- Home
- देश
- हावड़ा। पश्चिम बंगाल के हावड़ा जिले के जॉयपुर क्षेत्र में मंगलवार को एक निर्माणाधीन इमारत के सेप्टिक टैंक में काम करने के दौरान कथित तौर पर दम घुटने से तीन राजमिस्त्री की मौत हो गई। हावड़ा जिले के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि मृतकों की पहचान शेख जेक्कर (22), शेख साबिर (35) और शेख अल अमीन (20) के रूप में की गई है जो बीरभूम जिले के नलहाटी के रहने वाले थे। शेख साबिर पहले सेप्टिक टैंक में घुसा और उसके वापस न आने के बाद बाकी दोनों भी टैंक में उतर गए। अधिकारी ने बताया कि तीनों के बाहर न आने के बाद अन्य मजदूरों और गांव वालों ने पुलिस को इसकी सूचना दी।
- नयी दिल्ली। केंद्रीय मत्स्य, पशुपालन और डेयरी मंत्री गिरिराज सिंह ने सोमवार को ऑनलाइन पाठ्यक्रम मोबाइल ऐप ‘मत्स्य सेतु' को पेश किया। इस ऐप के माध्यम से किसानों को स्वच्छ जल में मछली पालन के तौर तरीकों को लेकर आधुनिक जानकारी दी गई है। सरकारी विज्ञप्ति के अनुसार इस ऐप को भाकृअनुप- केंद्रीय मीठाजल जीवपालन अनुसंधान संस्थान (भाकृअनुप -सीफा), भुवनेश्वर द्वारा हैदराबाद स्थित राष्ट्रीय मत्स्य विकास बोर्ड (एनएफडीबी) के वित्त पोषण समर्थन से विकसित किया गया है। विज्ञप्ति के अनुसार इस ऑनलाइन पाठ्यक्रम ऐप का उद्देश्य देश के जलकृषकों के लिए नवीनतम स्वच्छ जल कृषि प्रौद्योगिकियों का प्रसार करना है। मत्स्य सेतु ऐप में प्रजाति-वार / विषय-वार स्व-शिक्षण ऑनलाइन पाठ्य सामग्रियां हैं। इनमें व्यावसायिक रूप से महत्वपूर्ण मछलियों के प्रजनन, बीज उत्पादन और पालन-पोषण संवर्धन पर बुनियादी अवधारणाओं और व्यावहारिक प्रदर्शनों की व्याख्या की गयी है। इस अवसर पर सिंह ने कहा कि प्रधान मंत्री नरेन्द्र मोदी ने 20,050 करोड़ रुपये के निवेश के साथ मत्स्य पालन क्षेत्र के टिकाऊ और जिम्मेदार विकास के लिए सितंबर 2020 में प्रमुख योजना प्रधान मंत्री मत्स्य संपदा योजना (पीएमएसवाई) की शुरूआत की थी। पीएमएसवाई के तहत अतिरिक्त 70 लाख टन मत्स्य उत्पादन, एक लाख करोड़ रुपये मत्स्य निर्यात, अगले पांच वर्षों में 55 लाख रोजगार सृजन आदि के महत्वाकांक्षी लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए सरकार और हितधारकों के बीच सहयोगात्मक और ठोस प्रयासों के साथ बहुआयामी रणनीतियों की आवश्यकता है। ऐप में शिक्षार्थियों को प्रेरित करने और एक जीवंत सीखने का अनुभव प्रदान करने के लिए, स्व-मूल्यांकन के लिए प्रश्नोत्तरी / परीक्षण विकल्प भी प्रदान किए गए हैं। प्रत्येक पाठ्यक्रम मॉड्यूल के सफल समापन पर, एक ई-प्रमाण पत्र स्वतः उत्पन्न किया जा सकता है। किसान ऐप के माध्यम से भी अपनी शंकाएं पूछ सकते हैं और विशेषज्ञों से विशिष्ट सलाह प्राप्त कर सकते हैं। कार्यक्रम में मत्स्य, पशुपालन और डेयरी राज्य मंत्री प्रताप चंद्र सारंगी, सचिव, मत्स्य विभाग जे.एन.स्वाईं और मत्स्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।
- मऊ । जनपद के शहर कोतवाली थाना क्षेत्र के ख्ववाजहापुर कॉलोनी में एक सेवानिवृत्ति अध्यापिका का शव कमरे में पड़े एक बड़े संदूक में मिला। पुलिस ने बताया कि महिला गीता पाडेय (62) दो साल पहले अध्यापिका के पद से सेवानिवृत्ति हुई थीं और अपने नव निर्मित आवास में रह रही थीं। वहां उनके साथ एक घरेलू सहायक और एक किराएदार भी रहता था। उन्होंने बताया कि पांडेय का फोन कल से ही बंद होने पर उनकी बेटी को चिंता हुई और वह उनसे मिलने घर पहुंची। घर में बाहर से ताला बंद था। पड़ोसियों से पूछताछ के बाद उन्होंने पुलिस के इसकी सूचना दी। अधिकारी ने बताया कि मौके पर पहुंची पुलिस ने ताला तोड़ा। घर के भीतर काफी सामान बिखरा पड़ा था, जिसके बाद पांडेय की बेटी के कहने पर कमरे में रखे बक्से का ताला तोड़ा तो उसमें रखा शव मिला। पुलिस अधीक्षक सुशील घुले ने बताया कि सभी पहलुओं से मामले की जांच की जा रही है।
- नई दिल्ली। अटल बिहारी वाजपेयी सरकार में मंत्री रहे पी रंगराजन कुमारमंगलम की पत्नी की बदमाशों ने घर में घुस कर हत्या कर दी है। पुलिस के अनुसार बदमाश मंगलवार की रात लूटपाट के इरादे से घर में घुसे थे। इस मामले में एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार की रात तीन बदमाश पहले उनके घर में दाखिल हुए। इसके बाद तकिए से केंद्रीय मंत्री की पत्नी किट्टी कुमारमंगलम का मुंह तब तक दबाए रखा, जब तक उनकी मौत नहीं हो गई।इस वारदात के दौरान उनकी मेड को बांधकर रखा गया। इससे पहले मंगलवार की रात 9 बजे के करीब एक आरोपी उनका धोबी घर के अंदर आया, उसने मेड को जबरन बंधक बना दिया। इसके बाद उसके दो अन्य आरोपी साथी भी घर में घुस गए। पुलिस को सूटकेस खुले हुए मिले हैं। आरोपियों के भागने पर मेड ने किसी तरह खुद को छुड़ाकर रात 11 बजे पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने इस मामले में धोबी को हिरासत में लिया है। घटना में शामिल फरार चल रहे दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।किट्टी कुमारमंगलम ने सुप्रीम कोर्ट के वकील रह चुकी थीं। उनके पति स्व. पीआर कुमारमंगलम पहली बार 1984 में लोकसभा के लिए चुने गए थे। कुमारमंगलम ने 1991 और 92 के बीच केंद्रीय राज्य मंत्री, संसदीय मामलों और कानून, न्याय और कंपनी मामलों के मंत्री, 1992 और 93 के बीच संसदीय मामलों के मंत्री और 1998 में देश के बिजली मंत्री के रूप में कार्य किया था।
- बांदा (उत्तर प्रदेश) ।बांदा के शहर कोतवाली क्षेत्र में सोमवार देर रात पांच साल की एक बच्ची की गला रेत कर हत्या कर दी गयी। शहर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) भास्कर मिश्रा ने बताया कि सोमवार दोपहर से लापता पांच साल की बच्ची आरती का खून से लथपथ शव देर रात पड़ोसी की नाली से बरामद हुआ। बच्ची का गला धारदार हथियार से रेता गया है। उन्होंने बताया कि बच्ची की मां माया वर्मा ने दोपहर बाद अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज करवाया था। देर रात शव बरामद होने पर उसमें हत्या की धारा जोड़ी गई है। अधिकारी ने बताया कि अब तक की जांच में रंजिशन बच्ची का अपहरण कर धारदार हथियार से गला रेत कर हत्या किया जाना प्रतीत हो रहा है। इस सिलसिले में कुछ संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
- नयी दिल्ली। सरकार ने मंगलवार को आगाह किया कि कोविड-19 से बचाव के नियमों का अनुपालन किये बगैर हिल स्टेशनों और बाजारों में लोगों का घूमना महामारी से निपटने में अब तक मिली कामयाबी पर पानी फेर देगा। एक अधिकारी ने महामारी के अभी तक खत्म नहीं होने का जिक्र करते हुए हिल स्टेशनों पर बड़ी संख्या में लोगों के उमड़ने की तस्वीरों को ‘‘डराने वाली '' बताया। सरकार ने कहा कि कोविड प्रोटेकॉल का उल्लंघन करने वाले लोग संक्रमण को और अधिक बढ़ाएंगे।सरकार ने कहा कि कोविड-19 की दूसरी लहर ज्यादातर राज्यों में मंद पड़ गई है। हालांकि, कुछ राज्य अब भी दूसरी लहर के बीच में है और जिन इलाकों में कोविड-19 की जांच में 10 प्रतिशत नमूनों में संक्रमण की पुष्टि हो रही है, वहां पाबंदियां लगानी होगी। एक वरिष्ठ अधिकारी ने महामारी की और टीकाकरण की स्थिति पर संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में कहा कि 17 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में करीब 73 जिलों में 29 जून से पांच जुलाई तक के सप्ताह में संक्रमण की पुष्टि की दर 10 प्रतिशत से अधिक दर्ज की गई है। उन्होंने कहा कि देश में कुल 91 जिलों में चार जुलाई को समाप्त हुए सप्ताह में प्रतिदिन 100 से अधिक नये मामले सामने आए। अधिकारी ने कहा कि भारत में कोविड के 80 प्रतिशत मामले 14 राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों के 90 जिलों में सामने आए हैं, जिससे यह संकेत मिलता है कि इन इलाकों में कहीं अधिक ध्यान देने की जरूरत है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने मंगलवार को कहा कि संक्रमण से और 553 लोगों की मौत हो गई है, हालांकि करीब 90 दिनों में यह सबसे कम संख्या है। वहीं, 34,703 नये मामले सामने आए हैं जो 111 दिनों में सबसे कम है। नये मामलों के साथ अब तक संक्रमित हुए लोगों की कुल संख्या बढ़कर 3,06,19,932, हो गई, जबकि मृतक संख्या 4,03,281 पहुंच गई है। वहीं उपचाराधीन मरीजों की संख्या घट कर 4,64,357 रह गई है।
- सोनभद्र (उत्तर प्रदेश) ।सोनभद्र जिले के पिपरी क्षेत्र में एक ट्रॉलर के इंजन का हिस्सा टूट कर गिरने से उसके नीचे दबकर दो बच्चों की मौत हो गई जबकि उनके माता-पिता घायल हो गए। पुलिस सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि अनपरा थाना क्षेत्र का बेलवादह गांव निवासी विनोद (35) सोमवार की रात अपने ट्रॉलर पर कोयला लादकर वाराणसी के लिए निकला था। रास्ते में घर से उसने अपनी पत्नी दुर्गा (30) और बच्चों करुणा (आठ) और अर्जुन (सात) को भी वाहन पर बैठा लिया। उन्होंने बताया कि रास्ते में गाढ़ा बैरियर के पास ट्रॉलर के इंजन का एक हिस्सा अचानक टूट कर झटके से वाहन में बैठे लोगों पर गिरा, जिसमें दबकर करुणा और अर्जुन की मृत्यु हो गई और विनोद तथा दुर्गा गंभीर रूप से घायल हो गए। सूत्रों ने बताया कि पुलिस ने दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिये हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
- नयी दिल्ली ।मोरपेन लेबोरेटरीज और रूसी प्रत्यक्ष निवेश कोष (आरडीआईएफ) ने मंगलवार को एक संयुक्त बयान में कहा कि मोरोपेन के हिमाचल प्रदेश स्थित संयंत्र में कोविड-19 की वैक्सीन स्पुतनिक वी के परीक्षण बैच का उत्पादन शुरू हो गया है। बयान में कहा गया कि गुणवत्ता नियंत्रण के लिए पहले बैच को रूस के गमलेया शोध केंद्र में भेजा जाएगा। आरडीआईएफ और मोरपेन लेबोरेटरीज ने जून 2021 में इस संबंध में समझौता किया था। आरडीआईएफ के सीईओ किरिल दिमित्रीव ने कहा, चूंकि महामारी अभी खत्म नहीं हुई है और दुनिया के विभिन्न हिस्सों में कोरोना वायरस के अधिक खतरनाक रूपों का पता लगाया जा रहा है, इसलिए आरडीआईएफ भारत में स्पुतनिक वी के उत्पादन के लिए क्षमता बढ़ा रहा है।'' आरडीआईएफ वैक्सीन के लिए भारत में अन्य दवा कंपनियों - ग्लैंड फार्मा, हेटेरो बायोफार्मा, पैनासिया बायोटेक, स्टेलिस बायोफार्मा और विरचो बायोटेक के साथ पहले ही समझौता कर चुका है। बयान में कहा गया है कि कुल मिलाकर भारत में सभी भागीदारों के साथ हर साल स्पुतनिक वी की 85 करोड़ से अधिक खुराक का उत्पादन होने की उम्मीद है।-file photo
- जयपुर। राजस्थान के सवाईमाधोपुर जिले के रणथम्भौर राष्ट्रीय पार्क में मंगलवार को एक नर बाघ का शव मिला। सवाईमाधोपुर के मुख्य वन संरक्षक टी सी वर्मा ने मंगलवार को बताया कि बाघ टी-65 का शव एक पानी के कुंड में मिला था। पोस्टमार्टम के बाद मौत के कारणों का पता चल पायेगा। उन्होंने बताया कि बाघ की उम्र करीब 10 साल थी। वर्मा ने बताया कि टी-65 बाघ की मौत के बाद राष्ट्रीय अभयारण में अब 68 बाघ बचे हैं।
- सिद्धार्थनगर (उत्तर प्रदेश)। सिद्धार्थनगर जिले के बांसी इलाके में यात्रियों को लेकर जा रही एक जीप के खड़े ट्रक से जा टकराने से तीन लोगों की मौत हो गई तथा छह अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि बांसी कोतवाली क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 233 पर स्थित करही मस्जिदिया गांव के पास सड़क के किनारे एक ट्रक, तकनीकी खराबी की वजह से खड़ा था। सोमवार को देर रात बस्ती से आ रही एक जीप बेकाबू होकर उस ट्रक के पीछे से जा टकराई। उन्होंने बताया कि इस हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। उनकी शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। सूत्रों ने बताया कि हादसे में घायल हुए छह लोगों को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं।
- नयी दिल्ली। देश के 17 राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों के करीब 73 जिलों में 29 जून से पांच जुलाई तक लोगों के कोरोना वायरस से संक्रमित पाए जाने की दर 10 प्रतिशत से अधिक रही। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने मंगलवार को यह जानकारी दी। मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, 17 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में से आठ देश के पूर्वोत्तर हिस्से से हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय में संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने संवाददाता सम्मेलन में कहा कि इन 73 जिलों में अरुणाचल प्रदेश (18), राजस्थान (10), मणिपुर (नौ), केरल (सात), मेघालय (छह), त्रिपुरा (चार), सिक्किम (चार), ओडिशा (तीन), नगालैंड (तीन), असम (दो) और मिजोरम (एक) शामिल हैं। उन्होंने बताया कि इन जिलों में 29 जून से पांच जुलाई तक के सप्ताह में लोगों के संक्रमित पाए जाने की दर 10 प्रतिशत से अधिक रही। भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के महानिदेशक बलराम भार्गव ने पूर्वोत्तर में कोविड-19 के मामलों में वृद्धि को लेकर कहा, “हम पूर्वोत्तर राज्यों को अधिक जांच करने के लिए प्रोत्साहित कर रहे हैं।'' सूत्रों ने बताया कि स्वास्थ्य मंत्रालय उन राज्यों को पत्र लिखेगा, जिनमें लोगों के संक्रमित पाए जाने की दर अधिक रही है। भार्गव ने कहा कि इस महामारी के खिलाफ लड़ाई में जांच ने बहुत महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है और ‘‘अत्यधिक उच्च स्तर पर'' जांच जारी रखनी होगी। उन्होंने कहा, ‘‘आज लगभग 73 ऐसे जिले हैं, जिनमें लोगों के संक्रमित पाए जाने की दर 10 प्रतिशत से अधिक है। लगभग 65 जिले ऐसे हैं, जहां लोगों के संक्रमित पाए जाने की दर लगभग पांच से 10 प्रतिशत है और 595 जिले ऐसे हैं, जहां यह दर पांच प्रतिशत से कम है।
- मुंबई। महाराष्ट्र में कथित तौर पर रेल यात्रियों का कीमती सामान चुराने के आरोप में पालघर जिले के बोईसर से 22 वर्षीय व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। एक अधिकारी ने कहा कि आरोपी लंबी दूरी की ट्रेनों में यात्रा करने वाले लोगों को निशाना बनाता था। उसके पास से 2.81 लाख रुपये के आभूषण और 11 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। रेलवे पुलिस थाने के एक अधिकारी ने कहा, उसे एक महिला की शिकायत पर गिरफ्तार किया गया, जिसका अप्रैल में अवध एक्सप्रेस में 2.81 लाख रुपये मूल्य के आभूषणों से भरा बैग चोरी हो गया था।
- नयी दिल्ली। सरकार आदिवासी समुदाय के विकास और सशक्तिकरण के लिए संकल्पबद्ध है। केंद्रीय पर्यावरण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने इन समुदायों को वन संसाधनों के प्रबंधन में और अधिक शक्तियां देने के लिए आदिवासी मामलों के मंत्रालय के साथ गठबंधन करते हुए मंगलवार को यह बात कही। एक कार्यक्रम में पर्यावरण मंत्रालय और आदिवासी मामलों के मंत्रालय ने संयुक्त रूप से निर्णय किया कि वन अधिकार कानून (एफआरए), 2006 को लागू करना सुनिश्चित किया जाए और आदिवासी समुदायों के अधिकारों की पहचान की प्रक्रिया पूरी की जाए। जावड़ेकर ने कहा, ‘‘(नरेंद्र) मोदी सरकार आदिवासी समुदायों के विकास और सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध है। आज का कदम आदिवासियों के सर्वांगीण विकास और वन अधिकार कानून को सही मायने में लागू करने के लिए ऐतिहासिक है।'' उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के सात वर्षों के शासनकाल में आदिवासी समुदायों के सशक्तिकरण के लिए कई कदम उठाए गए हैं और वन कोष से लाखों आदिवासियों को फायदा मिला। केंद्रीय पर्यावरण सचिव आर पी गुप्ता और आदिवासी मामलों के सचिव अनिल कुमार झा ने आदिवासी जनजाति और अन्य परंपरागत वन निवासी (वन अधिकार कानून को मान्यता) कानून, 2006 को प्रभावी तरीके से लागू करने पर संयुक्त बयान जारी किया। इस कानून को आम तौर पर एफआरए के नाम से जाना जाता है।
- नयी दिल्ली। केन्द्रीय इस्पात मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान ने मंगलवार को सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी सेल की खनन विस्तार योजना की बैठक की अध्यक्षता की। सेल वर्ष 2030 तक अपनी इस्पात विनिर्माण क्षमता को दोगुने से भी अधिक बढ़ाकर पांच करोड़ टन वार्षिक तक पहुंचाना चाहती है। इस्पात मंत्रालय के तहत आने वाली भारतीय इस्पात प्राधिकरण (सेल) देश की सबसे बड़ी इस्पात निर्माता कंपनी है जिसकी सालाना उत्पादन क्षमता 2.10 करोड़ टन है। कंपनी को अपनी क्षमता विस्तार के लिये अतिरिक्त कच्चे माल की आवश्यकता होगी। इस्पात मंत्रालय ने एक ट्वीट जारी कर कहा है, ‘‘माननीय इस्पात मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान ने राज्य मंत्री एफएस कुलस्ते और इस्पात मंत्रालय तथा सेल के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ कंपनी की खनन विस्तार योजना को लेकर बैठक की।'' मंत्रालय ने एक अन्य ट्वीट में कहा कि इससे खुले बाजार में कच्चे माल की उपलब्धता बढ़ेगी साथ ही इसका कच्चे माल के दाम पर भी सकारात्मक असर होगा। मंत्रालय के ट्वीट में कहा गया है कि अधिकारियों को कच्चे माल का उत्पादन बढ़ाने, उसे उपयोग स्थल तक ले जाने और लौह अयस्क फाइन्स बिक्री के लिये विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने को कहा गया। एक अलग ट्वीट में इस्पात मंत्रालय ने कहा है कि इस्पात मंत्री ने सेल को निर्देश दिया है कि उसे खनन नीति में किये गये सुधार का लाभ उठाने में कोई कसर नहीं छोड़नी चाहिये। खनन मंत्रालय की नीति में लौह अयस्क के ‘डंप एण्ड फाइन्स' को खुले बाजार में बेचने की अनुमति दी गई है।
- नयी दिल्ली। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को दिल्ली महिला आयोग की प्रमुख स्वाति मालीवाल और उनकी टीम को "बेहतरीन काम" के मद्देनजर एक और कार्यकाल की मंजूरी दे दी। आयोग के एक अधिकारी के मुताबिक, आयोग का कार्यकाल तीन साल का होता है और यह मालीवाल का तीसरा कार्यकाल होगा। केजरीवाल ने ट्विटर पर कहा, “दिल्ली महिला आयोग बेहतरीन काम कर रहा है। उनका कार्यकाल समाप्त हो रहा है। मैंने आज मौजूदा आयोग को एक और कार्यकाल की मंजूरी दे दी। स्वातिजी और उनकी टीम को शुभकामनाएं। अच्छा काम करते रहें।” मालीवाल ने कहा कि केजरीवाल के निरंतर समर्थन के कारण ही आयोग को दिल्ली में लाखों महिलाओं और लड़कियों के जीवन को बदलने में सफलता मिली है। केजरीवाल के ट्वीट पर मालीवाल ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “"हम माननीय मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल जी को हमें यह मौका देने के लिए धन्यवाद देते हैं। उनके निरंतर समर्थन के कारण ही आयोग को दिल्ली में लाखों महिलाओं और लड़कियों के जीवन को बदलने में कामयाबी हासिल हुई है। आयोग की टीम पूरी ईमानदारी से दिल्ली के लोगों की सेवा करना जारी रखेगी। ” उन्होंने कहा, “हमने आयोग के कामकाज में क्रांति ला दी है और आज आयोग देश भर में अपने अच्छे कामों के लिए जाना जाता है। हमने हजारों लड़कियों को तस्करी और वेश्यावृत्ति के रैकेट से छुड़ाया है।“ उन्होंने कहा कि आयोग के हस्तक्षेप से सैकड़ों बलात्कार पीड़िताओं के पुनर्वास में मदद मिली है। ” मालीवाल ने केजरीवाल को आश्वासन दिया, "हम अगले तीन वर्षों में आयोग को और भी अधिक ऊंचाइयों पर ले जाएंगे।” मालीवाल का नव गठित दिल्ली महिला आयोग में पहला कार्यकाल 2015 से 2018 तक था। इसके बाद उन्हें 2018-2021 तक दूसरा कार्यकाल मिला। यह दूसरी बार है कि मालीवाल के कार्यकाल को विस्तार दिया गया है। जुलाई 2018 में भी उनके कार्यकाल को समाप्त होने से पूर्व विस्तार दिया गया था।
- नयी दिल्ली। केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने मंगलवार को कहा कि नौकरी के इच्छुक उम्मीदवारों के लिए सामान्य पात्रता परीक्षा (सीईटी) अगले साल की शुरुआत से पूरे देश में आयोजित की जाएगी। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की नौकरियों में भर्ती के लिए उम्मीदवारों की ‘स्क्रीनिंग' और ‘शॉर्टलिस्ट' करने को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के व्यक्तिगत हस्तक्षेप से शुरू की गई सीईटी की यह अनूठी पहल इस साल के अंत से शुरू होने वाली थी, लेकिन कोविड महामारी के कारण इसमें देरी होने की संभावना है। कार्मिक मंत्रालय की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के अधिकारियों की ‘ई-बुक सिविल लिस्ट-2021' के विमोचन के बाद सिंह ने कहा कि सीईटी कार्मिक और प्रशिक्षण विभाग (डीओपीटी) द्वारा किया गया महत्वपूर्ण सुधार है। यह नौकरी के इच्छुक उम्मीदवारों, खासकर दूरदराज के इलाकों में रहने वाले युवाओं के लिए एक बड़ा वरदान साबित होगा। मंत्री ने आगे बताया कि केंद्रीय मंत्रिमंडल की मंजूरी से सीईटी आयोजित करने के लिए राष्ट्रीय भर्ती एजेंसी (एनआरए) का गठन किया गया है। बयान में कहा गया, ‘‘एनआरए सरकारी क्षेत्र में नौकरियों के लिए उम्मीदवारों की स्क्रीनिंग, शॉर्टलिस्ट करने के लिए सीईटी आयोजित करेगी, जिसके लिए वर्तमान में कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी), रेलवे भर्ती बोर्ड (आरआरबी) और इंस्टीट्यूट ऑफ बैंकिंग पर्सोनेल सिलेक्शन (आईबीपीएस) के माध्यम से भर्ती की जाती है।'' सिंह ने कहा कि एनआरए एक बहु-एजेंसी निकाय होगा, जो समूह 'बी' और 'सी' (गैर-तकनीकी) पदों के संबंध में उम्मीदवारों की स्क्रीनिंग और शॉर्टलिस्ट करने के लिए सामान्य परीक्षा आयोजित करेगा। उन्होंने कहा कि इस सुधार की सबसे महत्वपूर्ण विशेषता यह है कि देश के प्रत्येक जिले में कम से कम एक परीक्षा केंद्र होगा, जिससे दूर-दराज के क्षेत्रों में रहने वाले उम्मीदवारों को काफी सहूलियत होगी।
- नई दिल्ली। कोविड-19 महामारी के प्रसार के कारण स्थगित तीसरे और चौथे चरण की संयुक्त प्रवेश परीक्षा (जेईई) मेंस क्रमश: 20 से 25 जुलाई तथा 27 जुलाई से 2 अगस्त के दौरान होगी । केंद्रीय शिक्षा मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक ने मंगलवार को यह घोषणा की ।आईआईटी, एनआईटी जैसी संस्थाओं में दाखिले के लिए अप्रैल और मई में होने वाली जेईई मेंस की तीसरे और चौथे चरण की परीक्षा कोरोना वायरस महामारी के कारण स्थगित कर दी गई थी । निशंक ने डिजिटल माध्यम से बताया, '' जेईई मेंस की तीसरे और चौथे चरण की संयुक्त प्रवेश परीक्षा (जेईई) मेंस क्रमश: 20 से 25 जुलाई तथा 27 जुलाई से 2 अगस्त के बीच होगी । '' उन्होंने बताया कि इस बार परीक्षा केंद्रों की संख्या दोगुनी कर दी गई है ताकि कोविड दिशा निर्देशों का पालन किया जा सके। इन दो चरणों की परीक्षा का परिणाम अगस्त में जारी हो सकता है ।गौरतलब है कि राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी ने कोविड-19 के कारण जेईई (मेंस) की अप्रैल और मई सत्र की परीक्षा स्थगित कर दी थी । इस वर्ष से जेईई मेंस परीक्षा साल में चार बार आयोजित की जा रही है । फरवरी में प्रथम सत्र और मार्च में दूसरे सत्र की प्रवेश परीक्षा का आयोजन किया गया था । कोरोना वायरस महामारी के कारण जेईई एडवांस परीक्षा को भी स्थगित कर दिया गया है । जेईई मेंस में उत्तीर्ण होने वाले छात्र जेईई एडवांस्ड में आवेदन करने के पात्र होते हैं । आईआईटी में दाखिले के लिये आईआईटी (एडवांस्ड) में उत्तीर्ण होने के साथ 12वीं कक्षा में या तो न्यूनतम 75 प्रतिशत अंक या प्रवेश परीक्षा में शीर्ष 20 पर्सेंटाइल में स्थान हासिल करने की जरूरत होती है । कोविड-19 महामारी के मद्देनजर 12वीं कक्षा में अंक संबंधी पात्रता में छूट दी गई है ।
- नई दिल्ली। रेल मंत्रालय ने कहा है कि विभिन्न गैर-तकनीकी पॉपुलर श्रेणियों - एनटीपीसी के ग्रेजुएट और अंडरग्रेजुएट पदों के लिए रेलवे भर्ती परीक्षा का सातवां और अंतिम चरण 23 जुलाई से शुरू होगा।मंत्रालय ने कहा है कि शेष दो लाख 78 हजार उम्मीदवारों के लिए कंप्यूटर आधारित परीक्षा - सीबीटी अब 23, 24, 26 और 31 जुलाई को आयोजित की जाएगी। कोविड महामारी की दूसरी लहर के कारण इन परीक्षाओं को टाल दिया गया था। कम्प्यूटर आधारित पहले स्तर की परीक्षा छह चरणों में 28 दिसंबर 2020 से इस वर्ष 8 अप्रैल तक कराई गई थी।मंत्रालय ने कहा कि यह परीक्षा देश भर के 76 शहरों में लगभग 260 केंद्रों में कड़े कोविड नियमों के तहत आयोजित की जा रही है। अधिकांश उम्मीदवारों को उनके गृह राज्य में केंद्र आवंटित किए गए हैं। मंत्रालय ने कहा है कि जिन उम्मीदवारों अपने राज्य के अंदर केन्द्र आवंटन करना संभव नहीं हो पाया है, उन उम्मीदवारों को रेल संपर्क वाले पड़ोसी राज्य में केन्द्र आवंटित किया गया है।इस चरण के उम्मीदवारों के लिए परीक्षा केन्द्र और तिथि देखने तथा अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के उम्मीदवारों के लिए मुफ्त यात्रा प्रमाण पत्र डाउनलोड करने के लिए एक लिंक परीक्षा से दस दिन पहले सभी रेलवे भर्ती बोर्ड की वेबसाइटों पर उपलब्ध होगी ।ई-कॉल लेटर डाउनलोड करने की प्रक्रिया परीक्षा तिथि से चार दिन पहले शुरू हो जाएगी।मंत्रालय ने कहा है कि सातवें चरण के सभी उम्मीदवारों को ऑनलाइन आवेदन में दिए गए उनके ई-मेल और मोबाइल नंबरों पर भी आवश्यक सूचना भेजी जा रही है। उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे भर्ती प्रक्रिया पर नवीनतम अपडेट के लिए केवल आरआरबी की आधिकारिक वेबसाइटों को ही देखें। मंत्रालय ने कहा है कि उम्मीदवारों को यह भी सलाह दी गई है कि वे कॉल लेटर के साथ जारी किए गए कोविड से संबंधित दिशानिर्देशों का सख्ती से पालन करें। फेस मास्क का उपयोग अनिवार्य बनाया गया है और उम्मीदवारों को केवल फेस मास्क पहनने पर ही परीक्षा केन्द्र में प्रवेश की अनुमति होगी और हर समय फेस मास्क पहनना होगा।
- नई दिल्ली। पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय और जनजातीय कार्य मंत्रालय ने आज वन संसाधनों के प्रबंधन में जनजातीय समुदायों को ज्यादा अधिकार उपलब्ध कराने की संयुक्त घोषणा पर हस्ताक्षर किेए। यह संयुक्त घोषणा वन अधिकार अधिनियम से संबंधित है जो जनजातीय समुदायों के वन अधिकारों को मान्यता देता है और ऐसे अधिकार उपलब्ध कराता है।पर्यावरण वन और जलवायु परिवर्तन मंत्री प्रकाश जावडेकर तथा जनजातीय कार्य मंत्री अर्जुन मुंडा की उपस्थिति में इस संयुक्त घोषणा पर हस्ताक्षर किए गए। संयुक्त घोषणा पर हस्ताक्षर को ऐतिहासिक बताते हुए श्री जावडेकर ने कहा कि केन्द्र सरकार जनजातीय समुदायों और वनवासियों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि इस घोषणा से जनजातीय समुदाय सक्षम होंगे और वनाधिकार अधिनियम के प्रभावी कार्यान्वयन में मदद मिलेगी।श्री जावडेकर ने कहा कि पिछले सात वर्ष में पांच लाख जनजातीय लोगों को जमीन के अधिकार दिए गए हैं और ग्राम सभा की 25 हजार से अधिक समितियां बनाई गई हैं। उन्होंने कहा कि जनजातीय बजट को दोगुना कर दिया गया है। वन धन योजना से चार लाख वनवासियों को लाभ हुआ है। उन्होंने वन और जनजातीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि वन संबंधी योजना बनाने और प्रबंधन में ग्राम सभा को शामिल किया जायेगा।
- नई दिल्ली। देश में पिछले 24 घंटों के दौरान 45 लाख 82 हजार से अधिक कोविड रोधी टीके लगाये गये। इसके साथ ही राष्ट्रव्यापी टीकाकरण के तहत अब तक 35 करोड़ 75 लाख से अधिक लोगों का टीकाकरण किया गया है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया है कि साोमवार को एक दिन में 34 हजार 703 नये कोविड मामलों की पुष्टि हुई। एक सौ 11 दिन में यह सबसे कम आंकड़ा है।देश में सक्रिय मामलों की संख्या घटकर चार लाख 64 हजार 357 रह गई है जो कि 101 दिन में सबसे कम है। सक्रिय मामलों की दर 1.52 प्रतिशत रह गई है। पिछले 24 घंटों के दौरान 51 हजार 864 रोगी संक्रमण से ठीक हुए। अब तक दो करोड 97 लाख 52 हजार से अधिक लोग स्वस्थ हो चुके हैं। मंत्रालय ने बताया है कि दैनिक मामलों से स्वस्थ होने वालों की संख्या अधिक है।देश में स्वस्थ होने की दर में वृद्धि हो रही है और यह 97.17 प्रतिशत हो गई है। कल एक दिन में 553 रोगियों की इस संक्रमण से मृत्यु हुई।
- आगरा। फतेहपुरसीकरी के स्मारक की दीवारों, महल और खंभों को पर्यटक अब छू नहीं सकेंगे। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) ने पर्यटकों को इनसे दूर रखने के लिए लकड़ी की रेलिंग लगा दी है। एएसआई का कहना है कि इससे स्मारकों की पच्चीकारी के पत्थर सुरक्षित रहेंगे, वहीं यहां आने वाले पर्यटकों का कोरोना वायरस से बचाव भी होगा। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण ने फतेहपुरसीकरी में स्मारकों की दीवार के आगे लकड़ी की रेलिंग लगा दी है, ताकि पर्यटक दीवारों को स्पर्श न कर सकें। उल्लेखनीय है कि पंचमहल परिसर में दीवान-ए-खास के बेहतरीन नक्काशीदार खंभों को पर्यटक छूने के साथ ही उससे लगकर फोटो खिंचवाते हैं। इसी तरह का आलम अनूप तालाब, टर्की सुल्ताना महल और दीवान-ए-खास में देखने को मिलता है। इसी वजह से एएसआई ने यहां चारों तरफ लकड़ी की रेलिंग लगवा दी है जिस पर करीब 16 लाख रुपये खर्च किये गये हैं। इस संबंध में अधीक्षण पुरातत्वविद् बसंत कुमार स्वर्णकार का कहना है कि यहां कई ऐसे भी पर्यटक आते हैं जो खुरचकर स्मारकों को नुकसान पहुंचाते हैं। उन्होंने कहा कि अब रेलिंग होने से वे दीवार से दूर रहेंगे और बगैर नुकसान पहुंचाये स्मारक का दीदार कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि स्मारक को स्पर्श करने से अन्य पर्यटक भी कोरोना वायरस के संक्रमण से भी बचे रहेंगे।
- भिवानी। हरियाणा में भिवानी के गांव कैरू स्थित जलघर में डूबने से 2 सगी बहनाें समेत 3 बच्चियाें की माैत हाे गई। इन बच्चियों की उम्र 8 से 10 वर्ष के बीच थी। परिजनों ने बताया, घटना रविवार शाम करीब 6:30 बजे की है। बच्चियां खेलते-खेलते जलघर में चली गईं, वहां एक बच्ची का पैर फिसला और वह टैंक में डूबने लगी। बचाने के चक्कर में दो भी डूब गईं।-file photo
- नयी दिल्ली। दिल्ली के एक प्रतिष्ठित अस्पताल के चिकित्सकों ने रीढ की हड्डी की एक चुनौतीपूर्ण सर्जरी कर 12 साल के लड़के को नया जीवन दिया है। जन्म से ही रीढ की हड्डी संबंधी गंभीर और दुर्लभ बीमारी से पीड़ित बच्चे का यदि ऑपरेशन नहीं किया जाता तो उसकी जान जा सकती थी। अस्पताल के अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। चिकित्सकों के मुताबिक बाल रोग विभाग का मामला होने के कारण छह घंटे तक चला ऑपरेशन बेहद जटिल था, क्योंकि इसमें मैलाइनेंट हाइपरथर्मिया (बेहोश करने के लिए इस्तेमाल होने वाली कुछ दवाओं का प्रतिकूल प्रभाव) बढ़ने के खतरे के अलावा, सर्जरी के दौरान अधिक रक्त बहने और उसके बाद गहन चिकित्सा देखभाल की जरुरत पड़ती है। मैलाइनेंट हाइपरथर्मिया भारत में बेहद दुर्लभ बीमारी है और एक लाख लोगों में से केवल एक व्यक्ति को ही यह बीमारी होने की आशंका होती है। इसके कारण सर्जरी के दौरान मांसपेशियों की कठोरता और पाचन संबंधी समस्या बढ़ने का खतरा पैदा हो जाता है। यहां इंडियन स्पाइनल इंजरी सेंटर (आईएसआईसी) के चिकित्सकों ने इस ऑपरेशन में रीढ़ की बाईं ओर 140 डिग्री के स्कोलियोटिक वक्र को ठीक किया है। यह ऑपरेशन इस वर्ष मार्च में किया गया। उसके बाद बच्चे को निगरानी में रखा गया था। बच्चे का ऑपरेशन करने वाली टीम में शामिल चिकित्सा विशेषज्ञों के मुताबिक आपातकालीन स्थिति में मैलाइनेंट हाइपरथर्मिया को स्थिर रखने के लिए डेंट्रोलीन नामक जिस दवा की जरुरत होती है वह आसानी से भारत में उपलब्ध नहीं है। इससे पहले 2015 में एक अन्य अस्पताल में एक बालक के इसी तरह के ऑपरेशन को टालना पड़ा था, क्योंकि उसके शरीर का तापमान 108 डिग्री फॉरेनहाइट तक बढ़ गया था। बालक को 13 दिनों तक गहन चिकित्सा सुविधा केन्द्र में रखने के बाद बचाया गया था। बालक को पहले जनवरी में आईएसआईसी में लाया गया था, लेकिन डेंट्रोलीन दवा आने का इंतजार किया गया। इस दवा को जर्मनी से मंगवाया जाता है। आईएसआईसी में स्पाइन सर्जन डॉ रजत महाजन ने कहा, ‘‘ आपातकालीन स्थिति में डेंट्रोलीन दवा के इस्तेमाल से मृत्यु दर की आशंका को कम कर दो प्रतिशत तक लाया जा सकता है।
-
नयी दिल्ली। केन्द्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने कोविड-19 महामारी के मद्देनजर 10वीं और 12वीं की अगले साल की बोर्ड परीक्षा के लिए विशेष मूल्यांकन योजना की सोमवार को घोषणा की और शिक्षण सत्र को दो हिस्सों में बांट दिया। बोर्ड ने 2021-22 शिक्षण सत्र के पाठ्यक्रम को युक्तिसंगत बनाने और आंतरिक मूल्यांकन और प्रोजेक्ट आदि को अधिक ‘‘विश्वसनीय'' और ‘वैध' बनाने संबंधी योजना की भी घोषणा की है। सीबीएसई के निदेशक (शिक्षण) जोसेफ इमैनुएल द्वारा जारी सरकारी आदेश के अनुसार, पहले टर्म की परीक्षा नवंबर-दिसंबर, 2021 में होगी जबकि दूसरे टर्म की परीक्षा मार्च-अप्रैल, 2022 में होगी। उन्होंने कहा, ‘‘शिक्षण सत्र 2021-22 के लिए पाठ्यक्रम को युक्तिसंगत तरीके से दो टर्म में बांटा जाएगा, इसके लिए विषयों के विशेषज्ञों की सहायता ली जाएगी।'' उन्होंने कहा, ‘‘पाठ्य्रकम को दो हिस्सों में बांटे जाने के आधार पर प्रत्येक टर्म के अंत में बोर्ड परीक्षाएं कराएगा। शिक्षण सत्र के अंत में बोर्ड द्वारा 10वीं और 12वीं की परीक्षाएं कराने की संभावनाओं को बढ़ाने के लक्ष्य से ऐसा किया गया है।'' बोर्ड परीक्षा 2021-22 के पाठ्यक्रम को जुलाई 2021 में अधिसूचित अंतिम शिक्षण सत्र के लिहाज से युक्तिसंगत बनाया जाएगा। इमैनुएल ने कहा, ‘‘आंतरिक मूल्यांकन, प्रायोगिक, परियोजना कार्यों को अधिक विश्वासनीय और दिशा-निर्देशों के अनुसार वैध बनाने के लिए प्रयास किए जाएंगे और निष्पक्ष तरीके से अंक दिए जाने के लिए बोर्ड द्वारा नीति की घोषणा की जाएगी।'' बोर्ड द्वारा यह योजना कोविड महामारी की वजह से लाई गई है जिसके कारण पिछले साल कुछ विषयों की बोर्ड परीक्षा और इस वर्ष संपूर्ण बोर्ड परीक्षा को रद्द करना पड़ा है।
- उधगमंडलम (तमिलनाडु) ।तमिलनाडु के नीलगिरि जिले के गुडालुर शहर में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जिसमें सरकारी दुकान में रखी शराब की 12 बोतलों को चूहों ने खाली कर दिया। आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक यह मामला सोमवार को उस समय सामने आया जब तमिलनाडु राज्य विपणन निगम (टीएएसएमएसी) के कर्मचारियों ने कदमपुझा इलाके में लॉकडाउन के समय से ही बंद पड़ी शराब की दुकान को खोला। दुकान के कर्मचारियों ने देखा कि शराब की 12 बोतलों के ढक्कन खुले हुए हैं और बोतलें पूरी तरह से खाली हो चुकी हैं। बोतलों पर चूहों के काटने के निशान मौजूद हैं। इस घटना की जानकारी मिलने पर टीएएसएमएसी के अधिकारियों ने जांच की, जिसमें पता चला कि दुकान में मौजूद चूहों ने यह कारनामा किया है। शराब की बोतलों की कीमत करीब 1500 रुपये बताई जा रही है।-file photo





















.jpg)




.jpeg)
.jpg)