रवि तेजा की फिल्म 'खिलाड़ी' भी फरवरी में रिलीज हो रही है। इसमें रवि तेजा दोहरी भूमिका निभा रहे हैं। यह फिल्म 11 फरवरी को सिनेमाघरों में आएगी।हे सिनामिकादुलारे सलमान, अदिति राव हैदरी और काजल अग्रवाल अभिनीत तमिल फिल्म 'हे सिनामिका' 25 फरवरी को सिनेमाघरों में रिलीज हो सकती है।भीमला नायकपवन कल्याण आगामी तेलुगु फिल्म 'भीमला नायक' में राणा दग्गुबाती की सह-कलाकार की भूमिका निभा रहे हैं। फिल्म 25 फरवरी को सिनेमाघरों में रिलीज के लिए तैयार है। यह मलयालम फिल्म अय्यप्पनम कोशियुम की आधिकारिक रीमेक है।
- मुंबई। सुपरस्टार प्रभास की आने वाली फिल्म आदिपुरुष इन दिनों चर्चा में बनी हुई है। फिल्म आदिपुरुष में प्रभास के साथ अदाकारा कृति सेनॉन दिखाई देंगी। फिल्म की शूटिंग पूरी हो चुकी है, जिसके पोस्ट प्रोडक्शन पर इन दिनों काम चल रहा है। खबर है कि प्रभास की आदिपुरुष को मेकर्स एक साथ 20 हजार स्क्रीन्स पर रिलीज करने की सोच रहे हैं। रिपोर्ट के मुताबिक आदिपुरुष भारतीय सिनेमा की सबसे महंगी फिल्म साबित होगी, जिसका बजट 450 करोड़ रुपये के पार निकल चुका है। इस फिल्म की रिकवरी के लिए मेकर्स ने खास प्लान बनाया है। मेकर्स आदिपुरुष को एक साथ 20 हजार स्क्रीन्स में रिलीज करेंगे, जो किसी भी भारतीय फिल्म को मिली सबसे बड़ी वल्र्डवाइड रिलीज होगी।फिल्म के मेकर्स ने आदिपुरुष को भारतीय भाषाओं के अलावा अंग्रेजी और चाइनीज लैंगुएज में भी रिलीज करने का प्लान बनाया है। इससे फिल्म आदिपुरुष को दुनियाभर के दर्शक एक साथ देख पाएंगे। इस फिल्म में सनी सिंह और सैफ अली खान भी दिखाई देंगे।प्रभास की फिल्म बाहुबली- द कन्क्लूजन ने सिनेमाघरों में जमकर कमाई की थी। इसके बाद कोई भी अन्य भारतीय फिल्म इसकी कमाई को पार नहीं कर पायी है। आदिपुरुष के मेकर्स का बाहुबली 2 के सारे रिकॉर्ड तोडऩे का लक्ष्य है। अगर आदिपुरुष एक साथ 20 हजार स्क्रीन्स पर रिलीज होती है तो बाहुबली 2 के सारे रिकॉर्ड एक हफ्ते में ही टूट जाएंगे।
- मुंबई। जानी-मानी अभिनेत्री भाग्यश्री की बेटी अवंतिका दसानी एक्टिंग की दुनिया में कदम रखने जा रही हैं। वो साइकोलॉजिकल थ्रिलर-ड्रामा वेब सीरीज मिथ्या में नजर आने वाली हैं। इसमें वो एक स्टुडेंट रिया का किरदार निभाएंगी। इस सीरीज को रोहन सिप्पी पेश कर रहे हैं। अवंतिका दिखने में काफी खूबसूरत हैं और अब नई सीरीज में उनकी एक्टिंग का जलवा भी देखने को मिल जाएगा।सीरीज में एक प्रोफेसर और उसके स्टुडेंट के बीच का विवाद से भरा रिश्ता दिखाया जाएगा। सीरीज में हिंदी प्रोफेसर का रोल हुमा कुरैशी निभा रही हैं। अवंतिका दसानी अपनी मां भाग्यश्री की तरह ही खूबसूरत हैं, जाहिर है आने वाले समय में वो अच्छी अच्छी हीरोइन्स को लगड़ा मुकाबला दे सकती हैं।अवंतिका इस समय 25 साल की हैं और उनका ग्लैमर देखकर अच्छे अच्छे स्टार्स के पसीने छूट जाएं। उम्मीद है कि भाग्यश्री से ज्यादा अवंतिका इंडस्ट्री में नाम कमाएंगी। अवंतिका ने एक्टिंग की दुनिया में कदम रखने से पहले अपनी पढ़ाई पूरी की है। उन्होंने लंदन के कास बिजनेस स्कूल से बिजनेस और मार्केटिंग की डिग्री हासिल की है। एक्टिंग के अलावा अवंतिका को ट्रेवलिंग, डांसिंग, फैशन और दोस्तों के साथ पार्टी करना पसंद हैं। इसके अलावा वो सोशल वर्क भी करती हैं।अवंतिका से पहले उनके भाई अभिमन्यु दसानी के 2018 में फिल्म 'मर्द को दर्द नहीं होता' से बॉलीवुड में एंट्री ले चुके हैं। अब अवंतिका की बारी है और उन्हें दिखाना है कि वो किसी से कम नही हैं।----
- मुंबई। .टीवी की जानी-मानी अदाकारा मौनी रॉय ने अपने बॉयफ्रेंड सूरज नांबियार के साथ गोवा में पारंपरिक रीति- रिवाजों के साथ शादी रचा ली है। मौनी रॉय और सूरज की शादी की फोटोज इस वक्त इंटरनेट पर वायरल हो रही हैं। इन तस्वीरों में वो साउथ इंडियन दुल्हन की तरह दिख रही हैं।मौनी रॉय और सूरज नांबियार ने साउथ इंडियन रीति रिवाजों से शादी की है। दोनों मंडप पर साउथ इंडियन दूल्हा-दुल्हन के रूप में खड़े नजर आ रहे हैं। अदाकारा मौनी रॉय मंडप पर ही अपने पति सूरज नांबियार के गले लग गईं। दोनों का रोमांटिक अंदाज देखकर आसपास खड़े लोगों ने जमकर तालियां बजाईं। अदाकारा मौनी रॉय की शादी में मीत ब्रदर्स ने भी शिरकत की। मौनी ने अपने दोस्तों के साथ जमकर पोज दिए।सूरज नांबियार ने अदाकारा मौनी रॉय को गले में मंगलसूत्र पहनाकर अपनी पत्नी बनाया है। अदाकारा मौनी रॉय तस्वीरों में बेहद स्टनिंग ब्राइड लग रही हैं। उनका लुक फैंस के दिलों को भा रहा है। अदाकारा मौनी रॉय ने अपने पति सूरज के साथ जमकर तस्वीरें खिंचवाईं। इन तस्वीरों में दोनों बेहद खूबसूरत लग रहे हैं। मौनी रॉय और सूरज ने घरवालों की उपस्थिति में शादी रचाई। घरवालों के साथ ही दोस्तों और परिवार वालों ने इन पर जमकर प्यार लुटाया है।बंगाली रीति-रिवाजों से भी हुई शादीमौनी रॉय ने अपने पति सूरज नांबियार के साथ बंगाली रीति-रिवाजों से भी शादी की है। दोनों की शादी की तस्वीरें कुछ देर पहले ही इंटरनेट पर आई हैं, जो इस वक्त वायरल हो रही हैं। इन तस्वीरों में मौनी रॉय लाल रंग के लहंगे में काफी खूबसूरत नजर आ रही हैं। मौनी रॉय का परिवार हमेशा से चाहता था कि वह बंगाली दुल्हन बने।

- कोलकाता। प्रसिद्ध गायिका संध्या मुखर्जी को गुरुवार सुबह तबीयत बिगडऩे के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया। गायिका संध्या मुखोपाध्याय के नाम से भी जानी जाती हैं। संध्या ने सांस फूलने की शिकायत की, जिसके बाद उन्हें कोलकाता यातायात पुलिस द्वारा बनाए गए ग्रीन कॉरिडोर के माध्यम से उनके दक्षिण कोलकाता स्थित आवास से सरकारी एसएसकेएम अस्पताल ले जाया गया।खबरों के अनुसार मंगलवार की शाम बाथरूम में फिसलने के बाद संध्या की तबीयत बिगड़ गई थी। रिपोर्ट के अनुसार उनके दोनों फेफड़ों में संक्रमण है। उन्हें बुखार भी है। हालांकि, वह बातचीत कर रही हैं और वुडबर्न ब्लॉक में उनका इलाज चल रहा है। गायिका के स्वास्थ्य का आकलन करने के लिए एसएसकेएम में एक मेडिकल बोर्ड स्थापित किया गया है।बंग विभूषण और सर्वश्रेष्ठ महिला पाश्र्व गायिका के राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार से सम्मानित गायिका ने कुछ दिन पहले पद्मश्री पुरस्कार स्वीकारने से इंकार कर दिया था। पद्म श्री के प्रस्ताव पर केंद्र सरकार के अधिकारियों द्वारा सहमति के लिए टेलीफोन पर संपर्क के दौरान उन्होंने इंकार किया था। शास्त्रीय गायिका संध्या ने कई बंगाली फिल्मों और कई हिंदी फिल्मों में गाने गाये हैं और उन्होंने एसडी बर्मन, मदन मोहन, नौशाद, अनिल विश्वास और सलिल चौधरी सहित प्रमुख संगीत निर्देशकों के साथ काम किया है।
- मुंबई। अभिनेत्री मौनी रॉय और सूरज नाम्बियार आज गोवा में शादी कर रहे हैं। इससे पहले उनकी प्री-वेडिंग सेलिब्रेशन की तस्वीरें वायरल हो गई हैं। इसमें छोटे परदे से लेकर बड़े परदे के सितारें नजर आ रहे हैं।बुधवार को प्री-वेडिंग सेलिब्रेशन में हल्दी, मेहंदी और संगीत सेरेमनी का आयोजन हुआ। अर्जुन बिजलानी से लेकर मंदिरा बेदी तक मौनी की खुशियों में शरीक होने के लिए गोवा पहुंचे हुए हैं। इस बीच कई खूबसूरत तस्वीरें और वीडियोज भी सामने आए हैं। कुछ तस्वीरें उनके को स्टार रहे अर्जुन बिजलानी ने भी शेयर की हैं, जिसमें वे मौनी के साथ मस्ती करते नजर आ रहे हैं। इनमें पहले वह जहां मौनी के गालों और पैर पर हल्दी लगा रहे हैं, वहीं आसपास खड़े लोग मौनी पर पीले फूलों की बारिश कर रहे हैं। अर्जुन बिजलानी ने अपने मस्तमौला अंदाज में हल्दी लगाने के बाद मौनी के पांव छूए और अशीर्वाद मांगा। मौनी रॉय ने भी दिलचस्प अंदाज में हाथ उठाकर अर्जुन को आशीर्वाद दिया।जहां तक सूरज नाम्बियार की बात है तो वे दुबई में इन्वेस्टमेंट बैंकर हैं। मूल रूप से वे कर्नाटक के रहने वाले हैं और सिविल इंजीनियर भी हैं। दोनों ने गोवा में डेस्टिनेनेशन वेडिंग प्लान की है। इस शादी में कोविड 19 की वजह से बेहद करीबी लोगों को ही आमंत्रित किया गया है।
- मुंबई। सुपरस्टार अक्षय कुमार ने एक ट्वीट कर पद्मश्री पुरस्कारों से सम्मानित होने वाले सितारों को बधाई दी है। ७३वें स्वतंत्रता दिवस से ठीक पहले साल २०२२ के लिए पद्म पुरस्कारों की घोषणा की गई थी। इस लिस्ट में गायक सोनू निगम और निर्देशक चंद्रप्रकाश द्विवेदी का भी नाम है।सरकार द्वारा पद्म पुरस्कारों के ऐलान के बाद फिल्म स्टार अक्षय कुमार ने अपनी खुशी सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए लिखा, 'पद्म अवॉड्र्स की सूची में कुछ महान नामों को देखकर दिल खुश हो गया। विज्ञान, सशस्त्र बलों, खेल, उद्योग, कला ... और निश्चित रूप से मेरे निर्देशक मित्र डॉ चंद्रप्रकाश द्विवेदी की इस अद्भुत उपलब्धि को देखकर मैं बेहद गर्वित हूं।'संगीतकार राशिद खान को भी पद्म विभूषण से सम्मानित करने का ऐलान किया गया। उन्हें साल २००६ में पद्म श्री से सम्मानित किया जा चुका है। संगीतकार राशिद खान को जब वी मेट फिल्म के सबसे चर्चित, 'गाने आओगे जब तुम साजना' के लिए जाना जाता है। अब उन्हें पद्म विभूषण से सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा क्लासिकल सिंगर डॉ प्रभा अत्रे को भी पद्म विभूषण से सम्मानित किया जाएगा। दिग्गज कलाकार विक्टर बनर्जी को पद्म भूषण सम्मान से सम्मानित किया जाएगा। इस लिस्ट में अक्षय कुमार के करीबी दोस्त और निर्देशक चंद्रप्रकाश द्विवेदी का भी नाम है। जिन्हें पद्मश्री से सम्मानित किया जाएगा। उन्हें ऐतिहासिक टीवी शो चाणक्य और फिल्म पिंजर के लिए जाना जाता है। इस लिस्ट में ओलंपिक मेडलिस्ट नीरज चोपड़ा का भी नाम है। उन्हें पद्मश्री अवॉर्ड से सम्मानित करने का ऐलान किया गया है।
- मुंबई। अभिनेत्र हेजल कीच और पूर्व भारतीय क्रिकेटर युवराज सिंह के घर किलकारियां गूंजी हैं। इस स्टार कपल ने इस बात का ऐलान एक सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए किया है। पूर्व क्रिकेटर युवराज सिंह और उनकी पत्नी हेजल कीच ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर कर फैंस को जानकारी दी कि उनके घर एक बेटे का जन्म हुआ है। इस बात की जानकारी देते हुए हेजल कीच ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर की। जिसमें लिखा था, 'हमारे सभी फैंस, दोस्तों और परिवार के लिए.... हम ये बताते हुए बेहद खुश हैं कि हमारे घर एक बेटे का जन्म हुआ है। हम भगवान को इस आशीर्वाद के लिए शुक्रिया अदा करते हैं। साथ ही आप सभी से अपील करते हैं कि अब जब हम अपने बेटे का इस दुनिया में वेलकम कर रहे हैं तो हमारी निजता का सम्मान किया जाए। बहुत सारा प्यार हेजल और युवराज।' युवराज सिंह ने भी यही पोस्ट इंस्टाग्राम पर शेयर कर अपने फैंस के साथ भी बेटे होने की खुशी जाहिर की है।युवराज सिंह और हेजल कीच की इस पोस्ट पर उनके चाहने वाले ढेरों फैंस और सेलेब्स कमेंट कर इस स्टार कपल को मम्मी-पापा बनने की बधाई दे रहे हैं। युवराज सिंह और हेजल कीच की ये पहली संतान है। हेजल कीच की पोस्ट पर कमेंट करते हुए फिल्म निर्माता प्रज्ञा कपूर ने बधाई दी है। साथ ही, सान्या मिर्जा और ऋचा चड्ढा जैसे सितारों ने भी शुभकामनाएं दी हैं।हेजल कीच फिल्म स्टार बॉडीगार्ड और बांके की क्रेजी बारात जैसी फिल्मों में दिखाई दी हैं। इसके अलावा वो बिग बॉस के सांतवें सीजन का भी हिस्सा रही थीं। हालांकि इस रियलिटी शो से हेजल कीच पहले हफ्ते में ही बाहर हो गई थी। हेजल कीच ने साल 2016 में युवराज सिंह से शादी की थी। ये कपल शादी के 5 साल बाद पैरेंट्स बना है।
- मुंबई। शाहरुख खान द्वारा मिस्र के एक ट्रेवेल एजेंट को हस्ताक्षरित तस्वीरें और पत्र भेजने के कुछ दिन बाद अमूल ने अभिनेता के इस कार्य की सराहना में अपने ताजा विज्ञापन में लिखा “परदेस में स्वदेस।” इस विज्ञापन में खान को अपने बंगले की एक बालकनी में खड़े होकर हाथ में हस्ताक्षरित चित्र लिए देखा जा सकता है। विज्ञापन में वह पिरामिड की पृष्ठभूमि में मिस्र के अपने प्रशंसक को देख रहे हैं। अमूल ने विज्ञापन को ट्वीट किया और जिस पर लिखा है “परदेस में स्वदेस।” गौरतलब है कि, अशोक विश्वविद्यालय में अर्थशास्त्र के प्रोफेसर अश्विनी देशपांडे ने 31 दिसंबर को ट्विटर पर अपना अनुभव साझा किया था कि किस प्रकार उन्हें मिस्र में एक ट्रेवेल एजेंट को पैसे स्थानांतरित करने में कठिनाई हुई थी और वह व्यक्ति खुद बुकिंग करने के लिए तैयार हो गया था क्योंकि देशपांडे “शाहरुख खान के देश” से थीं और ट्रेवेल एजेंट को उन पर भरोसा था। देशपांडे ने ट्वीट किया था, “मैं बुकिंग कर दूंगा आप मुझे बाद में भुगतान कर दीजियेगा। मैं कहीं और से आए लोगों के लिए ऐसा नहीं करता लेकिन शाहरुख खान के लिए कुछ भी कर सकता हूं। और उसने कर दिया! शाहरुख खान बादशाह हैं।” यह ट्वीट वायरल हो चुका है और प्रोफेसर तथा उनके पति द्वारा एजेंट से मिलकर उसके साथ चित्र लेने के बाद, अब तक इस ट्वीट को 15 हजार से ज्यादा लाइक और तीन हजार रीट्वीट मिल चुके हैं। देशपांडे ने खान की फिल्म निर्माता कंपनी को टैग कर अनुरोध किया था कि वह मिस्र में स्थित अपने प्रशंसक की बेटी के लिए हस्ताक्षरित तस्वीर भेजें।
- मुंबई। मुंबई की एक अदालत ने बॉलीवुड अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी को लगभग 15 साल पुराने अश्लीलता मामले में आरोप मुक्त कर दिया है। अदालत ने अपने फैसले में कहा है कि शिल्पा हॉलीवुड अभिनेता रिचर्ड गेरे के कृत्य की पीड़ित प्रतीत होती हैं। गेरे ने एक सार्वजनिक कार्यक्रम में शिल्पा के गालों पर चुंबन लिया था, जिसके बाद दोनों के खिलाफ अश्लीलता का मामला दर्ज हुआ था। मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट केतकी चव्हाण की अदालत ने शिल्पा को 18 जनवरी को इस मामले में आरोप मुक्त कर दिया। इस संबंध में विस्तृत आदेश सोमवार को उपलब्ध हुआ। शिल्पा और रिचर्ड ने 2007 में राजस्थान में एड्स के खिलाफ चलाए जा रहे एक जागरूकता कार्यक्रम में शिरकत की थी। इस दौरान रिचर्ड ने मंच पर शिल्पा के गालों पर चुंबन ले लिया था, जिसे लेकर देशभर में काफी विरोध-प्रदर्शन हुए थे। शिल्पा और रिचर्ड के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) और सूचना प्रौद्योगिकी कानून की विभिन्न धाराओं के तहत अश्लीलता का मामला दर्ज किया गया था। उच्चतम न्यायालय के आदेश पर 2017 में यह मामला राजस्थान की अदालत से मुंबई स्थानांतरित कर दिया गया था। मुंबई की मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट अदालत ने कहा, ‘ऐसा लगता है कि आरोपी शिल्पा शेट्टी मामले में आरोपी नंबर एक (रिचर्ड गेरे) के कथित कृत्य की शिकार थीं। शिकायत में लगाए गए किसी भी आरोप का एक भी बिंदु संतुष्ट नहीं करता है।' शिल्पा पर आरोप था कि जब रिचर्ड ने उनके गालों पर चुंबन लिया, तब उन्होंने इसका विरोध नहीं किया। अदालत ने अपने फैसले में कहा, ‘शिकायत में संलग्न कोई भी मीडिया रिपोर्ट साझा मंशा होने की बात प्रदर्शित नहीं करती। इससे वह किसी भी तरह से किसी अपराध की साजिशकर्ता या दोषी नहीं बनती हैं।
- मुंबई। राजकुमार राव और भूमि पेडनेकर अभिनीत फिल्म ‘बधाई दो' 11 फरवरी को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म निर्माताओं ने मंगलवार को यह घोषण की। यह फिल्म 2018 राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार से सम्मानित ‘बधाई हो' का सीक्वल है, लेकिन इसका पहली फिल्म की कहानी से कोई लेनादेना नहीं है। फिल्म का निर्देशन हर्षवर्धन कुलकर्णी ने किया है और इसकी कहानी सुमन अधिकारी तथा अक्षत घिल्डियाल ने लिखी है। निर्माण कम्पनी ‘जंगली पिक्चर्स' ने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट पर फिल्म का ट्रेलर और रिलीज की नई तारीख साझा की। आधिकारिक ट्विटर अकाउंट से ट्वीट किया गया, ‘‘ प्यार के महीने में अतरंगी और सतरंगी की शादी का गवाह बने। बधाई दो का ट्रेलर जारी कर दिया गया है। 11 फरवरी 2022 को फिल्म सिनेमाघरों में रिलीज होगी।'' निर्माताओं ने एक बयान में कहा कि फिल्म में असामान्य रिश्तों से जुड़े पहलुओं को ‘कॉमेडी ऑफ एरर्स' शैली के माध्यम से दिखाने की कोशिश की गई है। फिल्म में राजकुमार राव एक पुलिस कर्मी और भूमि पेडनेकर एक शारीरिक शिक्षा की शिक्षिका के किरदार में नजर आएंगी।
- मुंबई। भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच जारी क्रिकेट श्रृंखला के दौरान खींची गई अभिनेत्री अनुष्का शर्मा और क्रिकेटर विराट कोहली की बेटी वामिका की तस्वीर वायरल होने के बाद अभिनेत्री ने लोगों से उनकी बेटी की तस्वीरें खींचने या प्रकाशित नहीं करने का अनुरोध किया है। अनुष्का और उनकी एक साल की बेटी कोहली का हौसला बढ़ाने के लिए रविवार शाम को क्रिकेट मैदान में मौजूद थीं। मैच के प्रसारण के दौरान अनुष्का अपनी बेटी को गोद में लिए दिखाई दी थीं। वामिका का चेहरा पहली बार सार्वजनिक रूप से कैमरे पर दिखाई दिया। कैमरा कुछ सेकंड तक इन दोनों की ही ओर रहा। इस वीडियो के स्क्रीनशॉट ट्विटर पर वायरल हो गए, जिनमें वामिका का चेहरा नजर आ रहा है। शर्मा ने इंस्टाग्राम पर लिखा कि उन्हें इस बात की जानकारी नहीं थी कि कैमरा उनकी ओर है।शर्मा ने लिखा, ‘‘नमस्कार दोस्तों, हमें पता चला कि कल स्टेडियम में हमारी बेटी की तस्वीरें ली गईं और इसके बाद व्यापक स्तर पर साझा की गईं। हम सभी को सूचित करना चाहते हैं कि यह अचानक हुआ और हमें पता नहीं था कि कैमरा हमारी ओर था।'' उन्होंने कहा, ‘‘इस मामले पर हमारा रुख और अनुरोध पुराना ही है। हमने जिन कारणों का पहले जिक्र किया था, यदि उन्हें ध्यान में रखकर वामिका की तस्वीरें खींची न जाएं/प्रकाशित न की जाएं, तो यह हमारे लिए वाकई सराहनीय होगा। धन्यवाद।'' दंपत्ति ने इससे पहले भी मीडिया से उनकी बेटी की तस्वीरें नहीं खींचने का अनुरोध किया था।
- बॉलीवुड एक्ट्रेस सारा अली खान ने काफी कम वक्त में इंडस्ट्री में अपनी एक खास जगह बना ली है. आज लोग उन्हें सिर्फ सैफ अली खान और अमृता सिंह की बेटी नहीं, बल्कि खुद उनके नाम और फिल्मों से भी जानते हैं. सारा अपने अभिनय के दम पर खुद को इंडस्ट्री में साबित कर चुकीं हैं.अब सारा का एक ऐसा वीडियो सामने आया है, जिसे देखने के बाद फैंस काफी परेशान हो गए हैं. कुछ समय पहले एक्ट्रेस की नाक पर चोट लगी थी. अब वह एक बार फिर से एक हादसे का शिकार हुई हैं. हालांकि सारा को कुछ हुआ नहीं है. दरअसल, मेकअप करवाते हुए रूम में उनके मुंह के सामने ही बल्ब फूट गया.यह हादसा रविवार को हुआ, जिसका वीडियो सारा ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर शेयर किया है. सामने आए वीडियो में देखा जा सकता है कि सारा मेकअप रूम में टच अप ले रही होती हैं और तभी उनके चेहरे के पास लगे बल्ब में ब्लास्ट हो जाता है. इस कारण सारा अचानक से डर गईं और कैमरा भी हड़बड़ाहट में नीचे गिर गया. एक्ट्रेस बुरी तरह डर गई हैं.
- मुंबई। अभिनेता, गायक और एंकर आदित्य नारायण के घर जल्द ही एक नन्हा मेहमान आने वाला है। आदित्य नारायण ने हाल ही में इस बात का खुलासा किया है कि उनकी पत्नी श्वेता अग्रवाल प्रेग्नेंट हैं। एक इंटरव्यू में आदित्य नारायण ने अपनी खुशी का इजहार किया है।आदित्य नारायण ने कहा, 'श्वेता और मैं जिंदगी के एक नए पड़ाव का सामना करने वाले हैं। मैं इस बदलाव को लेकर बहुत खुश हूं। मुझे बच्चे बहुत पसंद है। मैं हमेशा से एक पिता बनना चाहता था। अब मुझे और श्वेता को और भी ज्यादा काम करना होगा। मैं खुद एक बच्चे से कम नहीं हूं। 'आदित्य नारायण ने खुलासा किया, 'ये बहुत की फिल्मी है लेकिन अपने 30वें जन्मदिन पर मैंने एक सपना देखा था। मैंने देखा था कि श्वेता मेरे बच्चे को अपनी गोद में लिए खड़ी है। उस समय तो मेरी और श्वेता की सगाई भी नहीं हुई थी। ये सपना मैंने 6 अगस्त 2017 को देखा था। मैं खुश हूं कि मेरा सपना जल्द ही पूरा होने वाला है। आने वाले दिनों में मेरे घर में गोदभराई की रस्म होने वाली है। इस रस्म में मेरे और श्वेता के परिवार के लोग शामिल होने वाले हैं।'आदित्य नारायण ने कहा, 'मैंने बीते कुछ सालों में बहुत मेहनत की है। मैं अपने परिवार को एक अच्छी जिंदगी देना चाहता था। मैं चाहता था कि मेरे परिवार का अच्छा लाइफस्टाइल हो। जल्द ही मेरा भी एक छोटा सा परिवार होगा। मुझे उम्मीद है कि मेरी पहली औलाद एक लड़की होगी। मुझे लगता है कि बेटियां पिता के ज्यादा करीब होती हैं। मेरे माता पिता भी दादा दादी बनने के लिए काफी बेताब हैं।'
- मुंबई। विक्की कौशल और सारा अली खान अभिनीत अनाम फिल्म की शूटिंग पूरी हो चुकी है। अभिनेता शारिब हाशमी ने यह जानकारी दी। ‘लुका छुपी' और ‘मिमी' से प्रसिद्ध हुए लक्ष्मण उतेकर द्वारा निर्देशित फिल्म के निर्माण में दिनेश विजान की मैडॉक फिल्म्स ने सहयोग दिया है। फिल्म की शूटिंग दिसंबर में इंदौर में शुरू हुई थी। हाशमी ने इंस्टाग्राम पर फिल्म के कलाकारों और निर्माण से जुड़े लोगों के साथ तस्वीरें पोस्ट कीं और फिल्म की शूटिंग पूरी होने की घोषणा की। उन्होंने लिखा, ‘‘इस खूबसूरत (अनाम) फिल्म के सेट पर खूबसूरत यादें बनीं, जिसका निर्माण शानदार मैडॉक फिल्म्स पीविजन, निर्देशन लक्ष्मण उतेकर सर द्वारा किया गया है। सर आपने दिल जीत लिया है।'' ‘द फैमिली मैन' के अभिनेता ने कहा, फिल्म में कौशल के साथ काम करने के बाद वह उनके ‘बड़े प्रशंसक' बन गए हैं। हाशमी ने ‘अतरंगी रे' की अभिनेत्री के बारे में कहा कि वह ‘‘स्टार'' की तरह व्यवहार नहीं करती हैं। उन्होंने कहा, ‘‘इस फिल्म की पूरी टीम और इस यात्रा को इतना आसान और यादगार बनाने के लिए आप सभी का धन्यवाद।'' कौशल इसके बाद निर्देशक शशांक खेतान की ‘गोविंदा नाम मेरा' और मेघना गुलजार निर्देशित ‘सैम बहादुर' में नजर आएंगे।
- नई दिल्ली। भारत के पूर्व कप्तान विराट कोहली और अभिनेत्री अनुष्का शर्मा की बेटी वामिका की पहली झलक पाने के लिए उनके प्रशंसक बेताब हैं। अब इस जोड़ी की प्यारी सी बिटिया का एक वीडियो सामने आया है जिसमें उसकी झलक देखने को मिल रही है। हालांति तस्वीर काफी धुंधली है।दरअसल रविवार को भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच केपटाउन में खेले जा रहे आखिरी वनडे मैच के दौरान अनुष्का स्टेडियम पहुंचीं। यहां वह अपनी बेटी को गोद में लिए हुए दिखाई दीं। मैच के दौरान वामिका की तस्वीर प्रसारणकर्ता स्टार स्पोट्र्स के कैमरे में कैद हो गई। देखते-देखते वामिका की झलक वाली बेहद प्यारी तस्वीर और पूरे पल का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने लगा।वामिका हाल ही में एक साल की हुई है। दक्षिण अफ्रीका दौरे के दौरान 11 जनवरी को विराट और अनुष्का ने बेटी का पहला जन्मदिन मनाया था। दक्षिण अफ्रीका में ही एक बार ऐसा भी मौका आया था जब मीडियाकर्मी वामिका की तस्वीर आसानी से कैमरे में उतार सकते थे, लेकिन अनुष्का शर्मा द्वारा निवेदन किए जाने पर पत्रकारों ने ऐसा नहीं किया। इस बात को लेकर अनुष्का ने सोशल मीडिया के माध्यम से पत्रकारों की तारीफ भी की थी। पर अधिकारिक रूप से अनुष्का ने अभी तक अपनी बेटी की तस्वीर लोगों को नहीं दिखाई है।
- मुुंबई। अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा ने पिछले शुक्रवार को ऐलान किया कि वो और निक जोनस सरोगेसी के जरिए पैरेंट्स बन गए हैं। हालांकि उन्होंने बच्चे का जेंडर नहीं बताया। लेकिन एक रिपोर्ट के मुताबिक प्रियंका को बेटी हुई है। अब इस सरोगेसी से बच्चा पैदा करने को लेकर प्रियंका चोपड़ा पर कई सवाल उठ रहे हैं। रिपोर्ट के अनुसार ''प्रियंका को कोई भी फर्टिलिटी इश्यू नहीं है, लेकिन वो अब 39 साल ही हैं और उनके लिए ये आसान नहीं होता। वहीं उनके बिजी वर्किंग शेड्यूल की वजह से ये और भी मुश्किल हो जाता, दोनों का साथ रहने का वक्त भी काफी कम है। ऐसे में प्रियंका और निक ने सरोगेसी का रास्ता चुना।'' रिपोर्ट के अनुसार ''निक और प्रियंका, महिला से एक एजेंसी की मदद से मिले और महिला की ये पांचवी सरोगेसी है। कपल उनसे मिला और उन्हें वो अच्छी लगी। बच्चे का जन्म अप्रैल में होना था, लेकिन प्री मैच्योर डिलीवरी हुई है।''खबरों के अनुसार प्रियंका और निक का बच्चा 12 हफ्ते पहले ही जन्मा है जबकि डिलीवरी डेट अप्रैल की थी। बच्चे का जन्म 15 जनवरी को साउथर्न कैलिफोर्निया में हुआ था और फिलहाल बच्चे को अस्पताल में ही एडमिट किया गया है। पूरी तरह से स्वस्थ हो जाने पर ही प्रियंका निक इस बच्चे को अपने घर ला सकेंगे। अब देखना ये है कि प्रियंका इस बात का खुलासा कब करती हैं कि उनकी बेटी हुई है या बेटा।-----------------
- कोलकाता। बांग्ला फिल्मों के सुपरस्टार प्रसेनजीत चटर्जी ने शनिवार को बताया कि वह कोरोना वायरस संक्रमण से उबर गए हैं। चटर्जी (57) ने संक्रमण से उबरने की खबर ट्विटर पर साझा की और शुभकामनाओं के लिये अपने प्रशंसकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने ट्वीट किया, ''भगवान की कृपा से, मैं कोविड-19 से उबर गया हूं। शुभकामनाओं के लिये आप सभी को धन्यवाद।'' चटर्जी ने ''निरंतर सहयोग और मार्गदर्शन'' के लिये चिकित्सकों का भी आभार व्यक्ति किया। अभिनेता ने 12 जनवरी को बताया था कि कोरोना वायरस से संक्रमित हो गए हैं और उन्होंने खुद को पृथक कर लिया है।
- मुंबई। अभिनेता ऋषि कपूर को लोग भूले नहीं हैं। आज यदि वे जीवित होते तो नीतू सिंग के साथ अपनी शादी की 42 वीं सालगिरह मना रहे होते, लेकिन किस्मत में इस खूबसूरत जोड़ी का साथ कुछ सालों का ही था। ऋषि ने 30 अप्रैल, 2020 को मुंबई के एचएन रिलायंस अस्पताल में अंतिम सांस ली थी।22 जनवरी , 1980 को फिल्मी परदे की यह खूबसूरत जोड़ी निजी जिदंगी की भी जोड़ी बन गई। राजकपूर ने अपने बेटे ऋषि की शादी बड़ी धूमधाम से की थी। पूरा बॉलीवुड इस शादी का गवाह बना था।शादी की 42 वीं सालगिरह पर आज नीतू सिंग ने पति ऋषि कपूर को याद किया और अपनी कुछ खूबसूरत फोटो सोशल मीडिया पर शेयर की है। जिसे देखकर उनके प्रशंसक भी काफी भावुक हो गए हैं। अभिनेत्री ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर पोस्ट शेयर करते हुए लिखा, "उनकी याद में..."।ये तस्वीरें तब की हैं जब दोनों लोकप्रिय कॉमेडी शो 'द कपिल शर्मा' में एक एपिसोड के लिए एक साथ दिखाई दिए थे। नीतू और ऋषि कपूर के प्रशंसकों को भी दंपति की यह तस्वीर खूब पसंद आ रही है। वह कमेंट सेक्शन पर ऋषि कपूर को याद करते हुए नीतू कपूर को सालगिरह की बधाई दे रहे हैं। नीतू की बेटी रिद्धिमा कपूर साहनी ने भी पोस्ट पर प्रतिक्रिया दी है। रिद्धिमा ने भी इंस्टाग्राम स्टोरीज के जरिए अपने माता-पिता को उनकी सालगिरह पर शुभकामनाएं दीं। रिद्धिमा ने ऋषि और नीतू कपूर की एक तस्वीर साझा करते हुए एक दिल के इमोजी के साथ लिखा 'लव'।ऋषि और नीतू कपूर के दो बच्चे - रिद्धिमा और रणबीर कपूर हैं। ऋषि के जाने के बाद नीतू सिंग ने एक बार फिर फिल्मी परदे का रुख किया है। वे जल्द ही 'जुग जुग जीयो' फिल्म में अनिल कपूर, वरुण धवन और कियारा आडवाणी के साथ स्क्रीन शेयर करती नजर आएंगी।
- मुंबई। अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा मां बन गई हैं। उन्होंने इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए यह खुशखबरी दी है। प्रियंका ने अपनी पोस्ट में लिखा है कि ये बताते हुए हम खुश हैं कि हम सरोगेसी के जरिए अपने जीवन में एक बच्चे का स्वागत कर रहे हैं। हम अपने परिवार के लिए आपसे सम्मानपूर्वक आग्रह करते हैं इस खास समय में हमारी प्राइवेसी का ध्यान रखें।प्रियंका चोपड़ा और निक जोनस की जोड़ी बॉलीवुड की सबसे चर्चित जोडिय़ों में से है। दोनों ने 2 दिसंबर, 2018 को उदयपुर के उम्मेद भवन में हिंदू और क्रिश्चियन रीति-रिवाजों से शादी की थी। हाल ही में, प्रियंका चोपड़ा ने 'द जोनास ब्रदर्स फैमिली रोस्ट' शो के दौरान निक के साथ बेबी प्लानिंग के बारे में कुछ बातें कही थीं। निक के भाइयों का उदाहरण देते हुए शो में मजाक में कहा, "हम इकलौते ऐसे कपल हैं, जिनके अभी तक बच्चे नहीं हुए हैं। यही वजह है कि आज मैं सबके सामने बताना चाहती हूं कि मैं और निक बेबी प्लान कर रहे हैं।" इसके बाद प्रियंका ने कहा, "मैं बेबीसिट नहीं करना चाहती।"प्रियंका और निक के घर आई खुशखबरी से उनके परिवार, फैंस और करीबी बेहद खुश हैं।
- मुंबई। जाने-माने अभिनेता अरुण बाली बीमार हैं और उन्हें अस्पताल में दाखिल कराया गया है। '3 इडियट्स', 'केदारनाथ' और 'पानीपत' सहित कई फिल्मों और टीवी सीरियल्स में शानदार ऐक्टिंग करने वाले अरुण बाली एक रेयर लॉन्ग टर्म न्यूरोमस्कुलर बीमारी मायस्थेनिया ग्रेविस से जूझ रहे हैं। उन्हें हीरानंदानी हॉस्पिटल में ऐडमिट कराया गया है।खबरों के अनुसार उन्हें मायस्थेनिया ग्रेविस डायग्नोस हुआ है, जो एक दुर्लभ ऑटोइम्यून बीमारी है। ये नव्र्स और मसल्स के बीच कम्युनिकेशन फेलियर की वजह से होती है। बीमारी की वजह से अरुण बाली ठीक से बोल नहीं पा रहे हैं। वे 79 साल के हैं।रिपोट्र्स की मानें तो सिने एंड टीवी आर्टिस्ट एसोसिएशन की मेंबर नुपुर अलंकार ने जब अरुण बाली को फोन किया तो उनकी आवाज में कुछ दिक्कत महसूस हुई। नुपूर लंबे समय से अरुण को जानती हैं। नुपूर ने बताया कि अरुण सर से फोन पर बात हो रही थी तब मुझे ऐसा लगा कि उनकी स्पीच में कुछ बड़ी गड़बड़ है, जिसे मैंने उन्हें बताया। इसके बाद मैंने उनके बेटे अंकुश से संपर्क करने की कोशिश की लेकिन बात नहीं हो पाई। फिर मैंने अंकुश के कलीग राजीव मेनन को कॉल किया और उसका दूसरा नंबर लिया। इसके बाद उन्हें सलाह दी कि अरुण सर को तुरंत अस्पताल में एडमिट करवा दो।खबरों की मानें तो अरुण बाली की बेटी ने बाद में ये जानकारी शेयर की कि उनके पिता को मायस्थेनिया ग्रेविस नाम की एक ऑटोइम्यून बीमारी हो गई है, जिसमें नसों और मांसपेशियों के बीच तालमेल में दिक्कत होती है, जिसकी वजह से साफ आवाज नहीं निकल पाती।
- मुंबई। साउथ फिल्म इंडस्ट्री की जानी-मानी अभिनेत्री हमसा नंदिनी इन दिनों ब्रेस्ट कैंसर से जूझ रही हैं। हालांकि कैंसर से जारी अपनी लड़ाई के बावजूद हमसा अपनी बीमारी को काफी सकारात्मकता के साथ स्वीकार कर रही हैं। हाल ही में अभिनेत्री की इसी सकारात्मकता की कुछ झलक देखने को मिली। दरअसल अभिनेत्री की कुछ तस्वीरें सोशल मीडिया पर सामने आई हैं। इन तस्वीरों को देख साफ पता चलता है कि हमसा इस गंभीर बीमारी में भी पूरे जोश और जुनून के साथ इसका सामना कर रहे हैं37 साल की हमसा नंदिनी इन दिनों अपने कीमोथेरेपी सेशन रही हैं। इलाज की वजह से उन्हें अपने बाल मुंडाने पड़े हैं। इसी क्रम में हा ही में अभिनेत्री के इस बाल्ड लुक की कुछ तस्वीरें फैंस के साथ शेयर की गई है। हमसा की इन फोटोज में एक्ट्रेस ने जाने-माने फैशन डिजाइनर मनीष मल्होत्रा के भारतीय परिधान को पहन फोटोशूट कराया है। एक्ट्रेस की जिंदादिली देख फैंस भी उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।.
- मुंबई। अभिनेता विक्रांत मेसी आठ साल बाद टीवी पर वापसी करेंगे। वह ‘कहानी नवभारत की’ नाम की एक डॉक्युमेंटरी सीरीज की एंकरिंग करते नजर आएंगे, जो देश के इतिहास एवं विकास यात्रा में आने वाले अहम पड़ावों को बयां करेगी।‘टाइम्स नाउ नवभारत’ 26 जनवरी को एक विशेष एपिसोड के जरिये इस सीरीज की शुरुआत करेगा। मेसी के मुताबिक, वह इस सीरीज की एंकरिंग के लिए इसलिए राजी हुए, क्योंकि यह भारत के इतिहास का सटीक विवरण देती है।अभिनेता ने कहा, ‘मैं छोटे पर्दे पर लौटने के लिए इसलिए प्रेरित हुआ, क्योंकि वहां ज्ञानवर्धक सामग्री का भंडार है। जब हम देश की आजादी की 75वीं वर्षगांठ मनाने जा रहे हैं, तब यह सीरीज मुझे टीवी पर वापसी कर अपने प्रशंसकों से संवाद करने का सबसे उपयुक्त मौका लगी। यह विस्तृत रिसर्च पर आधारित गैर-फिक्शन शो है। मैं अपनी जिंदगी में पहली बार ऐसा कोई शो कर रहा हूं।’अपर्णा सान्याल के निर्देशन में बनी दस भागों वाली डॉक्युमेंटरी सीरीज ‘कहानी नवभारत की’ 30 जनवरी से शुरू होगी। इसका प्रसारण हर रविवार को किया जाएगा। विक्रांत इससे पहले 2014 में प्रदर्शित कॉमेडी शो ‘अजब गजब घर जमाई’ में छोटे पर्दे पर नजर आए थे।
- मुंबई। दिवंगत फिल्म अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत आज यदि जीवित होते तो अपना 36 वां जन्मदिन मना रहे होते। एक्टर ने कम वक्त में ही बेहतरीन फिल्में देकर दर्शकों को अपना दीवाना बना दिया था। टीवी की दुनिया से बॉलीवुड फिल्म इंडस्ट्री में अपना मुकाम बनाने वाले सुशांत सिंह राजपूत ने डेब्यू फिल्म काई पो छे से ही करोड़ों दर्शकों का दिल जीता था। उनकी आकस्मिक मृत्यु ने सिनेमा इंडस्ट्री में खलबली मचा दी थी। दिवंगत अभिनेता ने 14 जून 2020 में कथित तौर पर आत्महत्या कर इंडस्ट्री को झकझोर कर रख दिया था।सुशांत सिंह राजपूत बड़े दिलवाले और बड़े सपने देखने वाले इंसान थे। हालांकि फिल्मी दुनिया में उनका ये सफर इतना भी आसान नहीं था। फिल्म स्टार सुशांत सिंह राजपूत को हर बार सिर्फ एक ही डर सताता था कि वो कहीं बॉलीवुड से बाहर न हो जाएं। खुद एक्टर ने कई बार अपना ये फैंस के बीच रखा था। जब उनकी फिल्में असफल हो रही थी तो वो काफी चिंता में थे। सोनचिरिया की रिलीज के वक्त सुशांत सिंह राजपूत ने अपने फैंस से बातचीत के दौरान अपना ये दर्द बयां किया था। एक फैन ने एक्टर से बात करते हुए कहा, 'ओह... आप इस फिल्म के आखिर में मर जाते हो न... मैं इसलिए ये फिल्म नहीं देखूंगी।' जिस पर एक्टर ने तुरंत जवाब देते हुए कहा था, 'अरे, लेकिन अगर आप इसे नहीं देखोगे तो वो मुझे बॉलीवुड से बाहर निकाल फेंकेंगे। मेरा कई गॉडफादर नहीं है। मैंने गॉडफादर्स बनाए हैं। कम से कम इसलिए देख लो ताकि मैं बॉलीवुड में सर्वाइव कर सकूं। बहुत सारा प्यार और सम्मान।दुख की बात है कि फिल्म सोनचिरिया बॉक्स ऑफिस पर बुरी तरह से गिरी थी। हालांकि सुशांत सिंह राजपूत को फिल्म छिछोरे से सफलता भी हासिल हुई। सुशांत सिंह राजपूत की मृत्यु के बाद बॉलीवुड में नेपोटिज्म का मुद्दा काफी गर्माया था।



.jpg)























